Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 14
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
भारत में 95% आबादी के पास बीमा नहीं : रिपोर्ट
Published / 2023-12-14 22:29:10
भारत में 95% आबादी के पास बीमा नहीं : रिपोर्ट

बीमा प्रसार में तेजी के लिए नए उपाय की जरूरतएबीएन सेंट्रल डेस्क। सरकार और बीमा नियामक के प्रयासों के बावजूद देश की लगभग 95 प्रतिशत आबादी का बीमा नहीं है। राष्ट्रीय बीमा अकादमी ने गुरुवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के चेयरमैन देवाशीष पांडा ने यह रिपोर्ट जारी की। इस मौके पर उन्होंने उद्योग से उन कदमों का अनुकरण करने का आग्रह किया, जिनकी मदद से यूपीआई, बैंक खाते खोलने और साथ ही मोबाइल पहुंच बढ़ाने में भारी सफलता मिली। पांडा ने कहा कि उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में एक अनिवार्य प्राकृतिक आपदा बीमा की जरूरत है और इस रिपोर्ट में इसकी सिफारिश भी की गयी है। सभी के लिए बीमा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसा करना जरूरी है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश की 144 करोड़ आबादी में 95 प्रतिशत आबादी बीमा के दायरे में नहीं है। देश में आने वाली प्राकृतिक आपदाओं और अन्य जलवायु संबंधी आपदाओं की संख्या में वृद्धि के मद्देनजर बीमा प्रसार को बढ़ाना महत्वपूर्ण है। रिपोर्ट में कहा गया है कि निम्न और मध्यम आय वर्ग के 84 प्रतिशत लोगों और तटीय क्षेत्रों, दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों के 77 प्रतिशत लोगों के पास बीमा का अभाव है। रिपोर्ट के मुताबिक, 73 प्रतिशत आबादी स्वास्थ्य बीमा के दायरे में नहीं है और इस दिशा में सरकार, गैर सरकारी संगठनों और उद्योग समूहों के बीच सहयोग बढ़ने की जरूरत है।

भारत की संप्रभुता और अखंडता को सुप्रीम कोर्ट ने रखा बरकरार : नरेंद्र मोदी
Published / 2023-12-12 19:22:08
भारत की संप्रभुता और अखंडता को सुप्रीम कोर्ट ने रखा बरकरार : नरेंद्र मोदी

सर्वोच्च न्यायालय ने अनुच्छेद 370 पर अपने फैसले में भारत की संप्रभुता और अखंडता को बरकरार रखा है : नरेन्द्र मोदीनरेन्द्र मोदीएबीएन एडिटोरियल डेस्क। भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने अनुच्छेद 370 और 35 (ए) को निरस्त करने पर 11 दिसंबर को ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने अपने फैसले में भारत की संप्रभुता और अखंडता को बरकरार रखा है, जिसे प्रत्येक भारतीय द्वारा सदैव संजोया जाता रहा है। सुप्रीम कोर्ट का यह कहना पूरी तरह से उचित है कि 5 अगस्त 2019 को हुआ निर्णय संवैधानिक एकीकरण को बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया था, न कि इसका उद्देश्य विघटन था। सर्वोच्च न्यायालय ने इस तथ्य को भी भलीभांति माना है कि अनुच्छेद 370 का स्वरूप स्थायी नहीं था। जम्मू, कश्मीर और लद्दाख की खूबसूरत और शांत वादियां, बर्फ से ढंके पहाड़, पीढ़ियों से कवियों, कलाकारों और हर भारतीय के दिल को मंत्रमुग्ध करते रहे हैं। यह एक ऐसा अद्भुत क्षेत्र है जो हर दृष्टि से अभूतपूर्व है, जहां हिमालय आकाश को स्पर्श करता हुआ नजर आता है, और जहां इसकी झीलों एवं नदियों का निर्मल जल स्वर्ग का दर्पण प्रतीत होता है। लेकिन पिछले कई दशकों से जम्मू-कश्मीर के अनेक स्थानो पर ऐसी हिंसा और अस्थिरता देखी गयी, जिसकी कल्पना तक नहीं की जा सकती। वहां के हालात कुछ ऐसे थे, जिससे जम्मू-कश्मीर के परिश्रमी, प्रकृति प्रेमी और स्नेह से भरे लोगों को कभी भी रू-ब-रू नहीं होना चाहिए था।लेकिन दुर्भाग्यवश, सदियों तक उपनिवेश बने रहने, विशेषकर आर्थिक और मानसिक रूप से पराधीन रहने के कारण, तब का समाज एक प्रकार से भ्रमित हो गया। अत्यंत बुनियादी विषयों पर स्पष्ट नजरिया अपनाने के बजाय दुविधा की स्थिति बनी रही जिससे और ज्यादा भ्रम उत्पन्न हुआ। अफसोस की बात यह है कि जम्मू-कश्मीर को इस तरह की मानसिकता से व्यापक नुकसान हुआ।देश की आजादी के समय तब के राजनीतिक नेतृत्व के पास राष्ट्रीय एकता के लिए एक नई शुरुआत करने का विकल्प था। लेकिन तब इसके बजाय उसी भ्रमित समाज का दृष्टिकोण जारी रखने का निर्णय लिया गया, भले ही इस वजह से दीर्घकालिक राष्ट्रीय हितों की अनदेखी करनी पड़ी।मुझे अपने जीवन के शुरूआती दौर से ही जम्मू-कश्मीर आंदोलन से जुड़े रहने का अवसर मिला है। मेरी अवधारणा सदैव ही ऐसी रही है जिसके अनुसार जम्मू-कश्मीर महज एक राजनीतिक मुद्दा नहीं था, बल्कि यह विषय समाज की आकांक्षाओं को पूरा करने के बारे में था। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नेहरू मंत्रिमंडल में एक महत्वपूर्ण विभाग मिला हुआ था और वे काफी लंबे समय तक सरकार में बने रह सकते थे। फिर भी, उन्होंने कश्मीर मुद्दे पर मंत्रिमंडल छोड़ दिया और आगे का कठिन रास्ता चुना, भले ही इसकी कीमत उन्हें अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। लेकिन उनके अथक प्रयासों और बलिदान से करोड़ों भारतीय कश्मीर मुद्दे से भावनात्मक रूप से जुड़ गए। कई वर्षों बाद अटल जी ने श्रीनगर में एक सार्वजनिक बैठक में इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत का प्रभावशाली संदेश दिया, जो सदैव ही प्रेरणा का महान स्रोत भी रहा है।मेरा हमेशा से दृढ़ विश्वास रहा है कि जम्मू-कश्मीर में जो कुछ हुआ था, वह हमारे राष्ट्र और वहां के लोगों के साथ एक बड़ा विश्वासघात था। मेरी यह भी प्रबल इच्छा थी कि मैं इस कलंक को, लोगों पर हुए इस अन्याय को मिटाने के लिए जो कुछ भी कर सकता हूं, उसे जरूर करूं। मैं हमेशा से जम्मू-कश्मीर के लोगों की पीड़ा को कम करने के लिए काम करना चाहता था।सरल शब्दों में कहें तो, अनुच्छेद 370 और 35 (ए) जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के सामने बड़ी बाधाओं की तरह थे। ये अनुच्छेद एक अटूट दीवार की तरह थे तथा गरीब,वंचित, दलितों-पिछड़ों-महिलाओं के लिए पीड़ादायक थे। अनुच्छेद 370 और 35(ए) के कारण जम्मू-कश्मीर के लोगों को वह अधिकार और विकास कभी नहीं मिल पाया, जो उनके साथी देशवासियों को मिला। इन अनुच्छेदों के कारण, एक ही राष्ट्र के लोगों के बीच दूरियां पैदा हो गयीं। इस दूरी के कारण, हमारे देश के कई लोग, जो जम्मू-कश्मीर की समस्याओं को हल करने के लिए काम करना चाहते थे, ऐसा करने में असमर्थ थे, भले ही उन लोगों ने वहां के लोगों के दर्द को स्पष्ट रूप से महसूस किया हो।एक कार्यकर्ता के रूप में, जिसने पिछले कई दशकों से इस मुद्दे को करीब से देखा हो, वो इस मुझे मुद्दे की बारीकियों और जटिलताओं से भली-भांति परिचित था। मैं एक बात को लेकर बिल्कुल स्पष्ट था- जम्मू-कश्मीर के लोग विकास चाहते हैं तथा वे अपनी ताकत और कौशल के आधार पर भारत के विकास में योगदान देना चाहते हैं। वे अपने बच्चों के लिए जीवन की बेहतर गुणवत्ता चाहते हैं, एक ऐसा जीवन जो हिंसा और अनिश्चितता से मुक्त हो। इस प्रकार, जम्मू-कश्मीर के लोगों की सेवा करते समय, हमने तीन बातों को प्रमुखता दी- नागरिकों की चिंताओं को समझना, सरकार के कार्यों के माध्यम से आपसी-विश्वास का निर्माण करना तथा विकास, निरंतर विकास को प्राथमिकता देना।मुझे याद है, 2014 में, हमारे सत्ता संभालने के तुरंत बाद, जम्मू-कश्मीर में विनाशकारी बाढ़ आई थी, जिससे कश्मीर घाटी में बहुत नुकसान हुआ था। सितंबर 2014 में, मैं स्थिति का आकलन करने के लिए श्रीनगर गया और पुनर्वास के लिए विशेष सहायता के रूप में 1000 करोड़ रुपये की घोषणा भी की। इससे लोगों में ये संदेश भी गया कि संकट के दौरान हमारी सरकार वहां के लोगों की मदद के लिए कितनी संवेदनशील है। मुझे जम्मू-कश्मीर में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से मिलने का अवसर मिला है और इन संवादों में एक बात समान समान रूप से उभरती है- लोग न केवल विकास चाहते हैं, बल्कि वे दशकों से व्याप्त भ्रष्टाचार से भी मुक्ति चाहते हैं।उस साल मैंने जम्मू-कश्मीर में जान गंवाने वाले लोगों की याद में दीपावली नहीं मनाने का फैसला किया। मैंने दीपावली के दिन जम्मू-कश्मीर में मौजूद रहने का भी फैसला किया। जम्मू एवं कश्मीर की विकास यात्रा को और मजबूती प्रदान करने के लिए हमने यह तय किया कि हमारी सरकार के मंत्री बार-बार वहां जायेंगे और वहां के लोगों से सीधे संवाद करेंगे। इन लगातार दौरों ने भी जम्मू एवं कश्मीर में सद्भावना कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। मई 2014 से मार्च 2019 के दौरान 150 से अधिक मंत्रिस्तरीय दौरे हुए। यह अपने आप में एक कीर्तिमान है। वर्ष 2015 का विशेष पैकेज जम्मू एवं कश्मीर की विकास संबंधी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। इसमें बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, पर्यटन को बढ़ावा देने और हस्तशिल्प उद्योग को सहायता प्रदान करने से जुड़ी पहल शामिल थीं। हमने खेलशक्ति में युवाओं के सपनों को साकार करने की क्षमता को पहचानते हुए जम्मू एवं कश्मीर में इसका भरपूर सदुपयोग किया। विभिन्न खेलों के माध्यम से, हमने वहां के युवाओं की आकांक्षाओं और उनके भविष्य पर खेलों से जुड़ी गतिविधियों के परिवर्तनकारी प्रभाव को देखा। इस दौरान विभिन्न खेल स्थलों का आधुनिकीकरण किया गया, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये गये और प्रशिक्षक उपलब्ध कराये गये। स्थानीय स्तर पर फुटबॉल क्लबों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाना इन सबमें एक सबसे अनूठी बात रही। इसके परिणाम शानदार निकले। मुझे प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी अफशां आशिक का नाम याद आ रहा है। वो दिसंबर 2014 में श्रीनगर में पथराव करने वाले एक समूह का हिस्सा थी, लेकिन सही प्रोत्साहन मिलने पर उसने फुटबॉल की ओर रुख किया, उसे प्रशिक्षण के लिए भेजा गया और उसने खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुझे फिट इंडिया डायलॉग्स के एक कार्यक्रम के दौरान उसके साथ हुई बातचीत याद है, जिसमें मैंने कहा था कि अब बेंड इट लाइक बेकहम से आगे बढ़ने का समय है क्योंकि अब यह ऐस इट लाइक अफशां है। मुझे खुशी है कि अब तो अन्य युवाओं ने किकबॉक्सिंग, कराटे और अन्य खेलों में अपनी प्रतिभा दिखानी शुरू कर दी है।पंचायत चुनाव भी इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। एक बार फिर, हमारे सामने या तो सत्ता में बने रहने या अपने सिद्धांतों पर अटल रहने का विकल्प था। हमारे लिए यह विकल्प कभी भी कठिन नहीं था और हमने सरकार को गंवाने के विकल्प को चुनकर उन आदर्शों को प्राथमिकता दी जिनके पक्ष में हम खड़े हैं। जम्मू एवं कश्मीर के लोगों की आकांक्षाएं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गयी है। पंचायत चुनावों की सफलता ने जम्मू एवं कश्मीर के लोगों की लोकतांत्रिक प्रकृति को इंगित किया। मुझे गांवों के प्रधानों के साथ हुई एक बातचीत याद आती है। अन्य मुद्दों के अलावा, मैंने उनसे एक अनुरोध किया कि किसी भी स्थिति में स्कूलों को नहीं जलाया जाना चाहिए और स्कूलों की सुरक्षा की जानी चाहिए। मुझे यह देखकर खुशी हुई कि इसका पालन किया गया। आखिरकार, अगर स्कूल जलाये जाते हैं तो सबसे ज्यादा नुकसान छोटे बच्चों का होता है। 5 अगस्त का ऐतिहासिक दिन हर भारतीय के दिल और दिमाग में बसा हुआ है। हमारी संसद ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का ऐतिहासिक निर्णय पारित किया और तब से जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में बहुत कुछ बदलाव आया है। न्यायिक अदालत का फैसला दिसंबर 2023 में आया है, लेकिन जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में विकास की गति को देखते हुए जनता की अदालत ने चार साल पहले अनुच्छेद 370 और 35 (ए) को निरस्त करने के संसद के फैसले का जोरदार समर्थन किया है। राजनीतिक स्तर पर, पिछले 4 वर्षों को जमीनी स्तर पर लोकतंत्र में फिर से भरोसा जताने के रूप में देखा जाना चहिये। महिलाओं, आदिवासियों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और समाज के वंचित वर्गों को उनका हक नहीं मिल रहा था। वहीं, लद्दाख की आकांक्षाओं को भी पूरी तरह से नजरअंदाज किया जाता था। लेकिन, 5 अगस्त 2019 ने सब कुछ बदल दिया। सभी केंद्रीय कानून अब बिना किसी डर या पक्षपात के लागू होते हैं, प्रतिनिधित्व भी पहले से अधिक व्यापक हो गया है। त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रणाली लागू हो गई है, बीडीसी चुनाव हुए हैं, और शरणार्थी समुदाय, जिन्हें लगभग भुला दिया गया था, उन्हें भी विकास का लाभ मिलना शुरू हो गया है। केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है, ऐसी योजनाओं में समाज के सभी वर्गों को शामिल किया गया है। इनमें सौभाग्य और उज्ज्वला योजनाएं शामिल हैं। आवास, नल से जल कनेक्शन और वित्तीय समावेशन में प्रगति हुई है। लोगों के लिए बड़ी चुनौती रही स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में भी बुनियादी ढांचे का विकास किया गया है। सभी गांवों ने खुले में शौच से मुक्त-ओडीएफ प्लस का दर्जा प्राप्त कर लिया है। सरकारी रिक्तियां, जो कभी भ्रष्टाचार और पक्षपात का शिकार होती थीं, पारदर्शी और सही प्रक्रिया के तहत भरी गयी हैं। आईएमआर जैसे अन्य संकेतकों में सुधार दिखा है। बुनियादी ढांचे और पर्यटन में बढ़ावा सभी देख सकते हैं। इसका श्रेय स्वाभाविक रूप से जम्मू-कश्मीर के लोगों की दृढ़ता को जाता है, जिन्होंने बार-बार दिखाया है कि वे केवल विकास चाहते हैं और इस सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने के इच्छुक हैं।इससे पहले जम्मू, कश्मीर और लद्दाख की स्थिति पर सवालिया निशान लगा हुआ था। अब, रिकॉर्ड वृद्धि, रिकॉर्ड विकास, पर्यटकों के रिकॉर्ड आगमन के बारे में सुनकर लोगों को सुखद आश्चर्य होता है। सुप्रीम कोर्ट ने  11 दिसंबर के अपने फैसले में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत किया है। इसने हमें याद दिलाया कि एकता और सुशासन के लिए साझा प्रतिबद्धता ही हमारी पहचान है। आज जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में जन्म लेने वाले प्रत्येक बच्चे को साफ-सुथरा माहौल मिलता है, जिसमें वह जीवंत आकांक्षाओं से भरे अपने भविष्य को साकार कर सकता है। आज लोगों के सपने बीते समय के मोहताज नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाएं हैं। जम्मू और, कश्मीर में मोहभंग, निराशा और हताशा की जगह अब विकास, लोकतंत्र और गरिमा ने ले ली है।

सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आशा का प्रतीक : पीएम मोदी
Published / 2023-12-11 20:25:02
सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आशा का प्रतीक : पीएम मोदी

सुप्रीम कोर्ट का फैसला मजबूत भारत के निर्माण की आशा का प्रतीक : मोदीएबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निरस्त करने संबंधी उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत रिपीट स्वागत करते हुए कहा कि यह आदेश एक मजबूत और अधिक एकजुट भारत के निर्माण की आशा की किरण है।प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच-न्यायाधीशों की संविधान पीठ द्वारा सर्वसम्मति से उस संवैधानिक फैसले को वैध ठहराए जाने के बाद आयी, जिसने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया और इससे जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा निष्प्रभावी हो गया।प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा, आज का फैसला सिर्फ एक कानूनी फैसला नहीं है बल्कि यह आशा की किरण होने के साथ ही उज्जवल भविष्य का वादा है तथा एक मजबूत और अधिक एकजुट भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प का प्रमाण है।उच्चतम न्यायालय के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह संवैधानिक रूप से 05 अगस्त, 2019 को संसद द्वारा लिए गये फैसले को बरकरार रखता है। यह जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में हमारी बहनों और भाइयों के लिए आशा, प्रगति और एकता की एक शानदार घोषणा है। न्यायालय ने अपने गहन ज्ञान से एकता के मूल तत्व को मजबूत किया है, जिसे हम भारतीय होने के नाते सबसे अधिक महत्व देते हैं।प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को आश्वास्त करते हुए कहा- आपके सपनों को पूरा करने के लिए हमारी प्रतिबद्धता अटूट है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि प्रगति का लाभ न केवल आप तक पहुंचे, बल्कि इसका लाभ हमारे समाज के सबसे कमजोर और हाशिए पर रहने वाले वर्गों तक भी पहुंचे, जो अनुच्छेद 370 के कारण पीड़ित थे।

एक ऐतिहासिक मोड़ पर भारत की अर्थव्यवस्था : अश्विनी वैष्णव
Published / 2023-12-07 20:40:42
एक ऐतिहासिक मोड़ पर भारत की अर्थव्यवस्था : अश्विनी वैष्णव

भारतीय अर्थव्यवस्था में पहली बार विनिर्माण निर्यात को मिली बढ़तएबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज दावा किया कि भारत की अर्थव्यवस्था एक ऐतिहासिक मोड़ पर पहुंच गयी है जहां निर्यात बाजार में विनिर्माण क्षेत्र ने सेवा क्षेत्र को पीछे छोड़ दिया है और जल्दी ही भारत का निर्यात एक ट्रिलियन डॉलर के स्तर को पार कर जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया भारत आज हर साल एक करोड़ 80 लाख नये रोजगार अवसर पैदा कर रहा है। श्री वैष्णव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में ये जानकारियां साझा कीं। श्री वैष्णव ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था एक ऐतिहासिक मोड़ पर पहुंच गयी है। देश में लंबे समय से विनिर्माण यानी मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को बढ़ावा देने की बात कही जाती रही लेकिन ऐसा हो नहीं पाया था। बीते 40 से 50 साल के दौरान भारत में विनिर्माण लगातार घटता रहा और हम उसकी क्षमता का दोहन नहीं कर पाये। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया के नारे का मजाक उड़ाते थे और आज हालात खुद उनका ही मजाक उड़ाने लगे हैं।उन्होंने कहा कि आज हम उस स्थिति में पहुंच गये हैं जब हमारा निर्यात एक ट्रिलियन यानी दस खरब डॉलर के करीब पहुंचने वाला है और जल्दी ही हम इस स्तर को पार कर लेंगे। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 में भारतीय निर्यात 7.62 खरब डॉलर से अधिक का रहा। इसमें से विनिर्माण निर्यात 4.53 खरब डॉलर और सेवा क्षेत्र निर्यात 3.09 खरब डॉलर का रहा। उन्होंने बताया कि पहले हम केवल तीन चार वस्तुओं का भी निर्यात करते थे। अब निर्यात करने वाली वस्तुओं की सूची भी लंबी हो रही है। बीते वर्ष हुए निर्यात में सर्वाधिक 97 अरब डॉलर पेट्रोलियम पदार्थ, 19 अरब डॉलर फार्मास्युटिकल्स, 12 अरब डॉलर टेलीकॉम उपकरण, 11 अरब डॉलर इलैक्ट्रिकल मशीनरी, 8 अरब डॉलर एल्युमिनियम उत्पाद, 8.7 अरब डॉलर मोटर वाहन एवं कार तथा चार अरब डॉलर के इलैक्ट्रॉनिक्स उपकरण का निर्यात हुआ है।उन्होंने कहा कि जापान, दक्षिण कोरिया, अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी और चीन आदि विकसित देशों की अर्थव्यवस्था का विस्तार एवं स्थायित्व विनिर्माण क्षेत्र की मजबूती पर ही आधारित रहा है। इसलिए भारत को भी विकसित देशों की श्रेणी में लाने के लिए भारत में विनिर्माण क्षेत्र का विस्तार बहुत ही महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मेक इन इंडिया, डिजाइन इन इंडिया, इनोवेट इन इंडिया जैसे मिशनों की बड़ी भूमिका रही है। आज भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता एवं लागत दोनों वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी हैं और इसी से हमारा निर्यात बढ़ रहा है। श्री वैष्णव ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र के मजबूत होने से रोजगार भी तेजी से बढ़े हैं और भविष्य निधि के खातों का अध्ययन करें तो पाएंगे कि पहले औपचारिक रोजगार छह लाख प्रति माह के स्तर पर था, वह अब 14 से 15 लाख प्रति माह के स्तर पर पहुंच गया है। यानी करीब एक करोड़ 70 से 80 लाख रोजगार सालाना पैदा हो रहे हैं जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सालाना दो करोड़ रोजगार के वादे के करीब है।

वन संरक्षण में एक दूसरे के सहयोगी बनेंगे भारत-कन्या
Published / 2023-12-05 20:35:50
वन संरक्षण में एक दूसरे के सहयोगी बनेंगे भारत-कन्या

भारत और केन्या वन संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में करेंगे सहयोग एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत एवं केन्या ने अपने राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ के मौके पर पर्यावरण एवं वन संपदा के संरक्षण तथा स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में मिल कर काम करने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्या के राष्ट्रपति विलियम सामोई रूतो के साथ यहां हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय शिखर बैठक में ये संकल्प लिये गये। दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये। श्री मोदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि भारत की विदेश नीति में अफ्रीका को हमेशा उच्च प्राथमिकता का स्थान दिया गया है। पिछले लगभग एक दशक में हमने मिशन मोड में अफ्रीका के साथ अपना सहयोग बढ़ाया है। इस वर्ष हम भारत और केन्या के राजनयिक संबंधों की साठवीं वर्षगांठ मना रहे हैं, किन्तु हमारे संबंधों का हजारों वर्ष पुराना इतिहास है। उन्होंने कहा कि भारत और केन्या के बीच आपसी व्यापार और निवेश में लगातार प्रगति हो रही है। हमारे आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता का दोहन करने के लिए हम नए अवसरों की तलाश जारी रखेंगे। उन्होंने कहा- भारत एवं केन्या, दो कृषि प्रधान अर्थव्यवस्थाओं के रूप में, हम अपने अनुभव साझा करने पर सहमत हुए हैं। केन्या के कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए हम 25 करोड़ डॉलर का ऋण प्रदान करने पर सहमत हुए हैं। आधुनिक समय की जरूरतों के अनुसार हम नवाचार में प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपना सहयोग बढ़ा रहे हैं। डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में, हम केन्या के साथ भारत की उपलब्धियों को साझा करने के लिए तैयार हैं। स्वच्छ ऊर्जा दोनों देशों की मुख्य प्राथमिकता है। अफ्रीका जलवायु शिखर सम्मेलन की केन्या की पहल सराहनीय कदम है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि केन्या ने वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन और अंतरराष्ट्रीय सौर गठजोड़ से जुड़ने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही केन्या द्वारा लिए गए अंतरराष्ट्रीय विडालवंशी गठबंधन यानी इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस से जुड़ने के निर्णय से हम विडाल वंशी जंतुओं यानी शेर बाघ, चीता, तेंदुआ आदि के संरक्षण के लिए वैश्विक प्रयासों को सशक्त कर सकेंगे। श्री मोदी ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में हमारा बढ़ता सहयोग हमारे आपसी विश्वास और साझा हितों का प्रतीक है। आज की चर्चा में हमने सैन्य अभ्यास क्षमता निर्माण के अलावा दोनों देशों के रक्षा उद्योगों को जोड़ने पर भी जोर दिया। हमने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के लोक कल्याण के लिए इस्तेमाल पर भी चर्चा की। शिखर बैठक में दोनों पक्षों के बीच आतंकवाद पर भी चर्चा हुई।प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य में कहा कि भारत और केन्या एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे गंभीर चुनौती है। इस संबंध में हमने आतंकवाद से मुकाबले के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ाने का निर्णय लिया है।

फिर बढ़ रहे कोरोना केस से देशवासियों में टेंशन
Published / 2023-12-05 00:06:24
फिर बढ़ रहे कोरोना केस से देशवासियों में टेंशन

भारत में फिर से बढ़े कोविड के एक्टिव केस, कहीं चीन का असर तो नहीं?एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में फिलहाल कोरोना का कोई खतरा नहीं है। बीते डेढ़ साल से वायरस के केस बढ़े और कम हुए लेकिन हालात काबू में रहे। इस बीच अब देश में कोविड के ग्राफ में हल्का सा इजाफा हुआ है। बीते 24 घंटे में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 479 हो गयी है। बीते एक दिन में 37 सक्रिय मरीज बढ़े हैं, हालांकि यह आंकड़ा बहुत कम है, लेकिन कोरोना के सक्रिय मरीजों का बढ़ना अच्छा संकेत नहीं माना जाता है। चूंकि अभी चीन में सांस की बीमारियों से हालात बिगड़ रहे हैं तो ऐसे में भारत में कोविड के ग्राफ फिर चढ़ रहा है। कोरोना के केस बढ़ने का कारण क्या है? क्या चीन में फैल रहे निमोनिया का ये असर है या फिर कुछ और ही कारण है? ऐसे कई सवालों का जवाब जानने के लिए हमने एक्सपर्ट्स से बातचीत की है। सफदरजंग हॉस्पिटल में कम्यूनिटी मेडिसिन डिपार्टमेंट में डॉ जुगल किशोर बताते हैं कि इस समय मौसम में बदलाव हो रहा है। सर्दियां आ गयी हैं। ऐसे में मौसमी बीमारियां ज्यादा होती हैं। फ्लू और सीजनल बुखार के केस ज्यादा आते हैं। इन बीमारियों में लक्षण खांसी-जुकाम और बुखार के होते हैं। कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी भी होती है। ऐसे मरीज जब अस्पताल जाते हैं तो उनकी कोविड जांच भी की जाती है, जिसमें कुछ लोग पॉजिटिव मिल जाते हैं।चूंकि सांस की बीमारियों के ज्यादा मरीज आ रहे हैं तो टेस्ट की संख्या भी बढ़ी है। इससे कोविड के आंकड़ों में इजाफा हो गया है। हालांकि केस बहुत ज्यादा नहीं है। जब भी टेस्ट होते हैं तो इतने केस आते ही हैं। वायरस कभी खत्म नहीं होता है। टेस्ट होगा तो कुछ लोग पॉजिटिव आयेंगे ही, लेकिन इसमें पैनिक होने वाली कोई बात नहीं है।

जनादेश विनम्रता के साथ स्वीकार : राहुल गांधी
Published / 2023-12-03 22:44:23
जनादेश विनम्रता के साथ स्वीकार : राहुल गांधी

बोले- मप्र, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का जनादेश विनम्रता से करते हैं स्वीकारएबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तेलंगाना में पार्टी को बहुमत से जीतने के लिए वहां की जनता का आभार व्यक्त किया लेकिन कहा कि वह मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मिले जनादेश को विनम्रता पूरक स्वीकार करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी लड़ाई विचारधारा की है और यह लड़ाई जारी रहेगी। इससे पहले पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तेलंगाना की जनता का आभार जताया और मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा राजस्थान में कांग्रेस वोट देने वाले लोगों को धन्यवाद दिया। राहुल गांधी ने कहा- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का जनादेश हम विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं- विचारधारा की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने तेलंगाना में कांग्रेस को बहुमत देने के लिए वहां के मतदाताओं का आभार जताया और कहा कि तेलंगाना के लोगों को मेरा बहुत धन्यवाद - प्रजालु तेलंगाना बनाने का वादा हम जरूर पूरा करेंगे। सभी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और समर्थन के लिए दिल से शुक्रिया। इस बीच कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जय राम रमेश ने कहा कि जिन राज्यों में पार्टी को हार मिली है वहां जल्द ही पार्टी फिर मजबूती के साथ खड़ी होगी। उन्होंने कहा, ठीक 20 साल पहले भी कांग्रेस को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में हुए विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था। उस वक्त हमें सिर्फ दिल्ली में जीत मिली थी। लेकिन कुछ ही महीनों में जोरदार ढंग से वापसी करते हुए कांग्रेस लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और केंद्र में सरकार बनायी। आशा, विश्वास, धैर्य और दृढ़ संकल्प साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनावों के लिए तैयारी करेगी।

मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की जनता ने मोदी की गारंटी पर लगायी मुहर
Published / 2023-12-03 21:54:37
मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की जनता ने मोदी की गारंटी पर लगायी मुहर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में मतगणना जारी है। अब तक के रुझानों में मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा ने बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है और तेलंगाना में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ जीतती दिख रही है। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर जश्नदिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। बता दें कि भाजपा एमपी-राजस्थान और छत्तीसगढ़ में आगे चल रही है। एमपी में भी सीएम शिवराज को बधाइयां मिल रही हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 2 बजे तक मध्य प्रदेश में भाजपा 161 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 66 सीटों पर और बसपा 2 सीटों पर आगे है।  राजस्थान में भाजपा 112 सीटों पर और कांग्रेस 71 सीटों पर और बसपा 2 सीटों पर आगे चल रही है।  छत्तीसगढ़ में भाजपा 55 सीटों पर, कांग्रेस 32 सीटों पर और बसपा एक सीट पर आगे है। तेलंगाना में कांग्रेस 63 सीटों पर, बीआरएस 41 सीटों पर और भाजपा 8 सीटों पर आगे है। मध्य प्रदेश की निवास विधानसभा सीट पर चौंकाने वाला नतीजा आया है। दरअसल यहां केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते चुनाव हार गए हैं। कुलस्ते को कांग्रेस उम्मीदवार चैन सिंह वारकडे के सामने हार का सामना करना पड़ा है।

पीएम मोदी बनेंगे 10,000वें पीएम जन औषधि केंद्र के गवाह
Published / 2023-11-29 20:43:34
पीएम मोदी बनेंगे 10,000वें पीएम जन औषधि केंद्र के गवाह

पीएम नरेंद्र मोदी 30 नवंबर को देवघर एम्स में 10 हजारवें पीएम जन औषधि केंद्र का करेंगे आनलाइन उद्घाटनटीम एबीएन, देवघर/ रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 नवंबर को दिल्ली से आनलाइन देवघर एम्स में पीएम जन औषधि केंद्र का उद्घाटन करेंगे। देवघर एम्स परिसर में अमृत फार्मेसी के बगल में ही पीएम जन औषधि केंद्र तैयार किया गया है। जानकारी के अनुसार स्टोर में सारी दवाइयां आ गयी हैं। गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के आग्रह पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देवघर एम्स में पीएम जन औषधि केंद्र की स्वीकृति दी है। फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइसेज ब्यूरो आॅफ इंडिया (पीएमबीआई) के सीइओ रवि दाधिची ने सांसद डॉ निशिकांत दुबे व एम्स के निदेशक को पत्र भेजकर बताया है कि 30 नवंबर को प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के 10 हजारवें पीएम जन औषधि केंद्र का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री देवघर एम्स के साथ-साथ महाराष्ट्र के कोल्हापुर में भी संबोधन करेंगे। समारोह में गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे देवघर एम्स में उपस्थित रहेंगे। सीईओ रवि ने देवघर एम्स के निदेशक को पीएमबीआई के नोडल आॅफिसर के साथ को-आर्डिनेशन कर उद्घाटन समारोह की सारी तैयारी करने का निर्देश दिया है। गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि उन्होंने देवघर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने की मांग केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से की थी। स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी मांगों को गंभीरता से लिया। 30 नवंबर को पीएम जन औषधि केंद्र का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। देवघर एम्स में पीएम जन औषधि केंद्र खुल जाने से मरीजों को अमृत फार्मेसी में लंबी लाइन लगाकर दवा लेने से राहत मिलेगी तथा औषधि केंद्र में सस्ती दर पर सभी दवाइयां उपलब्ध होंगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding