हजारीबाग के पदमा ओपी को थाना का दर्जा, देवघर एयरपोर्ट के पास खुलेगा आउट पोस्टटीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न उच्चस्तरीय समिति की बैठक में हजारीबाग के पदमा ओपी को थाना का दर्जा देने का फैसला लिया गया। वहीं एक अन्य फैसले में देवघर हवाई अड्डा के पास नया पुलिस आउट पोस्ट खोलने पर मुहर लगायी गयी। थाना बनाने में दो करोड़ 70 लाख रुपये खर्च होंगे।गौरतलब है कि पदमा में पुलिस आउट पोस्ट काफी अर्से से कार्यरत है। बैठक में बताया गया कि पदमा ओपी का कार्य क्षेत्र काफी बड़ा है। इसका सृजन बरही थाना से दूर स्थित एनएच 30 के इलाके में विधि व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए किया गया था। लेकिन, अब यह इलाका विस्तृत आबादी वाले क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है। इस इलाके में आपराधिक गतिविधियां भी उसी अनुपात में बढ़ी हैं। साथ ही सड़क हादसे में वृद्धि, बढ़ते उद्योग और उग्रवादियों की सक्रियता तथा सांप्रदायिक सद्भावना बिगाड़ने की कोशिशों के मद्देनजर पदमा ओपी को पूर्ण थाना में उत्क्रमित करने का निर्णय लिया गया। पदमा ओपी को थाना में उत्क्रमित करने में अनुमानित दो करोड़ 70 लाख रुपये खर्च होंगे।देवघर हवाई अड्डा के पास खुलेगा ओपी वहीं दूसरी ओर देवघर जिला के कुण्डा थानान्तर्गत देवघर हवाई अड्डा के कारण विमानपत्तन ओपी के सृजन का निर्णय लिया गया। इसके प्रस्ताव में गृह विभाग द्वारा बताया गया कि कुंडा थाना से देवघर हवाई अड्डा की दूरी सात किमी एवं मुख्यालय से 12 किमी होने के कारण थाना का कार्य क्षेत्र काफी बड़ा हो जाता है। हवाई अड्डा का इलाका दुर्गम होने के कारण कुण्डा थाना से विधि व्यवस्था के संधारण में कठिनाई होती है। वहीं पिछले कुछ दिनों में आपराधिक घटनाएं भी बढ़ी हैं। इसके मद्देनजर आम लोगों की सुरक्षा के लिए उच्चस्तरीय समिति की बैठक में पुलिस आउट पोस्ट खोलने पर मुहर लगायी गयी। इस ओपी के सृजन में लगभग चार करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में संपन्न उच्चस्तरीय समिति की बैठक में गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो, ग्रामीण विकास सचिव के श्रीनिवासन, राजस्व सचिव चंद्रशेखर और आइजी हेडक्वाटर्र मनोज कौशिक मौजूद थे।
हेमंत सोरेन का बड़ा कदमटीम एबीएन, रांची। झारखंड को निवेशक केंद्र बनाने के उद्देश्य से सीएम हेमंत सोरेन स्वीडन और स्पेन जाकर निवेशकों से मिलेंगे। उनके साथ 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी जायेगा। पहली कड़ी में 19 से 27 अप्रैल तक प्रतिनिधिमंडल स्वीडन व स्पेन के दौरे पर जायेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में सीएम के साथ मुख्य सचिव समेत विभिन्न विभागों के सचिव भी शामिल होंगे। इसके लिए विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी गयी है। बताया गया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य झारखंड को एक प्रमुख निवेशक केंद्र यानी डेस्टिनेशन के रूप में बढ़ावा देना है। एक रणनीतिक पहल के तहत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के साथ-साथ दुनिया भर में रहने वाले भारतीय प्रवासियों से मिलकर निवेश को आकर्षित करना है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल स्पेन के मेड्रिड, बर्सिलोना और स्वीडन के गोथेनबर्ग जायेगा। 19 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल मैड्रिड पहुंचेगा। फिर 21 अप्रैल को प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल नेशनल रिन्यूएबल एनर्जी सेंटर भी जायेगा। जहां सौर ऊर्जा पर रिसर्च होता है। 22 अप्रैल को मैड्रिड में प्रतिनिधिमंडल माइनिंग सेक्टर और स्टील सेक्टर की कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की जायेगी। प्रतिनिधिमंडल 23 अप्रैल को बर्सिलोना में कृषि मंत्रालय के प्रतिनिधियों से मिलेगा। 25 अप्रैल को स्वीडन के गोथेनबर्ग में क्लीन एनर्जी पर काम करने वाली कंपनियों से भेंट की जायेगी। 26 अप्रैल को उद्यमियों के साथ वन टू वन मीटिंग होगी। 27 अप्रैल को सीएम प्रतिनिधिमंडल के साथ वापसी करेंगे।
याद किये गये चुआड़ विद्रोह के महानायक क्रांतिवीर रघुनाथ महतो एबीएन न्यूज नेटवर्क, रांची। शहीद रघुनाथ महतो स्मृति न्यास रांची की ओर से अंग्रेजी हुकुमत के विरुद्ध प्रथम संगठित जनविद्रोह चुआड़ विद्रोह (1767-1778 ई.) के महानायक क्रांतिवीर शहीद रघुनाथ महतो की 287वीं शहादत दिवस लोवाडीह, रांची स्थित शहीद रघुनाथ महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शामिल हुए। अंग्रेजों के जुल्म और महाजनों के शोषण के खिलाफ किसान वर्ग का नेतृत्व करते हुए उन्होंने विद्रोह का बिगुल फूंका था। 21 मार्च 1738 को नीमडीह थाना अंतर्गत रघुनाथपुर के घुटियाडीह गांव में जन्मे रघुनाथ महतो विद्रोह के दौरान 05 अप्रैल 1778 को सिल्ली के किता-लोटा गांव में अंग्रेजों की गोली से शहीद हुए थे। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री संतोष गंगवार ने कहा शहीद रघुनाथ महतो जैसे महान शपूतों को उचित सम्मान देने के साथ-साथ आज के नई पीढ़ी को उनके पदचिन्हों की चलने आवश्यकता है। शहीद रघुनाथ महतो स्मृति न्यास समिति ने झारखंड सरकार से मांग की कि शहीद की गौरवगाथा को इतिहास में समुचित स्थान देने का काम किया जाए और राजभवन स्थित मूर्ति गार्डेन में शहीद की प्रतिमा स्थापित कर उचित सम्मान देने की दिशा में पहल हो। कार्यक्रम के पूर्व राज्यपाल का भव्य स्वागत नटुवा नाच के साथ कुरमाली भाषा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ राजाराम महतो व शैलेन्द्र महतो ने किया। कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण महतो ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो, रामटहल चौधरी, पूर्व उप मंत्री केशव महतो कमलेश, डॉ राजा राम महतो, विधायक राजेश कच्छप, अमित महतो, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, डॉ धनेश्वर महतो, महिपाल महतो,शीतल ओहदार, शत्रुघन महतो, शशिभूषण महतो, भुवनेश्वर महतो, ब्रजेश महतो, जितेंद्र महतो आदि शहीद रघुनाथ चुआड़ सेना के सैकड़ों लोग शामिल हुए।
लोगों से की शांति व आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील टीम एबीएन, रांची। कल यानी 6 मार्च को देश भर में रामनवमी का पर्व मनाया जायेगा। इस दौरान जगह-जगह शोभा यात्रा भी निकाली जायेगी। इसके चलते झारखंड पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रांची पुलिस ने लोगों से शांति और आपसी भाईचारे के साथ रामनवमी मनाने की अपील की है। साथ ही सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ शांति व्यवस्था बनाये रखने को कहा है। पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार की अफवाह में ना पड़ें। किसी प्रकार की कोई अफवाह फैल रही हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। रामनवमी पर्व के मद्देनजर डीसी एसपी के द्वारा पुलिस केंद्र लातेहार में सभी पुलिस पदाधिकारियों, प्रतिनियुक्ति दंड अधिकारियों और कर्मियों को रामनवमी पर्व शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए ब्रीफिंग किया गया। रांची पुलिस का कहना है कि पर्व पर किसी भी प्रकार के उत्तेजक, आपत्तिजनक और भड़काऊ गाने ना बजायें। साथ ही जुलूस का संचालन निर्धारित मार्ग से करें। किसी भी परिस्थिति में जुलूस के रूट में परिवर्तन न करें। पुलिस ने चेतावनी भी दी है कि अगर सोशल मीडिया पर तथ्यहीन, भ्रामक जानकारी, फोटो, वीडियो और आपत्तिजनक टिप्पणियां साझा करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जायेगी।
झारखंड में आयुष्मान भारत से जुड़ी योजनाओं में धांधली का क्या है मामला; तीन राज्यों में ईडी की दबिश क्यों?टीम एबीएन, रांची। प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को झारखंड में कई स्थानों पर छापेमारी की। छापेमारी आयुष्मान भारत से जुड़ी योजनाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गयी। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, संघीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने करीब 21 स्थानों पर छापेमारी की। जांच केंद्र सरकार की सार्वभौमिक स्वास्थ्य योजना में कुछ कथित अनियमितताओं से संबंधित है। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीमों की ओर से रांची के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की जा रही है। टीम एदलहातू, बरियातू, लालपुर, पीपी कंपाउंड, चिरौंदी, अशोक नगर में छापेमारी कर रही है। ज्यादातर कार्रवाई मेडिकल इंश्योरेंस कंपनी के ठिकानों पर की जा रही है।प्रवर्तन निदेशालय ने क्या कहादरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) झारखंड में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना घोटाले के संबंध में आज झारखंड, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में 21 स्थानों पर पीएमएलए के तहत तलाशी ली जा रही है। ईडी के मुताबिक, छापेमारी वाले परिसर कथित धोखाधड़ी नेटवर्क में प्रमुख संदिग्धों से संबंधित हैं। इनमें सलाहकार, संबद्ध फर्मों के पूर्व अधिकारी, झारखंड राज्य आरोग्य सोसायटी (जेएसएएस) से जुड़े अधिकारी या सलाहकार, थर्ड-पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर (एमडी इंडिया, सेफवे, मेडी असिस्ट जैसे टीपीए) के कर्मचारी, कार्यालय और उनके सहयोगी शामिल हैं। झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के निजी सचिव ओम प्रकाश सिंह से जुड़े परिसर पर भी छापेमारी चल रही है।ईडी की जांच में क्या पता चला? ईडी ने बताया कि ईडी की जांच से पता चलता है कि आयुष्मान भारत योजना में व्यवस्थित धोखाधड़ी के माध्यम से अपराध की आय पैदा की गयी थी। इसमें अस्पताल के पैनल में हेरफेर और कमीशन या किकबैक की मांग करने वाले एक गैंग की ओर से सुगम बनाये गये फर्जी दावों की प्रक्रिया शामिल थी।
सरकार ने 18 हजार करोड़+ की रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी, महाराष्ट्र-ओडिशा-छत्तीसगढ़ को लाभ एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय रेल और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय कैबिनेट में हुए फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेल मंत्रालय की 4 परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी है। इनकी कुल लागत 18,658 करोड़ रुपये है। महाराष्ट्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के 15 जिलों को कवर करने वाली परियोजनाओं से भारतीय रेलवे का मौजूदा नेटवर्क करीब 1247 किलोमीटर बढ़ जायेगा। रेल मंत्रालय के चार परियोजनाओं में ये शामिल केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बताया कि परियोजनाओं में संबलपुर-जरापदा तीसरी और चौथी लाइन, झारसुगुड़ा-सासन तीसरी और चौथी लाइन, खरसिया-नया रायपुर-परमलकासा पांचवीं व छठी लाइन और गोंदिया-बल्हारशाह दोहरीकरण शामिल हैं। मल्टी-ट्रैकिंग प्रस्ताव से सुगम होगा रेल परिचालनमंत्री वैष्णव ने बताया कि रेलवे लाइन विस्तार से गतिशीलता में सुधार होगा। इससे भारतीय रेलवे के लिए बेहतर दक्षता और सेवा विश्वसनीयता उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि ये मल्टी-ट्रैकिंग प्रस्ताव रेल परिचालन को सुगम बनायेंगे और भीड़भाड़ को कम करेंगे।19 नये रेलवे स्टेशनों का होगा निर्माण रेल मंत्री ने बताया कि 19 नये स्टेशनों का भी निर्माण किया जायेगा। स्टेशनों के निर्माण से महाराष्ट्र में गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव तक कनेक्टिविटी बढ़ जायेगी। उन्होंने बताया कि कनेक्टिविटी बढ़ने से लगभग 3350 गांवों और लगभग 47.25 लाख लोगों तक लाभ पहुंचेगा। 88.77 एमटीपीए की अतिरिक्त माल ढुलाई होगी रेल मंत्री के अनुसार, परियोजनाओं के चलते खरसिया-नया रायपुर-परमलकासा बलौदा बाजार जैसे नए क्षेत्र सीधे रेल कनेक्टिविटी से जुड़ सकेंगे। इसका लाभ यह होगा कि इस क्षेत्र में सीमेंट संयंत्रों सहित नयी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की संभावनाएं पैदा होंगी। ये मार्ग कृषि उत्पादों, उर्वरक, कोयला, लौह अयस्क, इस्पात, सीमेंट, चूना पत्थर जैसी वस्तुओं के परिवहन के लिए आवश्यक हैं। क्षमता वृद्धि के चलते 88.77 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) की अतिरिक्त माल ढुलाई होगी।परिवहन का कुशल साधन है रेलवे मंत्री वैष्णव ने बताया कि रेलवे पर्यावरण के अनुकूल और ऊर्जा बचाने वाला परिवहन का कुशल साधन है। यह जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने, देश की रसद लागत को घटाने, तेल आयात (95 करोड़ लीटर) को कम करने और उड2 उत्सर्जन (477 करोड़ किलोग्राम) को घटाने में मदद करेगा, जो 19 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 08 अप्रैल 2025 को कैबिनेट की बैठक बुलायी गयी है। दोपहर 1 बजे से प्रोजेक्ट भवन में कैबिनेट की बैठक शुरू होगी। इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। 25 मार्च 2025 को हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में मंईयां सम्मान योजना के सभी लाभुकों को राशि भेजने का निर्णय लिया गया था। आधार कार्ड के बैंक अकाउंट से लिंक नहीं रहने पर भी लाभुकों को 3 माह की राशि 7500 रुपये (प्रति माह 2500 रुपये की दर से) भुगतान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी थी।आधार नंबर के बैंक खाता से लिंक नहीं होने के कारण शुरुआत में केवल 38.34 लाख लाभुकों को ही योजना के पैसे भेजे गये। 20.60 लाख लाभुकों के बैंक अकाउंट और आधार के लिंक न होने के कारण होल्ड पर रखा गया था।
सीएम हेमंत सोरेन ने डीजीपी को दिया निर्देशटीम एबीएन, रांची। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने डीजीपी अनुराग गुप्ता को निर्देश दिया है कि रांची के सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप हटाने की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन करनेवालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाए। इस आदेश के आलोक में डीजीपी ने रांची के एसएसपी को इस दिशा में आगे की कार्रवाई नहीं करने को कहा है। इस मामले में चुटिया थाने में 30 मार्च को केस दर्ज कराया गया था।रांची के चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की सूचना मिलने पर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य के महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक को यह निर्देश दिया है कि चूंकि यह घटना सरहुल पर्व की भावना से जुड़ा हुआ है। इसलिए इस प्राथमिकी के आधार पर अभियुक्तों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। कोई आगे की कार्रवाई नहीं की जाए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश के आलोक में झारखंड के महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक ने रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को निर्देश दिया है कि इस कांड में कोई अग्रतर कार्रवाई नहीं की जाए।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में प्रकृति पर्व सरहुल की धूम है। मंगलवार की दोपहर से जैसे ही सरहुल की शोभायात्रा विभिन्न क्षेत्रों से निकलनी शुरू हुई पुलिस अलर्ट हो गयी। सरहुल की शोभायात्रा रूट पर महिला और पुरुष पुलिस जवान सजगता के साथ ड्यूटी करते नजर आये। सरहुल की शोभायात्रा को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किये थे, जो कारगर नजर आया। एक तरफ जहां फिल्ड में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करते नजर आये, वहीं डीआईजी सह रांची एसएसपी चदंन कुमार सिन्हा कभी कंट्रोल रूम से, कभी स्वयं फिल्ड में जाकर और कभी वायरलेस से पूरे शहर की जानकारी लेते नजर आये। सरहुल की शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर रांची में दो हजार अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गयी है। इसमें झारखंड जगुआर, महिला पुलिस, रैफ, आईआरबी के जवान भी शामिल रहे। दूसरी तरफ शोभायात्रा के दौरान मेन रोड में यात्री समेत अन्य सभी तरह के वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.