लोहरदगा सांसद एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सुखदेव भगत ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूज्य माताजी स्व. रूपी सोरेन के दुखद निधन पर गहरा दु:ख एवं शोक संवेदना व्यक्त की है।श्री भगत ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी रूपी सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि स्व. रूपी सोरेन दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर झारखंड आंदोलन में अहम भूमिका निभायी थी। श्री भगत ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक की इस घड़ी में हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, बसंत सोरेन सहित समस्त शोकाकुल परिवारजनों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
बैठक के दौरन सरकारी गाइडलाइन के पालन का निर्देश एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। गुरुवार को श्री दुर्गा पूजा सार्वजनिक समिति, महेशपुर कोलियरी सिनीडीह के दुर्गा मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन और पूजा समिति के पदाधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गयी। बैठक में महुदा इंस्पेक्टर रंजीत कुमार और मधुबन थाना प्रभारी शुभम कुमार शामिल हुए। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सरकार द्वारा जारी मौजूदा गाइडलाइन और सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने पूजा समिति को निर्देश दिया कि सरकार के आदेशों और नियमों का पालन करते हुए ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न करायें। साथ ही, पंडाल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। बैठक में श्री दुर्गा पूजा सार्वजनिक समिति के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत सभी सक्रिय सदस्य मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे सरकारी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करेंगे और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे।
टीम एबीएन, रांची। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने सूचित किया कि आज दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को मंत्रिपरिषद् की होने वाली बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गयी। आगे की तिथि जल्द ही घोषित की जायेगी।
ईएसआईएस अस्पतालों में अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और आयुष्मान भारत के लाभुकों के इलाज की भी तैयारी टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कर्मचारी राज्य बीमा योजना की चिकित्सा एवं सामाजिक सुरक्षा सेवाओं का विस्तार अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से किये जाने की पहल की जा रही है। इसके साथ ही ESIC के अस्पतालों में मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना एवं आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभुकों को भी इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए कैबिनेट से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाया जायेगा। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में ईएसआईसी से संबंधित बैठक आयोजित की गयी। बैठक में अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि ईएसआईसी की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक बीमित श्रमिकों एवं उनके परिवारों तक पहुंचाने के लिए राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित किया जाये। बैठक में प्रस्तावित व्यवस्था के तहत रांची एवं जमशेदपुर स्थित एरकउ केंद्रों में अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना एवं आयुष्मान भारत के लाभुकों के इलाज की संभावना पर भी चर्चा की गयी। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद इन योजनाओं के लाभुकों के इलाज के लिए क्लेम की राशि झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी द्वारा उपलब्ध करायी जायेगी। वर्तमान में झारखंड में एरकर की 21 डिस्पेंसरी संचालित हैं, जहां बीमित व्यक्तियों एवं उनके परिवारों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। अब राज्य सरकार के सीएचसी और पीएचसी के नेटवर्क को ईएसआईसी की चिकित्सा सेवाओं से जोड़कर इसकी पहुंच राज्य के अधिकाधिक क्षेत्रों तक विस्तारित करने की योजना है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ESIC द्वारा संबद्ध प्रति बीमित व्यक्ति 1,000 प्रतिवर्ष की दर से वित्तीय सहायता उपलब्ध करायी जायेगी। इससे लगभग 1.50 लाख बीमित व्यक्तियों तथा उनके परिवारों सहित करीब 6 लाख लाभार्थियों को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलने की संभावना है। यह पहल झारखंड में ESIC कवरेज के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत पात्र श्रमिकों को कर्मचारी राज्य बीमा योजना के सामाजिक सुरक्षा दायरे में लाने में भी मदद मिलेगी। ईएसआईसी के अंतर्गत पात्र बीमित व्यक्तियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को नियमानुसार चिकित्सा लाभ, बीमारी हितलाभ, मातृत्व हितलाभ, दिव्यांगता हितलाभ, आश्रित हितलाभ सहित अन्य वैधानिक सामाजिक सुरक्षा लाभ प्राप्त होते हैं। बैठक में अपर सचिव संदीप कुमार दोराईबुरू, संयुक्त सचिव अनुज कुमार प्रसाद, श्रम सचिव जितेंद्र कुमार सिंह तथा ईएसआईसी झारखंड के क्षेत्रीय निदेशक शिवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
रांची : एसआईआर के तहत 7 से 9 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप10 अक्टूबर को लगेगा मेगा हेल्प डेस्कटीम एबीएन, रांची। राज्य में मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर -2026) के तहत चुनाव आयोग ने मतदाताओं की मदद के लिए विशेष व्यवस्था की है। दावा और आपत्ति की प्रक्रिया के बीच 7, 8 और 9 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष डिजिटाइजेशन कैंप लगाए जाएंगे। इसके बाद 10 अक्टूबर को सभी बूथों पर मेगा हेल्पडेस्क लगाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, ईआरओ और एईआरओ के साथ एसआईआर -2026 की समीक्षा की। उन्होंने मतदाताओं को भेजे गए नोटिस की सुनवाई और पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि 7 से 9 अक्टूबर तक लगने वाले कैंप में बीएलओ को प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 को जल्द से जल्द डिजिटल किया जाए। इसके लिए बीएलओ को जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवेदनों का समय पर निपटारा हो सके।जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इन कैंपों की जानकारी देने को कहा गया है। साथ ही ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, उन्हें आवेदन करने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। चुनाव आयोग ने कैंपों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर प्रचार करने को भी कहा है। कैंप के दौरान सामने आने वाली स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दुमका : उपायुक्त के जनता दरबार में लोगों ने गिनाई समस्याएंएबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा आज कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिक उपस्थित हुए और अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।उपायुक्त ने एक-एक कर उपस्थित नागरिकों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।जनता दरबार में पेंशन,राशन कार्ड, आवास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव है, उनका निपटारा नियमानुसार ढंग से तुरंत किया जाए।
उपायुक्त की अध्यक्षता में मिटा पोर्टल, जन शिकायत एवं विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय ऑनलाइन समीक्षा बैठक संपन्नजन समस्याओं का पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : उपायुक्तएबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। मंगलवार को उपायुक्त, रामगढ़ की अध्यक्षता में मिटा पोर्टल के माध्यम से जिला स्तरीय महत्वपूर्ण जन कल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय प्रगति की एक उच्चस्तरीय ऑनलाइन समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों तथा मेटा पोर्टल में प्राप्त मामलों एवं शिकायतों का बिंदुवार गहन जायजा लिया और पूरे प्रशासनिक तंत्र को पूर्ण जवाबदेही, गति एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का कड़ा संदेश दिया।समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने एसआईआर (SIR) से संबंधित कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि पोर्टल पर डेटा अपडेशन एवं प्रगति रिपोर्ट को अविलंब अद्यतन (Update) करना सुनिश्चित करें। जनहित के विषयों पर संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने मिटा पोर्टल एवं जन शिकायत निवारण पोर्टल पर दर्ज आम जनता के मामलों का अविलंब, गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया।इसके साथ ही आपूर्ति विभाग एवं नगर परिषद की समीक्षा करते हुए खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू बनाने तथा शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। पर्यटन विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संबल देने के उद्देश्य से उन्होंने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत सभी योग्य एवं पात्र लाभुकों को त्वरित गति से लाभान्वित करने तथा गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) द्वारा आयोजित की जाने वाली दौड़ प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रांची जिला दुर्गा पूजा समिति एवं रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने की शिष्टाचार मुलाकातदुर्गा पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभारमुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को सपरिवार पंडाल परिभ्रमण एवं मातारानी के दर्शन हेतु किया सादर आमंत्रितटीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति एवं विभिन्न शांति समितियों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिवादन किया।साथ ही दुर्गा पूजा के पावन उत्सव में सम्मिलित होने का विनम्र आग्रह किया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने संयुक्त रूप से कहा कि आपके नेतृत्व में दुर्गा पूजा समितियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी या समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग पूजा समितियों को मिल रहा है। दुर्गा पूजा समिति के सदस्य इस सकारात्मक पहल के लिए राज्य सरकार विशेषकर आपको (मुख्यमंत्री को) साधुवाद प्रेषित करती है। जिला प्रशासन द्वारा मिल रहा सहयोग हम सभी को पूर्ण संतुष्टि दे रहा है। आने वाले समय में भी पूजा समिति इसी प्रकार की सहयोग की अपेक्षा रखती है। सदस्यों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा पूरी संवेदनशीलता के साथ कई बार बैठकें आयोजित कर हमारी सभी समस्याओं का निराकरण दुर्गा पूजा उत्सव प्रारंभ होने से पूर्व ही कर दिया जा रहा है। इस सहयोग के लिए हम सभी पूजा समिति के लोग आपके कृतज्ञ हैं।मुख्यमंत्री को सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण का आमंत्रणमुलाकात के दौरान दुर्गापूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को आगामी शारदीय नवरात्रि के शुभ अवसर पर रांची के विभिन्न भव्य पूजा पंडालों का सपरिवार परिभ्रमण करने तथा मातारानी के दर्शन एवं महाआरती में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस वर्ष भी राजधानी रांची में भव्य और आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण किया जा रहा है, जहाँ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों द्वारा प्रेषित स्नेह आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि वे इस वर्ष दुर्गा पूजा उत्सव में सम्मिलित होंगे तथा विभिन्न पूजा पंडालों का परिभ्रमण कर माता रानी का आशीर्वाद लेंगे।मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को दिए कई अहम सुझाव..मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत हर्ष का विषय है कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आप सभी लोग दुर्गा उत्सव की तैयारी पूरी श्रद्धा, निष्ठा और बढ़-चढ़कर कर रहे हैं। दुर्गा पूजा के पावन उत्सव की परंपरा लम्बे और अनंतकाल तक चलती रहे माता रानी से यही हमारी प्रार्थना है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों से कहा कि आस्था और परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए यह जरूरी है कि मूर्ति विसर्जन कार्य पर्यावरण अनुकूल हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के बाद शहर के तालाबों, विभिन्न जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बनकर उभरती है।इस मद्देनजर राज्य सरकार और दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित कर मूर्ति विसर्जन हेतु पर्यावरण अनुकूल कार्य योजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मूर्ति विसर्जन हेतु दुर्गा पूजा समिति के सदस्य एक वैकल्पिक व्यवस्था बनाएं, जहां इको फ्रेंडली तरीके से आस्था एवं श्रद्धा के अनुरूप मूर्ति विसर्जन किया जा सके।दुर्गा पूजा पंडालों में "नशा मुक्ति जागरूकता" हेतु लगाएं होर्डिंगमुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल से कहा कि दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता हेतु होर्डिंग्स जरूर लगाएं। राज्य सरकार एवं सामाजिक तथा धार्मिक संगठनों के आपसी समन्वय से ही नशा मुक्त झारखंड के निर्माण की परिकल्पना को पूरा किया जा सकेगा। वर्तमान समय में यह आवश्यक है कि हम सभी लोग नशा मुक्ति अभियान में अपनी महती जिम्मेदारी का निर्वहन करें तथा घर-परिवार एवं समाज के भीतर विशेष कर नौजवान युवाओं से यह आग्रह करें कि वे किसी भी प्रकार का नशा का आदि न बने। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पूजा समिति के सदस्यों ने यह भरोसा दिया कि पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता को लेकर अवश्य बैनर एवं होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। हमारे राज्य के युवा नशापान से दूर रहे, इस हेतु अनाउंसमेंट कर उन्हें जागरूक करने की विशेष पहल भी की जाएगी।मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, सुरक्षा व सुचारू व्यवस्था के दिए निर्देश..मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति की उपासना और असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व है। यह उत्सव हमारे समाज में आपसी भाईचारे, सुख-समृद्धि और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों को त्योहार के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक स्तर पर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था दुरुस्त रहे। बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन को इस तरह सुचारू रखा जाए, जिससे पंडालों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री को उन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया।प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल..मुलाकात के दौरान रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के मनोज पांडेय (बबलू), राजेंद्र सिंह, मुनचुन राय, विक्की यादव, राहुल यादव, अशोक चौधरी, राहुल अग्रवाल, अशोक पुरोहित, रमेश गुप्ता, मयंक गिरी तथा रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के अजीत सहाय, रवींद्र वर्मा, संजय मिनोचा, सागर कुमार, अमरनाथ सरकार, लखपति साव, विनोद यादव, राजन वर्मा, समीर सिंह एवं शांति समिति के जय सिंह यादव, बादल सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राज्य की तरक्की और खुशहाली की कामना की।
चन्दवारा : दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व व्यवस्था पर दिए निर्देशएबीएन न्यूज नेटवर्क, चन्दवारा (कोडरमा)। आगामी दुर्गा पूजा को लेकर मंगलवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता अंचलाधिकारी अशोक भारती ने की। बैठक में पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अंचलाधिकारी ने जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि पूजा पंडालों में नायलन व सिंथेटिक कपड़ों का उपयोग नहीं किया जाए। पंडालों में अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, सहयोग कक्ष तथा प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर रखने और ड्रेस कोड निर्धारित करने को कहा गया। विसर्जन के दौरान वीडियोग्राफी कराने तथा निर्धारित मार्ग से ही प्रतिमा विसर्जन करने का निर्देश दिया गया। पंडालों में अश्लील व भड़काऊ गाने या संवाद बजाने पर रोक रहेगी। जिप सदस्य महादेव राम ने पूजा पंडालों के समीप अस्थायी शौचालय व पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग रखी। नवमी व दशमी के मेले को देखते हुए पंडालों के आसपास सड़कों पर अस्थायी ब्रेकर बनाने की भी मांग की। मुख्यालय डीएसपी अरविंद कुमार ने पूजा पंडालों में खोया-पाया कक्ष बनाने की बात कही। उन्होंने बच्चों की जेब में नाम-पता व अभिभावक का मोबाइल नंबर लिखी पर्ची रखने की अपील की। मौके पर थाना प्रभारी प्रेम कुमार, बीडीओ सुमित कुमार मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण यादव, सांसद प्रतिनिधी बंटी मोदी,महेद्र यादव, लीलावती देवी, समाजसेवी राजू यादव, मुंशी यादव, मुखिया संतोष कुशवाहा, सुरेश यादव समेत पूजा समितियों के सदस्य व गणमान्य लोग मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.