बांग्लादेश ने किया टी-20 वर्ल्ड कप 2026 टीम का ऐलान, हिंदू खिलाड़ी को बनाया कप्तान एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेश टीम का ऐलान हो गया है, लिटन दास कप्तान और मोहम्मद सैफ हसन उपकप्तान चुने गये हैं। बांग्लादेश टीम वर्ल्ड कप के ग्रुप सी में शामिल है। टीम के ग्रुप स्टेज के 4 में से 3 मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स और 1 मैच मुंबई के वानखेड़े में होगा। बांग्लादेश टी-20 वर्ल्ड कप 2026 स्क्वाड लिटन दास (कप्तान), मोहम्मद सैफ हसन (उप कप्तान), तंजीद हसन, मोहम्मद परवेज हुसैन इमोन, तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, काजी नुरुल हसन सोहन, शक महेदी हसन, रिशद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, मोहम्मद शैफुद्दीन और शोरफुल इस्लाम।
क्या मोहम्मद शमी के लिए भारतीय टीम के दरवाजे हो गये बंद? इस पूर्व आॅलराउंडर ने दिया जवाब एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी लंबे वक्त से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन पूर्व भारतीय आॅलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि शमी के लिए भारतीय टीम में वापसी के दरवाजे अभी भी खुले हैं। शमी को 11 जनवरी से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए नजरअंदाज किया गया है जिसके बाद से ही उनके करियर को लेकर अटकलें एक बार फिर शुरू हो गयी हैं। आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी में खेले थे शमी शमी आखिरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के लिए खेले थे। इसके बाद से ही वह टीम से बाहर हैं। हालांकि, कई महीनों तक टीम से बाहर रहने के बावजूद इरफान को लगता है कि शमी में अभी भी राष्ट्रीय टीम में वापसी करने की क्षमता है। इरफान ने कहा, सबसे ज्यादा चर्चा मोहम्मद शमी की हो रही है। उनका भविष्य क्या है? वो कोई ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो कल आए, कुछ मैच खेले और चले गए। उन्होंने 450-500 अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए हैं, जो एक बहुत बड़ी संख्या है। अगर आपने 400 से ज्यादा विकेट लिये हों और फिर आपको टीम से बाहर कर दिया जाए और आपकी फिटनेस पर सवाल उठने लगें तो ऐसा सबके साथ होता है। जब तक आप क्रिकेट खेलते हैं आपको खुद को साबित करते रहना होगा। घरेलू क्रिकेट में दिखाया है दम राष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने के बाद से शमी घरेलू क्रिकेट में कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस तेज गेंदबाज ने मौजूदा सीजन में रणजी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में 200 से अधिक ओवर फेंके हैं और कुल 47 विकेट लिए हैं। विजय हजारे ट्रॉफी में शमी बंगाल के लिए सात पारियों में 15 विकेट लेकर सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। विजय हजारे ट्रॉफी के बाद शमी रणजी ट्रॉफी के शेष मैचों में खेलेंगे जिसके बाद आईपीएल शुरू होगा जहां वह लखनऊ सुपर जाएंट्स का प्रतिनिधित्व करेंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा, अय्यर को मिली जगह एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम की घोषणा कर दी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में सीरीज शुरू होगी। शुभमन गिल जिन्हें फुड पाइजनिंग हो गयी है कप्तान के तौर पर टीम में जगह मिली है। वहीं रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर मैदान पर नजर आयेंगे। श्रेयस अय्यर को भी टीम में जगह दी गयी है लेकिन उनकी उपलब्धता बीसीसीआई सीओई से फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगी। अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 15 सदस्यीय भारतीय टीम में वापसी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में नजरअंदाज किये गये सिराज की वनडे टीम में वापसी हुई है। वनडे टीम में हार्दिक पांड्या को मौका नहीं मिला है जो मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसकी वजह उनकी फिटनेस है। हार्दिक पांड्या को बीसीसीआई सीओई ने एक मैच में 10 ओवर फेंकने की अनुमति नहीं दी है जिस कारण वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हैं। साथ ही आगामी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप को देखते हुए उनके वर्कलोड को मैनेज करने के लिए यह कदम उठाया गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (उप कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल न्यूजीलैंड के भारत दौरे का शेड्यूल पहला वनडे : रविवार 11 जनवरी, वडोदरा दूसरा वनडे : बुधवार 14 जनवरी, राजकोट तीसरा वनडे : रविवार 18 जनवरी, इंदौर
17–18 को धनबाद में राज्य स्तरीय एक्रोबेटिक्स व रिदमिक जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिताएबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा धनबाद जिला जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के सहयोग से दिनांक 17 एवं 18 जनवरी को एक्रोबेटिक्स जिम्नास्टिक्स एवं रिदमिक जिम्नास्टिक्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है।इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई करेंगे।प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य राज्य में एक्रोबेटिक्स एवं रिदमिक जिम्नास्टिक्स जैसे उभरते खेलों को प्रोत्साहित करना एवं खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है।झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन की डॉ दीपक कुमार साहु ने बताया कि सभी जिलों के अध्यक्षों एवं सचिवों से अनुरोध है कि वे अपनी प्रविष्टियाँ दिनांक 13 जनवरी तक समय पर अनिवार्य रूप से भेज दें।एसोसिएशन ने सभी जिलों से समय पर सहयोग की अपील करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने का आग्रह किया है। उक्त जानकारी झारखण्ड जिम्नास्टिक एसोसिएशन के डॉ दीपक कुमार साहु ने दी।
रांची में 3 जनवरी से दूसरा अखिल भारतीय न्यायाधीश बैडमिंटन टूर्नामेंट, 9 उच्च न्यायालयों के 30 से ज्यादा जज लेंगे भागएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड उच्च न्यायालय के तत्वावधान में दूसरा ऑल इंडिया न्यायाधीश बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 03 से 04 जनवरी तक रांची में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का आयोजन रांची के होटवार स्थित खेल गांव परिसर के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा।30 से ज्यादा न्यायाधीश प्रतियोगिता में लेंगे भाग इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न 09 उच्च न्यायालयों के 30 से ज्यादा न्यायाधीश भाग लेंगे। टूर्नामेंट का उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना है। उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। खेल गांव परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के विश्राम, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।चार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगेप्रतियोगिता के दौरान चार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। मेन सिंगल, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स में देशभर से आए न्यायाधीश अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट के समापन पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उल्लेखनीय है कि पहला ऑल इंडिया न्यायाधीश बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 05-06 जनवरी 2025 को ओडिशा में आयोजित किया गया था।
वनडे सीरीज में बुमराह-हार्दिक को आराम दे सकती है टीम इंडिया, जानें वजह एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट एक अहम रणनीतिक फैसला ले सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी 2026 से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और आॅलराउंडर हार्दिक पंड्या को आराम दे सकता है। शुरुआती जनवरी में घोषित होगी वनडे टीम कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बुमराह और पंड्या को भारत की वनडे टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। चयनकर्ता जनवरी की शुरुआत में अंतिम वनडे स्क्वॉड की घोषणा कर सकते हैं। यह फैसला बीसीसीआई की फिटनेस, वर्कलोड मैनेजमेंट और आगामी बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी पर केंद्रित नीति के अनुरूप माना जा रहा है। वनडे के बाद तुरंत टी-20 सीरीज भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मुकाबले बड़ौदा, राजकोट और इंदौर में खेले जायेंगे। इसके तुरंत बाद दोनों टीमें पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेंगी, जिसे फरवरी 2026 में होने वाले आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। टी-20 सीरीज के लिए टीम से जुड़ सकते हैं बुमराह-पंड्या बुमराह और हार्दिक पंड्या, जो भारत की टी-20 टीम के अहम स्तंभ हैं, से उम्मीद है कि वे वनडे सीरीज के बाद टी-20 चरण में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। बुमराह और हार्दिक को आराम देने के पीछे की वजहें : वर्कलोड मैनेजमेंट टीम मैनेजमेंट की प्राथमिकता टी-20 फॉर्मेट और अगले महीने होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप पर है। ऐसे में वनडे सीरीज में प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देकर उन्हें फिट और चोट-मुक्त रखने की योजना है। साथ ही बुमराह और पंड्या भारत की टी-20 योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। वनडे से उन्हें आराम देने से चयनकर्ताओं को टी-20क सीरीज से पहले संयोजन और खिलाड़ियों के वर्कलोड को बेहतर तरीके से मैनेज करने का मौका मिलेगा।
महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का दूसरा संस्करण रविवार से रांची में होगा शुरूटीम एबीएन, रांची। महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग के रविवार को शुरू हो रहे दूसरे संस्करण में मेजबान रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच भिड़ंत होगी। टूर्नामेंट में चार फ्रेंचाइजियों में देश भर के शीर्ष प्रतिभाशाली और प्रमुख अंतररराष्ट्रीय खिलाड़ी एक मैच पर प्रतिस्पर्धा करेंगे।महिला लीग के सभी रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेलें जायेंगे। टूर्नामेंट में चार फ्रेंचाइजी - रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और श्राची बंगाल टाइगर्स - खिताब के लिए स्पर्धा करेंगी।टूर्नामेंट डबल राउंड-रॉबिन प्रारुप में खेला जायेगा, जिसमें लीग फेज में हर टीम दूसरी टीमों से दो बार खेलेगी, जिसके बाद शीर्ष दो टीमें 10 जनवरी 2026 को ग्रैंड फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। टूर्नामेंट में 13 मैच खेले जायेंगे।
भारतीय टीम का हुआ ऐलान, शुभमन गिल बाहर एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा 20 दिसंबर, शनिवार को कर दी गयी। इस मेगा टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। चयनकर्ताओं के फैसले के अनुसार, खराब फॉर्म से जूझ रहे शुभमन गिल को इस बार टीम में जगह नहीं दी गयी है, जबकि संजू सैमसन को 16 सदस्यीय भारतीय दल में शामिल किया गया है। मुंबई स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्यालय में चयन समिति की अहम बैठक आयोजित की गयी, जिसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये टीम का ऐलान किया गया। प्रेस वार्ता में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने आधिकारिक रूप से भारतीय टीम की घोषणा की। इस दौरान टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मौजूद रहे और उन्होंने टूर्नामेंट को लेकर अपनी तैयारियों और उम्मीदों पर बात की। गौरतलब है कि आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जायेगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 20 मार्च को खेला जाना तय है। मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट के लिए ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए), नामीबिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान की टीमें भी शामिल हैं, जिससे ग्रुप मुकाबले काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। एक खास बात यह भी है कि भारतीय टीम अपने ग्रुप चरण के मुकाबले चार अलग-अलग शहरों और स्टेडियमों में खेलेगी। टीम इंडिया के मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किये जायेंगे। इससे दर्शकों को देश और विदेश में अलग-अलग मैदानों पर भारतीय टीम को खेलते देखने का मौका मिलेगा। टी-20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए घोषित 15 सदस्यीय भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव को कप्तान और अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, हर्षित राणा और ईशान किशन (विकेटकीपर) को शामिल किया गया है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए शनिवार को भारतीय टीम घोषित कर दी गयी है। भारत इस वैश्विक टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव की अगुआई में खेलने उतरेगा। टी-20 विश्व कप शुरू होने में अब 50 दिन से भी कम का समय शेष रह गया है और भारत इसमें खिताब का बचाव करने उतरेगा। गत चैंपियन भारत सूर्यकुमार यादव की अगुआई में अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप में खिताब का बचाव करने उतरेगा। अजीत अगरकर की अगुआई वाली सीनियर राष्ट्रीय पुरुष चयन समिति ने इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए शनिवार को 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्यालय में चयन समिति की बैठक में टीम का चयन किया गया। न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में होने वाली टी-20 सीरीज में भी यही टीम खेलेगी। खिताब बचाने उतरेगा भारत भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। भारत इस टूर्नामेंट में खिताब बचाने के इरादे से उतरेगा। यह इस टूर्नामेंट का 10वां संस्करण होगा। अब तक कोई भी टीम इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव नहीं कर सकी है, ऐसे में टीम इंडिया के पास घरेलू जमीन पर यह तिलिस्म तोड़ने का सुनहरा अवसर होगा। गिल का नाम शामिल नहीं, ईशान की वापसी भारत ने टी-20 विश्व कप के लिए जो टीम चुनी है उसमें शुभमन गिल का नाम शामिल नहीं है। गिल अभी तक टीम के उपकप्तान थे, लेकिन अब ये जिम्मेदारी एक बार फिर अक्षर पटेल को सौंपी गयी है। गिल टी-20 में अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे थे। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है। ईशान भारत के लिए आखिरी बार 28 नवंबर 2023 को आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले थे। यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच भी था। ईशान इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए चुने गये थे, लेकिन वहां उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। दौरे के बीच में ईशान वापस आ गये थे। घरेलू क्रिकेट की जगह आईपीएल को तरजीह देने के विवाद के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब दो साल बाद उनकी टीम में वापसी हुई है। दूसरी ओर, रिंकू एशिया कप का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें आॅस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए मौका नहीं मिला था। अक्षर होंगे उपकप्तान शुभमन गिल की जगह अक्षर पटेल को टी-20 टीम का उपकप्तान बनाया गया है। अक्षर इससे पहले भी टी-20 में उपकप्तान की भूमिका निभा चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि ईशान किशन की टीम में वापसी हो गयी है। ईशान किशन ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में 101 रन की पारी खेली थी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका बल्ला जमकर चला था। हालांकि, ईशान के शामिल होने से जितेश शर्मा टीम में जगह नहीं बना पाए हैं और उन्हें बाहर होना पड़ा है। संजू होंगे विकेटकीपर टीम का एलान करते वक्त अजीत अगरकर ने बताया कि संजू सैमसन विकेटकीपर होंगे। गिल के बाहर होने से अब ये तय हो गया है कि अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने उतरेंगे। सैमसन और अभिषेक की सलामी जोड़ी काफी सफल रही है और ऐसा ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी-20 में भी देखने मिला था। कोई स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस बात की पुष्टि की है कि टी-20 विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए कोई स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं होगा। स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं रखने का कारण स्पष्ट है कि टूर्नामेंट भारत में ही हो रहा है। इससे पहले, 2024 के लिए टी-20 टीम घोषित करते वक्त भारत ने ट्रेविलिंग रिजर्व रखे थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.