एबीएन डेस्क। खेलों के महाकुंभ टोक्यो ओलंपिक में सोमवार को भारतीय महिला डिस्कस थ्रो एथलीट कमलप्रीत कौर इतिहास रचने से चूक गयीं। वह 63.70 मीटर थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहीं। पहले प्रयास में उन्होंने 61.62 का डिस्कस थ्रो किया। दूसरा प्रयास कमलप्रीत का फाउल गया। तीसरे प्रयास में उन्होंने 63.70 मी का थ्रो किया था। वहीं, चौथे प्रयास में वह फाउल कर गईं। कमलप्रीत कौर ने पांचवें प्रयास में 61.37 मीटर का थ्रो किया। वहीं, छठे प्रयास में वह फाउल कर गईं। इसी के साथ वह पदक से चूक गईं। बता दें कि दूसरे प्रयास के बाद बारिश के चलते कुछ समय के लिए खेल को रोक दिया गया था। बता दें कि डिस्कस थ्रो में भारत का अब तक का ये श्रेष्ठ प्रदर्शन था। इससे पहले सीमा पुनिया ने 60.57 मीटर फेंककर तालिका में छठे स्थान पर रही थीं। हालांकि, वह फाइनल में नहीं पहुंच पाई थीं। बता दें कि अमेरिका की वैलेरी आॅलमैन ने 68.98 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, जर्मनी की थ्रोअर क्रिसटिन ने 66.86 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक पर कब्जा किया। क्यूबा की चक्का फेंक खिलाड़ी परेज यैमे 65.72 मीटर का थ्रो फेंकर तीसरे स्थान पर रहीं। उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
टोक्यो। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष Hockey Team का शानदार प्रदर्शन। रविवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में टीम इंडिया ने ब्रिटेन को 3-1 से हराया। जीत के हीरो भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश रहे। श्रीजेश ने चार बेहतरीन बचाव किए। भारत के लिए दिलप्रीत सिंह ने 7वें, गुरजंत सिंह ने 16वें और हार्दिक सिंह ने 57वें मिनट में गोल दागा। वहीं, ग्रेट ब्रिटेन की ओर से इकलौता गोल सैम वार्ड ने खेल के 45वें मिनट में किया। सेमिफाइनल में मंगलवार को भारत का सामना वर्ल्ड चैम्पियन बेल्जियम से होगा। भारत ओलंपिक में 49 साल बाद सेमीफाइनल में पहुंचा है। इससे पहले मॉन्ट्रियल ओलंपिक (1972) में भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। हालांकि भारतीय टीम ने 1980 के मॉस्को ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। लेकिन उस दौरान भारत छह टीमों के पूल में दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।
एबीएन डेस्क। टोक्यो ओलंपिक का आज 10वां दिन है। भारत के शैड्यूल की बात करें तो आज गोल्फ, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, हॉकी और घुड़सवारी के मुकाबले होंगे। इस दौरान पीवी सिंधु पर सभी की नजरें रहेंगी जो शनिवार को हारकर फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। आज सिंधु कांस्य पदक के लिए ही चीन की बिंग जियाओ के खिलाफ मैदान में उतरेंगी। वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम नॉकआउट मुकाबले में ब्रिटेन से भिड़ेगी। बॉक्सिंग : 91 किग्रा वर्ग में बॉक्सर सतीश कुमार क्वार्टर फाइनल मुकाबला हार गए हैं। उजबेकिस्तान के बखोदिर जालोलोव के हाथों 0-5 से हारने के बाद उनके अभियान का अंत हुआ। घुड़सवारी : दो दशक से अधिक समय बाद घुड़सवारी में उतरे एकमात्र भारतीय फवाद मिर्जा रविवर को क्रॉस कंट्री स्पर्धा के बाद 11.20 पेनल्टी अंक के साथ 22वें स्थान पर रहे। सोमवार को व्यक्तिगत शो जंपिंग क्वालीफायर में अच्छा प्रदर्शन करने पर वह और उनका घोड़ा सिगनोर मेडिकॉट शीर्ष 25 में रह सकते हैं। इससे वे शाम को होने वाली इवेंटिंग जंपिंग के व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में जगह बना लेंगे।
एबीएन डेस्क। भारतीय मुक्केबाज सतीश कुमार टोक्यो ओलंपिक- 2020 में मेडल जीतने की रेस में हैं। मुकाबले से पहले सतीश कुमार को 7 टांके लगे हैं। उन्हें जमैका के रिकार्डो ब्राउन के खिलाफ प्री-क्वार्टर मैच में ठुड्डी और दाहिनी आंख पर गहरा कट लग गया था। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, मैं आज ( शनिवार) को सतीश से मिला। डॉक्टर अगर उन्हें इजाजत देते हैं तो वह रिंग में उतरेंगे। सतीश रविवार को (91 किग्रा वर्ग) क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेंगे। सतीश अगर ये मैच जीत जाते हैं तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे और भारत के लिए एक और मेडल पक्का कर लेंगे। सतीश का क्वार्टर फाइनल में सामना उजबेकिस्तान के बखोदिर जालोलोव से होगा, जो मौजूदा विश्व और एशियाई चैम्पियन हैं। जालोलोव ने अजरबैजान के मोहम्मद अब्दुल्लायेव को 5-0 से हराया। सतीश इस मुकाबले में भी भारी पड़ते हैं, तो उनका पदक सुनिश्चित हो जाएगा। पांच पुरुष भारतीय मुक्केबाजों ने टोक्यो ओलंपिक खेलों का टिकट हासिल किया था। सतीश को छोड़कर, सभी मुक्केबाज पहले दौर में बाहर हो गए। स्टार मुक्केबाज अमित पंघल भी 52 किग्रा के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहे।
एबीएन डेस्क। टोक्यो ओलंपिक में अब दूसरा हफ्ता शुरू हो चुका है। नौवें दिन डिस्कस थ्रो में देश की उम्मीदें जगी हैं। महिलाओं की स्पर्धा में कमलप्रीत कौर ने 64 मीटर के स्कोर के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वह ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा हॉकी में भी महिला टीम ने ग्रुप का आखिरी मुकाबला अपने नाम किया और दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हराया। हालांकि अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया। तीरंदाजी के एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में अतनु दास को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें जापानी खिलाड़ी ने 6-4 से हराया। जबकि मुक्केबाजी में देश की सबसे बड़ी उम्मीद अमित पंघाल भी हारकर बाहर हो गए हैं। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी को कोलम्बियाई मुक्केबाज से शिकस्त झेलनी पड़ी। भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की ताई जु यिंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ताई ने सिंधु को 21-18, 21-12 से हराया। पहले गेम में एक वक्त सिंधु 8-4 से आगे थीं। ताई ने वापसी करते हुए मुकाबले को अपने पक्ष में कर लिया। ताई के 20 पॉइंट हो गए, जबकि सिंधु 18 पॉइंट पर थीं। इसके बाद ताई ने पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में सिंधु अपनी लय खोती दिखीं। शुरूआत में मुकाबला 2-2 से बराबरी पर था, जिसे ताई ने 13-7 और फिर 16-8 की लीड लेते हुए अपने पक्ष में कर लिया। ताई के ड्रॉप शॉट्स और डिसेप्शन के सामने सिंधु मजबूत खेल नहीं दिखा पाईं। सिंधु अब 1 अगस्त को कांस्य पदक के लिए चीन की बिंग जिआओ का मुकाबला करेंगी। उधर, मुक्केबाजी में भारतीय बॉक्सर पूजा रानी (75 किग्रा) को क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चीन की कियान ने 5-0 से हराया। तीनों राउंड में ली को सभी पांच जजों ने 10-10 अंक दिए। पूजा को पहले दो राउंड में सभी जजों से 9-9 अंक मिले। तीसरे राउंड में चार जजों ने पूजा को 9-9 और एक जज ने आठ अंक दिए। इस तरह ली ने यह बाउट 5-0 से अपने नाम किया। भारतीय महिला हॉकी टीम अपने ग्रुप का आखिरी मैच जीतने में सफल रही। दक्षिण अफ्रीका के साथ हुए मुकाबले को टीम इंडिया ने 4-3 से अपने नाम किया और टोक्यो ओलंपिक की दूसरी जीत हासिल की। भारत की तरफ से वंदना कटारिया ने सर्वाधिक तीन गोल दागे। इस जीत के साथ भारतीय टीम ग्रुप ए में चौथे स्थान पर है और उसकी क्वार्टरफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बरकरार है। दरअसल अब भारत को क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड के मैच पर निर्भर रहना पड़ेगा। नियमों के तहत हर ग्रुप से चार टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगी, फिलहाल भारतीय टीम ग्रुप ए में चौथे स्थान पर है। अब ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड की टीमें ग्रुप का आखिरी मुकाबला खेलेंगी, इसमें अगर ब्रिटेन बाजी मारता है या मैच ड्रॉ खेलता है तो ऐसी स्थिति में भारत क्वार्टरफाइनल में पहुंचेगा। लेकिन आयरलैंड की जीत पर भारत बाहर हो जाएगा। महिलाओं की डिस्कश थ्रो स्पर्धा में कमलप्रीत कौर ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। ग्रुप बी से कौर ने तीसरे प्रयास में 64 मीटर का स्कोर हासिल किया और दूसरे स्थान पर रहीं। कमलप्रीत भारत की ओर से रिकॉर्ड स्कोर करने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। कमलप्रीत ने अलावा ग्रुप ए से सीमा पुनिया ने 60.57 मीटर का स्कोर किया और छठे स्थान पर हैं। दोनों ग्रुप में से शीर्ष 12 खिलाड़ी फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे। भारतीय तीरंदाज अतनु दास का टोक्यो ओलंपिक का सफर समाप्त हो गया। उन्हें प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में जापान के फुरूकावा ताकाहरु के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। फुरूकावा ने उन्हें 6-4 से हराया। मुक्केबाजी में भारत को बड़ा झटका लगा है। फ्लाईवेट स्पर्धा में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी अमित पंघाल अंतिम 16 राउंड में हार गए हैं। उन्हें कोलम्बियाई मुक्केबाज हर्ने मार्टिनेज ने 4-1 से हराया। निशानेबाजी में भारतीय खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में अंजुम मौद्गिल और तेजस्विनी सावंत ने निराश किया। दोनों ही निशानेबाज फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहीं और ओलंपिक से बाहर हो गईं। भारत के लंबी कूद एथलीट श्रीशंकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में नाकाम रहे और ओवरआॅल 25वें स्थान पर रहते हुए फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए। श्रीशंकर ने अपने पहले प्रयास में 7.69 मीटर की दूरी तय की लेकिन वह दूसरे और तीसरे प्रयास में इससे बेहतर नहीं कर सके। उनका दूसरा प्रयास 7.51 मीटर और तीसरा प्रयास 7.43 मीटर का रहा था। वह अपनी हीट में 13वें और ओवरआॅल 25वें (32 खिलाड़ियों में) स्थान पर रहे। पुरुषों की स्किफ 49अर स्पर्धा में केसी गणपति और वरुण ठक्कर की भारतीय सेलिंग जोड़ी तीन रेस में क्रमश: 16वें, नौवें और 14वें स्थान पर रही। भारतीय जोड़ी 154 अंकों के साथ 19 जोड़ियों में ओवरआॅल 17वें स्थान पर है।
नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक का आज 8वां दिन है। महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने भारत के खाते में एक और मेडल पक्का कर दिया है। उन्होंने 69 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की निएन चिन चेन को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। शटलर पीवी सिंधु ने भी कमाल का प्रदर्शन किया है। वह जापान की अकाने यामागुची को हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। सिंधु मेडल जीतने से एक कदम दूर हैं। वहीं, तीरंदाज दीपिका कुमारी महिला व्यक्तिगत का क्वार्टर फाइनल मुकाबला हारकर बाहर हो गई हैं। पहले सेट में सिंधु ने चालाकी से प्वाइंट्स जुटाए जिसके लिए सिंधु ने पिन प्वाइंट, ड्रॉप शॉट्स का इस्तेमान किया। इस पूरे सेट में सिंधु का फुटवर्क कापी शानदार था। उन्होंने बॉडी स्मैश को बेहतर तरीके से टैकल किया। इससे पहले पीवी सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन महिला एकल इवेंट के नॉकआउट मुकाबले में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ड को 21-15, 21-13 से हराया। इसी के साथ सिंधु वो क्वार्टर फाइनल मुकाबले में क्वालीफाई कर गईं थीं। वहीं सिंधु ने पिछले मुकाबले में 35 मिनट तक चले मैच में हॉन्ग कॉन्ग की चेउंग को 21-9, 21-16 से हराया। इसके साथ ही सिंधु ने ग्रुप चरण के अपने दोनों मुकाबले जीत लिए थे। सिंधु ने इस जीत के बाद नॉकआउट चरण में जगह सुनिश्चित की थी। हॉन्ग कॉन्ग की चेउंग गान यी पहले सेट से ही आक्रमाक थीं लेकिन वो सिंधु पर पकड़ बनाने में कामयाबी न हासिल कर सकीं। पहले सेट के आखिर तक सिंधु ने भी तेजी दिखाई इस दौरान उन्होंने क्रॉस स्मैश और ड्रॉप शॉट्स का भरपूर इस्तेमाल किया जिससे वो जीत दर्ज सकीं। इससे पहले पीवी सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक का आगाज करते हुए महिला एकल के ग्रुप-जे के अपने पहले मुकाबले में इजरायल की सेनिया पोलीकारपोवा को हराया।
नयी दिल्ली। श्रीलंका में भारतीय क्रिकेट टीम पर कोरोना का साया गहरा गया है। क्रुणाल पांड्या के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद अब छह खिलाड़ियों को अगले दो मुकाबले से बाहर होना पड़ रहा है। मालूम हो कि दूसरा टी-20 मैच 27 जुलाई को था। क्रुणाल के पॉजिटिव होने के बाद इस मुकाबले को रद्द कर आज के लिये शेड्यूल किया गया है। हालांकि, संशय बरकरार है। यदि आज शाम मुकाबला होता भी है, तो भारत को छह खिलाड़ियों में से कई की कमी खलेगी। बताया जा रहा है कि क्रुणाल के संपर्क में आने वाले पृथ्वी शॉ, सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, देवदत्त पडीक्कल और कृष्णप्पा गौतम को आइसोलेशन में भेज दिया गया है। जाहिर है, इन सभी खिलाड़ियों को अगले कुछ दिनों तक टीम से अलग रहना ही होगा। ऐसे में सीरीज के बचे हुए दो टी-20 मुकाबले भारत को इन छह खिलाड़ियों के बगैर ही खेलना होगा। मालूम हो कि भारत पहला टी-20 मुकाबला 38 रनों से जीता है। इससे पहले वनडे मुकाबला भी 2-0 से अपने नाम कर चुका है। अब कोरोना की वजह से दो टी-20 के आयोजन पर तलवार लटकी हुई है। ऐसे में सीरीज के रद्द होने की भी चर्चा है।
एबीएन डेस्क। ड्रैगफ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह के दो गोल की बदौलत भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में करारी शिकस्त से उबरकर जोरदार वापसी करते हुए तोक्यो ओलंपिक की पुरुष हॉकी स्पर्धा के पूल ए में मंगलवार को यहां अपने तीसरे मैच में स्पेन को 3-0 से हराया। दुनिया की नौवें नंबर की टीम स्पेन के खिलाफ भारत की ओर से रूपिंदर (15वें और 51वें मिनट) ने दो जबकि सिमरनजीत सिंह (14वें मिनट) ने एक गोल दागा। दुनिया की चौथे नंबर की टीम भारत ने अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर विजयी शुरूआत की थी लेकिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में उसे 1-7 की करारी हार का सामना करना पड़ा था। स्पेन की टीम अब तक टूर्नामेंट में जीत दर्ज करने में नाकाम रही है। टीम ने अपने पहले मैच में अर्जेन्टीना से 1-1 से ड्रॉ खेला था जब दूसरे मैच में उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-4 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। भारत अपने अगले मैच में गुरुवार को गत ओलंपिक चैंपियन अर्जेन्टीना से भिड़ेगा। किसी भी टीम के लिए मनोबल तोड़ने वाली हार से एक दिन के भीतर उबरना बेहद मुश्किल होता है लेकिन भारत स्पेन के खिलाफ मंगलवार को भारतीय टीम अधिक संगठित दिखी। मनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम ने शुरूआत से ही विरोधी टीम पर दबाव बनाया और शुरूआती 10 मिनट में गेंद को अधिक समय तक अपने कब्जे में रखने में सफल रही। टीम हालांकि गोल करने का कोई वास्तविक मौका नहीं बना पाई। नौवें मिनट में भारत को बढ़त बनाने का मौका मिला लेकिन मनप्रीत के पास को सिमरनजीत गोल के अंदर डालने में विफल रहे। स्पेन की टीम धीरे-धीरे लय में लौटी और टीम ने 12वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया जो बर्बाद गया। पहले क्वार्टर के अंतिम लम्हों में भारत ने हमले तेज किए। टीम को इसका फायदा भी मिला जबकि स्पेन के रक्षण की कमजोरी का फायदा उठाकर अमित रोहिदास के पास पर सिमरनजीत ने गोलकीपर क्विको कोर्टेस को छकाकर गोल दाग दिया। भारत को अंतिम मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले। तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत के शॉट पर गेंद स्पेन के डिफेंडर से टकराई और भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे रूपिंदर ने गोल में बदलकर टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। दो गोल से पिछड़ने के बाद स्पेन ने दूसरे क्वार्टर में भारतीय रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाया और अधिकांश समय खेल भारतीय हाफ में खेला गया। स्पेन को दबाव की रणनीति का फायदा तीसरे क्वार्टर में तीन पेनल्टी कॉर्नर के रूप में मिला लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने विरोधी टीम के सभी हमलों को नाकाम कर दिया। आस्ट्रेलिया के खिलाफ पूरी तरह से नाकाम रहे अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश स्पेन के खिलाफ गजब की लय में दिखे और उन्होंने विरोधी टीम के कई हमलों को विफल किया। दो गोल की बढ़त के बाद भारतीय टीम चौथे और अंतिम क्वार्टर में रक्षात्मक खेल दिखाकर संतुष्ट थी। स्पेन ने इस बीच दबाव डालना जारी रखा। भारत को 51वें मिनट में मैच का चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे रूपिंदर ने गोल में बदलकर भारत को 3-0 से आगे कर दिया जो निर्णायक स्कोर साबित हुआ। स्पेन ने इसके बाद हमले तेज किए। टीम को 53वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन ड्रैगफ्लिकर पाउ क्युमादा श्रीजेश की अगुआई वाली भारतीय रक्षा पंक्ति को भेदने में नाकाम रहे। स्पेन को अंतिम मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन इस बार भी श्रीजेश ने क्युमादा के प्रयास को नाकाम कर दिया।
एबीएन डेस्क। भारत की शान, टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू के पास 49 किग्रा महिला भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने का मौका है। इस श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन के होउ झिझी को डोप परीक्षण के लिए टोक्यो में रहने के लिए कहा गया है। यदि वह डोप परीक्षण में विफल रहती है तो भारत की मीराबाई चानू को स्वर्ण से नवाजा जा सकता है। उसे टोक्यो में रहने के लिए कहा गया है और परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण निश्चित रूप से हो रहा है। होउ झिझी ने 210 किग्रा का रिकॉर्ड वजन उठाकर श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता था और वह भारतीय भारोत्तोलक से 8 किलोग्राम आगे थी। वहीं चानू ने स्नैच में 87 किग्रा और क्लीन एंड जर्क वर्ग में 115 किग्रा भार उठाया था। तीसरा स्थान इंडोनेशिया की विंडी केंटिका को मिला जिन्होंने कुल 194 किलोग्राम भार उठाया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.