टीम इंडिया ने 3 वनडे की सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड को 66 रन से शिकस्त दी। इसी के साथ 2019 वर्ल्ड कप में मिली हार का बदला भी ले लिया। तब ग्रुप मुकाबले में इंग्लैंड 31 रन से जीती थी। मौजूदा सीरीज में टीम इंडिया ने 1-0 की बढ़त बना ली है। अगले दोनों मैच 26 और 28 मार्च को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में ही खेले जाएंगे। पुणे में खेले गए पहले वनडे में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट गंवाकर 317 रन बनाए। जवाब में इंग्लिश टीम 42.1 ओवर में 251 रन ही बना सकी। एक समय इंग्लैंड का स्कोर बिना विकेट गंवाए 135 रन था। यहां लग रहा था कि टीम इंडिया मैच गंवा देगी, लेकिन शार्दूल ठाकुर और डेब्यू मैच खेल रहे प्रसिद्ध कृष्णा ने मिलकर 7 विकेट लेते हुए बाजी पलट दी। इंग्लैंड के लिए ओपनर जॉनी बेयरस्टो ने 66 बॉल पर 94 रन की पारी खेली। ओपनर जेसन रॉय ने 35 बॉल पर 46 रन बनाए। इनके अलावा मोइन अली ने 30 और ओएन मोर्गन ने 22 रन बनाए। भारत के लिए तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 2 और स्पिनर क्रुणाल पंड्या ने 1 विकेट लिया।
इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत की ओर से दो खिलाड़ियों क्रुणाल पंड्या और प्रसिद्ध कृष्णा ने डेब्यू किया। क्रुणाल को डेब्यू कैप उनके छोटे भाई हार्दिक ने सौंपी। इसके कुछ देर बाद क्रुणाल इमोशनल हो गए। फिर हार्दिक ने उन्हें गले से लगा लिया। हार्दिक और क्रुणाल भारत की ओर से एक साथ वनडे खेलने वाली भाइयों की तीसरी जोड़ी बन गई है। अमरनाथ और पठान बंधु पहले खेल चुके हैं साथ वनडे क्रिकेट में इससे पहले अमरनाथ बंधु और पठान बंधु वनडे क्रिकेट में एक साथ खेल चुके हैं। अमरनाथ बंधुओं में मोहिंदर और सुरिंदर अमरनाथ शामिल थे। वहीं, पठान बंधुओं में इरफान और यूसुफ पठान शामिल हैं। हार्दिक और क्रुणाल टी-20 इंटरनेशनल में पहले ही साथ खेल चुके हैं।
पीवी सिंधु ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप से बाहर हो गई हैं. वर्ल्ड नंबर-7 और रियो ओलंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट सिंधु को सेमीफाइनल में थाईलैंड की वर्ल्ड नंबर-11 पोर्नपावी चोचुवोंग ने मात दी. 43 मिनट तक चले मुकाबले में चोचुवोंग ने सिंधु को आसानी से 21-17, 21-9 से हराया. फाइनल में चोचुवांग का सामना रत्चानोक इंतानोन और नोजोमी ओकुहारा के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच की विजेता से होगा. 25 साल की सिंधु दूसरी बार इस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचीं थीं. इससे पहले 2018 में भी वह अंतिम चार में पहुंची थीं, तब उन्हें जापान की अकाने यामागुची ने हरा दिया था. चोचुवोंग की सिंधु के खिलाफ यह छह मैचों में दूसरी जीत है. पूरे मैच के दौरान सिंधु संघर्ष करती दिखीं. पहले गेम में सिंधु 5-11 से पीछे थीं. इसके बाद सिंधु ने वापसी करते हुए स्कोर 16-17 कर दिया. लेकिन इसके बाद सिंधु महज एक अंक हासिल कर पाईं. दूसरे गेम में सिंधु बिल्कुल लय में नहीं दिखीं और गेम 9-21 से हार गईं.
टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति ने सोमवार को कहा कि इन खेलों के लिए विदेशी स्वयंसेवकों (वालिंटियर्स) को आने की मंजूरी नहीं दी जाएगी. इस घोषणा से दो दिन पहले आयोजकों ने अंतरराष्ट्रीय प्रशंसकों के जापान आने पर रोक लगा दी थी. इन दोनों फैसलों का मकसद कोविड-19 महामारी के प्रसार को रोकना है. आयोजकों ने हालांकि कहा कि विशेष कौशल वाले स्वयंसेवकों को सीमित संख्या में जापान आने की मंजूरी दी जा सकती है. आयोजन समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तोशिरो मुतो ने कहा, "मैं इसके लिए क्षमाप्रार्थी हूं, लेकिन हमारे पास इस फैसले के अलावा कोई और विकल्प नहीं था."
इंग्लैंड के तेज अनुभवी गेंदबाज जोफ्रा आर्चर हाल ही में संपन्न टी-20 श्रृंखला में कोहनी की चोट के गंभीर होने के बाद भारत के खिलाफ मंगलवार से शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान जो रुट भी वनडे सीरीज की 14 सदस्यीय टीम से बाहर हैं, जबकि लेग स्पिनर मैट पार्किंसन को एक साल के बाद दोबारा टीम में जगह मिली है। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को भारत के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिए 14 सदस्यीय टीम की घोषणा करते हुए प्रेस विज्ञप्ति में कहा, आर्चर अपनी दाहिनी कोहनी की चोट के इलाज के लिए वापस ब्रिटेन के लिए उड़ान भरेंगे, जो भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 शृंखला के दौरान गंभीर हो गई थी। नतीजतन आर्चर को चयन के लिए अयोग्य माना गया है। आर्चर आईपीएल 2021 के शुरूआती मैच भी मिस करेंगे। ईसीबी मेडिकल टीम आर्चर की चोट का आकलन करेगी और उनके साथ मिलकर उपचार योजना बनाएगी और नियत समय पर उनकी वापसी का कार्यक्रम तय करेगी।
दिल्ली के कर्णी सिंह रेंज में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप निशानेबाजी में 10 मीटर एयर पिस्टल में अपना दबदबा बनाकर रविवार को पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। भारत की यश्वस्विनी सिंह देसवाल, मनु भाकर और श्री निवेथा की टीम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल की टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके बाद युवा ओलंपिक और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सौरभ चौधरी, अभिषेक वर्मा और शाहजार रिजवी की टीम ने पुरुष वर्ग के फाइनल में वियतनाम को 17-11 से हराकर आसानी से सोने का तमगा अपने नाम किया। महिला वर्ग में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में 16 शॉट जमाए और वह पोलैंड की जूलिता बोरेक, योआना इवोना वावरजोनोवस्का और एग्निस्का कोरेजवो को पीछे छोड़ने में सफल रही। कर्णी सिंह रेंज में चल रही प्रतियोगिता में पोलैंड की टीम आठ अंक ही बना पाई। भारतीय टीम ने दूसरे क्वालीफिकेशन में 576 अंक बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया था जबकि पोलैंड की टीम 567 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही थी।
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला खेली जाएगी। 23 मार्च से शुरू होने वाली सीरीज के सभी मुकाबले पुणे में खेले जाएंगे। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट और टी-20 श्रृंखला दोनों जीत लिया है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे श्रृंखला के लिए अपने 14 सदस्यीय दल का एलान कर दिया है। ईसीबी ने रविवार को खिलाड़ियों के नाम की घोषणा की। जेक बॉल, क्रिस जॉर्डन और डेविड मलान जो इंग्लैंड की टी-20 स्क्वॉड का हिस्सा थे, वे भी वनडे स्क्वॉड के साथ विकल्प के तौर पर भारत में ही रहेंगे। वहीं इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे और कोहनी की चोट की वजह से लंदन वापस लौटेंगे। दरअसल कोहनी में चोट की वजह से जोफ्रा आर्चर चौथे टेस्ट मैच में नहीं खेले थे। उन्हें जब चोट से थोड़ी राहत मिली तो जोफ्रा ने टी-20 सीरीज में वापसी की। अहमदाबाद में खेले गए चौथे मैच में जोफ्रा ने अपने टी-20 करियर की बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 33 रन देकर 4 विकेट लिए थे। लेकिन चौथे टी-20 मैच के बाद उन्होंने कहा था कि वह इसे लेकर अधिक जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। ऐसे में आर्चर अब इलाज के लिए लंदन लौटेंगे और वहां पर अपनी फिटनेस पर काम करेंगे।
भारत ने अहमदाबाद में खेले गए पांचवें और अंतिम मुकाबले में इंग्लैंड को 36 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज 3-2 से जीत ली। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट 224 रन बनाए। इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 225 रन बनाने थे। लेकिन भारत की बेहतरीन गेेंदबाजी के आगे इंग्लिश टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 188 रन बना सकी।पारी की शुरुआत करने आए रोहित शर्मा ने जबरदस्त अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने आक्रामक तेवर दिखाते हुए इंग्लैंड के प्रमुख गेंदबाजों पर दबाव बनाया। हिटमैन ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों पर 64 रन बनाए। रोहित ने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 5 छक्के जड़े। उन्होंने विराट कोहली के साथ पहले विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी निभाई। कुल मिलाकर रोहित ने बड़े स्कोर की बुनियाद रखी। विराट कोहली ने भी इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की। रोहित शर्मा ने गेंदबाजों पर जो दबाव बनाया उसका फायदा विराट कोहली को मिला। सलामी बल्लेबाज के रूप में आए विराट अंत तक नॉट आउट रहे। उन्होंने टीम के लिए बेशकीमती 80 रनों की पारी खेली। कोहली ने ये रन 52 गेंदों पर बनाए थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse