टीम एबीएन, कोडरमा। कोडरमा जिला अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ राष्ट्रीय ने भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम की जयंती 22 अप्रैल 2023 को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की बैठक जिला अध्यक्ष अनूप जोशी के आवासीय कार्यालय में आज संध्या को हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनूप जोशी ने किया एवं संचालन सचिव प्रियदर्शी बिहारी ने किया। उस बैठक में सामूहिक निर्णय लिया गया कि भगवान परशुराम की पूजा अर्चना कर रामायण का अखंड पाठ किया जाये। इसके लिए हिंदू समाज के सभी सनातन धर्म प्रेमियों से आग्रह किया गया कि आप सभी हवन पूजन में सम्मिलित होकर भगवान का आशीर्वाद लें और प्रसाद ग्रहण करें। साथ ही अखंड रामायण का पाठ में भी सम्मिलित होकर भगवान का आशीर्वाद लें। रामायण का अखंड पाठ 22 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शुरू होकर 23 अप्रैल को सुबह 9 बजे हवन पूजन के साथ समापन होगी। बैठक में दीनानाथ पांडे जी, हृदयानंद मिश्रा, उपेंद्र दुबे, पंकज दुबे, विजय पांडे, चंद्रशेखर जोशी, जय पांडे, राधेश्याम पांडे, मुरारी मिश्रा, प्रभाकर झा, अमरेंद्र पांडे, मनोज जोशी, कृष्ण बिहारी त्रिवेदी, दिनेश झा, शशि भूषण महाराज, राजेश शर्मा, दीपक शर्मा आदि ब्राह्मण समाज के भाई बंधु सम्मिलित हुए।
झारखंड कला संस्कृति शोध संस्थान रंगमंडल एवं नाट्य अकादमी ने किया बाबा साहेब को नमन आज के युवाओं के लिए अंबेडकर प्रेरणा स्रोत : डॉ दीपक प्रसाद डॉ अंबेडकर केवल कानून ज्ञाता ही नहीं वह समाज सुधारक भी थे : दीप नारायण उरांव हर मनुष्य को समाज के प्रति उत्तरदायि होना चाहिए : संजय कुमार टीम एबीएन, गुमला। नगर भवन गुमला के प्रेक्षागृह में झारखंड कला सांस्कृतिक शोध संस्थान रंगमंडल एवं नाट्य अकादमी के द्वारा डॉ भीमराव अंबेडकर जी की 132 वीं जयंती मनायी गयी। जिसमें अंबेडकर जी के विचारों को आम लोगों के समक्ष रखा गया और हर मनुष्य को अंबेडकर जी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने एवं प्रेरणा स्रोत बनाने को प्रेरित किया गया।संस्था के सचिव डॉ दीपक प्रसाद ने संबोधित करते हुए कहा कि अंबेडकर बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति ज्ञानी, कानून के ज्ञाता एवं हमारे संविधान के निमार्ता उनका मानना था कि देश के विकास से पहले हर मनुष्य को अपनी बुद्धि का विकास करना नितांत आवश्यक है। उन्होंने मानव जाति के लिए कहा कि जीवन लंबी होने की बजाए महान होना चाहिए। उन्होंने आगे यह भी कहा कि मनुष्य नश्वर है उसी तरह विचार भी नश्वर है अगर हम किसी भी विचार को बचाना चाहते हैं तो उसका प्रचार प्रसार आवश्यक है। जिस प्रकार किसी पौधे को अगर जीवित रखना है तो उसमें निरंतर खाद पानी देना जरूरी है नहीं तो वह भी मुरझा जाते हैं यही व्यवस्था विचार के साथ भी लागू होती है तो हम सभी अंबेडकर जी के विचारों को आत्मसात करें और उनके दिए हुए वचनों को निभाये। वहीं मौके पर उपस्थित गुमला नगर परिषद अध्यक्ष माननीय दीप नारायण उरांव ने अंबेडकर जी के महत्व के बारे में बताया वर्तमान समाज अंबेडकर की नीतियों को आत्मसात करें एवं कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद गुमला श्रीमान संजय कुमार जी ने अंबेडकर के विचारों के बारे में बताया उन्होंने कहा कि हर मनुष्य को समाज के प्रति उत्तरदाई निभाना चाहिए।वही पूर्व विधायक गुमला शिव शंकर उरांव ने अंबेडकर के विचारों को उनके द्वारा अनुसूचित जाति जनजाति के लिए उठाए गए कदमों और भारत के संविधान में उद्धृत नियमों को बड़ी विस्तारपूर्वक से आमजन के समक्ष रखा। वहीं कार्यक्रम के संचालक संतोष झा ने संस्था के बारे में बताया उन्होंने कहा कि संस्था पिछले 12 वर्षों से लगातार कई क्षेत्रों में कार्य कर रही है समाजिक कार्यों में, कला संस्कृति शोध के क्षेत्रों में, सामाजिक न्याय में अग्रसर भूमिका निभा रही है। मौके पर उपस्थित बीएड महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ राकेश प्रसाद विभाग प्रचारक शम्मी जी शहर के गणमान्य व्यक्ति एवं पूर्व अध्यापक मुद्रिका जी, वरिष्ठ पत्रकार सह प्रदेश अध्यक्ष झारखंड स्टेट जर्नलिस्ट्स यूनियन बलदेव प्रसाद शर्मा जी, मनीष कुमार साहू, रामावतार भगत जी, राहुल जी, निरंजन जी, अशोक जयसवाल जी, देवेंद्र लाल उरांव, मानका जी, एवं समाज के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
टेंट हाउस गोदाम में भीषण आग, रिहायशी इलाके में उठी लपटें; 40 लाख का नुकसान एबीएन न्यूज नेटवर्क, जामताड़ा। जामताड़ा में टेंट हाउस गोदाम में भीषण आगजनी से 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग की लपटें इतनी तेज थी कि गोदाम 4 घंटे से ज्यादा समय तक धू-धूकर जलता रहा। आग किन वजहों से लगी फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। दरअसल, जहां आग लगी वहां बिजली का कनेक्शन नहीं है इसलिए शॉर्ट सर्किट की संभावना नहीं थी। इस बीच स्थानीय विधायक डॉ इरफान अंसारी ने नुकसान का आकलन कर मुआवजे दिलाने का निर्देश दिया है। पीड़ित परिवार का नुकसान की वजह से रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के मुताबिक जामताड़ा स्थित श्रीपल्ली मोहल्ले में बड़ा टेंट हाउस गोदाम है। यहां गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना टेंट हाउस मालिक और अग्निशमन विभाग को दी। अग्निशमन विभाग और नगर पंचायत की ओर से भेजे गए 5 वाटर टैंकर ने मिलकर 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टेंट हाउस मालिक का दावा है कि आगजनी में कम से कम 30-40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
रांची में सैकड़ों एकड़ जमीन की डील में फर्जीवाड़ा! टीम एबीएन, रांची। रांची में गुरुवार को ईडी की छापेमारी ने एक बड़े जमीन घोटाले के संकेत दिये हैं। इस घोटाले में कई बड़े अफसर और कर्मचारी नपेंगे, यह तय माना जा रहा है। रांची में सेना की जमीन की खरीद बिक्री में कोलकाता से फर्जी दस्तावेज बनाकर की गयी गड़बड़ी की जांच में ईडी आगे बढ़ी तो रांची में सैकड़ों एकड़ जमीन की डील में फर्जीवाड़ा सामने आ गया। जैसे-जैसे ईडी की जांच आगे बढ़ेगी, इस मामले में कई बड़े खुलासे होंगे, जो बेहद चौंकाने वाले होंगे। दरअसल, ईडी की जांच में यह बात सामने आयी है कि रांची में एक गिरोह सक्रिय है, जो कोलकाता जाकर रांची की जमीन का फर्जी पेपर तैयार करता है, उसकी रजिस्ट्री कोलकाता में ही करायी जाती है। इसके बाद कौड़ियों की जमीन को करोड़ों में बेचा जाता है। इस पूरे फर्जीवाड़े में आला अधिकारियों के साथ-साथ अंचल अधिकारी, राजस्व कर्मचारियों की बड़ी भूमिका होती है।ईडी ने अपनी जांच में यह भी पाया है कि जमीन घोटाला कर सरकारी अफसरों, कर्मियों के साथ-साथ माफियाओं ने अरबों की कमायी की है। ईडी ने रांची में कई सालों से जमे राजस्व कर्मचारी अशोक सिंह के सिंह मोड़ स्थित आवास में गुरुवार को छापेमारी की। ईडी की टीम जब यहां पहुंची तो अधिकारी एक मामूली राजस्व कर्मचारी के आलिशान अपार्टमेंटनुमा मकान देखकर दंग रह गये। ईडी के अधिकारियों को अशोक सिंह की अलग-अलग संपत्ति और बेनामी संपत्ति से जुड़े कागजात मिले हैं। वहीं अवैध कमाई की अचल संपत्तियों में निवेश के सुराग भी ईडी को मिले हैं। अशोक सिंह के नामकुम, ओरमांझी समेत रांची के अन्य अंचलों में जमे होने और उस दौरान अकूत संपत्ति अर्जित करने की जानकारी ईडी को मिली थी। अशोक सिंह और उसके परिवार के आश्रितों की पूरी संपत्ति की जानकारी ईडी ने मांगी है। ईडी ने अशोक सिंह के रिश्तेदार दीपक कुमार के बोस्कोनगर स्थित फ्लैट में भी छापेमारी की, ईडी अधिकारियों को अंदेशा है कि यह फ्लैट भी अशोक सिंह का ही है, लेकिन उन्होंने इसकी खरीद अपने रिश्तेदार के नाम पर की है। ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, बरियातू मिल्लत कॉलोनी निवासी अफसर अली रिम्स में रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट में काम करता है। लेकिन उसका मूल धंधा कोलकाता से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की खरीद बिक्री करना है। हाल ही में अफसर अली और उसके सहयोगी सद्दाम के खिलाफ जमशेदपुर में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज हुआ था, जब दोनों ने रांची के एक जमीन कारोबारी शेखर कुशवाहा पर जमशेदपुर में हमला करवा दिया था। इस मामले में सद्दाम हाल ही में जेल से छूटा है। अफसर अली के अलावा उसके गिरोह में हिंदपीढ़ी का अजहर भी शामिल है, अजहर का भाई रांची से डिप्टी मेयर का चुनाव लड़ चुका है। बरियातू के ही फैयाज खान, रानी बगान के तबरेज अख्तर, मणिटोला के इम्तियाज अहमद, तहला खान उर्फ सोनू भी इसी गिरोह के सदस्य हैं।
टीम एबीएन, रांची। प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सली संगठन ने पश्चिमी झारखंड और दक्षिणी बिहार में दो दिवसीय बंद आहूत किया है। बंद का आज (शुक्रवार) पहला दिन है। नक्सली संगठन के बंद के मद्देनजर पुलिस सतर्क है।झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना स्थित ग्रहे जंगल में हुई मुठभेड़ में पांच नक्सलियों के मारे जाने के विरोध में बंद का ऐलान किया गया है। बंद से आवश्यक वस्तुओं, संस्थानों जैसे प्रेस, दूध और एंबुलेंस को मुक्त रखा है। पश्चिमी झारखंड में चतरा, लोहरदगा, लातेहार और गुमला जिले आते हैं।पुलिस मुख्यालय ने इन जिलों की पुलिस को अलर्ट किया है। दक्षिणी बिहार के गया, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, बांका और मुंगेर जिलों में इस संगठन का प्रभाव है। इस संबंध में गया के रौशनगंज थाना क्षेत्र में बिहार-झारखंड रीजनल कमेटी ने एक पर्चा चिपकाया था।
टीम एबीएन, रांची। पुलिस और सुरक्षाबलों का अभियान नक्सलियों के खिलाफ जारी है। इसी क्रम में पुलिस को गुरुवार (13 अप्रैल) को एक बार फिर सफलता मिली। गारू थाना क्षेत्र के जंगली इलाकों में सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के द्वारा छुपा कर रखे गए कुछ हथियार और गोलियां बरामद हुई है। हालांकि सर्च अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। शुक्रवार को फिर से अभियान जारी रहेगा। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि गारू थाना क्षेत्र के साल्वे जंगल में नक्सलियों ने हथियार छुपा कर रखा है। इस सूचना के बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया। इस दौरान जंगल में एक स्थान पर सर्च किया गया तो जमीन के नीचे गड्ढे में हथियार और गोलियां बरामद हुई। बरामद हथियारों में एक देसी राइफल, 2 कट्टा, 2 वॉकी टॉकी समेत 41 गोलियां व अन्य अर्ध निर्मित विस्फोटक मिले। हालांकि पुलिस ने देर शाम तक सर्च अभियान जारी रखा था। इस संबंध में सीआरपीएफ 214 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गारू थाना क्षेत्र के साल्वे के आसपास के जंगली इलाकों में नक्सलियों ने हथियार छुपा कर रखे हैं। इसी सूचना पर सीआरपीएफ 214 बटालियन के कमांडेंट केडी जोशी के निर्देशन में सीआरपीएफ और जिला पुलिस की टीम ने छापामारी अभियान चलाकर उक्त हथियार बरामद किया है।
टीम एबीएन, रांची। रिंग रोड के बाद रांची वासियों को अब आउटर रिंग रोड का भी तोहफा जल्दी ही मिलने वाला है। इससे न सिर्फ शहर की यातायात सुधरेगी बल्कि शहर के बाहर व अंदर आना लोगों के लिए काफी आसान हो जायेगा। आउटर रिंग रोड का काम काफी तेज गति से पूरा किया जा रहा है। आउटर रिंग रोड के 3 पेज का सर्वे हो गया है। वहीं अन्य चरणों का सर्वे अभी हो रहा है। सर्वे के बाद सर्वे रिपोर्ट केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय को भेजी जायेगी। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद इस पर काम जल्दी शुरू हो जायेगा।झारखंड परिवहन विभाग के ऑफिशल वेबसाइट के अनुसार, आउटर रिंग रोड बनाने में भारत सरकार ने 5000 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। हालांकि इसमें 6000 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राशि भारत सरकार वहन करेगी। साथ ही मौजूदा रिंग रोड से आउटर रिंग रोड की दूरी करीब 10 से 12 किलोमीटर की होगी।जानकारी के मुताबिक, इस आउटर रिंग रोड का डीपीआर गुरुग्राम की कंपनी एमएसवी इंटरनेशनल ने बनाने का काम शुरू कर दिया है फिर डीपीआर को केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा जायेगा। इस आउटर रिंग रोड बनने से शहर की यातायात व्यवस्था पर दबाव कम होगा व जाम से भी निजात मिलेगी। आउटर रिंग 5 फेज में बनायी जायेगी। जिसकी लंबाई करीब 194 किलोमीटर की होगी।पहला चरण- एनएच-75 में पुंदाग टोल प्लाजा के निकट से एन एच -75 में मंदार के उकरीद तकदूसरा चरण- एनएच -75 उकरीद से एन एच -23 इटकी के समीप तकतीसरा चरण- एन एच -23 इटकी के पास से एन एच -75 एक्स्टेंशन में कलामाटी तकचौथा चरण- एनएच -75 एक्स्टेंशन से एनएच -33 टाटा रोड में पांचा तकपांचवां चरण- एनएच -33 पांचा से एनएच -33 रामगढ़ में पुंदाग टोल प्लाजा के निकट तकराज्य सरकार ने 3 माह पूर्व केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव से आउटर रिंग रोड निर्माण का आग्रह किया था। उन्हें आउटर रिंग रोड की जरूरतों के बारे में भी बताया गया था। साथ ही भारत सरकार इसके लिए सहयोग क्यों करें इस पर भी प्रकाश डाला था। इसके बाद ही केंद्र सचिव ने इसके लिए सहमति दे दी थी। इसके बाद ही विभाग इस दिशा में आगे बढ़ रहा है।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज झारखंड मंत्रालय में झारखंड मिथिला मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर उन्हें आगामी 14, 15 तथा 16 अप्रैल 2023 को हरमू मैदान में आयोजित मिथिला महोत्सव में सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित किया।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज झारखंड मंत्रालय में रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीआरडीए) के निदेशक पर्षद की बैठक हुई। जिसमें जीआरडीए अंतर्गत एचईसी क्षेत्र में 45 एकड़ भूमि पर माननीय विधायकों के लिए बनाये जाने वाले आवास निर्माण से संबंधित जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गयी। बैठक में जानकारी दी गयी कि माननीय विधायकों के लिए 70 आवास बनाया जाना प्रस्तावित है। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीआरडीए) माननीय विधायकों के लिए बनाये जाने वाले आवासों में मास्टर प्लान के तहत सीवरेज ड्रेनेज, सड़क एवं पार्क निर्माण इत्यादि सभी कार्य योजनाबद्ध तरीके से करें ताकि ससमय आवास निर्माण कार्य को पूरा किया जा सके। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, वित्त सचिव अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव-सह-जीआरडीए निदेशक विनय कुमार चौबे, भवन निर्माण सचिव सुनील कुमार, जीएम जीआरडीए बीएन वर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर जीआरडीए एसके सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.