Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

झारखंड

View All
पलामू : लापता मौसेरे भाइयों का शव तालाब से बरामद
Published / 2025-06-22 20:30:33
पलामू : लापता मौसेरे भाइयों का शव तालाब से बरामद

पलामू में तालाब में डूबने से दो मौसेरे भाइयों की मौत, शनिवार सुबह से थे लापता एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिला में रेड़मा रांची रोड के पास तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी। दोनों मृतक बच्चे आपस में मौसेरे भाई हैं। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों के सहयोग के बच्चों के शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, ये दोनों बच्चे शनिवार की दोपहर बाद से घर से लापता थे। देर रात परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। शनिवार देर रात परिजन और पुलिस ने एक साथ बच्चों की तलाश शुरू कर दी। इस तलाशी अभियान के दौरान तालाब के पास दोनों के कपड़े बरामद हुए थे। इसके बाद में रविवार की सुबह दोनों बच्चों के शवों को तालाब से बरामद किया गया। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, एक बच्चा प्रतिदिन अपनी मौसी के घर पर दूध पहुंचाने के लिए जाता था। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंच गये हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल भेज दिया है। जहां से पूरी प्रक्रिया होने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जायेगा।

हजारीबाग : ड्यूटी पर तैनात जवान की मौत से सनसनी
Published / 2025-06-22 20:29:07
हजारीबाग : ड्यूटी पर तैनात जवान की मौत से सनसनी

झारखंड के हजारीबाग में ड्यूटी पर तैनात जवान की मौत, पैर फिसला और राइफल से चल गई गोली एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। हजारीबाग जिले में बीते शनिवार को ड्यूटी के दौरान एक पुलिस आरक्षी की सर्विस राइफल से अचानक गोली चल जाने से मौके पर ही मौत हो गयी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (सदर) अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरक्षी मिथिलेश यादव एनटीपीसी के बानादाग रेलवे साइडिंग के पास गश्ती ड्यूटी पर थे कि तभी उनका पैर फिसल गया और उनके हाथ में मौजूद इंसास राइफल से गोली चल गयी। आनंद ने बताया कि गोली लगने से यादव की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार, यादव को शेख भिकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्री यादव राज्य के गढ़वा जिले के रहने वाले थे।

छह जुलाई को घुरती रथ और मुहर्रम, पुलिस प्रशासन अलर्ट
Published / 2025-06-22 09:32:52
छह जुलाई को घुरती रथ और मुहर्रम, पुलिस प्रशासन अलर्ट

एबीएन डेस्क। रांची सहित झारखंड के कई इलाकों में 27 जून को प्रभु जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकलने वाली है। इस दौरान छह जुलाई तक जगन्नाथ स्वामी, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की जायेगी। छह जुलाई को घुरती रथ के साथ मेला का समापन होगा। घुरती रथ में हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान का रथ खींचने मौसीबाड़ी पहुंचेंगे। इसी दिन मुहर्रम भी मनाया जायेगा। ऐसे में किसी भी तरह की विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है।जानकारी के अनुसार, रथ मेला और मुहर्रम को लेकर पुलिस मुख्यालय आईजी अभियान ने सभी जिलों के एसपी को अलर्ट कर दिया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जिलों के एसपी को बताया गया है कि 27 जून को पूरे राज्य में रथ मेला का आयोजन होगा। नौ दिन बाद यानी छह जुलाई को घुरती रथ मेला होगा। इसी दिन छह जुलाई को ही मुहर्रम मनाने की सूचना है। इसलिए इस दिन विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है।

झारखंड में नेताओं ने लिया योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा
Published / 2025-06-21 21:26:21
झारखंड में नेताओं ने लिया योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसमें विभिन्न दलों के नेताओं ने शारीरिक और मानसिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए योगाभ्यास में भाग लिया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने रांची के बिरसा मुंडा फन पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया और कहा, योग केवल एक अभ्यास नहीं है, बल्कि यह एक जीवनशैली है जो हृदय, आत्मा और मस्तिष्क के बीच संतुलन स्थापित करती है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के अंबिकापुर में आयोजित एक योग सत्र में भाग लिया, जबकि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने देवघर में योगाभ्यास किया।राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस अवसर पर बधाई दीं और सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, योग जीवन को संतुलित और समग्र रूप से स्वस्थ रखने का एक शक्तिशाली तरीका है। यह शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, विचारों में स्पष्टता लाता है और जीवन को स्थिरता प्रदान करता है। आइए हम सभी संकल्प लें कि हम योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री अंसारी ने रांची के बिरसा मुंडा फन पार्क में आयोजित योग सत्र का नेतृत्व किया, जिसमें भाजपा विधायक सी पी सिंह भी उपस्थित थे। मंत्री ने कहा, हमारे देश में वर्षों से योग का अभ्यास किया जाता रहा है। यह केवल एक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह हृदय, आत्मा और मस्तिष्क के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवनशैली है।

श्री राधा- कृष्ण मंदिर में महिला समिति ने किया भजन - कीर्तन सत्संग
Published / 2025-06-21 21:21:45
श्री राधा- कृष्ण मंदिर में महिला समिति ने किया भजन - कीर्तन सत्संग

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग मे श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में श्री कृष्ण प्रणामी महिला समिति द्वारा भजन- कीर्तन सत्संग किया गया।  भजन- कीर्तन कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा श्री राधा कृष्ण पर आधारित गाये मनमोहक भजनों से पूरा कृष्ण दरबार भक्तिमय हो गया। महिला भजन गायकों ने अपने सुमधुर भजनों से सत्संग में बड़ी संख्या मे उपस्थित महिला श्रोताओं को खूब झुमाया। तत्पश्चात मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे ने प्रसाद का विधिवत भोग लगाया  एवं सामूहिक महाआरती के पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को श्री राधा कृष्ण मंदिर मे महिला समिति द्वारा भजन- कीर्तन सत्संग का आयोजन किया जाता है। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

पलामू : जिले में चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों की बहाली का विज्ञापन निरस्त
Published / 2025-06-21 21:21:04
पलामू : जिले में चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों की बहाली का विज्ञापन निरस्त

एबीएन, न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिला में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के बहाली के विज्ञापन को स्थगित कर दिया गया है। सरकार के स्तर से यह फैसला लिया गया है। बता दें कि पलामू में कुछ दिनों पहले 585 फोर्थ ग्रेड के पद पर बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इस जारी विज्ञापन को रद्द कर दि या गया है। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तरफ से बहाली को स्थगित करने के मामले की पुष्टि की गयी है। 13 जून को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार समाहरणालय में 132, जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय 273, स्वास्थ्य विभाग में 151, जिला सहकारिता कार्यालय में तीन और वन प्रमंडल कार्यालय में 26 पदों पर बहाली होनी थी। विज्ञापन जारी होने के साथ ही विवाद शुरू हुआ था। पूरे मामले में शुक्रवार को कुछ अभ्यर्थियों ने कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम हेमंत सोरेन को भी ज्ञापन दिया था और वित्त मंत्री को भी पूरे मामले की जानकारी दी थी। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी यह कहा था कि पूरा मामला उनके संज्ञान में है। पलामू में विज्ञापन जारी होने के साथ ही विवाद शुरू हो गया था। पाली के लिए मैट्रिक के अंक को मेरिट बनाया गया था वहीं स्थानीयता को लेकर भी सवाल उठे थे। इस बहाली को लेकर विज्ञापन जारी होने के साथ सुप्रीम कोर्ट के आदेश के द्वारा बर्खास्त 251 अनुसेवक और युवक आंदोलन पर उतर गये थे। बर्खास्त अभ्यर्थियों ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से भी मुलाकात की थी। वही युवकों के एक दल ने समाहरणालय का भी घेराव किया था। इसके विरोध में बर्खास्त अनुसेवकों ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा भी की थी।

अतिवृष्टि को लेकर अलर्ट मोड में रहें सभी डीसी : सीएम
Published / 2025-06-21 21:19:00
अतिवृष्टि को लेकर अलर्ट मोड में रहें सभी डीसी : सीएम

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ किया संवाद, राज्य में हो रहे अतिवृष्टि के मद्देनजर अलर्ट मोड में रहने का दिए निर्देश मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों को भारी बारिश के कारण होने वाले नुकसान तथा जल जमाव की समस्या से निपटने  हेतु प्रभावी कदम उठाने का दिये निर्देश ...और क्या बोले सीएम भारी बारिश को दृष्टिगत रखते हुए अलर्ट मोड में रहें अधिकारी अतिवृष्टि में हुए नुकसान का आकलन कर विभाग को भेजें रिपोर्ट जिलों में स्थापित कंट्रोल रूम को सक्रिय रखें टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ संवाद कर राज्य में हो रहे भारी बारिश को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों को पूर्ण रूप से अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों से कहा है कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल जमाव की समस्या से आम जनमानस को निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाये जायें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिये कि लोकल अथॉरिटीज के साथ समन्वय स्थापित कर जलजमाव की स्थिति को जल्द से जल्द खत्म करने का प्रयास करें। जिलों में इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सड़क, पुल-पुलिया, घर, फसल इत्यादि को हुए नुकसान का आकलन कर राज्य सरकार को तत्काल रिपोर्ट भेजी जाये ताकि प्रभावित लोगों को राहत और मुआवजा देने में किसी तरह का कोई विलंब नहीं हो। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिया कि जिलों में स्थापित कंट्रोल रूम को पूर्ण रूप से सक्रिय रखें। अतिवृष्टि को देखते हुए वाटरफॉल, बराज इत्यादि पर्यटन स्थलों में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए ठऊफऋ की टीम के साथ-साथ स्थानीय लोगों का भी सहयोग लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वॉटरफॉल में आवश्यकता के अनुरूप सुरक्षा कर्मी भी तैनात रखें। जलजमाव वाले क्षेत्रों में छिड़काव कार्य करें मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिया कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र जहां जल जमाव की स्थिति है वहां छिड़काव कार्य करें ताकि इसकी वजह से जो बीमारियां उत्पन्न होती है उसे नियंत्रित किया जा सके।  मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बरसात के मौसम में सर्प दंश (स्नेक बाइट) के भी ज्यादा मामले आते हैं, ऐसे में सभी जरूरी दवाइयां स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध कराये जायें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मॉनसून की शुरुआत में ही भारी बारिश हो रही है, ऐसे में यह जरूरी है कि बरसात के मौसम में होने वाली समस्याओं से निपटने की पूरी तैयारी पहले से ही रखें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि भारी बारिश के कारण सड़क, पुल, पुलिया से संबंधित जो भी क्षति पहुंची है उसकी शीघ्र मरम्मत हो। उन्हेंने निर्देश दिया कि किसी भी पुल या ब्रिज के धंसने का एक और मुख्य कारण अवैध बालू निकासी हो सकता है, इसकी भी जानकारी लें तथा ऐसे कार्यों पर अविलंब रोक लगायें। मौके पर मंत्री डॉ इरफान अंसारी, मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के उपायुक्त उपस्थित रहे।

सीएम ने दी खूंटी में महिला कॉलेज बनाने की स्वीकृति
Published / 2025-06-21 21:16:56
सीएम ने दी खूंटी में महिला कॉलेज बनाने की स्वीकृति

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमेत सोरेन की अध्यक्षता में 20 जून 2025 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। जिनमें प्रमुख इस प्रकार हैं :  रांची विश्वविद्यालय, रांची अंतर्गत खूंटी जिले में महिला महाविद्यालय, खूंटी के निर्माण कार्य हेतु 57,95,43,000/- (संतावन करोड़ पंचानवे लाख तैंतालीस हजार) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी। कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा अंतर्गत सरायकेला- खरसावां जिले के ईचागढ़ में डिग्री महाविद्यालय के निर्माण कार्य हेतु 38,76,34,000/- (अड़तीस करोड़ छिहत्तर लाख चौंतीस हजार) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी।माननीय झारखण्ड उच्च न्यायालय, राँची के द्वारा W.P(S) संख्या-1002/2022 सुमित कुमार सिंह बनाम् झारखण्ड राज्य एवं अन्य में दिनांक-10.08.2023 को पारित न्यायादेश के आलोक में स्व० उमेश कुमार सिंह, भूतपूर्व सहायक शिक्षक, मध्य विद्यालय, बरकाकाना, रामगढ़ के आश्रित पुत्र सुमित कुमार सिंह की अनुकम्पा के आधार पर चतुर्थ वर्ग (समूह घ) में नियुक्ति के पश्चात् तृतीय वर्ग (समूह ग) में पद परिवर्तन हेतु विभागीय परिपत्र संख्या-10167, दिनांक-01.12. 2015 की कंडिका-15 (ग) को क्षांत करने की स्वीकृति दी गई।माननीय झारखण्ड उच्च न्यायालय, राँची द्वारा WPS No-1265/2023 में पारित न्यायादेश दिनांक-03.04.2024 के अनुपालन में स्व० अमित कुमार, तदेन उच्च वर्गीय लिपिक, प्रशिक्षण एवं प्रसार संस्थान, दुमका के सेवा नियमित एवं सम्पुष्ट करने की स्वीकृति दी गई।झारखण्ड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड, राँची के सुचारू संचालन, प्रबंधन एवं प्रशासन के लिए राशि रू० 3,00,00,000/- (तीन करोड़) मात्र का सहायता अनुदान का प्रतिवर्ष भुगतान झारखण्ड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड, रांची को करने की स्वीकृति दी गई।माननीय झारखण्ड उच्च न्यायालय अन्तर्गत दायर वाद संख्या- W.P. (S) No. 2715/2020, कुन्दन प्रसाद बनाम् झारखण्ड सरकार एवं अन्य तथा उक्त से उद्भूत अवमाननावाद संख्या Cont. (C) No. 24/2025 में पारित आदेश के अनुपालन के क्रम में श्री कुन्दन प्रसाद की सेवा नियमित करते हुए उन्हें अनुमान्य वित्तीय लाभ प्रदान किये जाने की स्वीकृति दी गई।झारखण्ड राजकीयकृत प्रारंभिक विद्यालय शिक्षक प्रोन्नति नियमावली, 2025 के गठन की स्वीकृति दी गई।डॉ० गुरूचरण सिंह सलूजा, चिकित्सा पदाधिकारी, रेफरल अस्पताल, नगर उँटारी, गढ़वा को सेवा से बर्खास्तगी के दण्ड को यथावत् रखने की स्वीकृति दी गई।झारखण्ड राज्य चिकित्सा परिषद् (संशोधन) नियमावली, 2025 के गठन की स्वीकृति दी गई।राज्य के प्रमण्डलीय मुख्यालयों यथा-दुमका एवं पलामू में डिप्लोमा स्तरीय राजकीय फार्मेसी संस्थान की स्थापना हेतु 56 (28+28) पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई।राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन, नई दिल्ली के निदेश के आलोक में झारखण्ड राज्य में Legislative Forum on HIV/AIDS (LFA) का गठन किए जाने की स्वीकृति दी गई।झारखंड राज्य आवास बोर्ड (आवासीय भू-सम्पदा का प्रबंधन एवं निस्तार) (संशोधन) विनियमावली, 2025 के गठन की स्वीकृति दी गई।★ लातेहार अन्तर्गत बरवाडीह-मंडल-भंडरिया पथ (पार्ट-1, चैनेज 0.00 कि०मी० से चैनेज 25.00 कि०मी०) (कुल लम्बाई-25.00 कि०मी०) के चौड़ीकरण एव मजबूतीकरण / पुनर्निर्माण कार्य (भू-अर्जन सहित) हेतु रू० 114,99,62,100/- (एक सौ चौदह करोड़ निन्यानबे लाख बासठ हजार एक सौ रू०) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।पे-मैट्रिक्स लेवल-9 से न्यून राज्यपत्रित पदाधिकारियों को मोबाइल फोन एवं रिचार्ज की अनुमान्यता की स्वीकृति दी गई।LPA No. 74/2022 योगेश्वर राम बनाम झारखण्ड राज्य एवं अन्य में दि०-15.09.2022 (arising out of order dated 07-10-2021 passed in W.P.(S) No. 4933/2014) को पारित न्यायादेश तथा मा० सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली में SLP Diary No. 13339/2024 State of Jharkhand & Ors. Versus Yogeshwar Ram में दिनांक-17.01.2025 को पारित न्यायादेश के अनुपालन में योगेश्वर राम, सेवानिवृत उप निबंधक, सहयोग समितियाँ (सहकारिता सेवा) को दि०-09.08.1999 के प्रभाव से वेतनमान 12000-16500 में प्रथम सुनिश्चित वृत्ति उन्नयन (1st ACP) एवं दिनांक-11.08.2002 के प्रभाव से वेतनमान 14300-18300 में द्वितीय सुनिश्चित वृत्ति उन्नयन (2nd ACP) योजना का लाभ अनुमान्य करने की स्वीकृति दी गई।पुलिस पदाधिकारियों / कर्मचारियों को झारखण्ड स्थापना दिवस (15 नवम्बर) के अवसर पर पुलिस पदक से सम्मानित करने की प्रक्रियाओं में संशोधन की स्वीकृति दी गई।झारखण्ड भवन, नई दिल्ली के पदाधिकारियों/कर्मचारियों की झारखण्ड सरकार से प्राप्त निदेश के आलोक में विशेष परिस्थिति में नई दिल्ली-रांची-नई दिल्ली की यात्रा की घटनोत्तर स्वीकृति एवं उक्त यात्रा में हुए व्यय की राशि रू० 1,19,711/- (एक लाख उन्नीस हजार सात सौ ग्यारह) मात्र की प्रतिपूर्ति की स्वीकृति दी गई।झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग, राँची द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के सफल आयोजन हेतु झारखण्ड आकस्मिकता निधि (JCF) से कुल रू० 31,50,00,000/- (एकतीस करोड़ पचास लाख) अतिरिक्त राशि की स्वीकृति दी गई।झारखण्ड राज्य के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एन.सी.सी.) के अंशकालीन पदाधिकारियों तथा कैडेटो के शिविरों में आने-जाने के दौरान दैनिक भत्ता में वृद्धि तथा एन.सी.सी. कैडेटों को AC Tier-3 में यात्रा की स्वीकृति दी गई।राज्य के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों / कार्यालयों के लिये सरकारी वाहनों की अनुमान्यता में संशोधन की स्वीकृति दी गई।कोर कैपिटल एरिया में प्रस्तावित ताज होटल के निर्माण हेतु Maximum Ground Coverage 25% से बढ़ाकर 40% एवं Maximum Building Height 26 metre से बढ़ाकर 27 metre तक करने की स्वीकृति दी गई।झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा (स्नातक स्तर) संचालन नियमावली, 2015 (समय-समय पर यथा संशोधित) में आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई।पथ प्रमण्डल, राँची अन्तर्गत अरगोड़ा (पुराना अरगोड़ा चौक) (MDR-018 पर) से नया सराय (रिंग रोड) (MDR-013 पर) भाया पुन्दाग पथ (कुल लम्बाई-6.175 कि०मी०) के चार लेन में निर्माण कार्य (पुल निर्माण, भू-अर्जन, Utility Shifting. Plantation एवं Resettlement & Rehabilitation सहित) हेतु रू0 141,06,06,000/- (एक सौ एकतालीस करोड़ छः लाख छः हजार रू०) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।पथ प्रमंडल, सिमडेगा अन्तर्गत सिमडेगा-सेवई-किंकेल-कुरडेग- कुटमाकछार-छत्तीसगढ़ सीमा तक पथ (MDR-044) (कुल लं0-63.20 कि0मी0) का राईडिंग क्वालिटी में सुधार (IRQP) कार्य हेतु रू0 38,00,34,800 /- (अड़तीस करोड़ चौंतीस हजार आठ सौ रू०) मात्र का प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।पथ प्रमण्डल, मनोहरपुर अन्तर्गत उधन बारंगा धानापल्ली पथ के चैनेज 11वें कि०मी० में कोयल नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्य (पहुँच पथ निर्माण एवं भू-अर्जन सहित) हेतु रू० 37,88,72,600/- (सैंतीस करोड़ अट्ठासी लाख बहत्तर हजार छः सौ रू०) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।झारखण्ड राज्य राजमार्ग प्राधिकार के माध्यम से Widening & Strengthening/New Construction to Six Lane Divided Carriageway with service road, Cycle Track and footpath of Vivekanand School More to Ring Road via Jharkhand High Court & Jharkhand Vidhan Sabha Road (Length-6.089 km) & Widening & Strengthening to Two Lane with Paved Shoulder of Link Road from Naya Sarai ROB to Ring Road (Length-2.12km) (Total Length-8.209 km) (पुल निर्माण, भू-अर्जन, R&R एवं Utility shifting (Electrical+OFC+Gas Pipes) सहित) हेतु रू0 301,12,48,600/- (तीन सौ एक करोड़ बारह लाख अड़तालीस हजार छः सौ रू०) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

एसआर डीएवी पुंदाग में मनाया गया 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह
Published / 2025-06-21 21:11:10
एसआर डीएवी पुंदाग में मनाया गया 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह

टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में धूमधाम से 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह मनाया गया। मौके पर खेल शिक्षक आशीष जायसवाल के मार्गदर्शन में योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ तापस घोष ने वरिष्ठ शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संदेश में विद्यार्थियों को न केवल योग अपनाने की प्रेरणा दी, बल्कि योग को प्रचारित - प्रसारित करने की भी सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष में एक दिन योग करना काफी नहीं है, बल्कि नियमित रूप से योगाभ्यास करने से हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी। पूरी दुनिया के लोग योग करके सुस्वास्थ्य को प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा दर्शायी गयी योग की विभिन्न मुद्राएं थीं। उन्होंने मिलकर सहज योग के विभिन्न आसन किये। विद्यालय परिसर में योग की धूम रही। योगासन अभ्यास के इस सत्र में विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.