बर्थडे पार्टी से लौट रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्करएबीएन न्यूज नेटवर्क, सिमडेगा। सिमडेगा के रहने वाले तीन दोस्तों की बर्थडे पार्टी से लौटते समय दर्दनाक हादसे में मौत हो गई है। एक युवक का बर्थडे था और वह अपने दो दोस्तों के लेकर गुमला जिले के तपकरा डैम गए थे। दिनभर तीनों दोस्तों ने जमकर बर्थडे का सेलिब्रेशन किया और शाम को एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौटने के लिए निकल गये। इसी बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो दोस्तों की मौके पर ही और एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में रहने वाले तीन दोस्त सोमवार को गुमला जिले के तपकरा डैम बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए गए थे, जहां तीनों ने दिनभर पार्टी की। शाम के समय तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर होकर घर लौट रहे थे। इसी बीच कोलेबिरा और गुमला को जोड़ने वाली एनएच 143 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार की थी कि वह कई फीट दूर जाकर गिरे। इस दौरान मौके पर ही सूरज बाघवार और अमृत बाघवार की मौत हो गई। वहीं, तीसरा युवक मोनू टेटे गंभीर रूप से घायल हो गया है।मोनू को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची कोलेबिरा थाने की पुलिस ने तीन युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच की शुरू कर दी है। घटना के बाद से ही मृतकों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
झारखंड में भाजपा का राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शनहेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपटीम एबीएन, रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन सोमवार को पूरे राज्य में व्यापक रूप से देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी जिलों के अंचल कार्यालयों के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यशैली के गंभीर आरोप लगाए। रांची के हेहल अंचल कार्यालय में भाजपा के प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हुए और मुख्य गेट के सामने धरना देकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पोस्टर-बैनर लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हेमंत सरकार के शासनकाल में सरकारी कार्यालयों में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार फैला है। जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, म्यूटेशन व अन्य योजनाओं जैसे मंईयां सम्मान योजना का लाभ भी बिना रिश्वत के नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को भी लूट-खसोट का माध्यम बना दिया है।भाजपा नेता रमेश सिंह ने कहा, राज्य सरकार ईमानदारी से काम करे वरना जनता अगला रास्ता दिखाएगी। अगर सरकार नहीं चेती, तो हम सड़कों से लेकर सदन तक आंदोलन को तेज करेंगे। वहीं धरना प्रदर्शन के चलते कई अंचल कार्यालयों में विकास कार्य बाधित रहे।इस विरोध कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। रांची समेत अन्य जिलों में भी इसी तरह के प्रदर्शन आयोजित किए गए। प्रदर्शन में भाजपा नेत्री शोभा यादव, सिमन सिंह, प्रतुलनाथ शहदेव, मनोज मिश्रा सहित कई स्थानीय और राज्यस्तरीय नेता शामिल रहे।
बोकारो में चापाकल से पानी की जगह निकलने लगी आग की लपटें, मचा हड़कंप; जानें क्या है माजराएबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। जिले के एक चापाकल से पानी की जगह आग निकलने से दहशत का माहौल कायम हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के अमलाबाद थाना क्षेत्र के हांडी पाड़ा की है। चापाकल से पानी की जगह आग निकलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि इलाके में ओएनजीसी का मिथेन गैस प्लांट लगा हुआ है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि मिथेन गैस के रिसाव के कारण घटना घटित हुई है। पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है। हालांकि गनीमत रही किसी को कोई जान-माल का नुक्सान नहीं हुआ है। इधर घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस की टीम ने फायर फाइटरों को मौके पर बुलाया, फायर फाइटरों की मदद से आग को नियंत्रित किया गया तब जाकर लोगों ने चैन की सांस ली। फिलहाल प्रशासन द्वारा एक जांच टीम का गठन कर दिया गया है, जो घटना की जांच करेगी।
हजारीबाग में अपराधियों ने सड़क निर्माण कंपनी के वाहनों में लगाई आग, JCB-हाइवा समेत कई गाड़ियों को फूंकाएबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले में उपद्रवियों नें जमकर आतंक मचाया है। दरअसल यहां बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत जोराकाठ गांव में सोमवार रात लगभग 10:00 बजे अज्ञात अपराधियों ने एक सड़क निर्माण स्थल पर जमकर तांडव मचाया। रात के अंधेरे में अपराधियों ने वहां मौजूद करोड़ों रुपए के मशीनों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर खड़ी दो जेसीबी मशीनें, दो हाइवा ट्रक, एक ग्रेडर, एक पानी टैंकर और एक जनरेटर को जला दिया गया।स्थानीय ग्रामीणों की माने तो रात में अचानक आग की तेज लपटें और धमाके सुनाई दिए। जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण का प्रयास किया। प्राथमिक जांच में यह मामला या तो निर्माण कार्य से जुड़ी आपसी रंजिश या नक्सली गतिविधि का प्रतीत हो रहा है।पुलिस ने घटना की जांच प्रारंभ कर दी है और संदिग्ध तत्वों की तलाश की जा रही है। आगजनी से करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है। प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की है। दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन भी दिया गया है।
नशा और तस्करी वैश्विक स्वास्थ्य, सामाजिक व आर्थिक संकट है : संजय सर्राफटीम एबीएन, रांची। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता सह हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ ने कहा है कि हर साल 26 जून को नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को नशे की लत और गैरकानूनी ड्रग्स के व्यापार के खतरों के बारे में जागरूक करना है। यह दिवस 1987 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के निर्णय के बाद शुरू हुआ था, ताकि दुनियाभर के देश मिलकर नशे की समस्या से लड़ सकें और एक नशामुक्त समाज बना सकें।हर वर्ष 26 जून को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक व अवैध तस्करी निरोधक दिवस मनाया जाता है। यह दिवस मूलतः 7 दिसंबर 1987 को प्रस्तावित किया गया था।जिसके अनुसार 26 जून को वैश्विक स्तर पर नशा उन्मूलन के लिए जागरूकता बढ़ाने और सहयोग को मजबूत करने का समय माना गया था, नशा और तस्करी वैश्विक स्वास्थ्य, सामाजिक व आर्थिक संकट हैं। यह न केवल व्यक्तियों के जीवन को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार, समुदाय, न्यायप्रणाली और स्वास्थ्य तंत्र पर भी भारी बोझ डालती है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य समाज में इस समस्या को पहचानना, रोकथाम की दिशा में राजनीतिक इच्छाशक्ति उत्पन्न करना, मानवाधिकार-सम्मत उपाय अपनाना और संपोषित नीतियों को बढ़ावा देना है। दुनिया को यह संदेश देना चाहता है कि शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएँ, जोखिम वाले समुदायों के लिए हस्तक्षेप और पुनर्वास उचित तरीके हैं, न कि दण्डात्मक कार्रवाई मात्र, इस वर्ष 2025 के लिए अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस की थीम है-बाधाओं को तोड़ना सभी के लिए रोकथाम,उपचार और पुनर्प्राप्ति हर साल थीम के जरिए नशे की सबसे गंभीर समस्याओं और उनके समाधान पर ध्यान केंद्रित किया जाता है। भारत में- नशा मुक्त भारत अभियान जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, समुदाय संलिप्तता और इलाज व पुनर्वास को बढ़ावा दिया जा रहा है।समाज-आधारित सहभागिता की भूमिका समुदाय, स्कूल, नागरिक समाज, स्वास्थ्य पेशेवर और नीति निर्माता साथ आकर सामूहिक गतिविधियाँ-जैसे जागरूकता सेमिनार, पोस्टर प्रतियोगिताएँ, सोशल मीडिया अभियान-रूपांतरित समाधानों को आगे ला सकते हैं। वैश्विक अभियानों के माध्यम से स्वास्थ्य-केन्द्रित दृष्टिकोण को बढ़ावा मिल रहा है। 26 जून सिर्फ एक अंक दिनांक नहीं, बल्कि वैश्विक प्रतिबद्धता का प्रतीक है-मानवाधिकार, स्वास्थ्य, विज्ञान, और संवेदनशीलता पर आधारित रोकथाम के लिए। नशा केवल इंसान की समस्या ही नहीं बल्कि राष्ट्रों की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें सामाजिक प्रतिबद्धता, संस्थागत समर्थन और व्यक्ति-केंद्रित नीतियों के माध्यम से एक ऐसा समाज बनाना है जहां नशा न सिर्फ़ रोका जा सके, बल्कि संपूर्ण पुनर्वास की राह प्रशस्त हो सके।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल ,पुंदाग में ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्वागत समारोह सह इंडक्शन कार्यक्रम रखा गया। उक्त कार्यक्रम में विद्यार्थी अपने विद्यालय के परिवेश से परिचित हुए। प्राचार्य डॉ तापस घोष ने शिक्षक, पूर्व विद्यार्थी तथा वर्तमान विद्यार्थियों के साथ मिलकर ज्ञान दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों का औपचारिक स्वागत किया। विद्यालय के संगीत शिक्षक के मार्गदर्शन में कक्षा द्वादश के विद्यार्थियों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया गया।तत्पश्चात विद्यार्थियों को शैक्षणिक से लेकर शिक्षकेत्तर गतिविधियों के साथ-साथ, नियम, अनुशासन, उपस्थिति आदि के विषय में उपयोगी जानकारी दी गई।विद्यार्थी अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं से मिलकर प्रसन्न दिखाई दिये।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय नृत्य एवं बैंड था, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के कुछ पूर्व विद्यार्थी भी उपस्थित थे, जो महत्त्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर विभिन्न महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों में अपना योगदान देकर समाज और देश की सेवा कर रहे हैं।इनमें से भारतीय वायुसेना के फ्लाइंग अफसर पीयूष अनमोल तथा आईआईटियन निश्चल कुमार प्रमुख थे। साथ ही वर्ष 2025 की बारहवीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा के विद्यालय के तीनों टॉपर अभीप्सा हजारा, अनुष्का अधिकारी तथा अनुष्का देवघरिया ने भी उपस्थित होकर विद्यालय से जुड़े अपने अनुभव साझा किये।इन सभी पूर्व विद्यार्थियों ने ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को भविष्य उज्ज्वल बनाने के उपाय भी बताए। प्राचार्य डॉ तापस घोष ने कहा कि अपने शिक्षकों के आदेश - निर्देश के अनुसार काम करने से तथा अनवरत परिश्रम करने से लक्ष्य की प्राप्ति में संदेह की गुंजाइश नहीं रहेगी। शिक्षक एवं अभिभावकों के सम्मिलित प्रयास, सहयोग तथा विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत से हर सपना साकार हो सकता है। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज गुमला जिले के रायडीह प्रखंड अंतर्गत बिन्देश्वरी लाल साहू सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, भलमण्डा में बालिका छात्रावास का लोकार्पण किया। राज्यपाल ने अपने संबोधन में सर्वप्रथम परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद वीर लांसनायक अल्बर्ट एक्का के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता है कि विद्या विकास समिति, झारखंड द्वारा सैकड़ों विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किये जा रहे हैं, यह संगठन वर्षों से झारखण्ड के दूरस्थ ग्रामों एवं जनजातीय अंचलों में शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक चेतना के क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभा रहा है। राज्यपाल ने मातुश्री काशीबा हरिभाई गोटी चैरिटेबल ट्रस्ट, सूरत, गुजरात ट्रस्ट द्वारा नवनिर्मित 236 वां सरस्वती धाम (बालिका छात्रावास) के लोकार्पण के संदर्भ में बोलते हुए कहा कि आज यहां आरंभ यह छात्रावास केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण एवं जनजातीय अंचल की बालिकाओं के स्वावलंबन, आत्मबल और उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगा। राज्यपाल ने इस छात्रावास के निर्माण में सहयोग प्रदान हेतु बधाई दी। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित होकर शिक्षा के लिए प्रयास करता है, तब परिवर्तन की दिशा सुनिश्चित होती है। उन्होंने उल्लेख करते हुए कि हाल ही में उन्हें विद्या विकास समिति, झारखंड द्वारा नगड़ी, कुदलुंग में आयोजित जनजातीय प्रवासी कार्यकर्ता प्रशिक्षण समापन समारोह में भाग लेने का अवसर मिला, जहां उन्होंने समिति की कार्यपद्धति और प्रतिबद्धता को निकट से देखा और अनुभव किया। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण—बेटी पढ़ेगी, तभी देश बढ़ेगा का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड में अधिकाधिक संख्या में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की स्थापना जनजातीय प्रतिभाओं को शिक्षा और अवसर देने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने हाल ही में श्रीहरि वनवासी कल्याण केंद्र से संबद्ध वनवासी विकास समिति के एक कार्यक्रम में भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज और सेवा संस्थाएं मिलकर झारखंड के वनवासी अंचलों में शिक्षा, संस्कार और परिवर्तनों की आधारशिला रख रही हैं। सुमन रमेश तुलस्यानी ट्रस्ट, मुंबई ने बच्चों के लिए दो बसें दी हैं। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने हेतु समाज में ऐसे लोगों की आवश्यकता है। उन्होंने मातुश्री काशीबा हरिभाई गोटी चैरिटेबल ट्रस्ट सूरत, गुजरात के केशुभाई जी को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य (236 सरस्वती धाम की स्थापना) हेतु अत्यंत बधाई दी। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा वही जो संस्कार दे और संस्कार वही जो समाज को दिशा दे। यह छात्रावास उसी विचार का मूर्त रूप है। उन्होंने कहा कि यह परिसर केवल आवासीय सुविधा न होकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र सेवा का केंद्र बने। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, विद्या विकास समिति के सदस्यों, समाजसेवियों, शिक्षकों, अभिभावकों, ग्रामिणों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
कमरे में सो रहे थे पति-पत्नी, अचानक गिर गयी छत... दोनों की दर्दनाक मौत एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले के बरही में एक कमरे की छत ढह जाने से एक दंपति की मौत हो गयी। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना बीते रविवार रात रसोईया धमना गांव में उस समय हुई जब दंपति कमरे में सो रहा था। दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान हदीस अंसारी (52) और उनकी पत्नी जमीरा खातून (48) के रूप में हुई है। बरही अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जोहान टुडू ने बताया कि हादसे के समय दोनों अपने कमरे में सो रहे थे, तभी अचानक छत गिर गयी और वे मलबे में दब गए। उन्होंने बताया कि घर के अन्य सदस्य सुरक्षित हैं क्योंकि वे अलग कमरों में सो रहे थे। एसडीओ ने बताया कि दोनों शवों को बरही अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जायेगा। हादसे के बाद मौके पर पहुंची राहत व बचाव टीम द्वारा मलबा हटाने का कार्य जारी है। एसडीओ ने बताया, क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए पुराने और जर्जर मकानों का सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया गया है।
आदिवासी कांग्रेस की बैठक में बोली मंत्री शिल्पी - झारखंड में जमीन की समस्या बड़ा मुद्दा, नये सिरे सर्वे की जरूरत टीम एबीएन, रांची। आदिवासी कांग्रेस की बैठक में झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड में जमीन से जुड़ी समस्या एक बड़ा मुद्दा है, जिसे हल करने के लिए नये सिरे से सर्वे कराने की जरूरत है। बैठक में मध्यप्रदेश, राजस्थान और झारखंड के आदिवासी विधायक और सांसद शामिल हुए। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्य में ट्राइबल लीगल काउंसिल का गठन करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे आदिवासियों की जमीन से संबंधित मामलों का निबटारा समय पर किया जा सकेगा। काउंसिल की तरफ से आदिवासी परिवार को कानूनी मदद के लिए वकील की व्यवस्था करने और उन्हें बेहतर सुझाव उपलब्ध कराना शामिल रहेगा। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि प्रकृति पूजक आदिवासियों के लिए जनगणना प्रपत्र में सातवां कॉलम या आदि कॉलम, सरना धर्म कॉलम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे आदिवासियों की धार्मिक पहचान को संरक्षित किया जा सकेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.