लोहरदगा गुमला ट्रक आनर एसोसिएशन ने भरी हुंकार एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। पथ निर्माण विभाग, झारखंड ने खनिजों की सड़क मार्ग से ढुलाई पर प्रति ट्रिप 1200 रुपये कंपोजिशन यूजर चार्ज लागू कर दिया है और इसकी वसूली भी शुरू कर दी है। यूजर चार्ज लेने के लिए खान विभाग ने जारी चालान से इसे जोड़ दिया है यानि जितने चालान निर्गत होंगे, उन्हें 1200 प्रति चालान पथ निर्माण विभाग वसूलेगा।इसको लेकर लोहरदगा गुमला ट्रक आनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह ने यूजर चार्ज को जेम पोर्टल व चालान से जोड़ने का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि जब यह मामला हाईकोर्ट में चल रहा है और इस बीच में सरकार के अधिकारियों ने इसे लागू कर दिया है जो कि कहीं न कहीं हाई कोर्ट की अवमानना का मामला दिखता है। जेम पोर्टल अवैध खनन को रोकने के लिए बना है न कि पथ निर्माण विभाग के टोल टैक्स वसूली के लिये। इसलिए जल्द से जल्द सरकार इस निर्णय को वापस ले अन्यथा एसोसिएशन इस मामले को लेकर कोर्ट जायेगी। वैसे भी लोहरदगा, गुमला, लातेहार उद्योग विहीन जिले हैं। यहां पर सिर्फ बॉक्साइट की ढुलाई और खनन से ही अर्थव्यवस्था चलती है और इस स्थिति में इतना ज्यादा यूजर चार्ज लगाने से इस व्यवसाय को चलाने में काफी कठिनाइयां हो जायेगी। वैसे भी जब सरकार रोड टैक्स, खनन की रॉयल्टी से लेकर हर चीज का टैक्स ले रही है तो यह अतिरिक्त भार क्यों? पूर्व से ही ट्रांसपोर्टिंग के लिए चलने वाले वाहनों पर केंद्र और राज्य सरकारो ने इतना ज्यादा पेपर और टैक्स और चार्ज लगा दिया है कि परिवहन व्यवसाय की स्थिति चरमरा चुकी है। अगर एक व्यावसायिक वाहन है तो उससे पहले से ही लगभग 8 से 9 किस्म के पेपर और चार्ज लिए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में हम इस नए चार्ज को देने के लिए तैयार नहीं है।
लेस्लीगंज आभूषण चोरी मामले का पुलिस ने किया उदभेदन दो गिरफ्तार, चोरी का आभूषण बरामद पलामू में अंतरर्राज्यीय गिरोह चोरी व लूट की घटना को दे रहे अंजाम : एसपी रीष्मा रमेसन एबीएन न्यूज नेटवर्क, लेस्लीगंज/मेदिनीनगर। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में 21 जून को अज्ञात लूटेरों द्वारा सोना महल दुकान के मालिक अरूण प्रसाद सोनी के मोटरसाइकिल के डिक्की से आभूषण का थैला चोरी कर भागने में सफल रहे थे। इसकी सूचना दुकानदार द्वारा लेस्लीगंज थाना को दिया गया। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेसन ने लेस्लीगंज एसडीपीओ मनोज झा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन कर मामले का उद्भेदन करने का निर्देश दिया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेसन ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस के अनुसंधान के क्रम में तथा तकनीकी शाखा के द्वारा पता चला कि चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लादी निवासी रामजीत शर्मा के घर में किराये पर कुछ लोग रह रहे हैं जिनकी गतिविधि संदिग्ध लग रही थी। इस आधार पर पुलिस सत्यापन हेतु कार्रवाई करते हुए किराये पर रह रहे लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। जिसमें हिरासत में लिये गये दोनों व्यक्ति आवला दुर्गा प्रसाद पिता आंवला प्रसाद ग्राम गुमड़ कोंडा थाना नातवरम जिला विशाखापतनम आंध्र प्रदेश तथा दूसरा आवला बलराम पिता आवला सुरेश ग्राम कोराटोली थाना असका जिला गंजम उड़ीसा ने लेस्लीगंज घटना में शामिल होने की बात स्वीकार करते हुए पुलिस को पूरी घटनाक्रम की जानकारी दिया। एसपी ने बताया कि अंतरर्राज्यीय गिरोह पलामू में सक्रिय है। इस गैंग में कई लोग शामिल हैं जो घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। साथ ही रेकी करनेवाले लोग किराये के मकान में ही रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों व्यक्ति लेस्लीगंज की घटना में रेकी किया था। जबकि लूट की घटना को अंजाम दो अन्य व्यक्ति द्वारा दिया गया था जो फरार हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों को निशानदेही पर एक किलो पैतीस ग्राम सोना तथा एक किलो 150 ग्राम चांदी के आभूषण , दो मोबाईल, एक मोटरसाइकिल एवं अन्य सामान बरामद किये गये हैं। उन्होंने कहा कि इसी गैंग के द्वारा मनिका में भी घटना को अंजाम दिया गया है। साथ ही इसी गैंग के द्वारा 19 जून 2023 को मुजफ्रपुर बिहार एवं नयागढ़ थाना क्षेत्र में भी इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है जिसमें ये लोग शामिल थे। प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मनोज कुमार झा, लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम राय व अन्य शामिल थे। छापेमारी दल में एसडीपीओ, थाना प्रभारी के साथ पुअनि बिक्रमशील, शहर थाना के सुबोध कुमार, सदर थाना के नबी अंसारी, आरक्षी बबन यादव, सतीश कुमार रवि व अन्य लोग शामिल थे।
झारखंड में अन्नपूर्णा देवी का कांग्रेस पर तीखा हमला टीम एबीएन, रांची। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार (25 जून) को आदित्यपुर स्थित आटो क्लस्टर में आयोजित भाजपा की प्रदर्शनी सभा और प्रेस वार्ता में कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को देश में लगाये गये आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय कहा जायेगा। जिसे देश कभी नहीं भूलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उस समय की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आधी रात को आपातकाल लागू कर देश को एक खुली जेल बना दिया था। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और नागरिक अधिकारों को कुचल दिया गया था। लोकतंत्र की हत्या कर दी अन्नपूर्णा देवी ने कहा, लाखों राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों को जेल में बंद कर दिया गया था। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने सत्ता के स्वार्थ में देश की जनता के साथ धोखा किया और लोकतंत्र की हत्या कर दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा इस काले अध्याय को आज के युवाओं तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन कर रही है, ताकि वे लोकतंत्र की कीमत और उसकी रक्षा का महत्व समझ सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण दशकों से लंबित नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब संसद से पारित हो चुका है। यह अधिनियम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करता है जो महिला नेतृत्व की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अब निर्णायक होगी। केंद्रीय मंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर पा रही है न ही विकास कार्यों को आगे बढ़ा पा रही है। राज्य में महिलाओं पर अत्याचार और अपराध बढ़ते जा रहे हैं लेकिन प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है। कहीं महिलाओं को टुकड़ों में काटकर बोरे में फेंका जा रहा है तो कहीं तेजाब से हमला हो रहा है, फिर भी अपराधी बेखौफ हैं और अधिकारी कुंभकर्णी नींद में। सरकार महिला सम्मान की परिभाषा ही नहीं समझती झारखंड सरकार की मैया सम्मान योजना पर टिप्पणी करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह केवल चुनावी स्टंट था। सरकार ने एक-दो बार राशि दी फिर योजना ठंडे बस्ते में चली गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला सम्मान की परिभाषा ही नहीं समझती और हर मोर्चे पर विफल है। उन्होंने राज्य की महिलाओं से अपील की कि वे सरकार के झूठे वादों से सावधान रहें। उन्होने कहा, जो कांग्रेसी भाजपा पर संविधान का हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं, उन्हें आपातकाल को याद कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को पूरे देश को जेल में तब्दील कर दिया था। असल मायने में लोकतंत्र की हत्या उन्होंने ही की थी। आज की युवा पीढ़ी को आपातकाल के काले दौर को जानना बेहद जरूरी है। राज्य में भ्रष्टाचार की गंगा बह रही वहीं केंद्रीय मंत्री ने झारखंड सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में हर तरफ भय और भ्रष्टाचार का माहौल कायम है। राज्य के सरकारी कार्यालय से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है। ना तो महिलाएं सुरक्षित हैं ना बेटियां सुरक्षित हैं। मैया सम्मान योजना को उन्होंने चुनावी जुमला करार दिया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मॉनसून सक्रिय है और लगातार असर दिखा रहा है। आज भी सुबह से कई इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 27 जून को रांची, लोहरदगा, खूंटी और लातेहार जिलों में वज्रपात और भारी बारिश की आशंका जतायी गयी है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सिमडेगा, गुमला और पश्चिम सिंहभूम जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है, जिसे लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान राज्य भर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। इधर, मौसम विभाग ने दो जुलाई तक रोज राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जतायी है। इसके अलावा, 29 जून को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा और लातेहार जिलों में भारी बारिश को लेकर आॅरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं रविवार को बोकारो, पलामू, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों में भी जोरदार बारिश का अनुमान है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण रांची समेत कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़कों पर जलजमाव से यातायात बाधित हो रहा है। कई घरों, दुकानों और मोहल्लों में पानी घुसने की घटनाएं सामने आयी हैं। साथ ही, बारिश के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ब्रेन स्ट्रोक से बायें हिस्से ने काम करना बंद किया; पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य निर्माण आंदोलन के अग्रणी नेता शिबू सोरेन कुछ दिनों से दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती है। उनके साथ सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन भी मौजूद हैं। पिछले 4 दिनों से वेंटिलेटर पर हैं दिशोम गुरू शिबू सोरेन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शिबू सोरेन की तबीयत में न कोई सुधार है और न ही कोई इंप्रूवमेंट है। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ है, जिससे उनके शरीर के बायीं ओर पैरालिसिस हो गया है। वह पिछले 4 दिनों से वेंटिलेटर पर हैं। पिता की तबीयत को लेकर हेमंत सोरेन दिल्ली में ही है। वह राजधानी रांची के ऐतिहासिक रथ यात्रा में शामिल भी नहीं हुए। वहीं, झारखंड में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने जाना हाल-चाल बीते गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गंगाराम अस्पताल में भर्ती शिबू सोरेन का हालचाल जाना। वहीं, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी दिल्ली जाकर सर गंगाराम अस्पताल में शिबू सोरेन से मुलाकात की। राज्यपाल ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और इलाज कर रहे डॉक्टरों से उनकी सेहत को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। गौरतलब है कि 81 वर्षीय शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। वे एक साल से डायलिसिस पर हैं और पहले भी उनकी बायपास सर्जरी हो चुकी है।
विश्वविद्यालय डिग्री बांटने वाला संस्थान नहीं, सामाजिक दायित्व का निर्वहन करने वाला भविष्य तैयार करें : शिल्पी नेहा तिर्की टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के 45वें स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। स्थापना दिवस पर कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय भवन का उद्घाटन भी मंत्री के हाथों किया गया। इसी साल कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय को मान्यता मिली है। मौके पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि विश्वविद्यालय डिग्री बांटने वाला संस्थान नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व का निर्वहन करने वाला भविष्य को तैयार करने का काम करें। ये शिक्षा असल में अपने समाज, अपने राज्य और अपने देश के हित में होगा। उन्होंने कहा कि बिरसा कृषि विश्वविधालय की परिकल्पना उस वक्त की गयी थी जब देश में हरित क्रांति का दौर चल रहा था। किसानों को विज्ञान और तकनीक के साथ जोड़ने की ये महत्वपूर्ण शुरुआत थी। विश्वविद्यालय के निर्माण में बाबा कार्तिक उरांव की अहम भूमिका हम सबके के लिए गौरांवित करने वाला है।
उप विकास आयुक्त मनरेगा एवं ग्रामीण आवास की प्रगति की समीक्षा की एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन आज समाहरणालय के ब्लॉक-सी स्थित सभागार में मनरेगा एवं ग्रामीण आवास की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। अबुआ आवास योजना के कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त का भुगतान होने के पश्चात 60 या उससे अधिक दिनों से लंबित प्लिंथ, लिंटर एवं पूर्ण आवास का जियो टैग अधिक-से-अधिक संख्या में करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के वित्तीय वर्ष 2024 -25 अंतर्गत 1370 लंबित स्वीकृति गैप को 02 दिनों के अंदर समाप्त करने हेतु निदेशित किया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2016-22 ढट-खअठटअठ अबुआ आवास योजना वित्तीय वर्ष 2023- 24 एवं 2024-25 की गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा के क्रम में फेज 1 अंतर्गत चयनित ग्राम का संशोधन करने का निर्देश दिया। साथ ही फेज 2 अंतर्गत चयनित ग्राम का सर्वे, प्रपत्र की प्रविष्टि करते हुए अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला औसत से कम मानव दिवस सृजन करने वाले प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्धारित मानव दिवस को पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं मनरेगा से आवास योजनआ में कम मास्टर रोल निर्गत होने की स्थिति में आवास की योजनाओं में मास्टर रोल निर्गत करते हुए मजदूर को कार्य आवंटित करने का निर्देश दिया।मनरेगा अंतर्गत लंबित योजनाओं को अभिलंब पूर्ण कराते हुए टकर में बंद करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चयनित आम बागवानी की योजना में शत प्रतिशत गड्ढा खुदाई एक सप्ताह में करने का निर्देश दिया गया। बिरसा सिंचाई कूप अंतर्गत जिन कूपों में जोड़ाई का कार्य किया जा रहा है, उसे द्रुत गति से कराते हुए जोड़ाई कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही बारिश के मद्देनजर जिन कूपों की खुदाई अब तक नहीं की गयी है, वैसे कूप में अब गड्ढा खुदाई की कार्य नहीं करने का निर्देश दिया गया। वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना को अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। आंगनबाड़ी योजना अंतर्गत जिन आंगनबाड़ी में अबतक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, वैसे 31 आंगनबाड़ी को चिन्हित करते हुए अविलंब कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। भूमि विवाद की स्थिति में प्रखंड विकास पदाधिकारी को अविलंब निष्पादन कराते हुए कार्य आरम्भ कराने का निर्देश दिया। बैठक में मनरेगा के परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक, जिला प्रशिक्षण समन्वयक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, आवास के प्रखंड समन्वयक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के प्रखंड समन्वयक आदि उपस्थित थे।
मादक पदार्थों का सेवन गलत कार्य : उपायुक्त स्वास्थ्य व परिवार पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है नशा : पुलिस अधीक्षक निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध पलामू में मैराथन दौड़ का आयोजन विश्व मादक पदार्थ निषेध दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन गलत कार्य है। जानकारी के बावजूद लोग इसके आगोश में आ रहे हैं। दूसरे की देखा-देखी में लोग मादक पदार्थो/नशा का सेवन करने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। देखते-ही-ही देखते नशे की आदि हो जाते हैं, जिससे बाहर निकलना बहुत ही मुश्किल होता है। नशे की लत से स्वयं के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार एवं समाज पर प्रतिकूल असर पड़ता है। ऐसे में सभी को नशे की लत से बचने की आवश्यकता है। उपायुक्त निषिद्ध मादक पदार्थों के विरूद्ध चल रहे राज्यव्यापी जागरूकता अभियान एवं विश्व मादक पदार्थ निषेध दिवस के अवसर पर आज पलामू में आयोजित मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर रहीं थी। उपायुक्त ने कहा कि जैसा अपने आसपास के लोग करते हैं। वैसा ही प्रभाव लोगों पर पड़ता है। ऐसे में सभी की जिम्मेवारी है कि लोगों को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मादक द्रव्यों की सेवन से कोई बड़ा व्यक्ति नहीं बनता है। उन्होंने मादक द्रव्यों का सेवन नहीं करने की अपील सभी से की। पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने नशा मुक्ति अभियान के तहत मैराथन दौड़ की समाप्ति के अवसर पर स्थानीय पुलिस लाइन स्टेडियम में आयोजित सभा में मैराथन दौड़ में शामिल सभी पदाधिकारी, कर्मी, मीडिया प्रतिनिधि एवं आमलोगों को धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। नशा मुक्ति का अभियान हमेशा जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज में यह संदेश फैलना चाहिए कि युवा एवं समाज के अन्य व्यक्ति नशा का सेवन नहीं करें। उन्होंने कहा कि नशे की सेवन से व्यक्ति के स्वास्थ्य व परिवार पर बुरा प्रभाव पड़ता है। साथ ही एक बार नशा की आदत बन जाने से निकालना बहुत ही मुश्किल होता है। उन्होंने पलामू में अवैध तरीके से अफीम की खेती होने पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि पलामू के कुछ प्रखंडों में अफीम की खेती होने की शिकायत मिलते रही है, जिसे पुलिस द्वारा नष्ट करने की लगातार कार्रवाई की जाते रही है। उन्होंने सभी से अपील किया कि अफीम की खेती नहीं करें। इससे उनके ही समाज एवं परिवार पर गलत प्रभाव पड़ता है। हरी झंडी दिखाकर किया रवाना समाहरणालय से पुलिस लाइन के लिए आयोजित मैराथन दौड़ को पलामू उपायुक्त समीरा एस एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन समाहरणालय भवन परिसर से संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन दौड़ में स्वयं भी शामिल हुए। मैराथन दौड़ शहीद चौक, छह मुहान, अस्पताल चौक, भारत माता चौक (साहित्य समाज चौक) होते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर सभा में तब्दील हो गयी। सभा में नशा मुक्ति के दुष्प्रभाव से बचने हेतु सभी को मार्गदर्शन किया गया। नशा मुक्ति की शपथ दिलायी गयी निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रहे जागरूकता अभियान के तहत मैराथन दौड़ शुरू होने के पूर्व समाहरणालय भवन में उपायुक्त ने सभी उपस्थितों को नशा मुक्ति की शपथ दिलायी। सभी से देश की चुनौती को स्वीकार करते हुए आज नशा मुक्त प्रदेश अभियान के अन्तर्गत एकजुट होकर न केवल स्वयं को बल्कि समुदाय, परिवार, मित्र को भी नशा मुक्त कराने, अपने प्रदेश को नशा मुक्त करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हर सम्भव प्रयास करने की शपथ दिलायी। प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत मैराथन दौड़ में शामिल प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। पुलिस लाइन स्टेडियम में आयोजित सभा के दौरान उपायुक्त समीरा एस एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने शिल्ड एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। जिन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया, उनमें बालक वर्ग में प्रथम रहे बाबूलाल चौधरी, द्वितीय कुंदन कुमार एवं तृतीय मुकेश कुमार शामिल हैं। वहीं बालिका वर्ग में पूजा कुमारी प्रथम, रूपाली यादव द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे अंशु कुमारी को पुरस्कृत किया गया। 10 जून से शुरू है अभियान निषिद्ध मादक पदार्थों के विरूद्ध 10 जून से जागरूकता अभियान शुरू है। पलामू उपायुक्त समीरा एस के निदेशानुसार तिथिवार जारी कार्ययोजना के अनुसार जिले में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन अभियान के दौरान किया गया। इसके तहत आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं माध्यमिक/ उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही विभिन्न पंचायतों के गांवों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के एलईडी वैन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के अंतिम दिन भी कई कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया।
टीम एबीएन, रांची। आज झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ के मैकी रोड, रांची स्थित कार्यालय में संघ के सदस्यों के लिए रांची नगर निगम के सहयोग द्वारा टैक्स कलेक्टर उदय कुमार और विनय कुमार की उपस्थिति में ट्रेड लाइसेंस नवीकरण एवं नए आवेदन हेतु कैंप लगाया गया। संघ के मानद सचिव हैप्पी किगर ने बताया आज कैंप में संघ के 25 से ज्यादा सदस्यों ने लाइसेंस नवीकरण और आवेदन की प्रक्रिया को साझा किया। कई सदस्यों ने नई लाइसेंस के लिए आवेदन भी दिया। किंगर ने बताया सदस्यों के आग्रह पर एक जगह संघ कार्यालय में ट्रेड लाइसेंस नवीकरण की व्यवस्था रखी गई थी। आज कैंप में मुख्य रूप से संघ के अध्यक्ष उमाशंकर कनोड़िया, उपाध्यक्ष महेश बजाज, अमर चंद बेगानी कोषाध्यक्ष सौरव कटारुका, पूर्व सचिव प्रमोद सारस्वत सहित संघ के कई सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी मानद सचिव हैप्पी किंगर ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.