पलामू में नक्सलियों से मुठभेड़ में 2 जवान शहीद, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक... घायल के लिए की प्रार्थना एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। झारखंड के पलामू जिले में बुधवार देर रात को प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के एक अलग समूह टीएसपीसी के सदस्यों के साथ मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गये और एक अन्य घायल हो गया। वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ने पलामू के मनातू क्षेत्र अंतर्गत केदल जंगल में विशेष आपरेशन अभियान के दौरान पुलिस के दो जवान संतन मेहता और सुनील राम के शहीद होने पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि पलामू के मनातू क्षेत्र अंतर्गत केदल जंगल में विशेष आपरेशन अभियान के दौरान पुलिस के दो जवान संतन मेहता और सुनील राम का शहीद होना अत्यंत पीड़ादायक है। मरांग बुरु दिवगंत वीर शहीदों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दु:ख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। अभियान में घायल एक अन्य जवान को चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जा रहा है। घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। बता दें कि केदल गांव में टीएसपीसी कमांडर शशिकांत गंझू और उसके दल की मौजूदगी की सूचना के आधार पर अभियान शुरू किया गया। जैसे ही सुरक्षा दल मौके पर पहुंचा, टीएसपीसी सदस्यों ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में तीन जवान गोली लगने से घायल हो गये। उन्हें तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया और घायल पुलिसकर्मी का इलाज किया जा रहा है।
हेमंत सरकार के लिए महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार कोई मुद्दा नहीं : प्रदीप वर्माटीम एबीएन, रांची। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश महामंत्री एवम सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने कहा कि झामुमो सस्ती लोकप्रियता के लिए अपनी पीठ खुद थपथपाने में लगा है। उन्होंने कहा कि झामुमो एक ओर विस्थापन आयोग और साहित्य कला अकादमी के नाम पर हेमंत सरकार की प्रशंसा करने में जुटी है लेकिन इस सरकार केलिए महिलाओं की सुरक्षा ,बहन बेटियों की इज्जत आबरू बड़ा मुद्दा नहीं है। इसीलिए पिछले 6 वर्षों से सत्ता में रहा झामुमो अबतक महिला आयोग गठित करने केलिए सरकार को बाध्य नहीं कर सकी। ऐसे भी इंडी गठबंधन में महिलाओं के प्रति क्या नजरिया है यह राज्य की जनता से छुपा हुआ नहीं है।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 3 सितंबर 2025 को वन बंधु परिषद के राष्ट्रीय संगठन के पांचवें सत्र का उद्घाटन रांची के बीएनआर होटल में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति समीरजी लोहिया उपस्थित रहे। वनबंधु परिषद के अनेक पदाधिकारी 34 राष्ट्रव्यापी महिला समिति के 250 सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित थे। मंच संचालन सचिव अंजलि तापड़िया कर रही थीं तथा वानबंधु परिषद के संस्थापक प्रणेता श्यामजी गुप्त आशीर्वाद देने हेतु विशेष रूप से उपस्थित रहे।ईस्ट जोन चैप्टर के चेयरपर्सन रमेश धरणीधरका ने सभी आयामों से आये हुए सदस्यों का स्वागत किया तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष विनीता जाजू ने महिलाओं का वात्सल्य शक्ति और क्षमताओं के माध्यम से संगठन में किस तरह से कार्य हो रहा है पर प्रकाश डाला।राष्ट्रीय एकल युवा की युवा को-आर्डिनेटर रासु जैन ने अपने वक्तव्य में गुरुकुल द्वारा संस्कार शिक्षा एवं बस्तियों में राष्ट्रीय चेतना पर बल दिया तथा वनबंधु परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेशजी माहेश्वरी ने महिला समिति की सुंदर-सुव्यवस्थित एवं अनुशासित बैठकों को प्रेरणादायी बताया। साथ ही कहा कि उनके कार्य गांव-गांव में ग्रामीण शिक्षित और आत्मनिर्भर बन रहे हैं।मुख्य अतिथि समीर लोहिया ने एकल अभियान को एक विलक्षण संस्था कहा साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेशजी माहेश्वरी ने श्यामजी गुप्त के योगदान को रेखांकित करते हुए उनकी उपस्थिति का गौरव का क्षण बताया।आज के कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला समिति की सहसचिव रेनू कनोडिया ने सभी को धन्यवाद करते हुए आज सत्र की समाप्ति की घोषणा की। उक्त जानकारी वनबन्धु परिषद् रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार (9835331112) ने दी।
टीम एबीएन, रांची। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि भारत में प्रतिवर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यह दिन डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जो एक महान शिक्षक, दार्शनिक, विचारक और भारत के द्वितीय राष्ट्रपति थे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और हमेशा शिक्षकों की भूमिका को समाज की रीढ़ माना। जब डॉ राधाकृष्णन राष्ट्रपति बने, तो उनके कुछ शिष्यों और मित्रों ने उनके जन्मदिवस को विशेष रूप से मनाने की इच्छा व्यक्त की। इस पर उन्होंने कहा, यदि आप मेरा जन्मदिन मनाना ही चाहते हैं, तो उसे शिक्षक दिवस के रूप में मनाइए। तभी से 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई, जो आज तक चली आ रही है। शिक्षक दिवस का उद्देश्य केवल शिक्षकों को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि शिक्षा के महत्व को रेखांकित करना भी है। एक अच्छा शिक्षक न केवल ज्ञान देता है, बल्कि जीवन के मूल्यों, नैतिकता और अनुशासन की शिक्षा भी देता है। वह छात्र के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दिन देश भर के विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। छात्र शिक्षकों के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते हैं, भाषण प्रतियोगिताएं होती हैं और कई स्थानों पर छात्र प्रतीकात्मक रूप से शिक्षक की भूमिका निभाते हैं। इससे छात्र और शिक्षक के बीच संबंध और अधिक सशक्त होता है। आज के बदलते समय में भी शिक्षक का महत्व कम नहीं हुआ है। हालांकि तकनीकी युग में शिक्षा के स्वरूप में बदलाव आया है, फिर भी एक प्रेरणादायक शिक्षक की भूमिका को कोई मशीन या तकनीक नहीं ले सकती। एक सच्चा शिक्षक न केवल पाठ्यक्रम पढ़ाता है, बल्कि अपने आचरण और विचारों से छात्रों को जीवन में सफल बनने की दिशा दिखाता है। शिक्षक दिवस न केवल एक उत्सव है, बल्कि यह हमें उस महान परंपरा की याद दिलाता है जहां गुरु को गोविंद से भी ऊपर स्थान दिया गया है। यह दिन हमें अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और शिक्षा की गरिमा को बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
जीएसटी परिषद के फैसलों से पहले बाजार में हरियालीएबीएन बिजनेस डेस्क। जीएसटी परिषद के फैसलों से पहले निवेशकों ने बाजार पर भरोसा जताया। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 409.83 अंक या 0.51 प्रतिशत उछलकर 80,567.71 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 666.68 अंकों के उतार-चढ़ाव के साथ 80,671.28 के उच्च स्तर और 80,004.60 के निम्न स्तर तक गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 135.45 अंक या 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,715.05 पर आ गया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया अपने सर्वकालिक निम्नतम स्तर से 9 पैसे सुधरकर 88.06(अनंतिम) पर बंद हुआ। सकारात्मक घरेलू शेयर बाजार, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और कमजोर डॉलर सूचकांक के कारण बुधवार को यह सुधार देखने को मिला। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार शुल्क चिंताओं के कारण विदेशी पूंजी की लगातार निकासी के बीच रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर के करीब कारोबार कर रहा है।
सीएम हेमंत ने झारखंड वासियों को दी करमा पर्व की शुभकामनाएं, कहा- हमारे पूर्वजों द्वारा हमें दिया गया अद्वितीय उपहारटीम एबीएन, रांची। करमा पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड वासियों को बधाई दी है। सीएम हेमंत ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि प्रकृति पूजा करम पर्व की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं, बधाई और जोहार।करम पर्व समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और जीवनशैली का प्रतीकसीएम हेमंत ने कहा कि करम पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और जीवनशैली का प्रतीक है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट संबंध, सामाजिक समरसता तथा प्रकृति के प्रति हमारी गहरी आस्था और कृतज्ञता को दशार्ता है। हमारे पूर्वजों द्वारा हमें दिया गया अद्वितीय उपहार है यह। इस दिन पूजा कर हम सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और स्वस्थ समाज की मंगलकामना करते हैं।लोगों की खुशहाली के लिए की कामनासीएम हेमंत ने आगे कहा कि जल, जंगल, माटी और जीव-जंतुओं से हमारा जीवन गहराई से जुड़ा हुआ है। करम पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन और समाज के सतत विकास का संदेश देता है। आइए, इस पावन अवसर पर हम सब मिलकर अपने रीति-रिवाजों, परंपराओं को सहेजने, समाज को सशक्त करने और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लें। आप सभी का जीवन सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली से परिपूर्ण हो, यही कामना करता हूं। करम जोहार!बहनें अपनी भाईयों की लंबी उम्र के लिए रखती व्रतबता दें कि प्रकृति करमा पर्व भाद्र मास की एकादशी तिथि को मनाया जाता है। इस बार करमा पूजा आज यानी 3 सितंबर को की जायेगी। इस अवसर पर आदिवासी करमा पेड़ की पूजा करते हैं और प्रकृति मां से प्रार्थना करते हैं कि खरीफ सीजन के बाद समृद्ध फसल सुनिश्चित हो। इसके अलावा बहनें इस अवसर पर अपने भाइयों की सलामती के लिए प्रार्थना करती हैं। साथ ही बहनें अपनी भाईयों की लंबी उम्र के लिए व्रत करती हैं।
कतरास शाखाटांड़ में बड़े पैमाने पर बाउंड्री वाल के अंदर चलाया जा रहा है कोयला का अवैध कारोबारएबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार को पत्र लिखकर कहा कि कतरास क्षेत्र अंतर्गत शाखाटांड़ में अवैध कोयले का गढ़ बन गया है। दिनदहाड़े ट्रकों में लोड होकर अवैध कोयला भट्टे में खपाया जा रहा है। कोल भट्ठा के पीछे में बनी बाउंड्री वॉल के अंदर साइकिल और मोटरसाइकिल से कोयला इकट्ठा कर रोजाना 3-4 ट्रक कोयले से लदा ट्रक अवैध भट्ठे में भेजा जा रहा है। कोयला तस्कर यादव का अवैध कोयला कारोबार चल रहा है। यादव जी स्थानीय सीआईएसएफ की मिलीभगत से खुलेआम कोयला का अवैध कारोबार चला रहे हैं, जिससे कतरास के थाना प्रभारी की भी छवि धूमिल करने का प्रयास करते आ रहे हैं। अगर समय रहते इस कोयला माफिया पर कार्रवाई नहीं होती है, तो ऐसे ही खुलेआम कोयला तस्करी होती रहेगी और सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाते रहेंगे। इसलिए आपसे अनुरोध है कि अपने स्तर से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का कृपा करेंगे ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।
महज 200 रुपये के उधार में दोस्त ने दोस्त की कर दी हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरीडीह। जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में महज 200 रुपये के उधार को लेकर एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने इस हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि बीते 31 अगस्त को मुंड्राडीह गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान जमालुद्दीन अंसारी के पुत्र अनाउल अंसारी को चाकू मार दिया गया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी टीम गठित की गयी, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुंड्राडीह गांव निवासी बसीर अंसारी का पुत्र 40 वर्षीय मकसूद अंसारी को अशगंधों के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने महज 200 रुपये की उधारी को लेकर अपने दोस्त की हत्या की।एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जानकारी मिल रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। इधर, मृतक के परिजनों ने जिला प्रशासन से सरकारी सहायता की मांग की है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने एक्स पर कोयला मंत्री, विधायक रागिनी सिंह, झारखंड पुलिस, धनबाद पुलिस को ट्विट कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने लिखा कि कतरास क्षेत्र अंतर्गत शाखाटांड़ में कोयला भट्ठे में पीछे एक बाउंड्री वाल के अंदर बड़े पैमाने पर अवैध कोयला संचालित किया जा रहा है। कोयला तस्कर यादव बड़े पैमाने पर कोयला का अवैध कारोबार चला रहे हैं। बाउंड्री वाल के अंदर साइकिल ओर मोटरसाइकिल से कोयला जमा किया जाता है और फिर उस कोयला को रात्रि में ट्रकों में लोड कर अवैध भट्ठे में खपाया जाता है। स्थानीय सीआईएसएफ की मिलीभगत से अवैध कोयला कारोबार को चलाया जा रहा है। अगर समय रहते इस अवैध कोयला कारोबार पर रोक नहीं लगायी गयी, तो ऐसे ही खुलेआम कोयला तस्करी होती रहेगी, जिससे बीसीसीएल और राजस्व को नुकसान होता रहेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.