खेतों की फसलें भी किया बर्बाद टीम एबीएन, रांची। रांची के ओरमांझी इलाके में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक जंगली हाथी अपने झुंड से भटककर रिहायशी क्षेत्र में जा पहुंचा। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने पहले चकला गांव के कई खेतों में घुसकर फसलों को रौंद डाला और फिर शोर मचाने पर दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया। दोनों को चोटें आयी हैं। राहत की बात है कि दोनों खतरे से बाहर हैं। गांव में हाथी के घुसने की खबर फैलते ही हुजूम उमड़ पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गयी। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी को जंगल की ओर वापस भेजने के प्रयास जारी हैं। ग्रामीणों से अपील की गयी है कि वे घरों से बाहर न निकलें और हाथी के पास जाने या उसे उकसाने की कोशिश न करें। एहतियातन इलाके में पुलिस बल और वनकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती कर दी गयी है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में अक्सर हाथी भोजन और पानी की तलाश में जंगलों से आबादी वाले इलाकों की ओर भटक आते हैं। पिछले कुछ हफ्तों में रांची, गुमला, लोहरदगा और खूंटी जिलों में भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड में हाथियों के झुंड ने धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया था। वहीं, लोहरदगा के भंडरा इलाके में एक व्यक्ति की हाथी के हमले में मौत हो गयी थी। विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रामीण बस्तियों के लगातार जंगलों के करीब फैलने और जंगलों में खाद्य संसाधनों की कमी के कारण यह संघर्ष बढ़ रहा है। वहीं प्रशासन और वन विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं ताकि ग्रामीण समय रहते सुरक्षित स्थानों पर चले जायें और ऐसी घटनाओं से जन-धन की हानि रोकी जा सके। ओरमांझी में फिलहाल हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की है।
धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर लगी आग, ऊपर उठने लगीं तेज लपटें; कुछ देर के लिए मची अफरा-तफरी एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर लगे रेलवे शोपीस के पास अचानक आग लग गयी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। घटना के समय स्टेशन के बाहर भारी भीड़ मौजूद थी। जानकारी के अनुसार, धनबाद रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने पार्किंग क्षेत्र में कोयले की आकृति में एक स्टेचू बनाया गया था, जिसे चारों ओर ग्रिल से घेराबंदी की गयी थी। अचानक इस स्टेचू में आग लग गयी और देखते ही देखते लपटें ऊपर उठने लगीं। आग बुझाने के लिए रेलवे कर्मचारी और रेल पुलिस के जवान दौड़े। पार्किंग एरिया में मौजूद लोग भी मदद को आगे आये, लेकिन वहां पानी का पर्याप्त इंतजाम नहीं था।स्टेशन के गेट के पास ही आग पर काबू पाने के लिए बाल्टी में बालू रखा गया था, जिसे फेंककर आग की तीव्रता को कम किया गया। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पाया गया। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि कोयले की इस आकृति में थर्मोकोल और अन्य ज्वलनशील सामग्री का उपयोग किया गया था, जो आग के संपर्क में आते ही धधक उठी। प्राथमिक आशंका जतायी जा रही है कि कोई सिगरेट या अन्य ज्वलनशील वस्तु स्टेचू क्षेत्र में फेंकी गयी हो, जिससे आग लगी।
तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 1 की मौत...2 घायल एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के जरूआ गांव के पास बलेनो कार ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये। भागने के क्रम में पेड़ में टक्करायी बलेनो पुलिस सूत्रों ने बताया कि जरूआ गांव के पास बलेनो गाड़ी चालक नाबालिक युवक ने एक मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल सवार जमाल अंसारी और तमन्ना परवीन सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाने के क्रम में तमन्ना परवीन की मौत रास्ते में ही हो गयी। दुर्घटना के बाद बलेनो चालक भागने के क्रम में एक पेड़ में टक्कर मार दी, जिसके कारण बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच कर रही है।
टीम एबीएन, रांची। रांची प्रेस क्लब के चुनाव में अध्यक्ष पद पर शंभूनाथ चौधरी एवं सचिव पद पर अभिषेक सिन्हा की जीत पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता एवं झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव सहित सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। संजय सर्राफ ने सबों को बधाई देते हुए कहा कि रांची प्रेस क्लब राज्य के पत्रकारों का एक सशक्त और प्रतिष्ठित मंच है, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि शंभूनाथ चौधरी एवं अभिषेक सिन्हा के नेतृत्व में प्रेस क्लब नयी ऊंचाइयों को छुएगा और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा पेशेवर विकास के लिए निरंतर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से समाज को यह अपेक्षा है कि वे निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देंगे। साथ ही पत्रकारों के हितों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठायेंगे। संजय सर्राफ ने सभी विजयी प्रत्याशियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रेस क्लब को और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं जनहितकारी संस्था बनाने का आह्वान किया।उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया और समाज के बीच सेतु का कार्य करने में प्रेस क्लब की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नयी कार्यकारिणी से यह उम्मीद है कि वह पत्रकारों की एकता बनाए रखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावशाली बनायेगी। संजय सर्राफ ने पुन: सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका नेतृत्व रांची प्रेस क्लब के लिए सकारात्मक परिवर्तन और नयी उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
कई प्रकोष्ठों का किया गया गठन, सदस्यता अभियान चलाया जायेगाटीम एबीएन, रांची। उड़ान आई ए एस एकेडमी मां पार्वती कंपलेक्स में हिंदी साहित्य भारती की रांची इकाई की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य भारती के केन्द्रीय महामंत्री रामनिवास शुक्ल और विशिष्ट अतिथि के रूप में डा वासुदेव प्रसाद उपस्थित थे। श्री शुक्ल ने संस्था के उद्देश्यों की चर्चा करते हुए कहा कि संस्था के सदस्यों की संख्या में वृद्धि हेतू प्रयास किया जाए। साथ ही विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों का चयन किया जाए, उन्होंने हिंदी साहित्य भारती द्वारा संगोष्ठी, कवि सम्मेलन, महापुरुषों एवं साहित्यकारों की जयंती तथा अन्य रचनात्मक व सामाजिक कार्यों को कराने पर जोर दिया। डॉ बासुदेव प्रसाद ने हिंदी साहित्य भारती द्वारा किये जा रहे कार्यों की भूरि भूरि प्रशंसा की।बैठक की अध्यक्षता करते हुए रांची जिला हिंदी साहित्य भारती के अध्यक्ष बलराम पाठक ने कहा हिंदी साहित्य भारती की रांची इकाई की बैठक मासिक होगी। एवं संगठन को मजबूत एवं विस्तार करने हेतु वृहद स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, तथा सदस्यों की संख्या बढ़ाने हेतु हर संभव प्रयास करेंगे। हिंदी साहित्य भारती के कार्यक्रम महाविद्यालयों के हिंदी विभाग में आयोजित किया जाएं। ताकि विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए। आज की बैठक में ममता मनीष सिन्हा को काव्य मंच प्रकोष्ठ प्रभारी, विशाल कुमार को शिक्षक प्रकोष्ठ अध्यक्ष तथा डॉ ओमप्रकाश को शिक्षक मंच प्रभारी के रूप में चयनित किया गया। बैठक में जिला सचिव सुकुमार झा, कोषाध्यक्ष त्रिपुरेश्वर नाथ मिश्र, निशांत कुमार पाठक, डॉ ममता मनीष सिन्हा, डॉ ओम प्रकाश, विशाल कुमार, सहित कई सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ ने दी।
लोहरदगा में रफ्तार का कहर, बोलेरो की टक्कर से दो लोगों की मौतएबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कुडू थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ पर रविवार को एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने दो लोगों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई थी। घटना में चारपहिया वाहन चालक भी घायल हुआ है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।घटना उस वक्त हुई जब दुकानदार दुकान खोल रहे थे। किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला। देखते ही देखते कोहराम मच गया। लोहरदगा-रांची मुख्य पथ में कुडू थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी वजह से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की रांची में इलाज के क्रम में मौत हो गई। वहीं घटना में बोलेरो का चालक भी घायल हुआ है। घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर किया गया है।मृतक की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के कुडू मस्जिद चौक निवासी सुरेश साहू के 39 वर्षीय पुत्र जेनरल स्टोर के मालिक सत्येंद्र साहू और रांची के श्री मां ट्रांसपोर्ट के चालक बिहार के गया जिला के केवला निवासी 45 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के हाता टोली निवासी संतोष सिंह के पुत्र बोलेरो चालक 25 वर्षीय पिंटू सिंह के रूप में हुई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सत्येंद्र साहू कुडू मस्जिद चौक के रहने वाला है। वह कुडू ब्लॉक मोड़ स्थित अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचा था। उसने अपनी मोटरसाइकिल को दुकान के बाहर खड़ी कर दुकान की ओर बढ़ा ही था कि तेज रफ्तार बोलेरो ने सत्येंद्र को टक्कर मार दी। जिससे सत्येंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ दूरी पर बैठे हुए ट्रांसपोर्ट वाहन के चालक राजेश यादव को भी टक्कर मार दी। जिससे राजेश यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।इस घटना में राजेश और पिंटू सिंह को भी चोट आई है। जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर किया गया था। रांची रिम्स ले जाने के बाद राजेश यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि पिंटू सिंह का इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है।
दो बड़ी डकैती और लूट की वारदातों का पुलिस ने किया खुलासाएबीएन न्यूज नेटवर्क, चाईबासा। चाईबासा से एक बड़ी खबर सामने आई है।। जिले की पुलिस ने अवैध हथियार के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए डकैती और लूट की दो बड़ी वारदातों का एक साथ खुलासा किया है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) चाईबासा बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।एसडीपीओ ने बताया कि 13 दिसंबर 2025 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी चक्रधरपुर से चाईबासा की ओर एक आल्टो कार में अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया। टीम ने ग्राम शारदा के पास संदिग्ध आल्टो कार को रोककर तलाशी ली।तलाशी के दौरान आरोपी सरोज बोदरा के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई, जबकि कार की डिक्की से एक और देशी कट्टा मिला। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, 7200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त आल्टो कार को भी जब्त किया गया है।गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने 8 दिसंबर को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में हुई डकैती की घटना और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आपराधिक कड़ियों को खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।
नक्सलियों की नापाक साजिश, IED ब्लास्ट में कोबरा बटालियन के दो जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रांची लाये गयेटीम एबीएन, रांची। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल से एक बार फिर नक्सली हिंसा की बड़ी खबर सामने आई है। नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट हुआ है, जिसमें कोबरा 209 बटालियन के दो जवान घायल हो गए। घायल जवानों की पहचान अलख दास और नारायण दास के रूप में की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सारंडा जंगल के बालिवा क्षेत्र में उस वक्त हुई, जब सुरक्षा बल नक्सल विरोधी अभियान के तहत इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान पहले से लगाए गए आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर दोनों जवान घायल हो गए।घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची भेजे जाने की व्यवस्था की गई है। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने आईईडी विस्फोट की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जवानों का इलाज रांची स्थित राज अस्पताल में किया जाएगा।आईईडी विस्फोट के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता और बढ़ा दी है। नक्सलियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं, ताकि क्षेत्र में किसी भी तरह की दूसरी घटना को रोका जा सके और नक्सलियों पर निर्णायक कार्रवाई की जा सके।
8 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने किये दर्शन, भजन- संध्या मे खूब झूमे भक्तगणटीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग मे श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में 242 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया। आज का श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा ट्रस्ट के सदस्यों के सौजन्य से आयोजित किया गया। श्री राधा कृष्ण जी का दिव्य अलौकिक श्रृंगार किया गया। तत्पश्चात मेवायुक्त केसरिया खीर महाप्रसाद का विधिवत भोग दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा लगाई गई, तथा मंदिर परिसर में उपस्थित 4 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। तत्पश्चात भजन- संध्या के कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी द्वारा श्री राधा कृष्ण, श्री श्याम प्रभु पर आधारित गाए मनमोहक सुमधुर भजनों श्रोताओं को खूब झुमाया तथा श्री राधा कृष्ण के जयकारा से पूरा वातावरण कृष्णमय एवं भक्तिमय बन गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गई। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि आज श्री राधा कृष्ण मंदिर में आठ हजार से अधिक श्रद्धालुओं में दर्शन किये। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, पूरणमल सर्राफ, नंदकिशोर चौधरी, प्रभास गोयल, सुरेश अग्रवाल, विशाल जालान, मनीष सोनी, संजय सर्राफ, धीरज गुप्ता, परमेश्वर साहू, हरीश कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.