टीम एबीएन, रांची।झारखंड में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार काफी कम हो गयी है। बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीज ठीक भी हो रहे हैं। अब एक्टिव केस की संख्या घट कर पांच हजार के करीब पहुंच गयी है। 31 जनवरी को राज्य में जहां 52,435 सैंपल की जांच में 638 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, वहीं धनबाद में कोरोना से एक मौत भी हुई है। हलांकि, राज्य में 1,874 कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं, जिसके बाद झारखंड में एक्टिव केस की संख्या 5,258 बची है। सोमवार, 31 जनवरी को राज्य के 24 में से 21 जिलों में कोरोना के नए केस मिले हैं। लातेहार, गिरिडीह और जामताड़ा ऐसे तीन जिले रहे जहां 31 जनवरी को कोई केस नहीं मिला है। 31 जनवरी 2022 को जहां- जहां नए केस मिले हैं। उसमें सबसे ज्यादा, 226 नए केस जमशेदपुर में मिले हैं। वहीं रांची में 165 नए कोरोना संक्रमित की पहचान हुई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को जमशेदपुर में 226, रांची में 165, पश्चिमी सिंहभूम में 47, दुमका में 37, चतरा में 29, बोकारो में 24, धनबाद में 21, कोडरमा में 16, देवघर में 13, सिमडेगा में 10, लोहरदगा में 9, गोड्डा और गुमला में 8-8, पलामू में 7, रामगढ़ में 4, गढ़वा, हजारीबाग और पाकुड़ में 3-3, साहिबगंज और सरायकेला खरसावां में 2-2 और खूंटी में 1 नए कोरोना केस की पुष्टि हुई है।
टीम एबीएन, दुमका। ग्रामीण विकास विभाग में कार्यरत दीप कुमार श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई है। वह विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। घटना नगर थाना के शिव मंदिर रोड की है। दीप का शव जिस घर में वह रहते थे उसी के सामने सड़क के किनारे मिला है। उसके सर और चेहरे पर काफी खून बिखरा हुआ है। दुमका नगर थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार मौके पर पहुंच गए हैं और जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दीप कुमार 2 साल से दुमका में कार्यरत थे। वह मूल रूप से रांची के रातू रोड के रहने वाले थे। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही कुछ विशेष कहा जा सकता है। मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है कि कल शाम से वो किनके संपर्क में थे।
झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बुधवार यानी 2 फरवरी से मौसम में बदलाव दिखेगा। राजस्थान में बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के विभिन्न जिलों में बारिश होगी। मौसम विभाग ने 3 फरवरी को राज्य के उत्तर पूर्वी संथाल, कोल्हान मध्य छोटनागपुर और दक्षिणी कोल्हान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश के साथ लगातार ठंडी हवा भी चलेगी। मौसम का मिजाज बुधवार यानी 2 फरवरी से बदलेगा। बारिश के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिकों ने 5 फरवरी के बाद मौसम साफ होने की संभावना भी जताई है। राज्य के उत्तर पूर्वी और दक्षिणी कोल्हान में 3 फरवरी को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसको लेकर फरवरी के पहले सप्ताह में मौसम में बदलाव की संभावना है। ऐसी संभावना है कि इस बारिश से झारखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। झारखंड में मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान में बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव की प्रबल संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में 1 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन 2 फरवरी से आकाश में बादल छाए रहेंगे। वहीं 3 फरवरी को झारखंड में बारिश अनुमान लगाया गया है। फिर 5 फरवरी के बाद मौसम साफ होगा। इसके बाद कुछ दिनों तक ठंड का असर रहेगा। झारखंड के विभिन्न जिलों में हाड़ कपाने वाली ठंड पड़ने वाली है। दिन में ठंडी हवा चलेगी। फिलहाल, सबसे अधिक ठंडा गढ़वा जिला में है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने आज कांग्रेस भवन, रांची में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव व झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने पूर्व सांसद डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू एवं पूर्व विधायक सुखेदव भगत को पार्टी का पट्टा पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। मौके पर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि दोनों नेताओं के आने से पार्टी मजबूत होगी। दोनों नेता काफी अनुभवी हैं। इनके अनुभव का लाभ संगठन को मजबूती देने एवं कांग्रेस की विचारधारा को आम जन तक पहुंचाने में मदद करेगी। इन दोनों नेताओं की विचारधारा कांग्रेस की ही थी। किसी कारण ये कांग्रेस परिवार से अलग हो गये थे। लेकिन आज दोनों के वापस घर आने पर हम सभी को हर्ष है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत है। शीर्ष नेतृत्व ने जो भरोसा इन दोनों के प्रति दिखाया है, मुझे यकीन है कि दोनों नेता शीर्ष नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही कांग्रेस पार्टी के जनाधार को और अधिक सशक्त एवं मजबूती प्रदान करने की दिशा में कार्य करेंगे। सह झारखण्ड प्रभारी उमंग सिंघार ने दोनों नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि नि:सन्देह दोनों नेताओं के अनुभव हमें संगठन को मजबूत करने में कारगर साबित होगी। इस अवसर पर डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि जब मैंने पार्टी छोड़ी तो पार्टी में नहीं रहने का एहसास हुआ। ऐसा महसूस हो रहा था कि मैं बिल्कुल अकेला हो गया हूं। मैं अपने लोगों से बहुत दूर हो चुका हूं। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी में कार्यकर्ता के रूप में रहकर संगठन को मजबूती दूंगा। मैं यकीन दिलाता हूं कि अब दोबारा इस तरह की गलती नहीं होगी। अब जो भी होगा कि पार्टी में रहकर होगा और जाना है तो इसी पार्टी के ध्वज से लिपटकर अन्तिम यात्रा तय करनी है। उन्होंने कहा कि आज मुझे बहुत खुशी है कि मैं पुन: अपने घर एवं परिवार में वापस लौटा हूं।
टीम एबीएन, गुमला। घाघरा प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला में आज दिनांक 31.01.22 (सोमवार) को कला विभाग के प्रबुद्ध शिक्षक डीएन महतो के 27 साल नवोदय विद्यालय समिति को अपना अपूर्व योगदान देते हुए उनके अवकाश प्राप्ति के सुनहरे अवसर पर एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। आयोजन में प्राचार्य, कला शिक्षक सपरिवार तथा विद्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। सेवा की शुरुआत करते हुए सर्वप्रथम जवाहर नवोदय विद्यालय दरभंगा ( 01.07.1995- 08.09.2002) में इन्होंने अपना अभूतपूर्व योगदान दिया। तत्पश्चात गोपालगंज, गिरिडीह में भी ये कार्यरत रहे। उसके बाद 21.08.21- 31.01.22 तक जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। कार्यक्रम में आकाश सैनी (पीजीटी केमिस्ट्री), वशिष्ठ पाण्डे (टीजीटी उड़िया), ज्योति टूटी मैम (टीजीटी सोशल साइंस), रामाशीष गोस्वामी (पीजीटी अंग्रेजी) एवं अन्य सभी शिक्षकों ने उनके व्यक्तित्व के बारे में बताया कि किस प्रकार उन्होंने बच्चों को कला शिक्षण के साथ-साथ जीवन जीने की कला भी सिखाई। साथ ही उनके साथ बिताए गए सुखद अनुभवों को याद करते हुए सबके साथ साझा किया। प्राचार्य ने भी उनके कर्म एवं व्यवहार पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने विद्यालय के सभी महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी अमूल्य भूमिका निभाते हुए सभी बच्चों के गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ -साथ बच्चो के सर्वांगीण विकास के लिए सदा अग्रसर रहे। कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में सबके प्रिय कला शिक्षक डीएन महतो ने सबसे पहले प्राचार्य का आभार व्यक्त किया तथा सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार के कारण ही नवोदय विद्यालय में सकारात्मक तरीके से अपनी सेवा देने में सफल रहे। अंत में प्राचार्य महोदय ने उनके भावी जीवन की मंगल कामना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। इस प्रकार सभी कर्मचारियों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए नम आंखों से उन्हें विदाई दी।
टीम एबीएन, कोडरमा। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहरी क्षेत्र को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने पर झुमरी तिलैया नगर परिषद ने अलग-अलग कैटेगरी में सोमवार को पुरस्कार का वितरण किया है। प्रतियोगिता में स्वच्छ अस्पताल, स्वच्छ शिक्षण संस्थान, स्वच्छ सरकारी कार्यालय, स्वच्छ हाउसिंग सोसाइटी, स्वच्छ होटल और स्वच्छ बाजार समिति को स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के तहत आयोजित प्रतियोगिता में पुरस्कृत किया है। सोमवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ अस्पताल की कैटेगरी में रांची पटना रोड में संचालित श्री साईं अस्पताल ने 88 अंकों के साथ प्रथम, चित्रगुप्त नगर में संचालित जयप्रकाश अस्पताल ने 86 अंकों के साथ द्वितीय एवं रांची पटना रोड में संचालित आर्यन अस्पताल ने 85 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छ शिक्षण संस्थान की कैटेगरी में ग्रिजली बीएड कॉलेज ने 89 अंकों के साथ प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल ने 86 अंकों के साथ द्वितीय, मॉडर्न पब्लिक स्कूल ने 73 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है, स्वच्छ सरकारी कार्यालय में रांची पटना रोड में संचालित पोस्ट ऑफिस ने 75 अंकों के साथ प्रथम, बीएसएनएल कार्यालय ने 55 अंकों के साथ द्वितीय, बाजार समिति कार्यालय ने 53 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छ हाउसिंग सोसाइटी में सीडी कॉलोनी ने 81 अंकों के साथ प्रथम, आश्रम रोड बिशुनपुर ने 75 अंकों के साथ द्वितीय एवं चित्रगुप्त नगर ने 71 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। वही स्वच्छ होटल कैटेगरी में होटल रामेश्वरम ने 55 अंकों के साथ प्रथम, होटल सूर्या ने 49 अंकों के साथ द्वितीय एवं होटल तारा टावर ने 47 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा स्वच्छ बाजार समिति पंजीकृत प्रतियोगिता में अशोका होटल के समीप संचालित खुदरा सब्जी मंडी ने 89 अंकों के साथ प्रथम और अड्डी बंगला रोड में संचालित बाजार समिति ने 75 अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान नगर प्रशासक ने उपरोक्त प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर संबंधित संस्थानों और प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया है। इस मौके पर नगर प्रशासक विनीत कुमार ने बताया कि आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 शुरू कर दिया गया है। इसी के अंतर्गत झुमरीतिलैया नगर परिषद क्षेत्र में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। दिसंबर 2021 में इस प्रतियोगिता को लेकर अधिसूचना जारी की गई थी। इसके परिणामों की घोषणा आज की गई है। प्रतियोगिता का मूल्यांकन नगर परिषद स्तर से तैयार किए गए एक कमेटी के द्वारा किया गया। जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया है।
टीम एबीएन, चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण-बरही सीमा को विभाजित करने वाली बराकर नदी के किनारे बसा रसोइया धमना में वर्षों से रसोइया धमना टोल प्लाजा संचालित है। विगत वर्षों से कार्यरत टोल कर्मी पाथ इंडिया लिमिटेड के 2 जनवरी से टोल का संचालन संभालने के बाद से टोल कर्मियों के दिलों में कम मानदेय देने का डर समाने के बाद से ही पाथ इंडिया कंपनी से पूर्व कंपनी के भांति मानदेय व सुविधा देने की मांग कर रहे थे। जिसपर पाथ इंडिया लिमिटेड के नियम के अनुरूप एसआई, सुपरवाइजर, टीसी, बीएम, जीएम, स्वीपर कर्मियों को मानदेय देने की घोषणा की। जिससे टोलकर्मी विरोध पर उतर कर धरना-प्रदर्शन करने लगे। कर्मियों का कहना था कि पूर्व की कंपनी एसआई को 23902, सुपरवाइजर व जीएम को 17733, टीसी को 16624, बीएम एवं स्वीपर को 15126 रुपये मानदेय के रूप में दे रही थी। जबकि पाथ इंडिया लिमिटेड बहुत कम मानदेय देने की बात कर रही है। जिसका शांतिपूर्वक विरोध करते हुए अपनी मांगों को रखा। क्या कहते हैं कंपनी प्रबंधक : पाथ इंडिया लिमिटेड कंपनी के प्रबंधक प्रवीण कौशिक का कहना है कि मैं पथ इंडिया लिमिटेड कंपनी के नियम कानून से बंधा हूं। उन्होंने टोलकर्मियों से तीन माह का मानदेय स्लिप मांगा और कहा कि इसे देने के बाद मैं कंपनी को रिकोमेंट भेज दूंगा। पथ इंडिया लिमिटेड के मैनेजमेंट द्वारा निर्धारित मानदेय देने के लिए बाध्य रहूंगा। साथ ही कहा कि एनएचआई के नियमानुसार टोल कर्मी को इंटर पास या 10+2 की योग्यता प्राप्त होना चाहिए। जो भी योग्यता रखते हैं, उन्हें एनएचआई द्वारा तय मानदेय देय होगा।
टीम एबीएन, चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड के डोमन जानकी केशरवानी कमेटी ने समारोह आयोजित कर समाज के नवनिर्वाचित युवा पदाधिकारियों को समान्नित किया। प्रखंड स्तर पर नव निर्वाचित 35 युवा पदाधिकारियों को समान्नित किया गया। समारोह केशरवानी भवन चौपारण में हुआ। जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष राजेश केशरी व संचालन समाजसेवी सह चिकित्सक डॉ रामानुज ने किया। समारोह में समाज के उत्थान व विकास पर चर्चा हुई। समाज के महिलाओं को सामाजिक व राजनीतिक स्तर पर बढ़ावा देने, शिक्षा पर जोर, गरीब स्वजाति का उत्थान व सहयोग, शादी में तिलक दहेज प्रथा पर रोक सहित कई अन्य बिंदुओं पर चर्चा हुआ। कार्यक्रम में चौपारण के अलावे तिलैया, बरही, चतरा, कान्हाचट्टी, हजारीबाग, बाराचट्टी, दनुवा बसरिया, सरैया के कई सम्मानित सदस्य सहित स्थानीय समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी राजेश कुशरी, शिव प्रसाद उसरी, डॉ रामानुज केशरी, राजेश केशरी, अर्जुन प्रसाद केशरी बृजनन्दन प्रसाद केशरी, अंकित कुमार तथा समाज के अन्य गणमान्य उपस्थित हुए।
टीम एबीएन, चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड के डोमादाड़ी में श्मशान घाट जाने वाले मार्ग में किये गये अतिक्रमण को प्रशासन ने सोमवार को जेसीबी मशीन लगवाकर हटा लिया है। सीओ ने बताया कि बेला पंचायत के पूर्व मुखिया मुरली दांगी ने उक्त मार्ग पर अतिक्रमण किया था। ग्रामीणों की शिकायत पर स्थल जांच के क्रम में अतिक्रमण की पुष्टि हुई। प्रशासन ने नोटिस भेज कर मुरली दांगी से अतिक्रमण हटाने की बात कही थी। लेकिन उन्होंने प्रशासन की बात को अनसुनी कर दिया। ततपश्चात प्रशासन ने अतिक्रमण को हटा दिया। क्या कहते हैं मुरली दांगी : इस संबंध में मुरली दांगी ने कहा कि उन्होंने उक्त जमीन पपरो के लोगों से खरीदी है। जिसका अंचल ने दाखिल-खारिज के बाद उनके नाम से सरकारी रसीद भी कट चुका है। बावजूद प्रशासन उसे सरकारी जमीन बताकर उनकी चहारदीवारी को तोड़वा दी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.