हजारीबाग। विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जलसहियाओं ने पेयजलापूर्ति (पीएचडी) आॅफिस का घेराव किया। इस दौरान विभागीय अभियंता पर कई तरह के आरोप मढ़े गए और जमकर नारेबाजी की गयी। जलसहियाओं ने विभागीय अभियंता से मिलने की कोशिश भी की। लेकिन वे बिना मिले पतली गली से निकल लिये। इस दौरान हजारीबाग जिले की सभी जलसहियाओं ने डीवीसी स्थित पीएचडी आॅफिस को घेराव किया। इस संबंध में जल सहिया संघ कीअध्यक्ष सपना शर्मा, सचिव सुषमा देवी, उर्मिला देवी, नविता पूनम एवं शुभम कुमारी ने बताया कि विभाग की ओर से मीटिंग में बुलाया जाता है, लेकिन पानी तक नहीं पूछा जाता है। दूरदराज से महिलाएं बैठक में आती हैं। फंड भी आता है तो विभाग के पदाधिकारी गटक जाते हैं। सहिया ने यह भी कहा कि शौचालय बनाने के वक्त प्रोत्साहन राशि 75 रुपए तय किया गया था। शौचालय पूरा होने के बावजूद आज तक राशि नहीं दी गई है। जलापूर्ति योजना के सर्वे के लिए पांच रुपए तय किया गया था, वह भी आज तक नहीं मिला एवं हजार रुपए जो मानदेय विभाग की ओर से दिया जा रहा है, उसमें भी बढ़ोतरी नहीं की जाती है। मांग और हक की बात जब की जाती है तो है तो अधिकारी मिले बिना ही भाग जाते हैं। ऐसा कब तक चलेगा। अगर ऐसा ही होता रहा तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। घेराव में सैकड़ो की संख्या में जलसहियाएं उपस्थित थी।
गढ़वा। गौ तस्करी के लिए ले जा रहे 14 मवेशियों को मझिआंव में योगी सेना ने तस्करों से मुक्त कराया। साथ ही मुक्त पशुओं को थाना में सौंप दिया। मौके पर योगी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विपुल दुबे ने बताया कि जिले में तेजी से गौतस्करी का मामला प्रकाश में आ रहा है। योगी सेना ने गुप्त सूचना के आधार पर मझिआंव विडंडा गांव होते हुए तस्करी के लिए ले जा रहे 14 पशुओं को योगी सेना के कार्यकर्ताओं ने कत्लखाने जाने से बचा लिया। वहीं तस्कर चकमा देकर भाग निकले। पुलिस ने सभी पशुआें को ग्रामीण पशुपालकों के बीच वितरण कर दिया। जिला प्रवक्ता ऋषि पांडेय ने कहा कि योगी सेना को पशु तस्करी बर्दाश्त से बाहर हैं और किसी भी पशु तस्करों को छोड़ा नहीं जाएगा। इसके लिए हम सब 24 घंटे तैयार हैं। किसी भी हाल में तस्करी नहीं होने देंगे। माफिया बड़ी संख्या में लगातार पशु तस्करी कर रहे हैं। इस पर जिला पुलिस प्रशासन कड़ी कार्रवाई करें ताकि गौ हत्या बंद हो सके और अपराधियों में भय व्याप्त हो। अंकित तिवारी ने बताया कुछ दिन लगातार तस्करों पर करवाई के बाद भी गौतस्करी हो रही है। इस से यह साबित हो रहा है कि तस्करों का मनोबल काफी बढ़ गया है। जिसे हम सब नहीं चलने देंगे। मौके पर सचिन चंद्रवंशी, मोहित पांडेय, रूपेश पासवान, हर्षित तिवारी, विमल सिंह, नितेश पांडेय, किंसु चंद्रवंशी, सुधीर उपाध्याय, छोटू पांडेय, रामजी चैहान, बलवंत चंद्रवंशी, रवि, विवेक, अभिषेक सहित कई अन्य उपस्थित थे।
जयनगर (कोडरमा)। विधायक अमित कुमार यादव ने बुधवार को ग्रामीण विकास विभाग के तहत लगभग दो करोड़ 12 लाख की लागत से बनने वाला आरईओ सड़क का शिलान्यास किया। जिसमें इरगोबाद से योगियाटील्हा एवं योगियाटील्हा से काको को आरईओ सडक शामिल है। उप सड़क एमएम प्रसाद कंस्ट्रक्शन की ओर से बनाया जा रहा है। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि व्यक्ति नहीं, क्षेत्र का विकास पर विश्वास करता हूं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, सिंचाई सुविधा दिलाने के लिए तत्पर हूं। गांव-गांव में शुद्घ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र डीपीआर तैयार होकर स्थल पर काम दिखेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना में जनता का पैसा होता है, इसलिए जनता खुद अपने देखरेख में ही काम कराएं। कार्यक्रम को जिप उपाध्यक्ष निर्मला देवी, मुखिया अंजू देवी, पंसस सुरेश यादव, पूर्व मुखिया श्याम सुंदर यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामदेव मोदी, जिला महामंत्री सुधीर सिंह आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय यादव व संचालन सीताराम यादव ने किया। मौके पर कार्यपालक अभियंता वीरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता राकेश चौधरी, कनीय अभियंता विनय कुमार, निखीले बागे के आलावे विक्की राणा, किशोर यादव, संजय सुमन, राजू साव, मंटू पंडित, राजू यादव, अशोक रजक, राजेंद्र दास, घनश्याम रजक राम, रामचंद्र यादव, वासुदेव यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
रांची। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने झारखंड प्रोजेक्ट भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन के साथ कोरोना को लेकर हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया। इसमें कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर चर्चा हुई। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से कहा कि कोरोना के दूसरी लहर से निपटने के लिए झारखंड सरकार तैयार है। इसके लिए प्रदेश में 5000 अतिरिक्त बेड कोरोना मरीजों के लिए बनाए जा रहे हैं। झारखंड सरकार ने कोरोना वैक्सीन की 10 लाख डोज केंद्र सरकार से मांगी थी। इसके बाद सरकार ने 20 लाख कोरोना वैक्सीन झारखंड को आवंटित किया है। 09 अप्रैल से पहले 10 लाख वैक्सीन रांची पहुंच जाएगी, जबकि बाकी बची 10 लाख वैक्सीन भी जल्द झारखंड को मिलेगी। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से 10 लाख वैक्सीन की मांग की थी।
तरहसी पलामू। प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों धर्म परिवर्तन का मामला जोरों पर है। लगभग एक वर्ष पूर्व से ही प्रखंड क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का मामला चर्चा में है। लेकिन मामला तब तूल पकड़ा जब तरहसी प्रखंड क्षेत्र के मठपुरही गांव निवासी मोहन साव पिता स्वर्गीय गणेश साव, जुगेश्वर साव पिता सुदेश्वर साव, एवं भालुगाडी गांव निवासी प्रीत राम, बबलू साव एवं छेचानी गावं निवासी सागर साव इन दिनों लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को अपने धर्म परिवर्तन करने को लेकर प्रेरित करते देखे जा रहे हैं। वहीं जब इसकी सूचना हिंदू जागरण मंच के सदस्यों को पहुंची तो जानकारी लेने गांव में पहुंचे तो चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में ईसाई धर्मावलंबी मानने वाले एक भी परिवार निवास नहीं करते हैं पर इसके बावजूद भी इन्हीं लोगों के कारण गांव-गांव में जाकर प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा है । लोगों को धर्म परिवर्तन करने को प्रेरित किया जा रहा है जो एक गंभीर मामला है। ग्रामीणों ने बैठक में मटपुरही गांव निवासी मोहन साव पिता स्वर्गीय गणेश साव को हिंदू जागरण मंच अंतर्गत एक परिवार की घर वापसी कराया गया है। चतरा सांसद प्रतिनिधि विनोद प्रसाद ने लोगों से कहा कि धर्म परिवर्तन को लेकर जो भी लोग इस में सम्मिलित हो चाहे वह राजनीतिक दल हो, समाजिक दल हो या व्यक्तिगत दल हो जो भी इस क्षेत्र में हिंदू सनातन धर्म को बंटवारे करने को लेकर लोगों को दिग्भ्रमित कर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है यह उचित नहीं है। मौके पर आर एस एस कार्य खंडवाह संदीप मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेवी उदय भारती, आलोक पांडे, मुंशी शाव, सूरज शाव, अनिल पांडे विनोद शाव, प्रकाश पांडे समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।
मेदिनीनगर। जिले में कोविड-19 के गाइडलाइन का सख्ती अनुपालन कराने को लेकर उपायुक्त शशि रंजन एवं पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी सूरत में रात्रि आठ बजे से दुकानें बंद रहेंगी। जुलूस, प्रोसेशन, धरना-प्रदर्शन, मेला पर पाबंदी है। सभी व्यक्तियों को मास्क लगाने की अनिवार्यता है। बिना मास्क घरों से निकलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को नो मास्क, नो एंट्री संबंधित नोटिस लगाने की अनिवार्यता है। खेलकूद के आयोजन एवं स्विमिंग पूल जिम आदि बंद रहेंगे। रेस्तरां में क्षमता से 50% लोग ही बैठ सकते हैं। बस, आॅटो, टेंपो आदि सार्वजनिक वाहनों में गाइडलाइन के अनुरूप निर्धारित मानक के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने दें। धार्मिक स्थल सहित अन्य सभी स्थानों पर भीड़ न लगने दें। सामाजिक दूरी का पालन और मास्क लगाने की अनिवार्यता है। उपायुक्त ने कहा है कि रामनवमी, सरहुल आदि आयोजनों की भी जुलूस नहीं निकलेगी। इसके लिए पदाधिकारी पूजा समिति के सदस्यों से बात कर गाइडलाइन का अनुपालन करने संबंधित जागरूक करें। उपायुक्त ने कहा है कि इंटर स्टेट बॉर्डर पर मूवमेंट को रोकना नहीं है, लेकिन कोविड-19 जांच की व्यवस्था आवश्यक रूप से सुनिश्चित की जाए। बाहर से आये लोगों का कोराना जांच कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि पूजा-पाठ पर किसी तरह की कोई प्रतिबंध नहीं है, लेकिन भीड़ या मेला का आयोजन नहीं होने दें। पूर्व से चल रहे आयोजनों पर आयोजनकतार्ओं को नोटिस करते हुए शीघ्र प्रतिबंध लगाना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने इंसीडेंट कमांडर और थाना प्रभारियों को भी गाइडलाइन का अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु निरीक्षण एवं जांच करने का निर्देश दिया है। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने रामनवमी एवं सरहुल के आयोजन को लेकर कमेटी के सभी सदस्यों से बात करते हुए जुलूस नहीं निकालने संबंधित निदेर्शों का अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि दुकानों सहित सभी जगहों पर सभी लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है। इसके लिए छोटी-छोटी टीम बनाकर गाइडलाइन का अनुपालन नहीं करने वालों से जुमार्ना वसूलने एवं उन्हें जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गाइडलाइन का अनुपालन नहीं करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के मौके पर प्रशिक्षु आईपीएस-सह-सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के. विजय शंकर, अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह, सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रणवीर सिंह, डीपीएम स्वास्थ्य दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।
मेदिनीनगर। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त शशिरंजन ने बेस्ट सीएचओ रिवार्ड शिरोमणि कार्यक्रम के तहत जिले में बेहतर कार्य करने वाले छह सीएचओ को पुरस्कृत किया गया। इन्हें वित्तीय वर्ष 2020-21 अच्छे कार्य करने को लेकर सम्मान दिया गया। पुरस्कृत होने वालों में जनवरी माह के लिए रजहरा के अशोक कुमार मीना को प्रथम एवं सतबरवा की थाउदम देबोराह को द्वितीय पुरस्कार दिया गया। फरवरी माह के लिए सतबरवा की थाउदम देबोराह को प्रथम एवं पीपरा की सरस्वती कुमारी को द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं मार्च माह के लिए पोलपोल की खुशबू टोप्पो को प्रथम एवं लेस्लीगंज कुंदरी की अनुराधा कुमारी को द्वितीय पुरस्कार दिया गया। सभी को पुरस्कार स्वरूप मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं गिफ्ट वाउचर प्रदान किया गया। उपायुक्त ने सभी पुरस्कृत सीएचओ का हौसला बढ़ाते हुए निष्ठा पूर्वक कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यों के अच्छे परिणाम होते हैं। उन्होंने कहा कि आप और बेहतर कार्य करें, ताकि आम जनों को लाभ मिले। सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ केनेडी ने सीएचओ से और ही बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई, ताकि स्वस्थ पलामू का निर्माण हो सके। मौके पर डॉ एमपी सिंह, डॉ अनूप कुमार, डीपीएम स्वास्थ्य दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।
मेदिनीनगर। अखिल भारतीय नाट्य प्रतियोगिता में झारखंड का परचम लहराते हुए पलामू के मासूम आर्ट ग्रुप ने 11 पुरस्कार अपने नाम किये। मासूम के अध्यक्ष विनोद पांडेय ने बताया कि झारखंड के गिरिडीह में कला संगम संस्था द्वारा तीन से छह अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में मासूम ने आप कौन चीज के डायरेक्टर है जी नाटक का मंचन किया। इस प्रतियोगिता में बंगाल, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली, उड़ीसा, झारखंड की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल द्वारा प्रस्तुत नाटक भोर को बेस्ट ड्रामा का प्रथम पुरस्कार दिया गया। मासूम आर्ट ग्रुप द्वारा सैकत चट्टोपाध्याय द्वारा लिखित व निर्देशित नाटक आप कौन चीज के डायरेक्टर है जी को प्रतियोगिता का बेस्ट ड्रामा का दूसरा पुरस्कार मिला। दिल्ली द्वारा प्रस्तुत नाटक दिग्दर्शक को तृतीय व वाराणसी की प्रस्तुति बेवफा को सांत्वना पुरस्कार मिला। इसके अलावे मासूम को निजी प्रतिस्पर्धा में 10 अन्य पुरस्कार मिले। जिन कलाकारों को मिला पुरस्कार : बेस्ट म्यूजिक फर्स्ट - सिकंदर कुमार, बेस्ट स्टेज क्राफ्ट फर्स्ट - संजीत प्रजापति व राज प्रतिक पाल, बेस्ट मेकअप सेकंड - संजीत प्रजापति व अमर कुमार भांजा, बेस्ट कॉमेडी फर्स्ट - सिकंदर कुमार , बेस्ट कॉमेडी सेकेण्ड - उज्जवल सिन्हा, बेस्ट कॉमेडी सांत्वना - राज प्रतिक पाल, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर सांत्वना - अविनाश तिवारी, बेस्ट खलनायक फर्स्ट - अमर कुमार भांजा, सैकत चट्टोपाध्याय को बेस्ट एक्टर व बेस्ट डायरेक्टर का सेकेण्ड प्राइज मिला। लोगो ने दी बधाई : मासूम के इस सफलता पर कई लोगों ने बधाई दिया है जिनमे पलामू चेम्बर आॅफ कॉमर्स एंड इडस्ट्रीज के अध्यक्ष आनंद शंकर, फिल्म समीक्षक व निर्देशक रवि बुले, माटीकला बोर्ड के सदस्य अविनाश देव, मुंबई में रहने वाले पलामू के सिने स्टार युगांत बद्री पांडेय, बंगाली समिति के अध्यक्ष प्रभास रंजन दाशगुप्ता, यूनियन चर्च के फादर प्रभु रंजन मसीह, कवि उमेश कुमार पाठक रेनू, कलाकार सुमन मिश्रा, अली राजा शाह, अंजनी सिन्हा, सुधीर मिश्रा, सूरज मिश्रा, रामकिशोर पांडेय, चित्रकार नैयर जमाल, अमन चक्र, वार्ड पार्षद धीरेन्द्र पांडेय आदि शामिल है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse