Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
पार्टी के पिज्जा में नशा देकर युवती से दुष्कर्म करने का आरोपी दानिश गिरफ्तार
Published / 2026-04-14 10:31:35
पार्टी के पिज्जा में नशा देकर युवती से दुष्कर्म करने का आरोपी दानिश गिरफ्तार

पार्टी के दौरान पिज्जा में नशा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी दानिश को रांची पुलिस ने किया गिरफ्तारटीम एबीएन, रांची। राजधानी में दोस्त की बर्थडे पार्टी के नाम पर बुलाकर एक युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में रांची पुलिस नेटवर्क कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।इस मामले की जांच जारी है. पीड़िता तिशा सिंह (25) (बदला हुआ नाम), जो जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में रहकर एमडीएस की तैयारी कर रही है, ने पुलिस को दिए फर्दबयान में आरोप लगाया है कि पार्टी के दौरान उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया।पीड़िता के मुताबिक, 9 अप्रैल को वह अपने दोस्त ओली विश्वकर्मा के बुलावे पर गोकुल वाटिका स्थित फ्लैट में जन्मदिन पार्टी में शामिल होने पहुंची थी। उसे बताया गया था कि पार्टी में कई लड़कियां भी आएंगी, लेकिन वहां पहुंचने पर उसने देखा कि कुछ युवक पहले से मौजूद थे। उसने असहजता जताई, लेकिन भरोसा दिलाने पर वहीं रुक गई। रात करीब 8 बजे केक काटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।आरोप है कि इसी दौरान दानिश नामक युवक ने उसे पिज्जा दिया, जिसे खाने के बाद उसे नशा जैसा महसूस हुआ और आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। वह किसी तरह कमरे में आराम करने गई, जहां दानिश ने दरवाजा अंदर से बंद कर उसकी हालत का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म किया। सुबह होश आने पर युवती ने खुद को खून से लथपथ पाया और गंभीर हालत में थी।उसने घटना की जानकारी अपने दोस्त को दी, जिसने उसे हॉस्टल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर 11 अप्रैल को उसे ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सहेली के कहने पर पुलिस को सूचना दी गई। लालपुर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का फर्दबयान दर्ज किया है।

धनबाद : जनता श्रमिक संघ ने चार सूत्री मांगों को लेकर दिया धरना
Published / 2026-04-13 21:08:58
धनबाद : जनता श्रमिक संघ ने चार सूत्री मांगों को लेकर दिया धरना

टीम एबीएन, धनबाद। जनता श्रमिक संघ के बैनर तले केंद्रीय संगठन सचिव शुभम कुमार ने एकीकृत ब्लॉक 4 कोलियरी के अंतर्गत चल रहे विष्णु शिवा आउटसोर्सिंग के समीप 4 सूत्री मांगों को लेकर अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ एक दिवसीय धरना पर बैठ गये। ब्लॉक 4 के परियोजना पदाधिकारी एसके शरण धरना स्थल पर पहुंचकर शुभम कुमार से वार्ता की। किंतु समाचार लिखे जाने तक वार्ता विफल रही। चार सूत्री मांगों में पहली मांग बेरोजगार युवाओं को रोजगार देना, दूसरी मांग जाली लगाकर ब्लास्टिंग करना, तीसरी मांग प्रदूषण को कम करने के लिए पानी का छिड़काव करना एवं चौथी मांग आसपास के ग्रामीणों को पीने के पानी की व्यवस्था करवाना है।परियोजना पदाधिकारी एसके शरण ने इनकी मांगों को सही बताया है। मौके पर रवि राय, दिलीप यादव, विजय कुमार, मुकेश कुमार, मनोज दास इत्यादि मौजूद थे।

राहे में कल स्थापित होगी बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा, कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण
Published / 2026-04-13 21:07:18
राहे में कल स्थापित होगी बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा, कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण

टीम एबीएन, राहे/ रांची। कल 14 अप्रैल 2026 दिन मंगलवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर राहे चौक में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम सुनिश्चित किया गया है। जिसकी तैयारी को लेकर आज आर्किड इंटरनेशनल स्कूल राहे में एक डॉ परमेश्वर लाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। बैठक से कार्यक्रम का रूपरेखा तय की गयी। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दिन 12 बजे गोमदा चौक से राहे चौक तक भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी, तत्पश्चात प्रतिमा अनावरण कर सांस्कृतिक और संबोधन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। उक्त जानकारी जेएलकेएम नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने दी। यह कार्यक्रम अंबेडकर विचार मंच राहे के तत्वावधान में किया जायेगा, जिसमें राहे क्षेत्र से सैकड़ों लोग शामिल होंगे। बैठक के मौके पर जेएलकेएम नेता देवेन्द्र नाथ महतो, डॉ परमेश्वर लाल, अमजद अली, उमेश महतो, दामोदर प्रजापति, कलाचंद भोक्ता, पंचानन मुंडा, शुभम, सनातन, जितेन्द्र के अलावा अन्य गण मान्य लोग उपस्थित हुए।

श्रीमद्भागवता कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब, विशाल भंडारे का हुआ आयोजन
Published / 2026-04-13 21:05:27
श्रीमद्भागवता कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब, विशाल भंडारे का हुआ आयोजन

भक्ति, ज्ञान और प्रेम की अविरल धारा भक्ति के सागर में डूबी रांची टीम एबीएन, रांची। सेठ रामेश्वर लाल पोद्दार स्मृति भवन न्यास मंडल द्वारा चुटिया स्थित पोद्दार धर्मशाला में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आज अत्यंत भव्य और भावपूर्ण समापन हुआ। पिछले सात दिनों से प्रवाहित हो रही इस आध्यात्मिक गंगा ने न केवल श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर किया, बल्कि पूरे शहर को कृष्णमय वातावरण में रंग दिया। कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पंडाल भक्ति और आस्था के सागर में परिवर्तित हो गया।सुप्रसिद्ध कथावाचिका माँ चैतन्य मीरा जी के श्रीमुख से प्रवाहित इस कथा के सातवें दिन द्वारिका लीला और सुदामा चरित्र का अत्यंत सजीव एवं मार्मिक चित्रण किया गया। झांकियों और भजनों के माध्यम से प्रस्तुत इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं के हृदय को गहराई से स्पर्श किया। जब भगवान श्रीकृष्ण अपने बाल सखा सुदामा के आगमन का समाचार पाकर नंगे पांव दौड़ पड़े, तो उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। माँ जी ने इस प्रसंग के माध्यम से समझाया कि सच्ची मित्रता में पद, प्रतिष्ठा या वैभव का नहीं, बल्कि प्रेम, समर्पण और आत्मीयता का महत्व होता है।कथा के क्रम को आगे बढ़ाते हुए मां चैतन्य मीरा जी ने कृष्ण-उद्धव संवाद का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने उद्धव के माध्यम से संसार को निष्काम कर्म, योग और भक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह संसार नश्वर है, शरीर क्षणभंगुर है, लेकिन आत्मा और परमात्मा का संबंध शाश्वत और अटूट है। उनके उपदेशों ने श्रद्धालुओं को जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझने की प्रेरणा दी।सात दिवसीय इस दिव्य अनुष्ठान का समापन विधिवत पूजा-अर्चना और पूणार्हुति हवन के साथ हुआ। व्यासपीठ पूजन के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुतियां अर्पित की गयीं, जिससे पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शक्ति से ओत-प्रोत हो उठा। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। अपने अंतिम संबोधन में माँ चैतन्य मीरा जी ने रांची की धर्मप्रेमी जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और संस्कारों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। मुख्य यजमान के रूप में रघुनंदन टिबड़ेवाल, राजेश टिबड़ेवाल एवं ऋषि टिबड़ेवाल परिवार का विशेष योगदान रहा, जिन्हें मां जी ने आशीर्वाद प्रदान किया। इसके साथ ही सेठ रामेश्वरलाल पोद्दार भवन न्यास समिति के सभी सदस्यों के अथक परिश्रम और सुव्यवस्थित आयोजन की सराहना की गयी। इस आयोजन की सफलता में संयोजिका रेखा अग्रवाल एवं श्री कमल अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी लगन, समर्पण और कुशल नेतृत्व ने पूरे कार्यक्रम को एक परिवार की तरह जोड़कर रखा। शाम ढलते-ढलते जब श्रद्धालु पंडाल से विदा लेने लगे, तो उनके चेहरों पर एक अद्भुत आत्मिक शांति और संतोष झलक रहा था। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से सफल रहा, बल्कि इसने समाज में प्रेम, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित किया।समापन समारोह में रांची के विधायक चंदेश्वर प्रसाद सिंह, रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो एवं वार्ड पार्षद अंजू देवी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त न्यास सचिव फतेहचंद अग्रवाल, राधेश्याम अग्रवाल, ओम प्रकाश मोदी, पुलकित अग्रवाल, सांवरमल अग्रवाल, संजय सर्राफ, विश्वनाथ सिंघानिया, सुभाष पोदार, संजय विजयवर्गीय, कृष्ण शर्मा, दीपक अग्रवाल, अमित मुरारका, जितेंद्र अग्रवाल, कैलाश केसरी, पंकज सिंघानिया, अनमोल सिंघानिया, पिंकू अग्रवाल, मुकेश साबू, कमल मोदी सहित अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे। 

निबंधन में लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करें : आयुक्त
Published / 2026-04-13 18:24:36
निबंधन में लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करें : आयुक्त

प्रमंडलीय आयुक्त ने अवर निबंधन कार्यालय का किया निरीक्षण प्रमंडलीय आयुक्त का लातेहार उपायुक्त ने किया स्वागत, दिया गया गार्ड आफ आनर एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार/ पलामू। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय आज लातेहार पहुंचकर समाहरणालय स्थित अवर निबंधन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निबंधन व्यवस्था की कार्यकुशलता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया।आयुक्त ने कार्यालय में उपलब्ध मानव संसाधन, कार्य विभाजन एवं जिम्मेदारियों की समीक्षा करते हुए आगत-निर्गत पंजी, फी बुक, दस्तावेज निबंधन रजिस्टर आदि पंजियों एवं  अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अवर निबंधन पदाधिकारी को सभी अभिलेख अद्यतन, त्रुटिरहित एवं सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। जिला अवर निबंधन पदाधिकारी ने कार्यालय में मानव संपदा की कमी पर ध्यान आकृष्ट कराया। आयुक्त ने इस संबंध में आवेदन देने को कहा, ताकि विभाग को प्रतिवेदित किया जा सके। साथ ही उपायुक्त के माध्यम से आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने संबंधी प्रक्रिया किया जा सके। निबंधन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि कार्यालय में औसतन 12 रजिस्ट्री ही होती है। आयुक्त ने इसे बढ़ाने हेतु आवश्यक कदम उठाने की जरूरत बतायी।  आयुक्त ने आनलाइन निबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने, दस्तावेज सत्यापन एवं भुगतान प्रक्रिया को सहज बनाने तथा आम नागरिकों को अनावश्यक विलंब से बचाने के निर्देश दिये। उन्होंने भूमि संबंधी अभिलेखों के सत्यापन में सतर्कता बरतने, फर्जीवाड़ा रोकने एवं प्रतिबंधित भूमि के निबंधन पर तत्परता से रोक लगाने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड रूम के सुव्यवस्थित रख-रखाव, अभिलेखों के डिजिटलीकरण एवं आगंतुकों के लिए बैठने, पेयजल एवं मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण के पूर्व लातेहार के स्थानीय परिषदन में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों ने आयुक्त का स्वागत किया। प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अवर निबंधन पदाधिकारी बिपिन साहु आदि उपस्थित रहे। 

आशा भोसले के हंसमुख स्वभाव के कायल थे धीरज साहू और लोहरदगावासी
Published / 2026-04-13 18:23:21
आशा भोसले के हंसमुख स्वभाव के कायल थे धीरज साहू और लोहरदगावासी

यादों के झरोखे से, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने साझा की यादेंएबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले का देश-विदेश में अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ एक खास रिश्ता भी रहा है, जो जुड़ता है सुरों की दुनिया की महान गायिका आशा भोसले से। प्रसिद्ध साहू परिवार के साथ उनके आत्मीय संबंधों के कारण लोहरदगा के लोगों के दिलों में उनके प्रति विशेष लगाव रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने उनसे जुड़ी कई यादें साझा करते हुए बताया कि आशा भोसले न सिर्फ अपनी गायकी बल्कि अपने जीवंत और हंसमुख स्वभाव के कारण भी लोगों के दिलों में बस जाती थीं। धीरज प्रसाद साहू के अनुसार, वर्ष 1991-92 के दौरान रोटरी क्लब द्वारा आयोजित आशा भोसले नाइट कार्यक्रम लोहरदगा और रांची के सांस्कृतिक इतिहास का एक यादगार अध्याय रहा। इस कार्यक्रम के सिलसिले में आशा भोसले अपनी बेटी के साथ रांची पहुंची थीं और तीन दिनों तक साहू परिवार के निवास सुशीला निकेतन में ठहरी थीं। उस दौरान उनके सरल और मिलनसार स्वभाव ने सभी का दिल जीत लिया था। घर के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी के साथ वे सहजता से घुल-मिल जाती थीं और हंसी-मजाक में समय बिताती थीं। बताया जाता है कि उस समय रोटरी क्लब के बिहार प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू के सौजन्य से यह भव्य आयोजन संभव हो पाया था। रांची के मोराबादी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के कई नामचीन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी थी। इनमें सुदेश भोसले,कुमार शानू और संगीता बिजलानी जैसे चर्चित नाम शामिल थे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और पूरी रात संगीत की मधुर धुनों में झूमते रहे। धीरज प्रसाद साहू ने बताया कि आशा भोसले का व्यक्तित्व उनकी कला से कहीं अधिक प्रभावशाली था। वे जहां भी जाती थीं, अपने हंसमुख और जिंदादिल स्वभाव से माहौल को खुशनुमा बना देती थीं। बच्चों के साथ उनका खास लगाव था और वे उनसे मजाकिया अंदाज में बातें कर उन्हें हंसाती रहती थीं। यही कारण था कि लोहरदगा के लोग उन्हें सिर्फ एक महान गायिका ही नहीं, बल्कि एक स्नेही और अपनत्व से भरी इंसान के रूप में भी याद करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम के बाद भी कई बार मुंबई में उनकी मुलाकात आशा भोसले से हुई। हर मुलाकात में उनका वही आत्मीय व्यवहार देखने को मिला, जिसने पहली बार में ही सभी को अपना बना लिया था। वे हमेशा पुरानी यादों को ताजा करते हुए हंसी-ठिठोली करती थीं और अपने अनुभव साझा करती थीं। लोहरदगा के लोगों के लिए यह गर्व की बात रही है कि इतनी बड़ी कलाकार का उनके शहर और परिवार से इतना गहरा जुड़ाव रहा। आज भी जब उस दौर की बातें होती हैं, तो आशा भोसले की मधुर आवाज के साथ-साथ उनकी मुस्कान और सादगी भरा व्यक्तित्व लोगों के जेहन में ताजा हो उठता है। उनके साथ बिताए गए वे पल आज भी लोहरदगावासियों के लिए अनमोल धरोहर बने हुए हैं।

श्री राधा- कृष्ण प्रणामी मंदिर में अन्नपूर्णा महाप्रसाद का हुआ आयोजन
Published / 2026-04-13 14:12:15
श्री राधा- कृष्ण प्रणामी मंदिर में अन्नपूर्णा महाप्रसाद का हुआ आयोजन

श्री राधा- कृष्ण प्रणामी मंदिर में अन्नपूर्णा महाप्रसाद का हुआ आयोजनटीम एबीएन, रांची। डा• संत शिरोमणी स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग राँची मे 261 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री राधा रानी जी का दिव्य आकर्षक आभूषणों से अलंकृत कर अलौकिक श्रृंगार किया गया। तत्पश्चात महाप्रसाद का विधिवत भोग दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा लगाई गई, महाप्रसाद मे मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, आलू चिप्स, जलजीरा का जूस बोतल बंद का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित 2 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।तत्पश्चात भजन- संध्या में ट्रस्ट के भजन गायकों ने अपने मनमोहक सुमधुर भजनों से श्रोताओं को खूब झुमाया। श्री राधा कृष्ण के जयकारा से पूरा वातावरण कृष्णमय एवं भक्तिमय बन गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गई‌। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि श्री राधा कृष्ण मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा तथा 4 हजार से अधिक श्रद्धालुओं में दर्शन किये। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है जिसमें 400 से भी अधिक श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस अवसर पर- डूंगरमल अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, पवन पोद्दार, ज्ञान चंद्र शर्मा सहित काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी ।

लोहरदगा : नप के चूँगी वसूली में रंगदारी के विरुद्ध व्यापारी बन्धु से सहयोग की अपील
Published / 2026-04-13 13:32:11
लोहरदगा : नप के चूँगी वसूली में रंगदारी के विरुद्ध व्यापारी बन्धु से सहयोग की अपील

लोहरदगा नगर परिषद द्वारा चूँगी वसूली में हो रहे रंगदारी  के विरुद्ध व्यापारी बन्धु से अपीलएबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। सबसे पहले आप सभी को बता दें, कि सामने कोई भी हो चैंबर के लिये व्यापारीहित सबसे ऊपर है अतः व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार के होने वाला शोषण अथवा गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विगत दो तीन दिनों से बहुत ज्यादा शिकायत है कि नगर परिषद के ठिकेदारों द्वारा नगर परिषद के उच्च पदाधिकारियों के मिलीभगत से अवैध एकरारनामा के माध्यम से रंगदारी पूर्वक चूँगी वसूली की जा रही है। विरोध करने पर  ठीकेदार द्वारा नगर परिषद के साथ हुए एग्रीमेंट का हवाला  दिया जा रहा है।एक ही कॉमर्शियल गाड़ी से एक रास्ता में जितना बार आना जाना हो रहा है, उतना ट्रिप का चूँगी वसूली ज़बर्दशती किया जा रहा है एवं इस कारण वाहनों का आवागमन भी बाधित हो रही है। अतः आपस मे आरोप प्रत्यारोप ना लगाते हुए कहना है कि हम व्यापारी हैं और चैंबर ऑफ कॉमर्स का काम व्यापरिहित मे आवाज़ उठाना और व्यापार हेतु व्यापारियों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल प्रदान करना है।इसलिये आप सभी से आह्वान है कि यदि आपको लगता है कि यह गलत है तो आप इस संदर्भ में शिकायत समेत चैंबर अध्यक्ष को लिखित आवेदन दें ताकि नगर परिषद के ऊपर इस अवैध वसूली को लेकर दबाव बनाया जा सके तथा न्यायसंगत निर्णय तक पहुंचने का प्रयास हो। चाहे इसके लिये व्यापरिहित में अनिश्चितकालीन लोहरदगा बंद ही क्यों न करना पड़े। उक्त जानकारी लोहरदगा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रीतेश कुमार ने दी।

आशा भोंसले का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति : संजय सर्राफ
Published / 2026-04-13 13:25:49
आशा भोंसले का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति : संजय सर्राफ

आशा भोंसले का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति : संजय सर्राफटीम एबीएन, रांची । भारतीय संगीत जगत की महान और सदाबहार स्वर कोकिला आशा भोंसले के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुःखद समाचार पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री एवं हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। संजय सर्राफ ने अपने शोक संदेश में कहा कि आशा भोंसले जी केवल एक महान गायिका ही नहीं थीं, बल्कि वे भारतीय संगीत की आत्मा थीं। उनकी मधुर, सजीव और भावपूर्ण आवाज़ ने पिछले छह दशकों तक संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज किया। उन्होंने हर पीढ़ी को अपनी अनूठी शैली, विविधता और ऊर्जा से जोड़े रखा। चाहे वह शास्त्रीय संगीत हो, फिल्मी गीत, ग़ज़ल, भजन या पॉप-हर विधा में उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी।उनके गाए अनगिनत गीत आज भी लोगों की स्मृतियों में जीवित हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। उनकी आवाज़ में भावनाओं की गहराई और अभिव्यक्ति की अद्भुत क्षमता थी, जिसने उन्हें विश्वभर में विशिष्ट पहचान दिलाई। आशा जी का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकेगी। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और वे अपने गीतों के माध्यम से हमेशा हमारे बीच जीवित रहेंगी। इस दुःख की घड़ी में समस्त संगीत प्रेमी और समाज उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कर रहे हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 84,160