देश

View All
Published / 2021-10-20 19:04:27
अभी जेल में रहेगा आर्यन खान, एनसीबी की दलीलों से खारिज हुई जमानत याचिका

एबीएन डेस्क। आर्यन खान ड्रग मामले में कोर्ट ने जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। 2 अक्टूबर को आर्यन खान को ड्रग्स मामले में एनसीबी ने अरेस्ट किया था। इससे पहले 14 अक्तूबर को इस केस की सुनवाई हुई थी, तब मुंबई सेशंस कोर्ट के जज वीवी पाटिल ने सभी पक्षों को सुनने के बाद आर्यन की जमानत पर फैसला 20 अक्टूबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया था। जिसके बाद आर्यन को 6 और दिन जेल में गुजारने पड़े। कोर्ट ने तमाम दलीलों को सुनने के बाद दोपहर करीब 2:45 बजे जज वीवी पाटिल कोर्टरूम में पहुंचे और सिर्फ दो शब्दों में ऑपरेटिव ऑर्डर सुनाया। उन्होंने कहा- बेल रिजेक्टेड। इसके साथ ही आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। आर्यन खान के वकीलों का कहना है कि एक बार अदालत के फैसले की कॉपी आ जाए उसके बाद वह हाईकोर्ट का रुख करेंगे। चलिए जानते हैं एनसीबी ने कोर्ट में ऐसी क्या दलीलें रखीं कि आर्यन खान को फिर से जेल की हवा खानी पड़ी। 20 साल की उम्र से ले रहा ड्रग्स : एनसीबी ने दलील देते हुए कहा कि आर्यन 20 साल की उम्र से ड्रग ले रहा है। वह सिर्फ देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी तरह तरह कि ड्रग्स का सेवन कर चुका है। 4 साल से आर्यन ड्रग्स का आदी है। आर्यन के इंटरनेशनल ड्रग पेडलर्स संग कनेक्शन : एमसीबी ने कोर्ट में आर्यन खान खिलाफ सबूत पेश किए कि आर्यन खान इंटरनेशनल ड्रग रैकेट में शामिल है। आर्यन के खिलाफ ऐसे सबूत है जो उसके तार इंटरनैशनल ड्रग्स तस्करी से जोड़ते हैं। आर्यन की ड्रग्स चैट आई सामने : एनसीबी ने कोर्ट में आर्यन की वॉट्सऐप चैट पेश किए हैं। इस चैट में आर्यन ने एक डेब्यू ऐक्ट्रेस के साथ भी ड्रग्स को लेकर बातचीत की है। हालांकि, यह डेब्यू ऐक्ट्रेस कौन है, इसको लेकर एनसीबी अधिकारियों ने कोई खुलासा नहीं किया है। दोस्त के पास थी चरस : एनसीबी के मुताबिक आर्यन के दोस्त अरबाज के पास से 6 ग्राम चरस मिली है। जाहिर है यह दोनों क्रूज के रवाना होते ही इसका सेवन करते। ऐसे में यह कहना गलत है कि आर्यन के पास से ड्रग्स नहीं मिले। 23 वर्षीय आर्यन खान मुंबई के आर्थर रोड जेल में बंद है। उसे एनसीबी ने मुंबई तट पर दो अक्टूबर को एक क्रूज शिप से कथित तौर पर ड्रग्स जब्त किए जाने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार किया गया था। आर्यन खान के वकीलों का कहना है कि एक बार अदालत के फैसले की कॉपी आ जाए तो उसके बाद वह हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

Published / 2021-10-20 11:35:36
गांव की सरकार बनाने को उत्साहित है बिहार की जनता, उमड़ रही भीड़

एबीएन डेस्क, मखदुमपुर। बिहार में इन दिनों पंचायत चुनाव चरम पर है। सभी प्रत्याशी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त नजर आ रहे हैं। इसी दौरान जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड में विभिन्न पंचायतों के लिए नामांकन के मौके पर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ दिखे। जहां लोगों की भारी भीड़ देखी गयी।

Published / 2021-10-20 09:42:44
पीएम मोदी ने कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद पूर्णिमा की सुबह बुधवार को कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कई देशों के राजदूत और श्रीलंका का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। इससे पहले पीएम मोदी कुशीनगर पहुंचे। एयरपोर्ट पर ही टर्मिनल बिल्डिंग के पास राज्यपाल आंनदी बेन, सीएम योगी आदित्यनाथ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पीएम मोदी का स्वागत किया। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आज सुबह श्रीलंका से 155 सदस्यीय बौध भिक्षुओं और श्रीलंका के मंत्रियों की फ्लाइट एयरपोर्ट पर पहुंची। इनका स्वागत सीएम योगी और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से इस एयरपोर्ट को 260 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसका टर्मिनल 3 हजार 600 वर्ग मीटर में फैला हुआ है। नया टर्मिनल भीड़भाड़ वाले समय में 300 यात्रियों को आने-जाने की सुविधा देगा। कुशीनगर एक अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थ केन्‍द्र है, जहां भगवान गौतम बुद्ध ने महापरिनिर्वाण हासिल किया था। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे 3.2 किमी लंबा और 45 मीटर चौड़ा है, जो यूपी का सबसे लंबा रनवे है। इसके रनवे पर हर घंटे 8 फ्लाइट आ-जा सकती हैं। इतना ही नहीं, इस एयरपोर्ट पर ऐसे इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि यहां दिन के साथ-साथ रात में भी आसानी से उड़ान भरी जा सके। 5 मार्च 2019 को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और यूपी सरकार के बीच समझौता हुआ था। 24 जून 2020 को इसे इंटरनेशनल एयरपोर्ट घोषित किया गया था। बताते चलें कि कुशीनगर भगवान गौतम बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली है, इसलिए यह बौद्ध धर्म मानने वालों के लिए प्रमुख तीर्थ स्थल है। अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के उद्घाटन से यहां पर्यटन की गतिविधियां भी बढ़ेंगी।

Published / 2021-10-19 05:10:22
उत्तराखंड में कुदरत का कहर- बद्रीनाथ में नाले में फंसे कार सवार, केदारनाथ में 22 श्रद्धालुओं का रेस्क्यू

एबीएन डेस्क। उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और चारधाम की यात्रा रोक दी गई है। भारी बारिश के कारण चंपावत जिले के बाटनागाड-टनकपुर में फंसे मां पूर्णागिरी मंदिर के दर्शन को गए 200 श्रद्धालुओं को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया। वहीं केदारनाथ से लौटते समय भारी बारिश के कारण सोमवार को जंग चट्टी में फंसे करीब 22 लोगों को SDRF और पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाया। इन सभी लोगों को गौरीकुंड शिफ्ट किया गया है, इनमें से 55 साल के एक श्रद्धालु जिनको चलने में दिक्कत थी, स्ट्रेचर के जरिए शिफ्ट किया गया। नाले में फंसी कार : बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से एक डराने वाला वीडियो सामने आया है। भारी बारिश के बाद उफनते लामबगड नाले में एक कार फंस गई, उस समय उसमें कई लोग सवार थे। सीमा सड़क संगठन (BRO) ने बचाया। पहाड़ दरकने की वजह से बद्रीनाथ मार्ग छह जगहों पर बाधित है। अब तक 5 की मौत : राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली सूचना के अनुसार, पौड़ी जिले के लैंसडौन क्षेत्र के समखाल में भारी बारिश के चलते भूस्खलन का मलबा एक होटल के निर्माण में लगे मजदूरों के तंबू पर आ गिरा जिसमें तीन मजदूरों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। एक अन्य घटना में चंपावत जिले के सेलखोला में एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया जिससे उसमें रहने वाले दो व्यक्तियों की मौत हो गई। प्रदेश में मंगलवार तक भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी स्वयं राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों और पर्यटकों के रहने और भोजन आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए और इसमें कोई लापरवाही न हो। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एहतियात के तौर पर प्रदेश में क्लास एक से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। धामी ने कहा कि राज्य, जिलों और तहसील स्तरों पर नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित हों तथा मंगलवार तक जिलों से हर घंटे रिपोर्ट भेजी जाए। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और दारमा घाटी सहित प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और लगातार बारिश के कारण अक्तूबर में ही मौसम के मिजाज में ठंडक आ गई है।

Published / 2021-10-16 08:12:45
छत्तीसगढ़ : रायपुर रेलवे स्टेशन पर CRPF स्पेशल ट्रेन में ब्लास्ट, चार जवान घायल

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में ब्लास्ट हुआ है, जिसकी चपेट में CRPF के चार जवान आ गए। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल जवान को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि डेटोनेटर फटने से ब्लास्ट हुआ है। CRPF की 211 बटालियन के जवान स्पेशल ट्रेन से जम्मू जा रहे थे। ट्रेन रायपुर में रुकने के बाद ग्रेनेड डमी कारतूस बॉक्स में रखा जा रहा था। इसी दौरान ब्लास्ट हो गया, जिसमें चार जवान घायल हो गए। हवलदार विकास चौहान को ज्यादा चोटें आने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जवानों के नाम चवन विकास लक्ष्मण, रमेश लाल, रविंद्र कर, सुशील, दिनेश कुमार पैकरा हैं। CRPF के आला अधिकारी निजी अस्पताल पहुंच गए हैं। GRP मामले की जांच में जुट गई है।रायपुर पुलिस ने बताया कि सुबह CRPF की स्पेशल ट्रेन झारसुगुड़ा से जम्मू तवी जा रही थी। इसी दौरान रायपुर पहुंचने के बाद ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी थी। इस दौरान तीन कंपनी की शिफ्टिंग हो रही थी। सामान लोडिंग के दौरान इगनाइटर सेट और SD कार्तिज (ट्यूब लॉन्चिंग में यूज) का एक बॉक्स ट्रेन के बोगी नंबर 9 के पास हाथ से छूट गया, जिससे ब्लास्ट हो गया और चार जवान घायल हो गए। निजी अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ नीरज पांडे ने बताया कि ब्लास्ट में घायल जवान के हाथ, पैर और सिर में चोट लगी है. सिर में लगी चोट गंभीर है। फ्रंटल साइनस का फैक्चर हो गया है, जिसका असर ब्रेन में दिख रहा है। हालांकि जवान की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Published / 2021-10-14 16:58:37
जम्मू : मुठभेड़ में JCO शहीद, दो जवान जख्मी

जम्मू। गुरुवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में एक JCO शहीद हो गए, जबकि दो जवान घायल हो गए हैं। सेना के सूत्रों ने जेसीओ के शहीद होने की पुष्टि की है। आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच में शाम से ही एनकाउंटर जारी है। इसके साथ ही राजौरी-पुंछ पर गाड़ियों के आवागमन को भी रोक दिया गया है। घटना जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में हुआ है।

Published / 2021-10-13 14:27:07
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह एम्स में भरती, कांग्रेस ने कहा-रुटीन चेकअप

नयी दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आज दिल्ली के एम्स में भरती हुए हैं। उनके एम्स में भरती होने पर कांग्रेस की ओर से बयान आया है कि वे रुटीन चेकअप के लिए अस्पताल में भरती हुए हैं। उनकी स्थिति स्थिर है। आॅल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रणव झा ने ट्वीट किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्वास्थ्य को लेकर कुछ अफवाहें फैलायी जा रही हैं। लेकिन ऐसा कुछ नहीं है वे रुटीन चेकअप के लिए अस्पताल में भरती हुए हैं। आॅल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सेक्रेटरी प्रणव झा ने ट्?वीट किया कि उनके स्वास्थ्य को लेकर कुछ अफवाहें फैल गयी हैं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है वे रुटीन चेकअप के लिए अस्पताल में भरती हुए हैं। अगर जरूरत होगी तो हम उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देंगे। उनके स्वास्थ्य को लेकर मीडिया ने जो चिंता जतायी है हम उसके लिए उनका धन्यवाद कहते हैं। डॉ मनमोहन सिंह कांग्रेस के शासनकाल में दो बार यूपीए सरकार में देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। वे चेकअप के लिए अस्पताल पहुंचे हैं और वरिष्ठ डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। उनकी स्थिति अभी स्थिर है।

Published / 2021-10-12 16:58:56
नालंदा : नदी में डूबकर 4 बच्चियों ने तोड़ा दम

नालंदा। बिहार में नालंदा जिले के हादसा सरमेरा थाना क्षेत्र के काजीचक धनावां गांव के पास मंगलवार को धनायन नदी में डूब कर 4 बच्चियों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर बीडीओ राजीव कुमार और थानाध्यक्ष विवेक राज मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृत बच्चियों में सीता कुमारी (13), सरिता कुमारी (11), सोनम कुमारी (12) और राखी कुमारी (13) शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, चारों बच्चियां कपड़े धोने नदी के किनारे गई थीं। इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसला और वह गहरे पानी में गिर गई। बाकी तीन बच्चियां उसे बचाने के लिए दौड़ीं, पर वे तीनों भी गहरे पानी में डूब गईं। लोगों की मदद से चारों का शव नदी से बाहर निकाला गया।

Page 315 of 332

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse