टीम एबीएन, पटना। बिहार में फिर से हुए कोरोना विस्फोट के बीच सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पूर्व सीएम के साथ उनकी पत्नी शांति देवी, बेटी पुष्पा माझी और बहू दीपा माझी के साथ ही परिवार से जुड़े 18 लोग की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान ने सोमवार को बताया कि पिछले कुछ दिनों से पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और परिवार के कुछ लोग सर्दी जुकाम तथा बुखार से परेशान थे। इसी को देखते हुए कोरोना की जांच कराई गई। उन्होंने कहा कि जांच होने पर जीतन राम मांझी, उनकी पत्नी, बेटी और बहू के साथ ही आप्त सचिव गणेश पंडित और उनकी सुरक्षा में लगे कर्मी समेत परिवार के ही 18 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह सभी जीतन राम मांझी के गया जिले के पैतृक आवास महाकार में आइसोलेशन में हैं। इन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं है और सभी सुरक्षित हैं। नीतीश कुमार के जनता दरबार में 14 कोरोना पॉजिटिव मिले : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार में 14 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें छह फरियादी, खाना बनाने आए होटल के पांच कर्मचारी और तीन सिपाही शामिल हैं। एंटीजन टेस्ट में इतनी बड़ी संख्या में लोगों में संक्रमण मिलने पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि जनता दरबार में सीएम के पास जाने से पहले फरियादियों की कोरोना जांच कराई जाती है।
एबीएन डेस्क। कोरोना महामारी की तीसरी लहर के गहराते खतरे के बीच किशोरों का सोमवार से टीकाकरण शुरू हो रहा है। सबसे पहले 15-18 वर्ष आयुवर्ग के बच्चों को टीके लगाए जाएंगे। इस आयुवर्ग के लिए सिर्फ भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को मंजूरी दी गई है। कंपनी ने दावा किया था कि बच्चों पर उसकी वैक्सीन वयस्कों की तुलना में ज्यादा प्रभावी पाई गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से वैक्सीन मिक्सिंग से बचने के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा है। किशोरों के टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर शनिवार से ही रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया था। पोर्टल के रविवार शाम सात बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक इस आयुवर्ग में छह लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुआ है। किशोरों के टीकाकरण के लिए जारी नए दिशानिर्देशों के मुताबिक कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के साथ ही आन स्पाट यानी मौके पर भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा है। दूर दराज या जहां इंटरनेट की सुविधा नहीं है वहां के किशोर सीधे टीका केंद्र जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं और उन्हें तुरंत टीका भी लगाया जाएगा। किशोरों को सिर्फ कोवैक्सीन ही लगाई जानी है इसलिए मांडविया ने टीकाकरण के दौरान वैक्सीन मिक्सिंग से बचने के लिए किशोरों के लिए अलग टीकाकरण केंद्र बनाने, इनके लिए अलग समय निर्धारित करने, अगर एक ही समय हो तो अलग लाइन लगाने और अलग टीमें बनाने की भी सलाह दी है। बता दें कि वयस्कों का पहले से ही टीकाकरण हो रहा है और उन्हें कोवैक्सीन के साथ ही कोविशील्ड और स्पुतनिक वी वैक्सीन भी लगाई जा रही है।
एबीएन डेस्क। देश में ओमक्रॉन का संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है। आंकड़ों से पता चला है कि इसकी संक्रमण दर इतनी ज्यादा तेज है कि इसने पिछले साल भयावह रूप से सामने आई कोरोना की दूसरी लहर को भी पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, जानकारों का कहना है कि ओमिक्रॉन से संक्रमित होने के बाद गंभीर रूप से बीमार होने की खबरें कम हैं, जिसके चलते अस्पताल में भर्ती होने की दर भी कम है। कोरोना संक्रमण की बात करें तो देश में रविवार को कोरोना के 33 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। यह संख्या पिछले 107 दिनों या 17 सितंबर के बाद सबसे जयादा है। वहीं दो जनवरी को खत्म हुए सप्ताह में देश में प्रतिदिन औसतन 18,290 नए मरीज सामने आए, जो कि 12 अक्टूबर के बाद से उच्चतम सात दिवसीय औसत है। जबकि 25 दिसंबर को खत्म हुए सप्ताह में सात दिनों का औसत 6,641 था। एक सप्ताह में संक्रमण दर में 175 प्रतिशत का इजाफा : रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना की संक्रमण दर इतनी तेज है कि पिछले एक सप्ताह के अंदर ही इसमें 175 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। नौ अप्रैल 2020 के बाद यह सबसे ज्यादा साप्ताहिक वृद्धि है। जबकि, दूसरी लहर के दौरान एक सप्ताह में अधिकतम 75 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यही संक्रमण दर बनी रही तो आने वाले सप्ताह में प्रतिदिन मिलने वाले मामलों की संख्या बढ़कर 36 हजार तक पहुंच जाएगी। WHO ने पहले ही किया था आगाह : विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस बात की पहले ही पुष्टि की थी कि मौजूदा ओमिक्रॉन संक्रमण डेल्टा से भी ज्यादा तेजी से फैलेगा। WHO ने कहा था कि इस बात की संभावना ज्यादा है कि टीकाकरण करा चुके या कोरोना से संक्रमित हो चुके लोग भी दोबारा संक्रमित हो सकते हैं। अभी तक ओमिक्रॉन के जो भी मामले सामने आए हैं, उनमें ज्यादातर में यह ही देखा गया है।
एबीएन डेस्क। अर्थव्यवस्था के कई मानक संकेत बेहद शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। दिसंबर माह में जीएसटी संग्रह 1.29 लाख करोड़ रूपये से अधिक रहा है। पिछले छह महीने से जीएसटी संग्रह लगातार एक लाख करोड़ रूपये की सीमा से ऊपर बना हुआ है। कार कंपनियों ने साल 2021 में रिकॉर्ड 27 प्रतिशत ज्यादा कारों की बिक्री की है तो विदेशों को होने वाला निर्यात लगातार बेहतर हो रहा है। लेकिन अर्थव्यवस्था के इन बेहतर मानकों के बीच आश्चर्यजनक तरीके से बेरोजगारी दर लगातार बढ़ रही है जिससे सरकार की परेशानी बढ़ गई है। सीएमआईई के आंकड़ों के अनुसार साल 2021 के अंतिम माह दिसंबर में बेरोजगारी दर बढ़कर 7.84 फीसदी हो गई है। दिसंबर में शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 9.24 फीसदी तो ग्रामीण क्षेत्रों में 7.2 फीसदी दर्ज की गई है। सितंबर महीने में बेरोजगारी दर 6.86 फीसदी, अक्टूबर में 7.75 और नवंबर महीने में 7.0 फीसदी रही है जो कि दिसंबर महीने के अंत में बढ़कर 7.91 तक पहुंच गई। विभिन्न चुनावी राज्यों में बेरोजगारी बड़ा चुनावी मुद्दा बनी हुई है, यही कारण है कि ताजा आंकड़ों ने सरकार की परेशानी बढ़ा दी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। मुंबई में कोरोना के मामले बेकाबू हो गए हैं। यहां बीते 24 घंटे में कोरोना के 8,063 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 578 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। यहां फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 29,819 है। यहां शनिवार को कोरोना के 6,347 मामले रिकॉर्ड किए गए थे। इसके मुकाबले रविवार को रोजाना केसों में 27 फीसदी की उछाल दर्ज की गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने बताया कि शहर में संक्रमण के कारण रविवार को किसी मरीज की मौत नहीं हुई और 89 प्रतिशत मरीजों में लक्षण नहीं देखे गए। महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना के 11,877 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 2,069 लोग और 9 मौतें दर्ज़ की गई। सक्रिय मामले 42,024 हैं। राज्य में बीते 24 घंटे में ओमिक्रॉन के 50 मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के अब तक कुल 510 मामले सामने आ चुके हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान और भारत ने अपने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची का शनिवार को आदान-प्रदान किया। दरअसल, दोनों देशों के बीच शत्रुता बढ़ने पर इन प्रतिष्ठानों पर हमला नहीं किया जा सकता है। विदेश कार्यालय ने यहां एक बयान में यह जानकारी दी। दोनों पड़ोसी देशों के बीच यह वार्षिक रस्म तीन दशकों से भी पुरानी है। बयान में कहा गया है कि दोनों देशों ने अपने-अपने यहां कैद रखे गये एक-दूसरे के नागरिकों की सूची का भी आदान-प्रदान किया, जिनमें आम आदमी, रक्षा कर्मी और मछुआरे शामिल हैं। पाकिस्तान में स्थित परमाणु प्रतिष्ठानों एवं केंद्रों की सूची यहां विदेश मंत्रालय में आधिकारिक रूप से भारतीय उच्चायोग के एक प्रतिनिधि को शनिवार को सौंपी गई। पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने बयान में कहा है कि इसी तरह, नयी दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने परमाणु प्रतिष्ठानों और केंद्रों की सूची पाकिस्तान उच्चायोग के एक प्रतिनिधि को सौंपी। पाकिस्तान ने अपने यहां कैद 628 भारतीयों की सूची इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के साथ साझा की। पाकिस्तान और भारत ने अपने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची का शनिवार को आदान-प्रदान किया। दरअसल, दोनों देशों के बीच शत्रुता बढ़ने पर इन प्रतिष्ठानों पर हमला नहीं किया जा सकता है। विदेश कार्यालय ने यहां एक बयान में यह जानकारी दी। दोनों पड़ोसी देशों के बीच यह वार्षिक रस्म तीन दशकों से भी पुरानी है। बयान में कहा गया है कि दोनों देशों ने अपने-अपने यहां कैद रखे गये एक-दूसरे के नागरिकों की सूची का भी आदान-प्रदान किया, जिनमें आम आदमी, रक्षा कर्मी और मछुआरे शामिल हैं। पाकिस्तान में स्थित परमाणु प्रतिष्ठानों एवं केंद्रों की सूची यहां विदेश मंत्रालय में आधिकारिक रूप से भारतीय उच्चायोग के एक प्रतिनिधि को शनिवार को सौंपी गई। पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने बयान में कहा है कि इसी तरह, नयी दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने परमाणु प्रतिष्ठानों और केंद्रों की सूची पाकिस्तान उच्चायोग के एक प्रतिनिधि को सौंपी। पाकिस्तान ने अपने यहां कैद 628 भारतीयों की सूची इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के साथ साझा की।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना के बढ़ते मामले और ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने लॉकडाउन जैसे प्रतिबंधों का ऐलान किया। ममता सरकार की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, राज्य में सोमवार (3 जनवरी, 2022) से सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, स्पा, सैलून, ब्यूटी पार्लर, चिड़ियाघर और मनोरंजन पार्क बंद रहेंगे। साथ ही कार्यालयों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। इसके साथ सुबह 10 से शाम 5 बजे तक केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति दी गई है। ममता सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश : • लोकल ट्रेन की सेवा और टाइमिंग में भी बदलाव किया है। पश्चिम बंगाल में लोकल ट्रेन सोमवार (3 जनवरी 2022) से 50 प्रतिशत क्षमता के साथ शाम 7 बजे तक चलेंगी। • सभी प्रशासनिक बैठकें वर्चुअल मोड के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। • मुंबई और दिल्ली से सप्ताह में मात्र दो दिन सोमवार और शुक्रवार फ्लाइट चलेगी। • ब्रिटेन से आने वाली फ्लाइट पर सोमवार से रोक लगा दी गई हैं। • जोखिम भरे देशों से आने वाले फ्लाइट के यात्रियों का 10 फीसदी RT-PCR टेस्ट किया जाएगा तथा दूसरे देशों से आने वाले यात्रियों का RAT टेस्ट बाध्यतामूलक किया जाएगा। • 1 फरवरी से द्वारे सरकार शुरू होगा, पहले यह 3 जनवरी से शुरू होना था। रात को 10 बजे से 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। • मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और साफ-सफाई रखने के नियमों का पालन करना अनिवार्य। • ममता सरकार ने आधे कर्मचारियों के साथ निजी और सरकारी कार्यालयों को खोलने की अनुमति दी है। • कोलकाता में 11 माइक्रो कंटेनमेंट जोन होगा, अन्य जिलों में भी इसी तरह का जोन बनाया जाएगा। • कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई बता दें कि पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी देखी जा रही है, जिसके बाद राज्य सरकार ने सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। पश्चिम बंगाल में ओमिक्रॉन के दो और मामले सामने आए हैं जिसके बाद राज्य में इसके कुल मामलों की संख्या 16 हो गई है।
एबीएन डेस्क। रेलवे ने कोरोना महामारी काल में भी अच्छी कमाई की। उसने कोरोना गस्त वर्ष 2020-21 में तत्काल व प्रीमियम तत्काल टिकटों के शुल्क से ही 500 करोड़ से ज्यादा की कमाई की। इस वर्ष में रेलवे ने तत्काल टिकट शुल्क के रूप में 403 करोड़ रुपये और प्रीमियम तत्काल टिकट से 119 करोड़ रुपये अर्जित किए। इसी दौरान उसने डायनामिक फेयर के रूप में 511 करोड़ रुपये जुटाए। रेलवे ने यह अतिरिक्त कमाई ऐसे समय की है जबकि वर्ष के दौरान कोरोना महामारी के चलते अधिकांश वक्त ट्रेनों का संचालन बंद रहा था। एक आरटीआई अर्जी के जवाब में रेलवे ने यह जानकारी दी है। तत्काल व प्रीमियम तत्काल श्रेणियों के यात्री वो होते हैं, जो कि आपात यात्रा के लिए प्रीमियम शुल्क अदा कर ट्रेनों में सफर करते हैं। मध्यप्रदेश के आरटीआई कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौर की आरटीआई अर्जी के जवाब में रेलवे ने बताया कि उसे चालू वित्त वर्ष यानी 2021-2022 में सितंबर तक डायनामिक किराए से 240 करोड़, तत्काल टिकट से 353 करोड़ और प्रीमियम तत्काल टिकट शुल्कों से 89 करोड़ रुपये की आया हो चुकी थी। वित्त वर्ष 2019-20 में, जबकि ट्रेनों के संचालन पर कोई पाबंदी नहीं थी, राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर ने डायनामिक फेयर के रूप में 1313 करोड़ कमाए थे। वहीं तत्काल टिकटों से 1669 करोड़ और प्रीमियम तत्काल टिकटों से 603 करोड़ रुपये बटोरे थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। संक्रमित मरीजों में रोजाना लगभग पांच हजार की बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के 27,553 मामले सामने आए हैं जबकि ओमिक्रॉन वैरिएंट से 1,525 लोग संक्रमित हुए हैं। इस दौरान 284 लोगों की मौत हुई है। चिंता करने वाली बात यह है कि देश में सक्रिय मामले बढ़ने लगे हैं। ताजा आंकड़े के अनुसार देश में कुल सक्रिय मामले 1,22,801 हो गए हैं। वहीं इस दौरान केवल 9,249 लोग ही स्वस्थ हो पाए। पूरे देश में अब तक ओमिक्रॉन के 1525 मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा इसके कुल 23 राज्यों में दस्तक दे दी है। महाराष्ट्र में जहां सबसे अधिक 460 मामले हैं वहीं 351 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर दिल्ली है। अन्य राज्यों की बात करें तो तमिलनाडु (117), गुजरात(136), केरल (109), राजस्थान (69), तेलंगाना(67), हरियाणा (63), कर्नाटक (64), आंध्र प्रदेश (17), पश्चिम बंगाल(20), ओडिशा (14), मध्य प्रदेश (9), उत्तर प्रदेश (8), उत्तराखंड (4), चंडीगढ़ (3), जम्मू-कश्मीर (3), अंडमान एवं निकोबार (2), गोवा (1), हिमाचल प्रदेश (1), लद्दाख (1), मणिपुर (1) और पंजाब में 1 मामला दर्ज किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.