एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आगाह किया कि महंगाई अभी और बढ़ेगी,साथ ही उन्होंने सरकार से देश की जनता की रक्षा के लिए अब कदम उठाने का अनुरोध किया। गांधी ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने से पहले ही कीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि ने गरीबों और मध्यम वर्ग को कुचल दिया था। उन्होंने कहा, यह (महंगाई) और बढ़ेगी क्योंकि कच्चे तेल की कीमत प्रति बैरल 100 डॉलर से अधिक है, खाद्य कीमतों में 22 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। कोविड ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को बाधित किया है। पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि भारत सरकार को अब कार्रवाई करनी चाहिए और लोगों की रक्षा करनी चाहिए। सरकार ने सोमवार को जो आंकड़ा जारी किया है उसके मुताबिक कच्चे तेल और गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि होने से खुदरा मुद्रास्फीति फरवरी में आठ महीने के उच्चतम स्तर 6.07 प्रतिशत पर पहुंच गई। इस दौरान थोक मूल्य आधारित मुद्रास्फीति बढ़कर 13.11 प्रतिशत हो गई। यूक्रेन पर 24 फरवरी को रूसी आक्रमण के बाद कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में वृद्धि ने थोक मूल्य सूचकांक पर विपरीत असर डाला है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ब्रिटेन और कई अन्य यूरोपीय देशों में एक ही दिन में 6 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं, जिसकी वजह से कोरोना मामलों के एक्सपर्ट्स चौथी लहर की आशंका जताने लगे हैं। पिछले कुछ दिनों में कोरोना के जन्मदाता चीन और यूरोपीय देशों में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़े हैं। ओमिक्रॉन के सब वेरिएंट BA.2 की वजह से दक्षिण कोरिया में कोरोना के मामलों में भारी बढ़ोतरी हुई है। वहीं, ब्रिटेन और कई अन्य यूरोपीय देशों में भी एक ही दिन में 6 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। इसकी वजह से कोरोना मामलों के एक्सपर्ट्स चौथी लहर की आशंका जताने लगे हैं। हालांकि, भारत को लेकर एक्सपर्ट्स ऐसा नहीं मानते हैं और उनके मुताबिक, अभी भारत के लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। एक्सपर्ट्स कहते हैं कि दिसंबर 2021 और फरवरी के बीच आई तीसरी लहर के कारण लोगों की इम्युनिटी में बढ़ोतरी देखने को मिली है, साथ ही वैक्सीनेशन का रेट भी बढ़ा है। हालांकि, स्वास्थ्य सेवाओं के पूर्व राज्य महानिदेशक और राज्य सरकार के तकनीकी सलाहकार डॉ सालुंखे ने कहा कि हम अपनी तैयारी को कम नहीं कर सकते, क्योंकि दुनिया के अन्य हिस्सों की तरह भारत में चौथी लहर आ सकती है। उन्होंने कहा कि चौथी लहर के बारे में केवल एक चीज पता नहीं है कि यह वास्तव में कब होगी और यह कितनी गंभीर होगी। उनके अलावा दिल्ली एम्स के क्रिटिकल केयर विभाग के प्रोफेसर और कोविड एक्सपर्ट डॉ युद्धवीर सिंह ने भी कोरोना को लेकर अपनी बात रखी। दो साल में कोरोना वायरस को लेकर कुछ भी साफ नहीं : उन्होंने बताया कि कोरोना का वायरस लगातार खुद में बदलाव करता रहता है। उनके मुताबिक, हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि अब कभी भी कोरोना का कोई खतरनाक वेरिएंट नहीं आएगा। क्योंकि कोरोना महामारी के पिछले दो साल के इतिहास में इस वायरस को लेकर कुछ भी साफ नहीं हो पाया है। जब भी लगता है कि ये महामारी अब खत्म हो गई है। तभी कोई नया वैरिएंट आ जाता है। लोगों को कोरोना को हल्के में नहीं लेना चाहिए : उन्होंने कहा कि डेल्टा वेरिएंट के बाद लग रहा था कि ये महामारी काबू में आ गई है, लेकिन इसके बाद ओमिक्रॉन वेरिएंट आया, जो दुनियाभर में फैला। अब ये नया वेरिएंट आया है। ऐसे में लोगों को कोरोना को हल्के में नहीं लेना चाहिए। चूंकि कोरोना एक ग्लोबल महामारी है। ऐसे में जब तक पूरी दुनिया में कोरोना के मामले काबू में नहीं आ जाते। तब तक यह नहीं मानें कि कोरोना हमेशा के लिए खत्म हो गया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कल होने जा रहे मंत्री पद शपथ ग्रहण समारोह में 10 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे, जिनमें विधायक हरपाल चीमा, लाल चंद, कुलदीप सिंह धालीवाल, डॉ विजयइंद्र सिंगला, लालजीत सिंह भुल्लर, डॉ बलजीत कौर, हरभजन सिंह, गुरमीत सिंह मीत हेयर, हरजोत सिंह बैंस, ब्रह्म शंकर जिंपा के नाम शामिल हैं। आम आदमी पार्टी की कैबिनेट का कल विस्तार होने जा रहा है। कल यानी शनिवार को सुबह 11 बजे कैबिनेट मंत्री अपने-अपने पदों के लिए शपथ ग्रहण करेंगे। उसके बाद मान सरकार द्वारा अपने मंत्रियों की पहली कैबिनेट बैठक की जाएगी। भगवंत मान ने ट्वीट कर कर लिखा है कि पंजाब का नया मंत्रिमंडल कल शपथ लेगा, वहीं आपको यह भी बता दें कि आम आदमी पार्टी की तरफ से 10 मंत्रियों का ऐलान किए जाने के बाद विधानसभा स्पीकर के तौर पर कोटकपूरा से विधायक कुलतार सिंह संधवा को नामजद किया है। इस सम्बन्धित जानकारी कुलतार सिंह संधवां ने खुद टवीट करके दी। उन्होंने स्पीकर नियुक्त करने के लिए पार्टी के कन्वीनरह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद किया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुजरात में शुक्रवार को धुलेती उत्सव के बाद अलग-अलग घटनाओं में सात किशोरों सहित 11 लोग डूब गए। घटनाएं देवभूमि द्वारका, खेड़ा और महिसागर जिलों में रिपोर्ट की गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। दरअसल, रंगों का त्योहार धुलेती राज्य में होली के एक दिन बाद मनाया जाता है। पुलिस ने बताया कि देवभूमि द्वारका में धुलेती मनाने के बाद नहाने के लिए पानी में उतरे पांच लड़के त्रिवेणी नदी में डूब गए। उनकी पहचान जीत लुहार (16), हिमांशु राठौड़ (17), भूपेन बगड़ा (16), धवल चंदेगरा (16) और हितार्थ गोस्वामी (16) के रूप में हुई है। भानवड़ पुलिस थाने के सब-इंस्पेक्टर निकुंज जोशी ने बताया कि भानवड़ और खंभालिया कस्बों के दमकल कर्मियों ने स्थानीय गोताखोरों के साथ शवों को निकाला। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि खेड़ा जिले के वासो तालुका के जारोल गांव के पास धुलेती मनाने के बाद दो किशोर झील में डूब गए। उन्होंने मृतक की पहचान जारोल गांव निवासी प्रीतेश सोलंकी (15) और सागर सोलंकी (14) के रूप में की। पड़ोसी महिसागर जिले में वानकबोरी बांध के पास महिसागर नदी में डूबने से चार अज्ञात युवकों की मौत हो गई।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यहां एक ट्रक ने एक ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में ई-रिक्शा पर सवार 15 लोग घायल हो गए। घायलों में छह बच्चे भी शामिल हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ई-रिक्शा के चालक और चार बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। उनके मुताबिक, हादसा मालदा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 34 पर नारायणपुर मिशन रोड पर हुआ। बिहार के किशनगंज निवासी 14 लोग ई-रिक्शा पर सवार होकर पांडुआ स्थित दरगाह जा रहे थे। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से आने-जाने के लिए 500 रुपये में ई-रिक्शा को किराए पर लिया था। हादसे में ई-रिक्शा चालक और 14 लोग घायल हो गये। घायलों को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मालदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। द कश्मीर फाइल्स फिल्म हो रही आलोचना पर तृणमूल कांग्रेस नेता यशवंत सिन्हा ने कटाक्ष करते हुए ट्वीट कर कहा कि संसद से कानून पारित करवाकर फिल्म नहीं देखने वालों को जेल की सजा दिलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि द कश्मीर फाइल्स को पूरे भारत में टैक्स फ्री कर देना ही पर्याप्त नहीं है। संसद को चाहिए कि वो सभी भारतीयों के लिए यह फिल्म देखना अनिवार्य बनाए। यशवंत ने चुटकी लेते हुए कहा है कि संसद ऐसा कानून बनाए कि फिल्म की आलोचना करने वालों को आजीवन कारावास मिले। उन्होंने लिखा, जो लोग फिल्म नहीं देख पाते हैं, उन्हें दो साल की जबकि जो इसकी आलोचना करें, उन्हें ताउम्र कैद की सजा हो। पीएम मोदी कर चुके हैं तारीफ : इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर फाइल्स की सराहना की और अभिव्यक्ति की आजादी के झंडादरबार होने का दावा करने वालों को इसे बदनाम करने के बाबत चलाए जा रहे अभियान के लिए आड़े हाथों लिया। फिल्म की पटकथा को एक तरह से अनुमोदन करते हुए उन्होंने कहा, उनको हैरानी हो रही है कि इस सत्य को इतने सालों तक दबा कर रखा गया जो अब तथ्यों के आधार पर बाहर लाया जा रहा है। वहीं कांग्रेस ने कश्मीर फाइल्स फिल्म पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा और कहा कि जब कश्मीरी पंडितों का कश्मीर घाटी से पलायन हो रहा था तो सिर्फ उस समय के विपक्षी नेता राजीव गांधी ने आवाज उठाई थी और संसद का घेराव किया था, लेकिन तत्कालीन वीपी सिंह सरकार को समर्थन दे रही भाजपा के नेता लालकृष्ण आडवाणी और नरेंद्र मोदी "रथयात्रा" निकालने में व्यस्त थे। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को यह बताना चाहिए कि वह कश्मीरी पंडितों का कब तक पुनर्वास करेंगे? उन्होंने संवाददाताओं से कहा, मार्टिन लूथर किंग, नेल्सन मंडेला और कई अन्य महान व्यक्तियों के प्रेरणास्रोत महात्मा गांधी जी थे। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण कि इस देश के प्रधानमंत्री को फिल्म देखकर महात्मा गांधी के बारे में ज्ञान हुआ। अब लगता है कि उन्हें फिल्म देखकर ही कश्मीरी पंडित भाई-बहनों के बारे में ज्ञान हुआ।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना वायरस की तीसरी लहर लगभग खत्म होने के कगार पर और लोग अब फिर से बेपरवाह होकर कर कोविड के जरूरी नियमों से गुरेज करने लगे हैं। मास्क पहनना भी लोगों ने लगभग छोड़ ही दिया है। जबकि यह वैज्ञानिक पहले ही सावधान कर चुके हैं कि यह खत्म नहीं होगा और हमें इसका सामना नए नए रूप में करना पड़ेगा। कोविड-19 मामलों में वैश्विक स्तर पर हो रही बढ़ोतरी के आंकड़े बहुत बड़ी समस्या पैदा कर सकते हैं क्योंकि कुछ देशों में टेस्टिंग में भी कमी आई है। डब्ल्यूएचओ ने विश्वभर के देशों को वायरस के खिलाफ सतर्क रहने की चेतावनी दी। एक महीने से ज्यादा की गिरावट के बाद पिछले हफ्ते दुनिया भर में कोविड के मामले बढ़ने लगे हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि एशिया और चीन के जिलिन प्रांत में इसी के चलते लॉकडाउन लगाया गया है। बीए.2 वेरिएंट तेजी से फैलने वाला वेरिएंट : डब्ल्यूएचओ की मारिया वान केरखोव ने ब्रीफिंग में कहा कि बीए.2 अब तक का सबसे तेजी से फैलने वाला वेरिएंट प्रतीत होता है, हालांकि इस बात के कोई संकेत नहीं हैं कि यह ज्यादा गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है। इस बात का भी कोई सबूत नहीं है कि कोई अन्य नए प्रकार के मामलों में वृद्धि हो रही है। यूरोप की तस्वीर भी पूरी दुनिया के जैसी नहीं है। उदाहरण के लिए, डेनमार्क ने फरवरी की पहली छमाही में मामलों में संक्षिप्त पीक देखी गई, जिसकी वजह बीए.2 वेरिएंट था, जो जल्द ही कम भी हो गया। क्या हैं नए मामलों के बढ़ने के कारण : इस बढ़ोतरी के पीछे कई कारण हो सकते हैं जिसमें तेजी से फैलने वाला ओमिक्रॉन, बीए.2 सबलाइनेज और सार्वजनिक तौर पर स्वास्थ्य और सामाजिक नियमों में कमी भी शामिल हैं। डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस अधनोम गेब्रियेसुस ने संवाददाताओं से कहा कि यह वृद्धि कुछ देशों में परीक्षण में कमी के कारण हो रही है। अधिकारियों ने कहा कि कुछ देशों में कम टीकाकरण दर व आंशिक रूप से फैल रही गलत सूचना के चलते मामले बढ़ रहे हैं। सप्ताह भर में हुई 4300 मौतें : पिछले सप्ताह की तुलना में वैश्विक स्तर पर नए संक्रमणों में 8 फीसदी की वृद्धि हुई, जिसमंर 11 मिलियन नए मामले और 7-13 मार्च तक 43,000 से अधिक नई मौतें हुईं है। जनवरी के अंत के बाद पहली बार इतनी बढ़ोतरी देखी गई है। सबसे बड़ी छलांग डब्ल्यूएचओ के पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में थी, जिसमें दक्षिण कोरिया और चीन शामिल हैं, जहां मामलों में 25 फीसदी और मौतों में 27 फीसदी की वृद्धि हुई।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को होली के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह त्योहार उनके जीवन में खुशियों के हर रंग लाए। अमित शाह, राजनाथ सिंह और मुख्तार अब्बास नकवी समेत कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं। आपसी प्रेम, स्नेह और भाईचारे का प्रतीक यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में खुशियों का हर रंग लेकर आए।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि मुझे पेगासस खरीदने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन मैंने पेशकश ठुकरा दी थी। पेगासस मुद्दे पर केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि उनका फोन भी टैप किया जा रहा है और उन्हें भी स्पाइवेयर खरीदने का प्रस्ताव मिला था लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा, मेरा फोन टैप किया जा रहा है। अगर हम कुछ भी बात करें तो उन्हें पता चल जाएगा। तीन साल पहले मुझे पेगासस को खरीदने का आॅफर भी आया था। लेकिन मैंने इसे नहीं खरीदा। मैं निजता में दखल देने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने में विश्वास नहीं करती। लेकिन कई भाजपा शासित राज्यों ने पेगासस को खरीद लिया था। अगले लोकसभा चुनावों में भाजपा खेमे को टक्कर देने के लिए भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने की कोशिश कर रहीं बनर्जी ने कहा कि देश केंद्र में सत्ताधारी पार्टी से लड़ने की तैयारी कर रहा है। बजट चर्चा पर बोलते हुए, टीएमसी प्रमुख बनर्जी ने राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य पुलिस की सराहना की और राजनीतिक हिंसा के आरोपों को विपक्ष द्वारा फैलाई गई अफवाह के रूप में खारिज कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, मेरा फोन टैप किया जा रहा है। अगर हम कुछ भी बात करें तो उन्हें पता चल जाएगा। तीन साल पहले मुझे पेगासस को खरीदने का आॅफर भी आया था। लेकिन मैंने इसे नहीं खरीदा। मैं निजता में दखल देने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने में विश्वास नहीं करती। लेकिन कई भाजपा शासित राज्यों ने पेगासस को खरीद लिया था। अगले लोकसभा चुनावों में भाजपा खेमे को टक्कर देने के लिए भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने की कोशिश कर रहीं बनर्जी ने कहा कि देश केंद्र में सत्ताधारी पार्टी से लड़ने की तैयारी कर रहा है। बजट चर्चा पर बोलते हुए, टीएमसी प्रमुख बनर्जी ने राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य पुलिस की सराहना की और राजनीतिक हिंसा के आरोपों को विपक्ष द्वारा फैलाई गई अफवाह के रूप में खारिज कर दिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.