Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
दो उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर नौसेना के बेड़े में शामिल
Published / 2022-03-23 14:51:58
दो उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर नौसेना के बेड़े में शामिल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। तमिलनाडु में नौसेना हवाई अड्डे आईएनएस परुंदु में बुधवार को दो उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर शामिल किए गए जिससे इसकी निगरानी अभियान क्षमता में इज़ाफा हुआ है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि रामनाथपुरम में नौसेना हवाई स्टेशन में स्वदेशी तौर पर विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर्स (एएलएच) का पानी की बौछारों के साथ पारंपरिक स्वागत किया गया। इन हेलीकॉप्टरों को हिन्दुस्तान एयरोनॉक्टिस लिमिटेड ने बनाया है। हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल सशस्त्र गश्ती मिशन, हताहतों को निकालने, खोज एवं बचाव अभियानों में किया जा सकता है। आईएनएस परूंदु फिलहाल हेरोन आरपीए और चेतक हेलीकॉप्टरों का संचालन करता है। विज्ञप्ति के मुताबिक, एएलएच अत्याधुनिक समुद्री गश्ती रडार और अन्य उपकरणों से लैस हैं जो निगरानी की क्षमता में बढ़ोतरी करते हैं। उसमें बताया गया है कि इन होलीकॉप्टरों के शामिल करने के बाद मन्नार की खाड़ी, पाल्क खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में समुद्री निगरानी में इजाफा होगा और इनसे दिन एवं रात में भी खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा सकेगा। हेलीकॉप्टरों को शामिल करने के समारोह में पूर्वी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल बिश्वजीत दासगुप्ता मुख्य अतिथि थे।

दिल्ली एम्स के डॉक्टर्स बोले-लालू को यहां इलाज की जरूरत नहीं, सवालों के घेरे में रिम्स
Published / 2022-03-23 07:18:19
दिल्ली एम्स के डॉक्टर्स बोले-लालू को यहां इलाज की जरूरत नहीं, सवालों के घेरे में रिम्स

एबीएन सेंट्रल डेस्क। सूबे का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल रिम्स सवालों के घेरे में आ गया है। यहां के मेडिकल बोर्ड ने 22 मार्च को लालू यादव की खराब सेहत का हवाला देकर दिल्ली स्थित एम्स के लिए रेफर कर दिया था। इसके बाद लालू यादव के परिजन चार्टर्ड विमान से उन्हें दिल्ली लेकर गए थे। लेकिन एम्स के डॉक्टरों ने जांच के बाद स्पष्ट कर दिया कि लालू यादव को यहां इलाज कराने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में लालू यादव को चार्टर्ड विमान से रांची लाने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश राजद नेता अभय सिंह ने बताया कि लालू यादव के दोपहर दो से चार बजे के बीच रांची पहुंचने की संभावना है। मंगलवार रात लालू यादव किडनी की स्थिति बिगड़ने के बाद एयर एम्बुलेंस से दिल्ली गए थे। रात भर इमरजेंसी में उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। लालू प्रसाद का क्रिएटिनिन लेवल 4.1 से बढ़कर 4.6 हो गया है। चारा घोटाले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की सेहत में लगातार गिरावट की वजह से उन्हें रांची स्थित रिम्स से एम्स नई दिल्ली शिफ्ट किया गया था। मेडिकल बोर्ड के अध्यक्ष डॉ विद्यापति ने बताया था कि लालू प्रसाद यादव की किडनी के फंक्शन में लगातार गिरावट आ रही है। मंगलवार को हुई जांच में उनकी क्रिएटनिन लेवल 4.6 पाया गया है। यह एक खतरनाक संकेत है, इसलिए उन्हें तत्काल हायर मेडिकल सेंटर ले जाये जाने की जरूरत है। डॉक्टरों के मुताबिक लालू की किडनी 80 प्रतिशत काम नहीं कर रही है। लगभग 10 दिन पहले उनका क्रिएटनिन लेवल 4.1 था, जो अब बढ़कर 4.6 हो गया है। रिम्स के डॉक्टरों ने उनकी गिरती सेहत को देखते हुए बीपी और शुगर सहित अन्य बीमारियों के लिए दी जानेवाली दवाइयों का डोज लगातार बढ़ाया था, लेकिन इसके बाद भी उनकी सेहत लगातार खराब हो रही है। बता दें कि 21 फरवरी को सीबीआइ की स्पेशल कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव को डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी के मामले में पांच साल जेल की सजा सुनाने के साथ 60 लाख रुपये जुर्माना भरने को कहा था। स्वास्थ्य खराब होने के कारण जेल प्रशासन ने उन्हें रांची रिम्स में भर्ती कराया था। लालू प्रसाद यादव इसके पहले भी चारा घोटाले के दूसरे मामलों मे सजा सुनाये जाने के बाद रिम्स में न्यायिक हिरासत में कई महीनों तक इलाजरत रहे थे। पिछले साल नवंबर में बुखार और कमजोरी की शिकायत पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।

साईबर ग्रुप ने चीन से किया पंजाब समेत 8 राज्यों पर अटैक
Published / 2022-03-23 07:07:23
साईबर ग्रुप ने चीन से किया पंजाब समेत 8 राज्यों पर अटैक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय विद्युत नियामक प्राधिकरण की सतर्कता से चीन के एक साइबर ग्रुप द्वारा किए गए हमले के दौरान पंजाब सहित आठ राज्यों में गंभीर बिजली संकट टल गया है। केंद्रीय प्राधिकरण ने पहले ही इन राज्यों को हमले के प्रति सचेत कर दिया था जिसके चलते इस हमले का कोई असर नहीं हुआ। इस साईबर ग्रुप द्वारा इन राज्यों के स्टेट लोड डिस्पैच केन्द्रों पर हमला किया था। यदि साइबर हमलावर सफल हो जाते तो बिजली आपूर्ति ठप्प हो जाती। जिन राज्यों को निशाना बनाया गया उनमें पंजाब के अलावा, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल हैं। साइबर हमलावरों ने अत्याधुनिक साइबर घुसपैठ उपकरण और सॉफ्टवेयर का उपयोग कर इन स्टेट लोड डिस्पैच केन्द्रों पर हमला किया था। अगर हमला सफल होता, तो इन साइबर हमलावरों की भारत के सबसे बड़ी बिजली उत्पादन और ट्रांसमिशन ढांचे तक पहुंच हो जाती। इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्युत क्षेत्र में विशेषज्ञ विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि कंप्यूटर इमरजेंसी रिसोर्स टीम ऑफ इंडिया (सीईआर टी-एंड) ने इन चीनी हैकर्स का पता लगाया था और इन राज्यों के पावर एटिक्स को तुरंत अलर्ट कर दिया था तथा आगे अधिकारियों द्वारा उठाए गए कदमों के कारण ट्रांसमिशन सिस्टम का ब्रेक डाउन बच गया। पंजाब एसएलडीसी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एससीएडीए और आईएसपी फायर फॉल में एसआईपीज को ब्लॉक कर दिया। केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने राज्यों के एसएलडी को कहा कि वह सूचना प्रौद्योगिकी और ओटी सिस्टम का प्रत्येक 6 महीने के बाद साइबर सुरक्षा ऑडिट करें ताकि भविष्य में ऐसे हमलों से बचा जा सके।

देश में कोरोना : 24 घंटों में मिले 1,778 नये संक्रमित, 62 की मौत
Published / 2022-03-23 04:25:06
देश में कोरोना : 24 घंटों में मिले 1,778 नये संक्रमित, 62 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,778 नए मामले आए हैं। 2,542 लोग डिस्चार्ज हुए और 62 लोगों की कोरोना से मौत हुई। जिसके बाद से देश में कोरोना के कुल 4,30,12,749 मामले हो गए हैं। वहीं 23,087 एक्टिव केस हैं। रिकवरी की अगर बात की जाए तो कोरोना से कुल 4,24,73,057 लोग रिकवर हुए हैं। वहीं 62 मौत के बाद देश में कुल मौतें 5,16,605 हो गई हैं। 1,81,89,15,234 लोगों को वैक्सीनेशन हुआ है। वहीं कल कोरोना के 1,581 नए मामले सामने आए थे। इसके साथ ही कुल मामलों की संख्या 4,30,10,971 हो गई थी, जबकि इलाज करा रहे मरीजों की संख्या कम होकर 23,913 रह गई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि 33 और मरीजों के कोविड-19 से जान गंवाने के बाद इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या 5,16,543 पर पहुंच गई थी। चौथी लहर से अलर्ट रहने की जरूरत : वहीं कोरोना वायरसका खतरा अभी टलता नहीं दिख रहा है। तीसरी लहर के शांत होने के कुछ महीनों बाद ही कोरोना ने एक बार फिर तबाही मचानी शुरू कर दी है। इस बार ओमिक्रॉन का सबवेरिएंट बीए.2 और ओमिक्रॉन व डेल्टा के जुड़ने से तैयार हुआ डेल्टाक्रॉन प्रकोप मचा रहा है। आशंका है कि जिस तरह से नए मामलों की संख्या बढ़ रही है, चौथी लहर कभी भी आ सकती है। ब्रिटेन में डेल्टाक्रॉन ने तबाही मचा रखी है। यह वेरिएंट डेल्टा और ओमीक्रोन से जुड़ने से तैयार हुआ है। यह इसका ऑफिसियल नाम नहीं है। इसमें स्पाइक्स होते हैं जो ओमीक्रोन वेरिएंट की तरह दिखते हैं। इस हाइब्रिड वेरिएंट की खोज जनवरी, 2022 में की गई थी। इसके दुनियाभर में अब तक कुछ ही मामले सामने आए हैं।

हैदाराबाद : बोइगुड़ा में आग लगने से 10 की मौत
Published / 2022-03-23 04:19:21
हैदाराबाद : बोइगुड़ा में आग लगने से 10 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। हैदाराबाद के बोइगुड़ा इलाके में एक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लग गई है। 12 लोगों के फंसे होने की आशंका है। फायर विभाग के लोगों के अनुसार अभी तक 10 शवों को बाहर निकाला गया। भीषण आग की वजह से एक दीवार गिर गई, जिसकी वजह से लोग बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। भीषण आग को काबू पाना मुश्किल हो रहा है, करीब 8 फायर इंजन आग बुझाने में लगी हुई है। अभी भी आग बुझाने और राहत कार्य में लोग जुटे हुए हैं। मौके पर दमकल की करीब 8 गाड़ियां आग बुझाने पहुंची है। बताया जा रहा है कि कबाड़ के गोदाम में काम करने वाले सभी मजदूर बिहार के रहने वाले थे। शटर बंद होने की वजह से फंस गए थे मजदूर : पुलिस के मुताबिक कबाड़ गोदाम की पहली मंजिल पर 12 मजदूर सो रहे थे। अचानक भूतल पर आग लग गई। मजदूरों के बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता भूतल में कबाड़ की दुकान के माध्यम से था जिसका शटर बंद था। 10 के शवों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक मजदूर जो भागने में सफल रहा, उसे अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार फायर कंट्रोल रूम को तड़के करीब तीन बजे अलर्ट मिला और नौ दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए तीन घंटे से अधिक समय तक काम किया। गोदाम में फाइबर केबलों में लगी आग : गोदाम में फाइबर केबलों में आग लग गई थी जिसके कारण घना धुआं फैल गया और आग की तीव्रता और अधिक बढ़ गई। गोदाम में खाली शराब की बोतलें, कागज, प्लास्टिक और अन्य केबल भी रखे हुए थे। पहली मंजिल पर दो कमरे थे और सभी 11 शव एक कमरे से बरामद किए गए थे। एक दूसरे के ऊपर लेटे हुए थे। शवों की पहचान नहीं हो पा रही है। वहीं हाल ही में मध्य प्रदेश के बैतूल में चलती वॉल्वो बस में आग लगने से हड़कंप मच गया था। आग लगने के बाद बस को रोका गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी, यह वॉल्वो बस भोपाल से हैदराबाद जा रही थी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 35 से 40 यात्री सवार थे। बस से जब धुआं उठने लगा, तो यात्रियों को बस से नीचे उतरने को कहा गया। मुकाती ने बताया कि बस और यात्रियों का सामान आग की चपेट में आ गया था। वहीं उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया था।

पेट्रोलियम के दाम पर लगा "लॉकडाउन" हट गया : राहुल गांधी
Published / 2022-03-22 13:33:41
पेट्रोलियम के दाम पर लगा "लॉकडाउन" हट गया : राहुल गांधी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों में करारी हार का सामना करने वाली कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर आज मंगलवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और कटाक्ष किया कि अब ईंधन के दाम पर लगा लॉकडाउन हट गया है तथा सरकार कीमतों का लगातार विकास करेगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया, गैस, डीजल और पेट्रोल के दामों पर लगा लॉकडाउन हट गया है। अब सरकार लगातार कीमतों का विकास करेगी। महंगाई की महामारी के बारे में प्रधानमंत्री जी से पूछिए, तो वह कहेंगे कि थाली बजाओ। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, महा-महंगाई, भाजपा लाई! अब गैस सिलेंडर पर 50 रुपये बढ़ा। गैस सिलेंडर-दिल्ली व मुंबई में 949.50 रुपये, लखनऊ में 987.50 रुपये, कोलकाता में 976 रुपये और चेन्नई में 965.50 रुपये। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, लोग कह रहे हैं, कोई लौटा दे वो सच्चे-सस्ते दिन, नहीं चाहिए (नरेंद्र) मोदी जी के अच्छे दिन सुरजेवाला ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, भाजपा की जीत के साथ मोदी जी के महंगे दिन वापस आ गए हैं। भाजपा को जीत का आराम मिलते ही फिर महंगाई ने जनता का जीना हराम कर दिया है। उत्तर प्रदेश में अमित शाह जी ने कहा था कि चुनाव जिताओ और होली पर मुफ़्त गैस सिलेंडर पाओ। मुफ्त तो दिए नहीं, अब महंगे दे रहे हैं। आज 80 पैसे बढ़ी पेट्रोल और डीजल की कीमत : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को 80 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। वहीं घरेलू रसोई गैस के दाम 50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ गए हैं। मूल्य वृद्धि के बाद, दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत 96.21 रुपये प्रति लीटर होगी, जो पहले 95.41 रुपये थी। जबकि डीजल की कीमत 86.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 87.47 रुपये हो गई है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में बिना सब्सिडी वाले, 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाकर 949.50 रुपये कर दी गई है।

28 को गोवा के सीएम पद की शपथ लेंगे प्रमोद सावंत, पीएम भी होंगे शामिल
Published / 2022-03-22 13:26:07
28 को गोवा के सीएम पद की शपथ लेंगे प्रमोद सावंत, पीएम भी होंगे शामिल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। गोवा के मनोनीत मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत 28 मार्च को शपथ लेने जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। बीजेपी ने गोवा में एक बार फिर प्रमोद सावंत पर भरोसा जताया है और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया है। गोवा के मनोनीत मुख्यमंत्री सावंत 28 मार्च को शपथ लेने जा रहे हैं। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि शपथ समारोह 28 मार्च को सुबह 11 बजे पणजी के पास डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा। सावंत ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी। सोमवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षकों नरेंद्र सिंह तोमर और एल मुरुगन की मौजूदगी में सावंत को अपना नेता चुना गया था। सावंत ने 2019 में मनोहर पर्रिकर की मृत्यु के बाद गोवा की बागडोर संभाली थी। सावंत के मुताबिक, समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा-शासित सात राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। भाजपा गोवा के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई को पहले ही 25 विधायकों का समर्थन पत्र सौंप चुकी है। पिल्लई ने पार्टी को तटीय राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। मनोनीत मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इससे पहले सोमवार को कहा कि उनके नेतृत्व में गठित होने वाली नई सरकार पूर्ण पारदर्शिता के साथ काम करेगी और स्वयंपूर्ण गोवा 2.0 के मिशन को आगे बढ़ाएगी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम का विस्तार है। भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद पत्रकारों से बात करते हुए सावंत ने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य सरकार का ध्यान पर्याप्त बुनियादी ढांचे और मानव विकास पर होगा। वह दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी निवर्तमान सरकार ने स्वयंपूर्ण गोवा 1.0 को सफलतापूर्वक लागू किया है और इसके दूसरे संस्करण को और भी अधिक बल के साथ क्रियान्वित किया जाएगा। सावंत ने कहा कि कार्यक्रम के तहत, राज्य सरकार के एक अधिकारी को स्वयंपूर्ण मित्र नियुक्त करेगी जो एक पंचायत या नगरपालिका का दौरा करेगा, लोगों के साथ बातचीत करेगा अलग-अलग विभागों के साथ समन्वय करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लक्षित आबादी तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह उन गैर-भाजपा विधायकों को साथ लेकर चलेंगे जिन्होंने नई सरकार को अपना समर्थन दिया है। भाजपा को क्षेत्रीय संगठन एमजीपी से समर्थन मिला है, जिसके दो विधायक हैं। तीन निर्दलीय विधायकों ने भी भगवा दल को समर्थन दिया है, जिसके बाद 40 सदस्यीय विधानसभा में उसे 25 विधायकों का समर्थन हासिल हो गया है। भाजपा ने खुद 20 सीटें जीती हैं और वह बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने से एक सीट से चूक गई है। इस तरह देश के सबसे छोटे राज्य में सरकार बनाने के लिए बीजेपी का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया। यह लगातार तीसरी बार है, जब बीजेपी राज्य में सरकार बना रही है।

सीबीआई, ईडी, अन्य एजेंसियां केंद्र सरकार की सबसे बड़ी सहयोगी : शत्रुघ्न सिन्हा
Published / 2022-03-22 13:13:48
सीबीआई, ईडी, अन्य एजेंसियां केंद्र सरकार की सबसे बड़ी सहयोगी : शत्रुघ्न सिन्हा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता शत्रुघ्न सिन्हा का मानना है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी एजेंसियां स्वभाव से निरंकुश भाजपा नीत केंद्र सरकार की सबसे बड़ी सहयोगी हैं। अभिनेता से नेता बने पूर्व केंद्रीय मंत्री सिन्हा आसनसोल लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर उपचुनाव लड़ रहे हैं। वह दशकों तक भाजपा में रहने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने कहा कि उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ निजी मतभेद नहीं है लेकिन राजनीतिक मतभेदों के निकट भविष्य में हल होने की संभावना नहीं है। अपनी साफगोई के लिए प्रशंसकों के बीच "शॉटगन" के नाम से मशहूर सिन्हा कांग्रेस छोड़ने की वजहों पर सीधे जवाब देने से बचते रहे। उन्होंने कहा, कई बार सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए आपको एक नयी दिशा लेनी होती है। सिन्हा ने विरोधियों द्वारा उन्हें दिए गए "बाहरी" के तमगे को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि वह किसी अन्य बंगाली के मुकाबले कम बंगाली नहीं हैं। सिन्हा ने एक साक्षात्कार में कहा, राजनीतिक अवसरवादिता को समझे बिना वे (भाजपा) ऐसे आरोप लगा रहे हैं। मुझे लगता है कि यह दिवंगत अटल बिहार वाजपेयी द्वारा बनायी पार्टी नहीं रही और यह एक निरंकुश संगठन बन गया है। वह अपने राजनीतिक विरोधियों से हिसाब चुकता करने के लिए सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब सहयोगी नहीं रहे क्योंकि उनमें से ज्यादातर ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन छोड़ दिया है। इसलिए ये केंद्रीय एजेंसियां उसकी सबसे बड़ी सहयोगी हैं, राजा से ज्यादा ईमानदार हैं। उन्हें जनता की सेवा करने का मौका देने के लिए मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी का आभार जताते हुए सिन्हा ने कहा, मेरे प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कोई निजी मतभेद नहीं हैं। मतभेद पूरी तरह से राजनीतिक हैं...अगर हम राजनीतिक मतभेद सुलझा पाते तो मैं आज टीएमसी के साथ नहीं होता। कांग्रेस की आलोचना के लहजे में सिन्हा (76) ने कहा कि उन्हें पार्टी में शामिल करने के समय काफी वादे किए गए थे जो पूरे नहीं किए गए। सिन्हा ने कहा, कांग्रेस संकट के दौर से गुजर रही है और मुझे लगता है कि यह उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का सही वक्त नहीं है। मैं और कोई भ्रम पैदा नहीं करना चाहता। कई बार सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए आपको एक नई दिशा लेनी होती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा को हराने के लिए विपक्ष से हाथ मिलाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि ममता ऐसे किसी मोर्चे की अगुवाई करने के लिए सबसे उपयुक्त हैं। सिन्हा का 12 अप्रैल को होने वाले आसनसोल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को अग्निमित्र पॉल से मुकाबला होगा। मतगणना 16 अप्रैल को होगी।

टीएमसी नेता की हत्‍या के बाद फूंक डाले 40 घर, 10 लोग जिंदा जले, भाजपा का हंगामा
Published / 2022-03-22 09:48:43
टीएमसी नेता की हत्‍या के बाद फूंक डाले 40 घर, 10 लोग जिंदा जले, भाजपा का हंगामा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। बंगाल एक बार फिर जल उठा है। तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख की हत्या के बाद बीती रात कुछ लोगों ने बीरभूम के रामपुरहाट थाना क्षेत्र के बोगतुई गांव में करीब एक दर्जन घरों में आग लगा दी। आग में झुलसने 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं अन्य 38 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। इस अग्नि कांड में चालीस घरों को आग के हवाले किया गया, जो कि अब पूरी तरह से खाक हो गए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामपुरहाट शहर के बाहरी इलाके में स्थित बोगतुई गांव में घरों से अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि, दमकल विभाग के एक अधिकारी ने दावा किया कि घटनास्थल से 10 जले हुए शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि बरशाल गांव के पंचायत उप प्रमुख एवं तृणमूल कांग्रेस के नेता भादु शेख का शव सोमवार को इलाके में मिला था। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। ममता के मंत्री घटनास्थल को रवाना : स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस घटना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर रामपुरहाट हत्याकांड की पूरी जानकारी लेने के लिए मंत्री फिरहाद हकीम के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मौके पर जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम कार्यालय के निर्देश पर सीआईडी टीम मौके पर पहुंची हुई है। इस मामले की जांच को तीन सदस्यीय एसआईटी टीम गठित की गई है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.