बिहार

View All
Published / 2022-05-29 14:06:35
लीचीपुरम उत्सव में फैली लोकगीतों की खुशबू, नीतू नवगीत के गीतों पर झूमे श्रोता

टीम एबीएन, मेहसी (मोतिहारी)। लीचीपुरम उत्सव समिति द्वारा आयोजित 14 वें लीचीपुरम उत्सव के प्रथम दिन बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने बिहार की सोंधी-सोंधी माटी से लबरेज पारंपरिक लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति करके उपस्थित श्रोताओं का दिल जीत लिया। राजकीय तेरे को तो मुझे तरह विद्यालय के प्रांगण में 3 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के प्रथम दिन उद्घाटन समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह, सुधीर कुमार सिन्हा, प्रेम कुमार निराला उर्फ उमाशंकर जायसवाल, सुधीष्ठ नारायण ठाकुर, सत्यदेव राय आर्य, मुखिया राकेश पाठक, विपिन सिंह, शैलेश कुमार, तार किशोर प्रसाद, बीके वीरेंद्र, सर्वेश श्रीवास्तव आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के बाद राजकीय तिरहुत उच्चतर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। फिर चंद्रशील विद्यापीठ, चकिया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुति दी। मुकेश ठाकुर और अशोक कुमार शुक्ला ने फिल्मी गीत और देवी गीत पेश किए। लोक संस्कृति का असली रंग जमाया लोकगायिका नीतू कुमारी नवगीत ने। मंच संभालते ही उन्होंने भिखारी ठाकुर का प्रसिद्ध गीत पिया गइले कलकाताबा ये सजनी गाकर सभी को झुमा दिया। फिर उन्होंने चलनी के चालल दूल्हा गाकर माहौल को सुरीला बनाया। उन्होंने अंगूरी में डसले बिया नगिनिया रे ननदी सैया के बुला द, पटना से पाजेब बलम जी आरा से होठलाली, छपरा से मंगा दे चुनरिया छींट वाली, कोयल बिना बगिया ना शोभे राजा, मुजफ्फरपुर के लीचिया खिलइह बालमा, पटना सहरिया घुमा द बालमा... समेत अनेक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोला कुमार ने नाल पर, सुजीत कुमार ने हारमोनियम पर, अमरेंद्र कुमार ने बैंजो पर और पिंटू कुमार ने पैड पर लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत के साथ संगत किया।

Published / 2022-05-22 15:24:44
बिहार : तेज रफ्तार बोलेरो ने कनीय अभियंता को रौंदा, मौत

टीम एबीएन, पटना। बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के बगहा नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 727 पर शनिवार को तेज गति से आ रही एक बोलेरो की टक्कर से बिजली विभाग के कनीय अभियंता की घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि चौतरवा ग्रिड में तैनात बिजली विभाग के कनीय अभियंता विकास कुमार बगहा विद्युत प्रमंडल कार्यालय से चौतरवा पावर ग्रिड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वह रतनमाला मोड़ के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर फोन पर बात करने लगे, तभी अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हे अपनी चपेट में ले लिया। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। वहीं, घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बगहा नगर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमाटर्म के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेजा दिया। मृतक विकास कुमार कटिहार जिला के आनंदपुर गांव के रहने वाले थे और वह बगहा नगर के नईपुर में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहे थे।

Published / 2022-05-20 07:40:36
लालू के 17 ठिकानों पर CBI का छापा, RRB से जुड़ा है मामला

टीम एबीएन, पटना। केन्द्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने लालू यादव से जुड़े 17 ठिकानों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती के पटना, गोपालगंज और दिल्ली स्थित जगहों पर ये छापेमारी की जा रही है। सीबीआई ने शुक्रवार सुबह एक साथ यह कार्रवाई शुरू की। सीबीआई ने ये कार्रवाई भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में की है। पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास पर भी छापेमारी जारी है। आवास के अंदर सीबीआई के अफसर कार्रवाई कर रहे हैं। बताया जाता है कि 7 सदस्यीय टीम इस कार्रवाई में शामिल है। इसमें पुरुष और महिला दोनों अधिकारी शामिल हैं। अंदर किसी को भी जाने से रोक दिया गया है। ये रेड सुबह से जारी है। जानकारी के मुताबिक, यह मामला भर्ती घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि नौकरी लगवाने के बदले में जमीन और प्लॉट लिए गए थे। सीबीआई ने इस मामले में जांच के बाद लालू और उनकी बेटी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। खबरों की मानें तो लालू यादव के अलावा, उनके परिवार के सदस्यों को भी नये मामले में आरोपी बनाया गया है। बता दें कि साल 2004 से साल 2009 के बीच लालू रेलमंत्री थे। जानकारी के अनुसार, पटना, गोपालगंज, दिल्ली, मध्यप्रदेश के भोपाल में छापेमारी हो रही है। मीसा भारती के आवास पर भी छापेमारी चल रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव फिलहाल पटना में नहीं हैं। तेज प्रताप यादव और राबड़ी देवी यहां हैं। इस बीच, लालू प्रसाद यादव के ठिकानों पर छापेमारी को लेकर अधिकारियों ने बताया है कि जांच एजेंसी ने दिल्ली व बिहार में 17 स्थानों पर छापे मारे।नउन्होंने बताया कि यह कथित घोटाला तब का है जब लालू प्रसाद यादव संयुक्त प्रगतिशील सरकार यानी यूपीए सरकार में रेल मंत्री थे। जानकारी के अनुसार गोपालगंज के लिए भी सीबीआई की टीम रवाना हो गयी है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पैतृक गांव फुलवरिया में सीबीआई की टीम छापेमारी करेगी। सिवान से टीम रवाना हो चुकी है। थोड़ी देर में टीम फुलवरिया पहुंचेगी। दिल्ली से जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार लालू यादव से सीबीआई की टीम पूछताछ कर रही है। बता दें कि चारा घोटाला के मामले में बेल मिलने के बाद फिलहाल आरजेडी सुप्रीमो दिल्ली में अपनी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती के आवास पर डाक्टरों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

Published / 2022-05-19 12:40:40
मॉरीशस में विश्व हिंदी सम्मान से सम्मानित हुई नीतू नवगीत

टीम एबीएन, पटना। बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका और लेखिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत को मॉरीशस की हिंदी प्रचारिणी सभा द्वारा विश्व हिंदी प्रतिष्ठापक सम्मान प्रदान किया गया। मॉरीशस के महात्मा गांधी संस्थान की निदेशक विद्योतमा कुंजल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान समारोह में हिंदी प्रचारिणी सभा मॉरीशस के अध्यक्ष डॉ यंतु देव बुद्धू, डॉ माधुरी रामधारी, डॉ अलका धनपत, डॉ राजरानी गोविन, डॉ लक्ष्मी झमन, डॉ सरिता बुद्धु, डॉ अंजलि चिंतामणि, साहित्यिक सांस्कृतिक संस्थान, मुंबई के सचिव प्रो प्रदीप सिंह और अध्यक्ष डॉक्टर बनवारीलाल जाजोदिया यथार्थ सहित हिंदी के अनेक लब्ध प्रतिष्ठित विद्वान उपस्थित रहे। मॉरीशस से भारत वापस आने के बाद डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने बताया कि साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था मुंबई के सदस्य के रूप में श्री राम कथा का विश्व संदर्भ विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार में उन्होंने लोकगीतों और लोक कथाओं में भगवान राम और माता सीता का जीवन विषय पर विश्व हिंदी सचिवालय में आलेख की प्रस्तुति की। इसके अलावा मॉरीशस के रामायण सेंटर, हिंदी प्रचारिणी सभा और पुरोहित संघ द्वारा आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में बिहार की माटी की खुशबू से लबरेज लोक गीतों की प्रस्तुति दी। उन्होंने देखकर रामजी को जनक नंदिनी बाग में बस खड़ी की खड़ी रह गई, जुग जुग जिया तू ललनवा, सिया धिया सुकुमारी, राम जी से पूछे जनकपुर के नारी बता द पहुना लोगवा देत काहे गारी, मिथिला नगरिया निहाल सखिया चारो दूल्हा में बड़का कमाल सखिया, राजा जनक जी के बाग में अलबेला रघुवर आयो जी, बता द पहुना मिथिले में रहू जवने सुखवा ससुरारी में तब ने सुखवा कहीं ना, धना धना भाग अयोध्या, सखी फूल लोढ़े चलु फुलवरिया सीता के संग सहेलियां, शबरी प्रसंग रहिया निहारे रही कुटिया में सबरी श्री राम जी आएंगे, चित्रकूट के घाट घाट पर तुलसी देखे बाट राम मेरे आएंगे, मन में है विश्वास एक दिन पूरी होगी आस राम मेरे आएंगे, सीता के चढ़ेला हरदिया मनभावन लागे और कुछ खास सहित अनेक लोक गीतों की प्रस्तुति मॉरीशस के विभिन्न मंचों पर दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन डॉ शिरीन कुरैशी ने किया।

Published / 2022-05-15 06:05:18
नहर में कार गिरने से बिहार के नबीनगर में पलामू के 6 लोगों की मौत

टीम एबीएन, पटना। बिहार के औरंगाबाद में सड़क दुर्घटना में पलामू के छह लोगों की मौत हो गई है। सभी मृतक पलामू के छतरपुर के सडमा और खाटिन के रहने वाले थे। पलामू के छतरपुर के खाटिन के भगवान साव की बारात बिहार गई हुई थी। इसी दौरान नबीनगर के बागी में बराती सवार स्विफ्ट कार दुर्घटना का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई जबकि छठे का इलाज के क्रम में नबीनगर अस्पताल में हो गई है। एक व्यक्ति अभी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद 5 मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में खाटिन के रहने वाले रंजीत कुमार, छतरपुर के खजूरी के रहने वाले अभय कुमार, छतरपुर के शर्मा के रहने वाले अक्षय कुमार, छतरपुर के शुभम कुमार और बबलू कुमार के रूप में हुई है, जबकि छठे मृतक और एक घायल के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।

Published / 2022-05-12 14:25:21
बिहार के बाढ़ में 1200 करोड़ रुपये की इकाई लगायेगा अंबुजा सीमेंट : नीरज अखौरी

टीम एबीएन, पटना। नई दिल्ली में बिहार सरकार की ओर से 12 मई को आयोजित बिहार इन्वेस्टर मीट में अंबुजा सीमेंट के सीईओ और बिहार निवासी नीरज अखौरी ने बिहार में 1200 करोड़ रुपए की ईकाई लगाने की घोषणा की। यह इकाई बाढ़ में लगेगी। नीरज अखौरी होल्सिम इंडिया के भी अध्यक्ष हैं। यह कंपनी देश और दुनिया के प्रमुख सीमेंट कंपनी अंबुजा सीमेंट और एसीसी सीमेंट की मातृ कंपनी है। नई दिल्ली के होटल ताज मानसिंह में आयोजित बिहार इन्वेस्टर मीट में बोलते हुए नीरज अखौरी ने कहा, होल्सिम इंडिया के अध्यक्ष के रूप में भारत के दो सबसे जाने-माने सीमेंट उद्योग अंबुजा सीमेंट लिमिटेड एवं एसीसी लिमिटेड के अध्यक्ष के रूप में पहली बार मुझे यह मौका मिला है कि मैं अपनी मातृभूमि को एक 1200 करोड़ की इकाई समर्पित कर सकूं। यह दोनों कंपनियां देश और प्रदेश में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने में अग्रणी है। इसी प्रयास में अंबुजा सीमेंट द्वारा पांच मिलियन टन का एक मेगा प्रोजेक्ट बिहार के बाढ़ में लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री अखौरी ने कहा कि मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर आज का दिन गर्व से भरपूर है। तीन दशक के अपने कार्यकाल में पहली बार अपनी जन्मभूमि, मातृभूमि और परिचयभूमि को आज एक नए संदर्भ में मिलने का यह स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ है। 1200 करोड़ के इस निवेश से मेरा यकीन है कि बिहार के विकास एवं प्रगति में यह प्रोजेक्ट मील का पत्थर साबित होगा। इसके लिए मैं बिहार के उद्योग मंत्री और बिहार सरकार के अधिकारियों को धन्यवाद देता हूं। मुझे एक बिहार वासी होने के नाते अपने राज्य में अपना योगदान देने का मौका मिला है, यह मेरे लिए बड़े गर्व की बात है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय इस्पात मंत्री राजेश्वर सिंह, बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, डेवलपमेंट कमिश्नर, एसीएस फाइनेंस, प्रधान सचिव, उद्योग और बिहार सरकार के अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।

Published / 2022-05-10 07:06:17
बिहार : 13 जिलों के DM सहित बड़े स्तर पर IAS-IPS अफसर बदले

टीम एबीएन, पटना। बिहार में बड़े स्तर पर आईएएस और आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। साथ ही प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए आरा, नवादा, पूर्णिया और वैशाली सहित कई जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए।हार में 8 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया। 5 जिलों नवादा, बांका, मधुबनी और लखीसराय के एसपी का भी तबादला किया गया। वहीं जिन जिलों के जिलाधिकारियों का तबादला किया गया है, वो इस प्रकार हैं : 1. समाज कल्याण विभाग के निदेशक राजकुमार को भोजपुर का डीएम बनाया गया। 2. शेखपुरा की डीएम इनायक खान को अररिया जिलाधिकारी बनाया गया। 3. बेगूसराय डीएम अरविन्द वर्मा को मधुबनी का डीएम बनाया गया। 4. राज्य परियोजना निदेशक शिक्षा विभाग श्रीकांत शास्त्री को किशनगंज का डीएम बनाया गया। 5. भोजपुर के डीएम रोशन कुशवाहा को बेगूसराय का डीएम बनाया गया। 6. वैशाली के डीएम उदिता सिंह को नवादा का जिलाधिकारी बनाया गया। 7. नवादा डीएम यशपाल मीणा को वैशाली डीएम के पद पर पदस्थापित किया गया। 8. बांका के डीएम सुहर्ष भगत को पूर्णिया का डीएम बनाया गया। 9. जेल आईजी मनेष कुमार मीणा को सीतामढ़ी डीएम बनाया गया। इसके अतिरिक्त ग्रामीण विकास विभाग में संयुक्त सचिव सावन कुमार को शेखपुरा का डीएम के पद पर पदस्थापित किया गया है।

Published / 2022-05-10 06:52:14
बिहार : हवा-धुंध से गिर गया पुल, IAS के बयान पर गडकरी हैरान

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ने बिहार के सुल्तानगंज में एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरने के लिए तेज हवाओं को जिम्मेदार बताने वाले एक बयान पर आश्चर्य जताया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोई इस तरह के जवाब पर विश्वास कैसे कर सकता है? हवा से पुल कैसे गिर सकता है : दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सचिव से इसका कारण पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि ऐसा तेज हवा और धुंध के कारण हुआ था। इसपर आश्चर्य जताते हुए उन्होंने कहा कि एक आईएएस अधिकारी इस तरह के स्पष्टीकरण पर विश्वास कैसे कर सकता है? इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि हवा और धुंध के कारण पुल कैसे गिर सकता है? जरूर कुछ गलती हुई होगी, जिससे पुल गिरा। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने गुणवत्ता से समझौता किए बिना पुलों के निर्माण की लागत कम करने की जरूरत पर बल दिया। कब गिरा था पुल : बता दें कि बिहार के भागलपुर के सुल्तानगंज में करीब 1,710 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा अगुवानी पुल मामूली सी आंधी नहीं झेल सका और पिछले दिनों 29 अप्रैल को धराशायी हो गया। इस हादसे की वजह से जानमाल को तो नहीं, लेकिन सरकारी खजाने को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। IIT पटना, IIT रुड़की, पटना IIT की टीम करेगी जांच : अगवानी घाट पुल के सुपर स्ट्रक्चर ढह जाने के बाद जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि आइआइटी, रूड़की व पटना एनआइटी की टीम संयुक्त रूप से यह जांच करेगी कि पुल किन वजहों से ध्वस्त हुआ। अगर निर्माण में लापरवाही सामने आती है तो हर हाल में इसके लिए दोषी पर कार्रवाई होगी। पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि अगवानी घाट पुल के निर्माण को इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है। विभाग की पूरी कोशिश है कि इस तय लक्ष्य तक ही पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाए।

Page 56 of 63

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse