बिहार

View All
Published / 2022-07-02 17:06:05
नेपाल में बारिश, वैशाली पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

टीम एबीएन, पटना। पिछले साल की तरह इस साल भी वैशाली जिले पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है जिसको लेकर गंडक नदी के किनारे रहनेवाले लोगो के रातों की नींद उड़ गई है। एक ओर जहां लोगों में बाढ़ के खतरे को लेकर बेचैनी है, तो वहीं जल संसाधन विभाग से लेकर जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ पूर्व तैयारी पूरी कर लिए जाने का दावा किया जा रहा है। नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र पोखरा, भैरवा और भरतपुर में लगातार हो रही बारिश का असर वैशाली में भी देखने को मिल रहा है। आलम यह है कि वाल्मीकिनगर गंडक बराज से दो दिन पहले छोड़े गए ढाई लाख कयूसेक से अधिक पानी के पहुंचने को लेकर जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने कटावरोधी कार्य तेज कर दिया है तो वहीं गंडक नदी के बहाव को फैलाने के लिए शोल कटिंग का काम भी युद्धस्तर पर किया जा रहा ताकि नदी की चौड़ाई बढ़े जिससे बांध पर दवाब कम बन सके। लालगंज प्रखंड के बलहा बसंता घाट पर सीएम के औचक निरीक्षण के बाद तिरहुत तटबंध पर विशेष निगरानी बरती जा रही है और जल संसाधन विभाग के साथ-साथ प्रशासन की टीम भी 24 घण्टे तैनात है। हालांकि, स्थानीय लोग कराए जा रहे काम को नाकाफी बता रहे हैं और चिंतित है कि अगर समय से पहले काम सही नहीं हुआ तो बड़ी तबाही मच सकती है। ग्रामीण सुबोध कुमार ने बताया कि पिछले साल भी इस घाट पर काम कराया गया था। लेकिन, पानी बढ़ने के साथ ही सारा काम धराशाई हो गया जिसके बाद यहां के लोग आक्रोशित हो गए थे जिसके कारण एक महीने तक यहां पुलिस की तैनाती की गई थी। सोल कटिंग का काम शुरू : वहीं बाढ़ नियंत्रण और जल नि:ससरन विभाग के सहायक अभियंता संतोष कुमार प्रभाकर ने बताया कि नदी की धार यहां तेज रहती है और यहां नदी की चौड़ाई भी कम है। लिहाजा नाव के सहारे पोकलेन मशीन नदी की दूसरी तरह ले जाकर सोल कटिंग का काम शुरू किया गया है। ताकि नदी के बहाव को फैलाया जा सके जिससे कि बांध पर दबाव कम हो।

Published / 2022-06-29 15:16:49
बिहार में ओवैसी की पार्टी टूटी, चार विधायक राजद में शामिल

टीम एबीएन, पटना। बिहार विधानसभा में एक बार फिर से राजद सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है। क्योंकि एआईएमआईएम के 4 विधायक आरजेडी में शामिल हो गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान को छोड़ सभी चारों विधायक औपचारिक तौर पर राजद में शामिल हो गए। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ चारों विधायकों की मुलाकात के बाद ये फैसला हुआ। एआईएमआईएम के चार विधायकों के शामिल होने के बाद राजद के कुल 80 विधायक हो गए हैं। बता दें कि 2020 के बिहार विधानसभा में एआईएमआईएम के पांच विधायकों ने जीत हासिल की थी। इसमें से चार विधायकों शाहनवाज, इजहार एसपी, अंजार नाइयनी, सैयद रुकूंदीन ने राजद का दामन थाम लिया है। इसके साथ ही राजद बिहार विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है। इससे पहले वीआईपी के 3 विधायकों के शामिल होने के बाद भाजपा सबसे बड़ी पार्टी थी। बता दें कि पिछले दिनों जातीय जनगणना को लेकर सर्वदलीय बैठक से पहले तेजस्वी यादव ने तमाम विपक्षी पार्टियों को एक साथ एक मंच पर भुलाकर एकजुटता दिखाने की कोशिश की थी। लेकिन, उसमें सबसे चौंकाने वाली तस्वीर थी एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल इमान का आरजेडी कार्यालय में हुए बैठक में शामिल होना। यह पहला मौका था जब ओवैसी की पार्टी के विधायक आरजेडी के साथ एक मंच पर एक मुद्दे पर साथ दिखे थे।

Published / 2022-06-08 10:06:02
बिहार में इथेनॉल उत्पादन पर न करें कोई सीमा निर्धारित : नीतीश

टीम एबीएन, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार से राज्य में इथेनॉल उत्पादन पर कोई सीमा निर्धारित नहीं करने का अनुरोध किया। नीतीश कुमार ने केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में गांधी सेतु के पूर्वी लेन के उद्घाटन कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार से बिहार में इथेनॉल उत्पादन पर कोई सीमा निर्धारित नहीं करने और राज्य को जितना हो सके उत्पादन करने की अनुमति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि एक बार सीमा से छूट मिलने के बाद बिहार न केवल ईंधन के मामले में आत्मनिर्भर होगा बल्कि देश की इथेनॉल की जरूरत को भी पूरा करेगा। मुख्यमंत्री ने इथेनॉल उत्पादन की अनुमति देने वाले राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गडकरी को बिहार में परिवर्तन लाने के उद्देश्य से उनके सभी प्रयासों में सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने वर्ष 2007 में केंद्र को इथेनॉल बनाने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा था, जिसे तत्कालीन सरकार ने ठुकरा दिया था। उस समय राज्य सरकार को इथेनॉल उत्पादन से संबंधित 21000 करोड़ रुपए से अधिक का प्रस्ताव मिला था। सीएम ने कहा कि अब वर्तमान सरकार ने राज्य के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गडकरी को आश्वासन दिया कि बिहार इतनी मात्रा में इथेनॉल का उत्पादन करेगा कि देश में इथेनॉल आधारित ऊर्जा की कोई कमी नहीं होगी।

Published / 2022-06-08 07:45:29
बिहार में 2024 तक अमेरिका जैसा रोड नेटवर्क : नितिन गडकरी

टीम एबीएन, पटना। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को बिहार को बड़ी सौगात दी। उन्होंने भारत के सबसे लंबे स्टील ब्रिज महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी फ्लैन्क का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ राज्य के सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार बदल रहा है और इसे लेकर उन्हें बड़ी खुशी है। नितिन गडकरी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार प्रगति कर रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार 2024 से पहले बिहार में अमेरिका की तरह रोड नेटवर्क होगा। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को इस सेतु से काफी फायदा होगा। अब उत्तर बिहार से राजधानी पटना का सफर आसान होगा। महात्मा गांधी सेतु बिहार की जीवनरेखा है, जो उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ता है। इस सुपर स्ट्रक्चर रिप्लेसमेंट परियोजना से महात्मा गांधी सेतु को पार करने का 2 से 3 घंटे का समय घटकर 5 से 10 मिनट का हो गया है। इस मौके पर नितिन गडकरी ने राज्य में 15 रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण की घोषणा भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं जो कहता हूं, डंके की चोट पर करता हूं। बता दें कि 5,750 मीटर लंबे महात्मा गांधी सेतु का उद्घाटन 1982 में तत्कालीन प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी ने देश के सबसे लंबे नदी पुल के रूप में किया था। इस लेन का निर्माण 18 माह में पूरा किया गया है। इसमें कुल 66,360 मिट्रिक टन स्टील का उपयोग किया गया है। उन्होने इस मौके पर संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि बिहार से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं को जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्रालय बौद्ध, जैन और राम जानकी-अयोध्या सर्किट जैसी कुछ परियोजनाओं की डीपीआर को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। इस दौरान गडकरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राज्य में एक्सप्रेसवे के साथ औद्योगिक क्लस्टर और स्मार्ट सिटी स्थापित करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से समय और ईंधन की बचत होगी। उद्योग और पर्यटन बढ़ेगा। किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा, जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा और बिहार में खुशहाली और तरक्की की नई राह खुलेगी।

Published / 2022-06-07 10:26:11
हाजीपुर : गांधी सेतु के पूर्वी लेन का उद्घाटन

टीम एबीएन, हाजीपुर। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी आज गांधी सेतु के पूर्वी लेन का उद्घाटन कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद हैं। गांधी सेतु ब्रिज के पूर्वी लेन के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। 2100 करोड़ की लगात से निर्माण कार्य कराया गया है। इसके निर्माण में 66360 मीट्रिक टन स्टील, 25 लाख नट वोल्ट के अलावा 460 एलईडी लाइट भी लगाया गया।।सेतु के पूर्वी लेन की लम्बाई 5 किलोमीटर 575 मीटर है।

Published / 2022-06-05 08:15:07
भोजपुरी फिल्म प्रण की शूटिंग जोर-शोर से, वैशाली बिहार में हैं जारी

टीम एबीएन, वैशाली (बिहार)। परमेश्वर फिल्मस एंड शाज फिल्मस के बैनर तले निर्माणाधीन भोजपुरी फिल्म प्रण की शूटिंग इन दिनों वैशाली बिहार में जोर शोर से जारी हैं।फिल्म की शूटिंग बीते कई दिनों से जारी हैं।जिसमें अभिनय करने के लिए भोजपुरी फिल्म जगत के अनुभवी कलाकार पहुंचे हुए हैं।निर्देशक अनिल कमल चौहान ने बताया कि शूटिंग करने में बहुत ही मजा आ रहा हैं, जिसका कारण हैं पूरी टीम बड़ी ही मेहनत और लगन के साथ काम कर रहें हैं। साथ ही क्षेत्रीय लोगों का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा हैं।फिल्म पूर्णतः मनोरंजक व पारिवारिक हैं। उम्मीद हैं दर्शक इस फिल्म को भी मोर पिया हरजाई और सईयां मिलल बा 420 जैसा ही प्यार और आशीर्वाद अपना देंगे। इस फिल्म के निर्देशक अनिल कमल चौहान, डीओपी अमिताभ चंद्रा, लेखक सुधीर कुमार चंचल, संगीतकार अभिषेक चौधरी, गीतकार पंकज प्रियदर्शी, अशोक वर्मा एवं कुमार सोना, एसोसिएट डायरेक्टर एस पी सिंह बाबा, मेकअप मैन जय शर्मा, आर्ट डायरेक्टर मनोहर, फाइट मास्टर सहवाज अली, प्रोडक्शन मैनेजर रंजन तिवारी हैं। इस फिल्म में प्रमुख रूप से राज सिंह राजपूत, नीतू मौर्य, उमेश सिंह, यश त्रिपाठी, राहुल महाजन, सतीश साहनी, वीरू प्रताप सिंह, अंजली सिंह, अभिराज साह एवं अन्य ने अभिनय किया हैं।

Published / 2022-06-01 15:04:46
विधानमंडल का फैसला : अब तेजस्वी संभालेंगे राजद की कमान

टीम एबीएन, पटना। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधानमंडल दल की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान बैठक में यह फैसला लिया गया कि अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के द्वारा पार्टी के अहम फैसले लिए जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा कि बैठक में एक करोड़ लोगों को राजद का सदस्य बनाने, जातीय जनगणना, महंगाई और बेरोजगारी को एजेंडे में शामिल किया गया। इन मुद्दों को लेकर आंदोलन कैसे तेज किया जाए, इस पर भी चर्चा हुई। वहीं राजद नेता तेजप्रताप यादव ने ट्वीट कर कहा कि आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी की मौजूदगी और नेता प्रतिपक्ष की अध्यक्षता में आयोजित विधानमंडल दल की बैठक में भाग लिया। बैठक में राजद की सदस्यता अभियान से लेकर जातीय जनगणना व महंगाई जैसी तमाम मुद्दे पर चर्चा हुई। बता दें कि बैठक के उपरान्त सभी माननीय सदस्यों और नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष संग रात्रि भोज का आनंद लिया।

Published / 2022-05-29 14:06:35
लीचीपुरम उत्सव में फैली लोकगीतों की खुशबू, नीतू नवगीत के गीतों पर झूमे श्रोता

टीम एबीएन, मेहसी (मोतिहारी)। लीचीपुरम उत्सव समिति द्वारा आयोजित 14 वें लीचीपुरम उत्सव के प्रथम दिन बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने बिहार की सोंधी-सोंधी माटी से लबरेज पारंपरिक लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति करके उपस्थित श्रोताओं का दिल जीत लिया। राजकीय तेरे को तो मुझे तरह विद्यालय के प्रांगण में 3 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के प्रथम दिन उद्घाटन समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह, सुधीर कुमार सिन्हा, प्रेम कुमार निराला उर्फ उमाशंकर जायसवाल, सुधीष्ठ नारायण ठाकुर, सत्यदेव राय आर्य, मुखिया राकेश पाठक, विपिन सिंह, शैलेश कुमार, तार किशोर प्रसाद, बीके वीरेंद्र, सर्वेश श्रीवास्तव आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के बाद राजकीय तिरहुत उच्चतर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। फिर चंद्रशील विद्यापीठ, चकिया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुति दी। मुकेश ठाकुर और अशोक कुमार शुक्ला ने फिल्मी गीत और देवी गीत पेश किए। लोक संस्कृति का असली रंग जमाया लोकगायिका नीतू कुमारी नवगीत ने। मंच संभालते ही उन्होंने भिखारी ठाकुर का प्रसिद्ध गीत पिया गइले कलकाताबा ये सजनी गाकर सभी को झुमा दिया। फिर उन्होंने चलनी के चालल दूल्हा गाकर माहौल को सुरीला बनाया। उन्होंने अंगूरी में डसले बिया नगिनिया रे ननदी सैया के बुला द, पटना से पाजेब बलम जी आरा से होठलाली, छपरा से मंगा दे चुनरिया छींट वाली, कोयल बिना बगिया ना शोभे राजा, मुजफ्फरपुर के लीचिया खिलइह बालमा, पटना सहरिया घुमा द बालमा... समेत अनेक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोला कुमार ने नाल पर, सुजीत कुमार ने हारमोनियम पर, अमरेंद्र कुमार ने बैंजो पर और पिंटू कुमार ने पैड पर लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत के साथ संगत किया।

Page 54 of 62

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse