बिहार

View All
Published / 2022-05-20 07:40:36
लालू के 17 ठिकानों पर CBI का छापा, RRB से जुड़ा है मामला

टीम एबीएन, पटना। केन्द्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने लालू यादव से जुड़े 17 ठिकानों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती के पटना, गोपालगंज और दिल्ली स्थित जगहों पर ये छापेमारी की जा रही है। सीबीआई ने शुक्रवार सुबह एक साथ यह कार्रवाई शुरू की। सीबीआई ने ये कार्रवाई भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में की है। पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास पर भी छापेमारी जारी है। आवास के अंदर सीबीआई के अफसर कार्रवाई कर रहे हैं। बताया जाता है कि 7 सदस्यीय टीम इस कार्रवाई में शामिल है। इसमें पुरुष और महिला दोनों अधिकारी शामिल हैं। अंदर किसी को भी जाने से रोक दिया गया है। ये रेड सुबह से जारी है। जानकारी के मुताबिक, यह मामला भर्ती घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि नौकरी लगवाने के बदले में जमीन और प्लॉट लिए गए थे। सीबीआई ने इस मामले में जांच के बाद लालू और उनकी बेटी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। खबरों की मानें तो लालू यादव के अलावा, उनके परिवार के सदस्यों को भी नये मामले में आरोपी बनाया गया है। बता दें कि साल 2004 से साल 2009 के बीच लालू रेलमंत्री थे। जानकारी के अनुसार, पटना, गोपालगंज, दिल्ली, मध्यप्रदेश के भोपाल में छापेमारी हो रही है। मीसा भारती के आवास पर भी छापेमारी चल रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव फिलहाल पटना में नहीं हैं। तेज प्रताप यादव और राबड़ी देवी यहां हैं। इस बीच, लालू प्रसाद यादव के ठिकानों पर छापेमारी को लेकर अधिकारियों ने बताया है कि जांच एजेंसी ने दिल्ली व बिहार में 17 स्थानों पर छापे मारे।नउन्होंने बताया कि यह कथित घोटाला तब का है जब लालू प्रसाद यादव संयुक्त प्रगतिशील सरकार यानी यूपीए सरकार में रेल मंत्री थे। जानकारी के अनुसार गोपालगंज के लिए भी सीबीआई की टीम रवाना हो गयी है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पैतृक गांव फुलवरिया में सीबीआई की टीम छापेमारी करेगी। सिवान से टीम रवाना हो चुकी है। थोड़ी देर में टीम फुलवरिया पहुंचेगी। दिल्ली से जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार लालू यादव से सीबीआई की टीम पूछताछ कर रही है। बता दें कि चारा घोटाला के मामले में बेल मिलने के बाद फिलहाल आरजेडी सुप्रीमो दिल्ली में अपनी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती के आवास पर डाक्टरों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

Published / 2022-05-19 12:40:40
मॉरीशस में विश्व हिंदी सम्मान से सम्मानित हुई नीतू नवगीत

टीम एबीएन, पटना। बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका और लेखिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत को मॉरीशस की हिंदी प्रचारिणी सभा द्वारा विश्व हिंदी प्रतिष्ठापक सम्मान प्रदान किया गया। मॉरीशस के महात्मा गांधी संस्थान की निदेशक विद्योतमा कुंजल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान समारोह में हिंदी प्रचारिणी सभा मॉरीशस के अध्यक्ष डॉ यंतु देव बुद्धू, डॉ माधुरी रामधारी, डॉ अलका धनपत, डॉ राजरानी गोविन, डॉ लक्ष्मी झमन, डॉ सरिता बुद्धु, डॉ अंजलि चिंतामणि, साहित्यिक सांस्कृतिक संस्थान, मुंबई के सचिव प्रो प्रदीप सिंह और अध्यक्ष डॉक्टर बनवारीलाल जाजोदिया यथार्थ सहित हिंदी के अनेक लब्ध प्रतिष्ठित विद्वान उपस्थित रहे। मॉरीशस से भारत वापस आने के बाद डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने बताया कि साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था मुंबई के सदस्य के रूप में श्री राम कथा का विश्व संदर्भ विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार में उन्होंने लोकगीतों और लोक कथाओं में भगवान राम और माता सीता का जीवन विषय पर विश्व हिंदी सचिवालय में आलेख की प्रस्तुति की। इसके अलावा मॉरीशस के रामायण सेंटर, हिंदी प्रचारिणी सभा और पुरोहित संघ द्वारा आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में बिहार की माटी की खुशबू से लबरेज लोक गीतों की प्रस्तुति दी। उन्होंने देखकर रामजी को जनक नंदिनी बाग में बस खड़ी की खड़ी रह गई, जुग जुग जिया तू ललनवा, सिया धिया सुकुमारी, राम जी से पूछे जनकपुर के नारी बता द पहुना लोगवा देत काहे गारी, मिथिला नगरिया निहाल सखिया चारो दूल्हा में बड़का कमाल सखिया, राजा जनक जी के बाग में अलबेला रघुवर आयो जी, बता द पहुना मिथिले में रहू जवने सुखवा ससुरारी में तब ने सुखवा कहीं ना, धना धना भाग अयोध्या, सखी फूल लोढ़े चलु फुलवरिया सीता के संग सहेलियां, शबरी प्रसंग रहिया निहारे रही कुटिया में सबरी श्री राम जी आएंगे, चित्रकूट के घाट घाट पर तुलसी देखे बाट राम मेरे आएंगे, मन में है विश्वास एक दिन पूरी होगी आस राम मेरे आएंगे, सीता के चढ़ेला हरदिया मनभावन लागे और कुछ खास सहित अनेक लोक गीतों की प्रस्तुति मॉरीशस के विभिन्न मंचों पर दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन डॉ शिरीन कुरैशी ने किया।

Published / 2022-05-15 06:05:18
नहर में कार गिरने से बिहार के नबीनगर में पलामू के 6 लोगों की मौत

टीम एबीएन, पटना। बिहार के औरंगाबाद में सड़क दुर्घटना में पलामू के छह लोगों की मौत हो गई है। सभी मृतक पलामू के छतरपुर के सडमा और खाटिन के रहने वाले थे। पलामू के छतरपुर के खाटिन के भगवान साव की बारात बिहार गई हुई थी। इसी दौरान नबीनगर के बागी में बराती सवार स्विफ्ट कार दुर्घटना का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई जबकि छठे का इलाज के क्रम में नबीनगर अस्पताल में हो गई है। एक व्यक्ति अभी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद 5 मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में खाटिन के रहने वाले रंजीत कुमार, छतरपुर के खजूरी के रहने वाले अभय कुमार, छतरपुर के शर्मा के रहने वाले अक्षय कुमार, छतरपुर के शुभम कुमार और बबलू कुमार के रूप में हुई है, जबकि छठे मृतक और एक घायल के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।

Published / 2022-05-12 14:25:21
बिहार के बाढ़ में 1200 करोड़ रुपये की इकाई लगायेगा अंबुजा सीमेंट : नीरज अखौरी

टीम एबीएन, पटना। नई दिल्ली में बिहार सरकार की ओर से 12 मई को आयोजित बिहार इन्वेस्टर मीट में अंबुजा सीमेंट के सीईओ और बिहार निवासी नीरज अखौरी ने बिहार में 1200 करोड़ रुपए की ईकाई लगाने की घोषणा की। यह इकाई बाढ़ में लगेगी। नीरज अखौरी होल्सिम इंडिया के भी अध्यक्ष हैं। यह कंपनी देश और दुनिया के प्रमुख सीमेंट कंपनी अंबुजा सीमेंट और एसीसी सीमेंट की मातृ कंपनी है। नई दिल्ली के होटल ताज मानसिंह में आयोजित बिहार इन्वेस्टर मीट में बोलते हुए नीरज अखौरी ने कहा, होल्सिम इंडिया के अध्यक्ष के रूप में भारत के दो सबसे जाने-माने सीमेंट उद्योग अंबुजा सीमेंट लिमिटेड एवं एसीसी लिमिटेड के अध्यक्ष के रूप में पहली बार मुझे यह मौका मिला है कि मैं अपनी मातृभूमि को एक 1200 करोड़ की इकाई समर्पित कर सकूं। यह दोनों कंपनियां देश और प्रदेश में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने में अग्रणी है। इसी प्रयास में अंबुजा सीमेंट द्वारा पांच मिलियन टन का एक मेगा प्रोजेक्ट बिहार के बाढ़ में लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री अखौरी ने कहा कि मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर आज का दिन गर्व से भरपूर है। तीन दशक के अपने कार्यकाल में पहली बार अपनी जन्मभूमि, मातृभूमि और परिचयभूमि को आज एक नए संदर्भ में मिलने का यह स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ है। 1200 करोड़ के इस निवेश से मेरा यकीन है कि बिहार के विकास एवं प्रगति में यह प्रोजेक्ट मील का पत्थर साबित होगा। इसके लिए मैं बिहार के उद्योग मंत्री और बिहार सरकार के अधिकारियों को धन्यवाद देता हूं। मुझे एक बिहार वासी होने के नाते अपने राज्य में अपना योगदान देने का मौका मिला है, यह मेरे लिए बड़े गर्व की बात है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय इस्पात मंत्री राजेश्वर सिंह, बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, डेवलपमेंट कमिश्नर, एसीएस फाइनेंस, प्रधान सचिव, उद्योग और बिहार सरकार के अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।

Published / 2022-05-10 07:06:17
बिहार : 13 जिलों के DM सहित बड़े स्तर पर IAS-IPS अफसर बदले

टीम एबीएन, पटना। बिहार में बड़े स्तर पर आईएएस और आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। साथ ही प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए आरा, नवादा, पूर्णिया और वैशाली सहित कई जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए।हार में 8 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया। 5 जिलों नवादा, बांका, मधुबनी और लखीसराय के एसपी का भी तबादला किया गया। वहीं जिन जिलों के जिलाधिकारियों का तबादला किया गया है, वो इस प्रकार हैं : 1. समाज कल्याण विभाग के निदेशक राजकुमार को भोजपुर का डीएम बनाया गया। 2. शेखपुरा की डीएम इनायक खान को अररिया जिलाधिकारी बनाया गया। 3. बेगूसराय डीएम अरविन्द वर्मा को मधुबनी का डीएम बनाया गया। 4. राज्य परियोजना निदेशक शिक्षा विभाग श्रीकांत शास्त्री को किशनगंज का डीएम बनाया गया। 5. भोजपुर के डीएम रोशन कुशवाहा को बेगूसराय का डीएम बनाया गया। 6. वैशाली के डीएम उदिता सिंह को नवादा का जिलाधिकारी बनाया गया। 7. नवादा डीएम यशपाल मीणा को वैशाली डीएम के पद पर पदस्थापित किया गया। 8. बांका के डीएम सुहर्ष भगत को पूर्णिया का डीएम बनाया गया। 9. जेल आईजी मनेष कुमार मीणा को सीतामढ़ी डीएम बनाया गया। इसके अतिरिक्त ग्रामीण विकास विभाग में संयुक्त सचिव सावन कुमार को शेखपुरा का डीएम के पद पर पदस्थापित किया गया है।

Published / 2022-05-10 06:52:14
बिहार : हवा-धुंध से गिर गया पुल, IAS के बयान पर गडकरी हैरान

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ने बिहार के सुल्तानगंज में एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरने के लिए तेज हवाओं को जिम्मेदार बताने वाले एक बयान पर आश्चर्य जताया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोई इस तरह के जवाब पर विश्वास कैसे कर सकता है? हवा से पुल कैसे गिर सकता है : दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सचिव से इसका कारण पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि ऐसा तेज हवा और धुंध के कारण हुआ था। इसपर आश्चर्य जताते हुए उन्होंने कहा कि एक आईएएस अधिकारी इस तरह के स्पष्टीकरण पर विश्वास कैसे कर सकता है? इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि हवा और धुंध के कारण पुल कैसे गिर सकता है? जरूर कुछ गलती हुई होगी, जिससे पुल गिरा। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने गुणवत्ता से समझौता किए बिना पुलों के निर्माण की लागत कम करने की जरूरत पर बल दिया। कब गिरा था पुल : बता दें कि बिहार के भागलपुर के सुल्तानगंज में करीब 1,710 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा अगुवानी पुल मामूली सी आंधी नहीं झेल सका और पिछले दिनों 29 अप्रैल को धराशायी हो गया। इस हादसे की वजह से जानमाल को तो नहीं, लेकिन सरकारी खजाने को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। IIT पटना, IIT रुड़की, पटना IIT की टीम करेगी जांच : अगवानी घाट पुल के सुपर स्ट्रक्चर ढह जाने के बाद जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि आइआइटी, रूड़की व पटना एनआइटी की टीम संयुक्त रूप से यह जांच करेगी कि पुल किन वजहों से ध्वस्त हुआ। अगर निर्माण में लापरवाही सामने आती है तो हर हाल में इसके लिए दोषी पर कार्रवाई होगी। पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि अगवानी घाट पुल के निर्माण को इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है। विभाग की पूरी कोशिश है कि इस तय लक्ष्य तक ही पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाए।

Published / 2022-05-09 05:07:16
पूजा स्थलों पर अनियमितता रोकने को बिहार सरकार ने सभी 534 मंडलों को दिए कड़े निर्देश

टीम एबीएन, पटना। बिहार में कई धार्मिक स्थानों पर अनियमितताओं की शिकायतों के बीच सरकार ने राज्य के सभी 534 मंडलों में सर्किल अधिकारियों (सीओ) से उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाले पंजीकृत एवं गैर पंजीकृत मंदिरों और मठों की पहचान तथा उन्हें चिह्नित करने और इसकी सूचना जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे पोर्टल्स पर अपलोड करने को कहा है। कानून विभाग द्वारा चलाए जाने वाले बिहार स्टेट रिलिजियस ट्रस्ट काउंसिल (बीएसआरटीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सीओ को मंदिरों और मठों पर जानकारी एकत्रित करने के लिए एक सप्ताह में कम से कम दो बार बाहर निकलना होगा और जिलाधीश इस कवायद पर नजर रखेंगे। अधिकारी ने कहा, जिलाधीश यह सुनिश्चित करेंगे कि मंदिरों, मठों और न्यासों के बारे में सभी आवश्यक सूचना नियमित रूप से अपलोड की जाए। इसके अलावा वे ये जानकारियां बीएसआरटीसी को भेजेंगे। बिहार में सभी मंदिरों, मठों और धर्मशालाओं को बिहार हिंदू धार्मिक न्यास कानून, 1950 के तहत बीएसआरटीसी में पंजीकरण कराना होगा। मंदिर की देखभाल करने वाले लोगों द्वारा किए जा रहे जमीन के अनैतिक सौदों पर चिंता व्यक्त करते हुए विधि मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि धार्मिक संपत्तियों को अवैध दावों से बचाने के लिए फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा, विभिन्न धार्मिक स्थानों पर बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का पता चलता है, जिसमें मंदिरों और मठों के पुजारी मालिकों के तौर पर अचल संपत्तियां बेच और खरीद रहे हैं। धार्मिक संपत्तियों की रक्षा और देखरेख के लिए प्राथमिकता के आधार पर पहचान की यह कवायद पूरी की जानी है। सरकारी रिकॉर्ड्स के अनुसार, वैशाली में सबसे अधिक 438 अपंजीकृत मंदिर और मठ हैं। कैमूर में ऐसे 338 मंदिर हैं। मंत्री ने बताया कि मोटे तौर पर अनुमान के अनुसार करीब 2,200 अपंजीकृत मंदिर और मठ हैं जिसके तहत करीब 3,200 एकड़ भूमि आती है।

Published / 2022-05-07 13:00:08
गर्व की बात... मॉरीशस में प्रस्तुति देंगीं बिहार की शान लोकगायिका नीतू नवगीत

टीम एबीएन, पटना। मॉरीशस के महात्मा गांधी संस्थान, हिंदी प्रचारिणी सभा, विश्व हिंदी सचिवालय कथा मुंबई की साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था के तत्वावधान में 8 मई से 14 मई के बीच हिंदी के वैश्विक प्रसार में रामकथा की भूमिका पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन मॉरीशस में किया जा रहा है। इसमें बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत लोकगीतों में भगवान राम और माता सीता के संबंध में व्याख्यान देंगी। साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था के सचिव और साठवे महाविद्यालय मुंबई के प्रोफेसर डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में भारत के विभिन्न राज्यों से 28 सदस्य रिसोर्स पर्सन और विषय विशेषज्ञ के रूप में भाग ले रहे हैं। इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर हिंदी साहित्य, कला एवं संस्कृति का श्रीराम कथा के माध्यम से प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था द्वारा श्रीराम कथा विश्व संदर्भ महाकोष (इनसाइक्लोपीडिया ऑफ रामायण) के 55 खंडों पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में अनेक लब्ध प्रतिष्ठित विद्वानों द्वारा शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत आलेख प्रस्तुति के साथ-साथ राम जानकी संदर्भ वाले लोक गीतों को पेश कर भारतीय संस्कृति की खुशबू मॉरीशस में फैलाएंगीं। मौके पर डॉ आशा तिवारी ओझा, डॉ कुसुम सिंह, राधेश्याम सिंह, डॉ रंजय कुमार सिंह, ललित सिंह ठाकुर, प्रशांत श्रीवास्तव, हरि शंकर ओझा, सुरेश चंद्र तिवारी, रमाशंकर शुक्ल, बनवारी लाल जाजोदिया यथार्थ, मीमांसा ओझा, अरविंद कुमार श्रीवास्तव, प्रो. मनोहर लोखंडे, राजकुमार चौधरी, प्रो कृष्णा जी श्रीवास्तव, चित्रा श्रीवास्तव, डॉ किरण त्रिपाठी, माधुरी सत्येंद्र सिंह, डॉ सुनीता चौहान, डॉ किरण शर्मा, सत्यनारायण विश्वकर्मा, डॉ पुष्पा सिंह, अरुण भटनागर, डॉ शिरीन कुरैशी, डॉ हिमांशु मोहन मिश्र दीपक, डॉ जगदीश प्रसाद शर्मा, अलका भटनागर सहित अनेक विद्वानों द्वारा अलग-अलग सत्रों में शोध पत्रों की प्रस्तुति की जाएगी। 9 मई को पहला कार्यक्रम महात्मा गांधी संस्थान, मॉरीशस में आयोजित किया जाएगा।

Page 55 of 62

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse