बिहार

View All
Published / 2022-08-21 13:02:55
कृष्णनंदन और करवीर सिंह श्री सर्वेश्वरी समूह से निष्कासित, दर्ज हुआ एफआईआर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्य रहे कृष्णनंदन सिंह उर्फ पप्पू सिंह पुत्र बालकृष्ण सिंह एवं करवीर सिंह पुत्र कृष्णनंदन सिंह निवासी चांद, कैमूर (बिहार) ने विगत् वर्षों में श्री सर्वेश्वरी समूह के उद्देश्यों के प्रतिकूल आचरण करते हुए समूह के प्रति अपमानजनक कार्य तथा समूह को हानि पहुंचाने वाले कृत्यों में संलिप्त रहे हैं। पिछले काफी दिनों से सोशल मीडिया पर स्वतः निर्मित अश्लील वायस मैसेज एवं टेक्स्ट मैसेज से संस्था का मान-मर्दन करते हुए आपराधिक षड्यंत्र रच रहे थे। साइबर क्राइम की टीम की जांच में ये दोनों उक्त दुष्कृत्य में संलिप्त पाए गए। अतः संस्था के प्रति अपमानजनक कार्य तथा समूह को हानि पहुंचाने वाले कृत्यों को संज्ञान में लेते हुए कृष्णनंदन सिंह एवं करवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से प्रधान कार्यालय एवं समूह की समस्त शाखाओं में प्रवेश पूर्णतः वर्जित करने के साथ ही संस्था से निष्कासित कर दिया गया और इनके विरुद्ध थाना रामनगर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसकी प्रति इस पत्र के साथ संलग्न है। यह जानकारी श्री सर्वेश्वरी समूह के संयुक्त मंत्री अरविन्द कुमार सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2022-08-21 07:44:41
किसानों के लिए सिंचाई का प्रबंध करवायें अधिकारी : नीतीश कुमार

टीम एबीएन, पटना/रांची। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अल्प वर्षापात की समस्या से जूझ रहे कृषकों को सहायता देने के उद्देश्य से अधिकारियों को किसानों के लिए सिंचाई कार्य का प्रबंध करवाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने नालंदा, शेखपुरा, जमुई एवं लखीसराय जिले में अल्प वर्षापात के कारण उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसानों के लिए सिंचाई कार्य का प्रबंध करवाएं ताकि किसी प्रकार की दिक्कत न हो और उनकी फसल अच्छी हो। उन्होंने कहा कि अल्प वर्षापात से उत्पन्न स्थिति पर पूरी नजर रखें और किसानों को सहायता देने के लिए पूरी तैयारी रखें। सीएम ने कहा कि संभावित सूखे की स्थिति में किसानों को हरसंभव मदद देने की योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि डीजल अनुदान योजना के तहत किसानों को डीजल अनुदान का लाभ तेजी से दिलाएं ताकि उन्हें राहत मिल सके। वहीं नीतीश कुमार ने ने कहा कि किसानों को 16 घंटे बिजली की निर्बाध आपूर्ति करें। इससे किसानों को सिंचाई कार्य में सहूलियत होगी और जितने क्षेत्र में धान की रोपनी हुई है, उसका बचाव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक फसल योजना के तहत इच्छुक किसानों को जल्द से जल्द बीज उपलब्ध करवाएं ताकि किसानों को कृषि कार्य में राहत मिल सके।

Published / 2022-08-20 05:08:47
बिहार : भूमिगत मेट्रो का काम शुरू, बनेंगे 5 एलिवेटेड और 6 अंडरग्राउंड स्टेशन

रिम एबीएन, पटना/रांची। बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेट्रो परियोजना की शुरुआत कर दी है। मेट्रो कोरिडोर के अंतर्गत 6 भूमिगत मेट्रो स्टेशन होंगे । वहीं कोरिडोर की लंबाई 8.08 किलोमीटर होगी। इसमंह पांच एलिवेटेड और छह अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे। गौरतलब है कि कोरिडोर-2 के डिजाइन और निर्माण की जिम्मेदारी एल एंड टी कंपनी को 29 दिसंबर 2021 को दी गई। फिलहाल कॉरिडोर का सिविल वर्क पूरा हो गया है। सीएम नीतीश कुमार ने बुधवार को कॉरिडोर-2 पर अंडरग्राउंड स्टेशन का शिलान्यास किया है। आपको बता दें कि कॉरिडोर-2 पर भूमिगत स्टेशन बनने के टनल (सुरंग) बनाने का काम चालु किया जाएगा। मेट्रो परियोजना की शुरुआत पटना में हो चुकी है, 6.5 किलोमीटर के रूट में मेट्रो का परिचालन होगा। पटना मेट्रो को सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के रूप में विकसित किया जा रहा है। पटना मेट्रो का काम खास तौर से प्राथमिकता वाले कॉरिडोर पर चल रहा है। कंकड़बाग के मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र आईएसबीटी तक 6.6 किमी का एलिवेटेड रूट है। इस रूट में मेट्रो के पांच स्टेशन मलाही पकड़ी, खेमनीचक, भूतनाथ, जीरो माइल और आईएसबीटी होंगे। इस इलाके में पिलर बनाया जा रहा है। 100 से ज्यादा पिलर का निर्माण लगभग पूरा होने को है। इस रूट पर मेट्रो का सभी काम दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। फिर विद्युतीकरण और अन्य काम किए जाएंगे। मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र आईएसबीटी रूट पर 40 फीट ऊंचे पिलर पर मेट्रो चलेगी। पटना मेट्रो परियोजना के तहत पटना विश्वविद्यालय के साइंस कॉलेज परिसर में मेट्रो स्टेशन बनाया जायेगा। इसे पटना के छह अंडरग्राउंड स्टेशन रूट्स में शामिल किया जायेगा। पटना में अंडरग्राउंड मेट्रो के लिए रूट तय कर दिया गया है। राजेंद्र नगर, मोइनुलहक स्टेडियम, पटना यूनिवर्सिटी, पीएमसीएच, गांधी मैदान और ऑल इंडिया रेडियो में अंडरग्राउंड स्टेशन बनाये जाने हैं। मेट्रो के परिचालन से लोगों के यात्रा किराया भी बचेगा। अभी की अपेक्षा कम पैसे खर्च कर लोग ज्यादा दूरी तक सफर कर सकेंगे। मेट्रो शुरू होने पर निजी वाहनों के परिचालन में भी कमी आएगी। पटना में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद लोगों का एक जगह से दूसरे जगह पहुंचना बेहद आसान हो जायेगा।

Published / 2022-08-18 17:20:50
ग्रामीण उद्योगों से मिलेगी बिहार की अर्थव्यवस्था को ताकत : उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ

टीम एबीएन, पटना/रांची। उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने आज पटना स्थित खादी मॉल का भ्रमण किया। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आलोक कुमार ने जूट का पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। आधुनिक चरखे पर उन्होंने सूत भी काता। उन्होंने कहा कि मधुबनी सहित बिहार की खादी सारे देश में प्रसिद्ध है। उन्होंने निर्देश दिया कि बिहार के ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए खादी मॉल के माध्यम से ग्रामीण उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराया जाए। महात्मा गांधी ने स्वदेशी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती पर बल दिया था। छोटे-छोटे उद्योगों के माध्यम से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। ग्रामीण समाज में संपन्नता आएगी । उन्होंने कहा कि पटना के खादी मॉल की तर्ज पर पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में खादी मॉल बनाने के काम को स्वीकृति दी जा चुकी है। अगले चरण में कुछ दूसरे शहरों में भी खादी मॉल बनाने की योजना बनेगी। बिहार में खादी पुनरुद्धार योजना के अंतर्गत बिहार के खाद्य संस्थाओं को सुचारू रूप से काम करने के लिए कच्चा माल और कार्यशील पूंजी हेतु मदद पहले से दी जा रही है। उपभोक्ताओं को खादी वस्त्रों की खरीद पर छूट भी दिया जा रहा है। उन्होंने खादी मॉल में कार्यरत सभी कर्मचारियों को खादी वस्त्र में आने तथा सदैव नेम प्लेट का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया।

Published / 2022-08-18 13:22:58
उद्योगों की उन्नति से ही प्रदेश की उन्नति : समीर कुमार महासेठ

टीम एबीएन, पटना/रांची। बिहार सरकार के नए उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने विकास भवन के उद्योग विभाग कार्यालय में जाकर उद्योग मंत्री के रूप में काम करना आरंभ किया। उद्योग विभाग के अधिकारियों पंकज कुमार, संजीव कुमार, विवेक मैत्रेय, आलोक कुमार और दिलीप कुमार ने कार्यालय में उद्योग मंत्री का स्वागत किया। उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिया कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का लाभ अधिक से अधिक लाभुकों तक पहुंचाया जाए। ताकि इस योजना के तहत सहायता राशि प्राप्त कर लाभुक अपना उद्यम शुरू कर बिहार के विकास में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि बिहार राज्य में निवेश के लिए इच्छुक उद्योगपतियों को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से हर प्रकार की सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं जाकर नए उद्यमियों को बिहार में अधिकाधिक निवेश के लिए प्रोत्साहित करेंगे। समीक्षात्मक बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों ने उद्योग मंत्री को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति, सिंगल विंडो क्लीयरेंस पोर्टल, एथेनॉल उत्पादन प्रोत्साहन नीति, टेक्सटाइल एवं लेदर पॉलिसी, कलस्टर आधारित औद्योगिक योजनाएं, स्टार्टअप नीति, हैंडलूम एवं हथकरघा प्रोत्साहन योजना, उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान, बिहार राज्य खादी बोर्ड आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। समीक्षात्मक बैठक के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि उद्योग विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन की गति को बढ़ाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री श्री तेजस्वी यादव का जोर रोजगार सृजन पर है। पूरे प्रदेश में नए-नए उद्योग लगाकर हम रोजगार का सृजन करेंगे। उद्यमियों की जो अपेक्षाएं हैं और जो सुविधाएं उन्हें चाहिए वह उनके द्वार तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि उद्योगों की उन्नति होगी तो प्रदेश उन्नति करेगा। हमें हर ढंग से सपोर्टिव होकर काम करना है। हम सब से अपील करेंगे कि बिहार के प्रति सकारात्मक नजरिया बनाए रखें। हमारी कोशिश से बिहार के प्रोडक्ट पूरे देश में दिखाई देंगे। हमारी कोशिश होगी कि कुटीर उद्योगों के साथ बड़े उद्योगों का भी विकास हो। हम हर माह एक हजार से ज्यादा उद्योग लगाने का लक्ष्य रखकर चल रहे हैं। उद्योग के क्षेत्र में बिहार को ऊंचा से ऊंचा स्थान दिलाना है।

Published / 2022-08-18 04:38:24
बिहार में "खेला" होने के बाद के बाद पहली बार मिले लालू-नीतीश

टीम एबीएन, पटना/रांची। बिहार में राजद के साथ हाथ मिलाकर सत्ता बनाने के बाद आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से पहली बार मुलाकात की। नीतीश कुमार की पार्टी ने बिहार राज्य में आरजेडी के साथ नई सरकार बनाने के लिए बाद के साथ बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के साथ नया संबंध फिर स्थापित किया है। इसी के तहत सीएम नीतीश कुमार ने लालू यादव से मुलाकात की। लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने ट्विटर पर लालू यादव और नीतीश कुमार के बीच हुईं मीटिंग की तस्वीरें शेयर की। इन फोटोज में बिहार के दो दिग्गज नेता लालू और नीतीश एक दूसरे को लाल गुलाब देते हुए नजर आ रहे हैं। इन फोटोज में तेजस्वी यादव के अलावा उनके भाई, तेज प्रताप, राजद प्रमुख की पत्नी राबड़ी देवी के अलावा बैठक में मौजूद नजर आ रहे हैं।

Published / 2022-08-16 14:16:00
नीतीश कैबिनेट की पहली बैठक : नौकरियों का मुद्दा गायब, एक ही एजेंडे पर लगी मुहर

टीम एबीएन, पटना/ रांची। बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार होने के बाद मंगलवार को कैबिनेट की पहली बैठक हुई। मुख्य सचिवालय में हुई नीतीश कैबिनेट की पहली बैठक में जल-जीवन हरियाली अभियान के लिए 12568.97 करोड़ का बजट मंजूर हुआ। इस पहली बैठक में सिर्फ एक ही मुद्दे पर मुहर लगी। वहीं, बैठक में 10 लाख नौकरियों का मुद्दा गायब रहा। नौकरियों को लेकर कोई जिक्र नहीं किया गया, जबकि तेजस्वी ने पहली कैबिनेट की बैठक में 10 लाख नौकरी देने का वादा किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सहयोग के साथ नीतीश कुमार अपनी अलग सरकार बना चुके हैं। मंगलवार को मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। जिसमें 31 मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की। मंत्रिमंडल में आरजेडी के कोटे से सिर्फ 16 मंत्रियों को जगह मिली है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग का जिम्मा मिला, वहीं, गृह और वित्त विभाग हाथ से फिसल गया। उधर, लालू के दूसरे बेटे तेज प्रताप यादव को भी मंत्री बनाया गया। हालांकि, मंत्री बनकर वो ज्यादा खुश नहीं नजर आए, शपथ ग्रहण कर चुपचाप ही मंच से निकल गए। वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नीतीश की पहली कैबिनेट बैठक हुई। स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग का जिम्मा तेजस्वी के हाथ : मंत्रिमंडल विस्तार में तेजस्वी यादव के हाथ में स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग का जिम्मा सौंपा गया। हालांकि, सलाहकारों ने तेजस्वी उनसे गृह और वित्त विभाग पर भी पकड़ जमाने की सलाह दी थी, लेकिन यह जेडीयू के पाले में जा गिरे। स्वास्थ्य विभाग पर तेजस्वी यादव की पहले से नजर थी। स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों विभागों के जरिए तेजस्वी यादव, आरजेडी के वोट बैंकों को भी मजबूत करने में लगे हैं। दरअसल, बिहार में नौकरी की सोच रखने वाले ज्यादा लोगों के पास सिर्फ सरकारी नौकरियों का ही विकल्प है, क्योंकि राज्य में कोई बड़ी इंडस्ट्री नहीं है। ऐसे में नौकरियों के सहारे तेजस्वी पार्टी की जड़ें मजबूत करेंगे। स्वास्थ्य विभाग से साधेंगे वोट बैंक : आपको बता दें कि बिहार राज्य में स्वास्थ्य को लेकर बेहतर इंतेजाम तक नहीं है। राज्य स्वास्थ्य को लेकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश पर निर्भर रहा है। ऐसे में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देकर तेजस्वी पार्टी के लिए वोट बैंक बटोरने की प्लानिंग में है। नीतीश के मंत्रिमंडल में इन दो विभागों का तेजस्वी यादव के पास जाना कोई चौंकाने वाली बात नहीं थी, पहले से ही अटकले थी कि यह दोनों विभाग तेजस्वी के पास जा सकते हैं।

Published / 2022-08-16 07:12:55
बिहार : 31 मंत्रियों ने ली शपथ, राजद को शिक्षा तो जदयू को मिल सकता है वित्त विभाग

टीम एबीएन, पटना/ रांची। बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक हालात पल-पल बदल रहे हैं। आज दोपहर कुल 31 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ले ली है। जिसके बाद एनडीए के सत्ता से बाहर होने और महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से भाजपा लगातार हमलावर है। सत्ता समीकरण बदलने के बाद नीतीश कुमार ने बतौर महागठबंधन के नेता मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और तेजस्वी यादव दूसरी बार बिहार के उपमुख्यमंत्री बने। इसके बाद नीतीश सरकार में गठबंधन के घटक दलों के विधायकों के बीच मंत्री बनने की होड़ सी मच गई। खासकर कांग्रेस के कई विधायक मंत्री बनने का दावा पेश करने लगे। एक विधायक ने तो बकायदा मंत्री बनने का दावा पेश करते हुए पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी को चिट्ठी तक लिख डाली। वहीं, राजद के विधायकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। मंत्री बनने वाले विधायकों-नेताओं के नाम फाइनल हो चुके हैं। संबंधित विधायकों को राजभवन से इस बाबत फोन भी आ चुके हैं। मंगलवार को नीतीश कैबिनेट के नए मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। आरजेडी की ओर से मंत्री बनने वाले नेता कहां से हैं विधायक : अनीता देवी- रोहतास के नोखा से विधायक हैं। तीसरी बार लगातार विधायक हैं। पूर्व की महागठबंधन की सरकार में भी मंत्री थीं। राबड़ी देवी की करीबी मानी जाती हैं। आलोक कुमार मेहता- समस्तीपुर के उजियारपुर से तीसरा बार विधायक हैं। पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद भी हैं। लालू- तेजस्वी के करीबी माने जाते हैं। कुमार सर्वजीत- गया जिला के बोधगया से तीसरा बार विधायक हैं। तेजस्वी यादव के करीबी माने जाते हैं। समीर कुमार महासेठ- मधुबनी से ये तीसरी बार विधायक हैं। लालू यादव और तेजस्वी के भी करीबी हैं। शाहनवाज- अररिया के जोकीहाट से पहली बार विधायक AIMIM से चुने गए। पाला बदलकर RJD में शामिल हुए। तेजस्वी यादव के करीबी हैं। चंद्रशेखर- मधेपुरा से चौथी बार विधायक बने हैं। लालू यादव के करीबी माने जाते हैं। तेजप्रताप यादव- समस्तीपुर जिला के हसनपुर से वर्तमान विधायक हैं। दो बार विधायक रह चुके हैं। लालू यादव के बड़े बेटे हैं। सुरेंद्र यादव- गया जिला के बेलागंज से RJD से छठी बार विधायक। लालू यादव के बेहद करीबी हैं। कार्तिक सिंह- बाढ़ से पहली बार RJD से MLC बने हैं। अनंत सिंह और तेजस्वी यादव के करीबी हैं। इसराइल मंसूरी -मुजफ्फरपुर के कांटी से विधायक हैं। पहली बार आरजेडी से विधायक बने हैं। जस्वी के करीबी हैं। शमीम अहमद- अररिया के नरकटिया विधानसभा से विधायक हैं। तेजस्वी यादव के करीबी माने जाते हैं। ललित यादव- दरभंगा ग्रामीण से विधायक हैं। 1995 से लगातार लगातार 6 बार जीते हैं। लालू यादव के करीबी माने जाते हैं। रामानंद यादव- पटना जिले के फतुहा से राजद के विधायक हैं। लालू यादव के करीबी होने के साथ ही तेजस्वी के भी करीबी हैं। सुधाकर सिंह- कैमूर जिले के रामगढ़ से राजद के विधायक हैं। राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र हैं। सुरेंद्र राम- सारण जिले के गरखा विधानसभा से राजद के विधायक हैं। जितेंद्र राय- सारण जिले के मढौरा विधान सभा क्षेत्र से राजद के विधायक हैं।

Page 49 of 62

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse