टीम एबीएन, पटना/रांची। बिहार में सरकार को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ी हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी के सभी विधायकों और सांसदों को पटना आने का आदेश दिया है। मंगलवार को बैठक होगी। इसी बीच नीतीश कुमार ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी फोन पर बातचीत की है। सूत्रों के अनुसार सरकार बनाने को लेकर चर्चा हुई है क्योंकि यह तय माना जा रहा है कि सरकार में कांग्रेस भी शामिल होगी। बता दें कि नीतीश कुमार पहले भी दो बार पाला बदल चुके हैं। पहले भाजपा से अलग होकर आरजेडी के साथ महागठबंधन की सरकार बनाए थे। उसमें एक कांग्रेसी भी शामिल था। वहीं 2017 में महागठबंधन से अलग होकर फिर से एनडीए की सरकार बना ली और अब एक बार फिर से नीतीश कुमार के पाला बदलने की चर्चा है।
टीम एबीएन, पटना। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए यह तय किया है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में उसका प्रतिनिधित्व नहीं होगा। जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने रविवार को केन्द्रीय मंत्रिमंडल में जदयू के शामिल होने के संबंध में पूछे गए सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहले से ही घोषणा कर रखी है कि केन्द्रीय मंत्रिमंडल में जदयू शामिल नहीं होगी। जब कुमार ने ही निर्णय ले लिया है तो फिर सवाल कहां उठता है। ऐसे में यह पार्टी का अंतिम निर्णय है। श्री चौधरी ने कहा कि जदयू को केंद्रीय मंत्रिमंडल में सम्मानजनक संख्या नहीं मिली। इसलिए यह निर्णय लिया गया था। उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा और वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर लड़ने पर कहा कि अभी हम लोग साथ मिलकर चल रहे हैं। गठबंधन नहीं चलेगा ऐसा फिलहाल नहीं दिख रहा है। भाजपा और जदयू ने पहले से ही साथ चुनाव लड़ने की घोषणा कर रखी है और जदयू ने भी अभी तक कोई दूसरा फैसला भी नहीं लिया है। मंत्री ने मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से जदयू की नजदीकियों को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि राजद से नजदीकियां बढ़ने का कोई लक्षण मुझे नहीं दिख रहा है। बिहार में ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसका लोग चित्रण कर रहे हैं। यह सामान्य राजनीतिक गतिविधि है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों जदयू के नेता आरसीपी सिंह का केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा हुआ था। श्री सिंह का राज्यसभा कार्यकाल खत्म होने के बाद जदयू कोटा से केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल इकलौते चेहरे की पारी समाप्त हो गई थी। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे थे कि अब नए सिरे से जदयू की तरफ से कुछ नेता केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं लेकिन अब जदयू ने यह तय किया है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में उसका प्रतिनिधित्व नहीं होगा।
टीम एबीएन, पटना। राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। पटना के दानापुर इलाके में बालू लदे नाव पर जोरदार धमाका हुआ है। इस घटना में 4 मजदूरों की झुलस कर मौत हो गई है। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। सिलेंडर विस्फोट बताया जा रहा है बताया जा रहा है कि पटना के मनेर के गंगा घाट पर अवैध बालू से लदे नाव पर सिलेंडर विस्फोट हुआ है। इसमें चार मजदूरों की झुलस कर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों में काफी दहशत का माहौल है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का मच गई है। जांच में जुटी पुलिस : इस घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहंच गई है। मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल, घटना को लेकर पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कर रही है। ये जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा। वहीं, घटनास्थल पर अफरा-तफरी मचा है।
टीम एबीएन, पटना। बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से उन सभी संपत्तियों पर जवाब मांगा है, जो उन्होंने पिछले नौ वर्षों में अर्जित की हैं। आरसीपी सिंह जेडीयू सुप्रीमो और बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक वक्त में करीबी रहे, लेकिन अब दोनों के बीच में कुछ ठीक नहीं चल रहा है। जिसके बाद जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने आरसीपी सिंह को कारण बताओ नोटिस भेजकर संपत्तियों और अनियमितताओं पर उनका जवाब मांगा है। उनको यह नोटिस खुद को भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में पेश करने वाले नारे लगाने वाले वीडियो के वायरल सामने आने के ठीक एक हफ्ते बाद आया है। पूर्व मंत्री को लिखे एक पत्र में पार्टी ने दावा किया कि उनके द्वारा अर्जित संपत्तियों में कई अनियमितताएं देखी गई हैं। वहीं नोटिस पर आरसीपी सिंह पर पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक नोटिस पर टिप्पणी करते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि ये संपत्ति मेरी पत्नी और बेटियों द्वारा खरीदी गई थी, जो 2010 से आयकर दाता हैं। उन्होंने कहा कि नोटिस उन्हें अपमानित करने की पार्टी की कोशिश है। बता दें कि जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के संबंध पार्टी में काफी वक्त से बिगड़े हुए हैं, जिसके चलते उन्हें इस बार राज्यसभा का टिकट भी नहीं मिला, और केंद्रीय मंत्री का पद गंवाना पड़ा। जून में उन्हें पटना के वीआईपी जोन में एक बड़े बंगले से बेदखल कर दिया गया था। कभी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासपात्र अब पार्टी से दूर हो चुके हैं। हाल ही में केंद्रीय मंत्री के रूप में पद छोड़ दिया, जब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में एक और कार्यकाल से वंचित कर दिया था। आरसीपी सिंह नालंदा जिले में अपने पैतृक गांव में रह रहे हैं और सियासी जमीन खोजने के लिए आसपास के इलाकों का दौरा कर रहे हैं।
टीम एबीएन, पटना। सांस्कृतिक-साहित्यिक संस्था नवगीतिका लोक रसधार द्वारा कविताओं वाली शाम अनवरत मौसम के नाम काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। काव्य गोष्ठी में भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और साहित्यकार, वियतनाम में भारत के मिशन उप प्रमुख सुभाष गुप्ता मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ शिव नारायण ने की। अंतरराष्ट्रीय हिंदी परिषद के अध्यक्ष विरेंद्र कुमार यादव, महासचिव डॉ अंशु माला, वरिष्ठ कवि सिद्धेश्वर, प्रसिद्ध शायर समीर परिमल, कुमार रजत, अर्चना त्रिपाठी, डॉ नीतू नवगीत, अंकेश सहित अनेक कवियों ने इस मौके पर काव्य पाठ किया। मुख्य अतिथि सुभाष गुप्ता ने अपने दूसरे काव्य संग्रह अनवरत मौसम के नाम में शामिल कविताओं का पाठ किया।उन्होंने ऋतुराज बसंत, ग्रीष्म ऋतु और सावन से जुड़ी कविताएं की शानदार प्रस्तुति दी। मां को समर्पित कविता के माध्यम से सुभाष गुप्ता ने सबके दिलों को छुआ। आषाढ़ महीने पर कविता के माध्यम से उन्होंने बागमती और अपने गांव को याद किया- जब कृष्ण घन के फाहें रवि के मुख को ढंक लेते हैं। फिर झंझावात की गर्जना से इन्द्र नवसर्जन करते हैं। जब आधी रात या भोर में बादल घुमड़ने लगते हैं। किसानों के मन में अभिलाषा के कोंपल निकलते हैं। जब हिमालयी नदियां पुनः मैदानों में उफनने लगते हैं। बागमती की लहरें तीव्र वेग से भीषण हुंकार भरते हैं। सुबह सुबह जब गांवों में किसान के हल निकलते हैं। बैलों के गले की घण्टी नवसृजन के मंत्र उगलते हैं। धरती पर पानी के बूंदों से सोंधी महक निकलते हैं। सजीवों के तन मन और रोम रोम हर्षित हो जाते हैं। जब मटमैले कीचड़ में धान के फसल रोपे जाते हैं। शाम की बेला तक भूरे खेत धानी धानी हो जाते हैं। जब बच्चों के झुंड फुहारों में छप छप कर इतराते हैं। गली मोहल्लों के गड्ढों में कागज़ के नाव बलखाते हैं। आस पास में ही दादुर की टोली भी संगत में टर्राते हैं। झींगुर वृन्द भी अपनी अपनी पावस तान निकलते हैं। जब पंक में रहकर भी पैरों की पीड़ा भुलाये जाते हैं। उमंग से कृषक-श्रमिक रोपनी के नवराग अलापते हैं। छप्पर से आम की सूखी गुठली से चूर्ण बनाये जाते हैं। फिर इमोलों के कोपलें तोड़कर पिपही बनाये जाते हैं। जामुन की अब खैर कहां झतहें बारंबार उछाले जाते हैं। ताड़बृक्ष से जब पासी ताड़ के मीठे कोये निकालते हैं। उन्होंने स्वरचित भोजपुरी गीतों को गाकर लोगों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में युवा शायर समीर परिमल ने सुनाया - अपनी फितरत बदल न पाऊंगा, तेरे सांचे में ढल न पाऊंगा, मैं मुहब्बत का इक परिंदा हूं, मैं सियासत में चल न पाऊंगा। काव्य गोष्ठी में कूटनीतिज्ञ और कवि सुभाष गुप्ता को नवगीतिका लोक रसधार की ओर से साहित्य के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
टीम एबीएन, पटना। बिहार की राजधानी पटना सहित कई जिलों में आज भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। साथ ही रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है। वहीं पटना में आज भाजपा ने शोभा यात्रा निकाली, जिसमें जेपी नड्डा सहित पार्टी के तमाम नेता शामिल हुए। ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें। पटना समेत बिहार के कई जिलों में भूकंप के झटके : बिहार में आज सुबह 7 बजकर 58 मिनट पर कई जिलों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र नेपाल के काठमांडू में था। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई।
टीम एबीएन, पटना। एक स्कूल में बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां एक ही सुई से 30 बच्चों को वैक्सीन लगा दी गई। अब इस मामले की गहनता से जांच हो रही है। मामला मध्य प्रदेश का है। मध्यप्रदेश के सागर संभागीय मुख्यालय पर एक स्कूल में कोरोना वैक्सीन शिविर के दौरान एक ही सुई से लगभग 30 बच्चों को वैक्सीन देने के संवेदनशील मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी जांच की जा रही है और इसके लपेटे में स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारी कर्मचारी आ सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बुधवार के इस मामले में बच्चों को वैक्सीन लगाने वाले एक निजी नर्सिंग कॉलेज के तृतीय वर्ष के छात्र जितेंद्र अहिरवार के खिलाफ प्रशासन ने तत्काल यहां गोपालगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डी गोस्वामी ने जिला टीकाकरण अधिकारी आर रोशन के खिलाफ जांच और कार्रवाई संबंधी प्रस्ताव सागर संभाग आयुक्त मुकेश शुक्ला को भेजा है। सूत्रों ने कहा कि बुधवार को एक स्कूल में बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन देने के लिए शिविर लगाया गया था। अचानक एक व्यक्ति की नजर पड़ी कि वैक्सीन लगाने वाला सभी बच्चों के लिए एक ही सुई (सिरिंज) का उपयोग कर रहा है। उसने तत्काल इस पर आपत्ति जताई और इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पड़ताल के दौरान वैक्सीन लगाने वाले जितेंद्र अहिरवार ने कहा कि उसे वैक्सीन के साथ एक ही सुई दी गई है। तब तक वह लगभग 30 बच्चों को वैक्सीन दे चुका था। मामले के तूल पकड़ने पर वैक्सीनेशन कार्य रोका गया। प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने वैक्सीन देने वाले के खिलाफ गोपालगंज थाने में लापरवाही संबंधी मामला दर्ज कराया। वहीं जिला टीकाकरण अधिकारी की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है। हालांकि राहत की बात है कि फिलहाल बच्चों को किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं आई है। लेकिन निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार एक सुई (सिरिंज) का उपयोग सिर्फ एक ही व्यक्ति को वैक्सीन लगाने में किया जा सकता है।
टीम एबीएन, पटना। पटना के फुलवारी शरीफ टेरर मॉड्यूल मामले को लेकर एनआईए) की टीम ने बिहार के कई जिलों में एक साथ छापेमारी शुरू की है। सबसे पहले टीम सुबह-सुबह दरभंगा पहुंची, जहां सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में कई आरोपियों के घरों में छापेमारी जारी है। वहीं, नालंदा जिला के बिहारशरीफ के सोहसराय महुआ टोला, लहेरी थाना के नदी मोड़ और बिहार थाना के गढ़पर मोहल्ला में भी एनआईए की छापेमारी चल रही है। यहां भी भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद हैं। इसके अलावा मोतिहारी और पटना में भी एनआईए आरोपी के घरों में जांच कर रही है। इस मामले में गृह मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद अब एनआईए ने इसकी जांच शिद्दत से शुरू कर दी है। एनआईए की टीम दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी मो जाकिर के पुत्र मुस्तकीम और उसी गांव के सनाउल्लाह उर्फ आकिब और नूरुद्दीन जंगी के घर पर छापेमारी कर रही है, तो पटना में आरोपी अतहर परवेज के घर पर जांच चल रही है। वहीं मोतिहारी के चकिया के कुअवां गांव स्थित पीएफआई के जेनरल सेक्रेटरी रियाज मॉरुफ उर्फ बब्लू के घर की तलाशी ली जा रही है। फुलवारी शरीफ थाने में दर्ज पीएफआई और गजवा ए हिंद जिहादी मॉड्यूल के दोनों मामले को एनआईए ने पूरी तरह से अपने हाथों में ले लिया है और यही वजह है कि टीम ने एक साथ तमाम आरोपियों को घरों की तालाशी शुरू कर दी है, ताकि इस मामले में अहम जानकारियां टीम के हाथ लग सकें। जिसके आलोक में वो जांच को आगे बढ़ायेगी। दरभंगा में एनआईए की 4 घंटे छापेमारी चली। जहां नूरूद्दीन जंगी की मां और भाई से एनआई ने गहन पूछताछ की और पूरे घर की तालाशी ली। हालांकि टीम ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि जंगी के घर कुछ दस्तावेज उनके हाथ लगे या नहीं, मीडिया वाले ने एनआईए से लगातार सवाल करते रहे, लेकिन टीम ने कोई जामकारी नहीं दी। एनआईए की टीम पूर्वी चंपारण जिला के चकिया के कुअवां गांव स्थित पीएफआई के जेनरल सेक्रेटरी रियाज मॉरुफ उर्फ बब्लू के पैतृक घर की एनआईए तलाशी ले रही है। चकिया के नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 में स्थित कुअवां गांव में लोग कुछ समझ पाते इससे पहले कई पुलिस की गाड़ियों के साथ एनआईए की टीम सुबह सवेरे ही वहां पहुंच गई और रियाज के घर में छापेमारी शुरू कर दी। रियाज के घर में उसकी बूढ़ी मां और छोटा भाई है। छोटा भाई गांव के हीं मदरसा में शिक्षक है। एनआईए की टीम रियाज के घर को खंगाल रही है। पटना में दर्ज एफआईआर में चकिया के रहने वाले पीएफआई के जेनरल सेक्रेटरी रियाज मॉरुफ उर्फ बब्लू का भी नाम सामने आया था। हालांकि रियाज अभी फरार है और एनआईए उसकी तलाश कर रही है। रियाज के घर से क्या-क्या बरामदगी हुई है, इसका पता अभी नहीं चल सका है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse