एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा किसी टीम के खिलाफ एक दौरे में सभी मैच जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। भारत ने आखिरी टी-20 मैच में वेस्टइंडीज को 17 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 184 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 167 रन ही बना सकी। रोहित इस मामले में पहले भारतीय कप्तान : रोहित चार बार तीन या उससे ज्यादा मैच की टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने वाले पहले भारतीय कप्तान बने। दुनिया में उनसे आगे पाकिस्तान के सरफराज अहमद (पांच) और अफगानिस्तान के असगर अफगान (चार) हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने लगातार नौवां मैच जीता। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान की बराबरी भी कर ली है। भारत ने पाकिस्तान के रिकॉर्ड की बराबरी की : पाक टीम ने 2018 में लगातार नौ टी-20 मैच जीते थे। टी-20 इंटरनेशनल में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अफगानिस्तान के नाम पर दर्ज है। उसने 2018 से 2020 के बीच लगातार 12 मैच जीते थे। टेस्ट खेलने वाले देशों में यही तीन टीमें टॉप पर हैं। इसके अलावा रोमानिया ने भी 12 मैच जीते हैं। हालांकि, यह टीम टेस्ट नहीं खेलती। वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार चौथी टी-20 सीरीज में जीत : भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार चौथी टी-20 सीरीज में जीत हासिल की। इससे पहले टीम ने 2018 में एक बार और 2019 में दो बार वेस्टइंडीज को हराया था। वेस्टइंडीज की यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 83वीं हार रही। विंडीज टीम टी-20 में सबसे ज्यादा हारने वाली टीम बन गई है। दूसरे नंबर पर 82 हार के साथ श्रीलंका है। वहीं, तीसरे नंबर पर 78 हार के साथ बांग्लादेश और चौथे नंबर पर 76 हार के साथ न्यूजीलैंड की टीम है। छह साल बाद नंबर-1 बना भारत : भारत छह साल के लंबे इंतजार के बाद आईसीसी टी-20 रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंचा है। इससे पहले टीम 3 मई 2016 को टी-20 रैंकिंग में नंबर एक बनी थी। उस समय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी थे। धोनी के बाद विराट कोहली टीम के कप्तान बने थे, लेकिन वह अपनी कप्तानी में टीम को नंबर-1 नहीं बना सके।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड में चार मार्च से तीन अप्रैल तक होने वाले महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के लिए शनिवार को स्टार आलराउंडर स्टेफनी टेलर की अगुआई में 15 सदस्यीय टीम घोषित की। अपना पांचवां विश्व कप खेलने जा रही ऑफ स्पिनर अनीसा मोहम्मद को उप-कप्तान बनाया गया है। सभी प्रारूपों में 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट की उपलब्धि से सिर्फ एक विकेट दूर अनीसा ने इसी महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के अंतिम मैच में टीम की कमान संभाली थी जब टेलर के सिर में चोट (कनकशन) लगी थी। मातृत्व अवकाश के बाद वापसी करने वाली लेग स्पिनर एफी फ्लेचर को भी टीम में शामिल किया गया है। टीम में पांच युवा खिलाड़ियों स्पिनर करिश्मा रामहरक, तेज गेंदबाज आलिया एलीने, तेज गेंदबाज चैरी आन फ्रेजर, आलराउंडर चिनेले हेनरी और सलामी बल्लेबाज राशदा विलियम्स को शामिल किया गया है जो इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पदार्पण करेंगी। टूर्नामेंट के कोविड-19 नियमों के तहत वेस्टइंडीज ने टीम के साथ यात्रा करने वाली तीन रिजर्व खिलाड़ियों की घोषणा भी की जो केसिया शुल्ट्ज, मेंडी मांगरू और जेनीलिया ग्लास्गो होंगी। खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका से न्यूजीलैंड पहुंचने के बाद अपना पृथकवास पूरा कर चुकी हैं। वेस्टइंडीज को चार मार्च को तौरंगा के बे ओवल में मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना है। टीम इस प्रकार है : स्टेफनी टेलर (कप्तान), अनीसा मोहम्मद, आलिया एलीने, शेमाइन कैंपबेल, शामीलिया कोनेल, डियांड्रा डोटिन, एफी फ्लेचर, चैरी आन फ्रेजर, चिनेले हेनरी, काइसिया नाइट, हेली मैथ्यूज, चेडीन नेशन, करिश्मा रामहरक, शकीरा सेलमन और राशदा विलियम्स। रिजर्व खिलाड़ी : केसिया शुल्ट्ज, मेंडी मांगरू और जेनीलिया ग्लास्गो।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। तेज गेंदबाजों मैट हेनरी (55 रन नौ विकेट) और टिम साउदी (68 रन छह विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने यहां पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन शनिवार को महज ढाई घंटे में दक्षिण अफ्रीका पर पारी और 276 रन से जीत हासिल करते हुए दो मैचों की शृंखला में 1-0 शून्य की अजेय बढ़त बना ली। दक्षिण अफ्रीका ने आज सुबह अपने कल के स्कोर तीन विकेट पर 34 रन से आगे खेलना शुरू किया। इस वक्त वह न्यूजीलैंड से 353 रन पीछे था और उसे दिन की अच्छी शुरूआत की जरूरत थी, लेकिन न्यूजीलैंड की घातक गेंदबाजी के आगे दक्षिण अफ्रीकी टीम की एक न चली। दिन की दूसरी गेंद पर रासी वैन डर डूसन के रूप में चौथा विकेट गिरने के बाद विकटों की झड़ी लग गई। दक्षिण अफ्रीका ने सुबह के सत्र में ही महज 77 रन पर सात विकेट गंवा दिए। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने दक्षिण 41.4 ओवर में 111 रन पर आॅलआउट कर एक पारी और 276 रन से बड़ी जीत दर्ज की। साउदी और हेनरी ने घातक गेंदबाजी करते हुए कल और आज को मिला कर कुल सात, जबकि पूरे मैच में 15 विकेट निकाले। हेनरी ने जहां पहली और दूसरी पारी में क्रमश: सात और दो, वहीं साउदी ने पांच और एक विकेट लिया। बल्लेबाजी में भी मेजबान न्यूजीलैंड अधिक प्रभावशाली दिखा। न्यूजीलैंड ने एक ही पारी खेली, जिसमें उसने 117.5 ओवर में 482 रन बनाए। बाएं हाथ के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स ने 11 चौकों की मदद से 163 गेंदों पर 105 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल ने 12 चौकों के सहारे 138 गेंदों पर 96 रन बनाए, लेकिन शतक से चूक गए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से टेम्बा बावुमा ने दूसरी पारी में सर्वाधिक 41 रन बनाए। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने खुद को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली टेस्ट शृंखला जीतने का मौका दिया है। 18 सालों में खेले 46 टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड की दक्षिण अफ्रीका पर यह पांचवीं टेस्ट जीत है। न्यूजीलैंड ने आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका को 2004 में आॅकलैंड में हराया। वहीं मेहमान दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट प्रारूप में यह अब तक की दूसरा सबसे बड़ी हार है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। विराट कोहली और ऋषभ पंत के अर्धशतकों के बाद भुवनेश्वर कुमार की डेथ ओवरों की कसी गेंदबाजी की मदद से भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां आठ रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त बनायी। कोहली ने 41 गेंदों पर 52 रन जबकि पंत ने 28 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए। इन दोनों ने समान रन बनाने के साथ समान सात-सात चौके और एक-एक छक्का भी लगाया। पंत ने वेंकटेश अय्यर (18 गेंदों पर 33 रन, चार चौके, एक छक्का) के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों पर 76 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पांच विकेट पर 186 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। इसके जवाब में वेस्टइंडीज निकोलस पूरन (41 गेंदों पर 62, पांच चौके, तीन छक्के) और रोवमैन पावेल (36 गेंदों पर नाबाद 68, चार चौके, पांच छक्के) के बीच 100 रन की साझेदारी के बावजूद तीन विकेट पर 178 रन ही बना पाया। भारत ने इससे पहले वेस्टइंडीज को वनडे श्रृंखला में 3-0 से हराया था। दोनों टीम के बीच तीसरा और अंतिम टी20 मैच रविवार को ईडन गार्डन्स पर ही खेला जाएगा। भारत के दोनों लेग स्पिनरों ने युजवेंद्र चहल (31 रन देकर एक) और रवि बिश्नोई (30 रन देकर एक) ने सलामी बल्लेबाजों काइल मायर्स (नौ) और ब्रेंडन किंग (22) को पवेलियन भेजा लेकिन पूरन ने अच्छी फॉर्म बनाये रखी। उन्होंने हर्षल पटेल और चहल पर जबकि पावेल ने दीपक चाहर और बिश्नोई पर छक्के लगाकर स्कोर बोर्ड को गतिशील बनाए रखा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान रोहित शर्मा की अगुवाई में बल्लेबाजों की उम्दा पारियों के दम पर भारत ने पहले टी20 मैच में बुधवार को वेस्टइंडीज को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त ले ली। जीत के लिए 158 रन के लक्ष्य के जवाब में भारत ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 162 रन बनाए। इससे पहले टी20 क्रिकेट में पदार्पण कर रहे स्पिनर रवि बिश्नोई और अनुभवी युजवेंद्र चहल की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने कैरेबियाई टीम को सात विकेट पर 157 रन पर रोक दिया था। वनडे श्रृंखला में सूपड़ा साफ होने के बाद वेस्टइंडीज का इस दौरे पर जीत का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। रोहित और ईशान किशन ने शानदार शुरूआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 45 गेंद में 64 रन जोड़े। रोहित ने 19 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। आईपीएल की मेगा नीलामी में मुंबई इंडियंस द्वारा 15.25 करोड़ रुपये में फिर खरीदे गए ईशान किशन ने 42 गेंद में 35 रन की पारी खेलकर कप्तान का बखूबी साथ दिया। विराट कोहली की नाकामी का सिलसिला जारी रहा जो 17 रन बनाकर फेबियन एलेन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे, जबकि ऋषभ पंत भी आठ रन ही बना पाए। इसके बाद हालांकि सूर्यकुमार यादव ने 18 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 34 और वेंकटेश अय्यर ने 13 गेंद में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। अय्यर ने एलेन को छक्का जड़कर विजयी रन पूरे किए।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। लियोनेल मेस्सी के पेनल्टी पर गोल करने में नाकाम रहने के बाद उनके साथी काइलन एमबापे ने दूसरे हॉफ के इंजुरी टाइम में एकल प्रयास से गोल दागा जिससे पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के अंतिम 16 के मैच में रीयाल मैड्रिड को 1-0 से हराया। एमबापे ने इस सत्र में फ्रांसीसी लीग में कई बार अंतिम क्षणों में गोल करके पीएसजी को अंक दिलाये और उन्होंने फिर से ऐसा कमाल किया। पहले चरण के इस मैच के इंजुरी टाइम के चौथे और अंतिम मिनट में स्थानापन्न नेमार से पास मिलने के बाद एमबापे ने दो रक्षकों को छकाकर गोलकीपर थिबॉट कूर्टिस के पांवों के बीच से गेंद गोल में डाली। इससे पहले खेल के 61वें मिनट में दानी कार्वाजल के फॉउल के कारण पीएसजी को पेनल्टी मिली थी लेकिन कूर्टिस ने अपने बायें तरफ डाइव लगाकर मेस्सी का शॉट रोक दिया था। दूसरे चरण का मैच नौ मार्च को खेला जाएगा।
एबीएन डेस्क। नोवाक जोकोविच ने मंगलवार को प्रसारित साक्षात्कार में कहा कि अगर कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अनिवार्य हुआ तो वह फ्रेंच ओपन और विम्बलडन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर रहने के लिए तैयार हैं। 20 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन जोकोविच ने कहा कि उनका टीकाकरण नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वह अगले दो ग्रैंडस्लैम और कई अन्य टूर्नामेंट में नहीं खेलकर इसकी कीमत चुकाने को तैयार हैं। जोकोविच ने कहा, मैं अपने फैसले के नतीजों को समझता हूं। उन्होंने कहा, मैं समझता हूं कि अगर मेरा टीकाकरण नहीं हुआ है तो मुझे पता है कि मैं अभी अधिकतर टूनार्मेंट के लिए यात्रा नहीं कर पाऊंगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। चैंपियंस लीग फुटबॉल में अब नाकआउट मुकाबले मंगलवार से शुरू होंगे और सभी की नजरें 13 बार की विजेता रीयाल मैड्रिड और पेरिस सेंट जर्मेंन के मैच पर टिकी होंगी। पीएसजी की नजरें पहली बार यह खिताब जीतने पर लगी है लेकिन उसके सामने रीयाल मैड्रिड जैसी धुरंधर टीम है। जवाबी हमले पर तेज खेलने वाली टीमों के खिलाफ पीएसजी को दिक्कत आती है और मैड्रिड इसमें माहिर है। मैड्रिड का आक्रमण हालांकि बहुत हद तक करीम बेंजीमा पर निर्भर होगा जिनका चोट के कारण खेल पाना अनिश्चित है। उनके विकल्प के तौर पर जेरेथ बेल हैं जो खराब फॉर्म में हैं। दूसरी ओर पीएसजी की उम्मीदें काइलियान एमबाप्पे की टिकी होंगी। मिडफील्ड में मैड्रिड के पास लुका मोडरिच और केसमिरो जैसे दिग्गज हैं। मैड्रिड 2018 में यूरोपीय कप खिताब की हैट्रिक लगाने के बाद से फाइनल में नहीं पहुंच सका है। दूसरे मैच में फॉर्म में चल रही मैनचेस्टर सिटी का सामना स्पोर्टिंग से होगा। वहीं साल्जबर्ग की टक्कर बायर्न म्युनिख से और इंटर मिलान का सामना लिवरपूल से होगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फ्रांस की पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को भारत को 5-2 शिकस्त देकर प्रो लीग में पहली जीत दर्ज की। फ्रांस की ओर से विक्टर चार्लेट ने 16वें और 59वें मिनट, विक्टर लॉकवुड ने 35वें और मेसन चार्ल्स ने 48वें और क्लेमेंट टिमोथी ने मैच के 60वें मिनट में गोल किए जबकि भारत की ओर से जरमनप्रीत सिंह ने मैच के 22वें और हरमनप्रीत सिंह ने मुकाबले के 57वें मिनट में गोल किए। मैच के पहले क्वार्टर की शुरुआत काफी धीमी रही। दोनों टीमों ने सधी हुई शुरुआत की, खेल के पहले 15 मिनट में दोनों टीमों को गोल के लिए संघर्ष करना पड़ा लेकिन दोनों ही टीम खाता खोलने में असफल रहीं। फ्रांस की टीम ने दूसरे क्वार्टर की शानदार शुरुआत की। खेल के 16वें मिनट में ही विक्टर ने पेनाल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए भारतीय गोलकीपर पाठक बहादुर को चकमा दिया और गोल कर टीम का खाता खोल दिया। खेल के 22वें मिनट में भारतीय टीम ने पलटवार किया। जरमनप्रीत सिंह ने डिफेंस को छकाते हुए गोल किया और खाता खोला। हाफ-टाइम के बाद स्कोर 1-1 से बराबर रहा। तीसरे क्वार्टर में फ्रांस की टीम ने फिर आक्रामक खेल शुरू किया। खेल के 35वें मिनट में फ्रांस की टीम दबाव का फायदा उठाया और विक्टर लॉकवुड ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को मैच में 2-1 से बढ़त दिला दी। खेल के चौथे क्वार्टर में फ्रांस की टीम ने तीन और गोल किए और भारतीय टीम की वापसी के सारे दरवाजे बंद कर दिए। अब भारत का अगला मुकाबला रविवार को मेजबान दक्षिण अफ्रीका से होगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.