Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

खेल समाचार

View All
दूसरा टी20 7 विकेट से जीता भारत, सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त
Published / 2022-02-27 03:52:14
दूसरा टी20 7 विकेट से जीता भारत, सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने श्रीलंका को दूसरे टी-20 मैच में सात विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन टी-20 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी बना ली है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के 184 रन के लक्ष्य को तीन विकेट खोकर और 17 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया। भारत की तरफ से श्रेयस अय्यर (74*) ने सबसे अधिक रन बनाए। बता दें कि सीरीज का तीसरा और अंतिम टी-20 मैच रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा। भारत की यह लगातार 11वीं टी-20 इंटरनेशनल जीत रही। भारत की घर में यह लगातार सातवीं टी-20 सीरीज जीत रही। 184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही। रोहित शर्मा (1) को पहले ही ओवर में दुष्मंथ चमीरा ने क्लीन बोल्ड कर दिया। ईशान किशन (16) का बल्ला भी खामोश रहा और कुमार की गेंद पर वह शनाका को आसान कैच थमाकर डगआउट लौट गए। 44 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद भारत को श्रेयस अय्यर (74*) और संजू सैमसन (39) ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की।

विश्व कप क्वालीफायर में रूस के खिलाफ नहीं खेलेगा पोलैंड!
Published / 2022-02-26 15:43:47
विश्व कप क्वालीफायर में रूस के खिलाफ नहीं खेलेगा पोलैंड!

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पोलैंड फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के विरोध में पोलैंड अगले महीने रूस के खिलाफ अपना फुटबॉल विश्व कप क्वालीफायर मैच नहीं खेलेगा। महासंघ के अध्यक्ष सेजरी कुलेजा ने ट्विटर पर यह घोषणा की और संकेत दिया कि पोलैंड इस मामले में अन्य महासंघों के बात कर फीफा के सामने एकजुटता दिखाने की कोशिश करेगा। कुलेजा ने कहा, कोई शब्द नहीं यह कार्रवाई का समय है। उन्होंने कहा कि देश की फुटबॉल महासंघ को यह कदम आक्रामकता (रूस की तरफ से) के बढ़ाने के कारण उठाना पड़ा। उनके ट्वीट के बाद पोलैंड की ओर से सबसे ज्यादा गोल करने वाले स्ट्राइकर रॉबर्ट लेवांडोव्स्की लिखा, यह सही फैसला है। जर्मनी की बायर्न म्यूनिख क्लब के इस स्टार खिलाड़ी ने ट्विटर पर कहा, मैं ऐसी स्थिति में रूस की राष्ट्रीय टीम के साथ मैच खेलने की कल्पना नहीं कर सकता, जब यूक्रेन में सशस्त्र आक्रमण जारी है। उन्होंने कहा, रूस के फुटबॉल खिलाड़ी और प्रशंसक इसके लिए जिम्मेदार नहीं हैं, लेकिन हम यह दिखावा नहीं कर सकते कि कुछ भी नहीं हो रहा है। तय कार्यक्रम के मुताबिक पोलैंड और रूस के बीच क्वालीफाइंग प्लेआॅफ सेमीफाइनल का मैच मास्को में 24 मार्च को खेला जाना है। इस मैच के विजेता को स्वीडन और चेक गणराज्य के बीच होने वाले सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ना है। क्वालीफायर जीतने वाली टीम कतर में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगी।

रणजी ट्रॉफी : झारखंड के खिलाफ पहली पारी में पिछड़ रही दिल्ली
Published / 2022-02-25 17:54:57
रणजी ट्रॉफी : झारखंड के खिलाफ पहली पारी में पिछड़ रही दिल्ली

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। युवा बल्लेबाज जोंटी सिद्धू की 78 रन की नाबाद पारी के बाद भी दिल्ली की टीम पर झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी के मैच में पहली पारी में पिछड़ने का खतरा मंडरा रहा है। झारखंड के पहली पारी में 251 रन के जवाब में दिल्ली की टीम शुक्रवार को गुवाहाटी में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक आठ विकेट पर 223 रन बनाकर संघर्ष कर रही है। टीम अब भी पहली पारी में 28 रन पीछे है। तमिलनाडु के खिलाफ पिछले मैच में पहली पारी में पिछड़ने वाली दिल्ली की टीम अगर इस मैच से कम से कम तीन अंक (पहली पारी में बढ़त) लेने में नाकाम रही तो वह ग्रुप चरण से नीचे खिसक सकती है। तमिलनाडु के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले जोंटी ने अब तक 176 गेंद की पारी में 78 रन बनाये है। उन्होंने इस दौरान छह चौके और दो छक्के जड़े। उन्होंने आठवें विकेट के लिए विकार मिश्रा (117 गेंद में 21 रन) के साथ 77 रन की साझेदारी कर दिल्ली को मुश्किल परिस्थितियों से काफी हद तक बाहर निकाला। इस साझेदारी को बायें हाथ के अनुभवी स्पिनर शाहबाज नदीम ने विकास को पगबाधा कर के तोड़ा जिसके बाद अंपायरों ने दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी। ग्रुप के एक अन्य मैच में तमिलनाडु ने पहली पारी में 470 (नौ विकेट पर पारी घोषित) रन बनाने के बाद छत्तीसगढ़ की आधी टीम को 105 रन पर पवेलियन भेजकर मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। छत्तीसगढ़ को फॉलोऑन बचाने के लिए अब भी 215 रन की दरकार है जबकि उसके पांच विकेट बचे हुए है। इससे पहले बाबा अपराजित ने 166 और शाहरुख खान ने 69 रन बनाकर तमिलनाडु को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

धर्मशाला : भारत सीरीज जीतने तो श्रीलंका वापसी को बेताब
Published / 2022-02-25 17:44:30
धर्मशाला : भारत सीरीज जीतने तो श्रीलंका वापसी को बेताब

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अपने बल्लेबाजी दृष्टिकोण में बदलाव के बाद लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को जीतकर लगातार दूसरी सीरीज अपने नाम करने की कोशिश करेगी। पिछले साल टी-20 विश्व कप के शुरू में बाहर हो जाने के बाद भारत को अपने दृष्टिकोण में बदलाव करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उसने युवा खिलाड़ियों को मौका दिया और अब वह एक बदली हुई टीम नजर आ रही है। आस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले टी-20 विश्व कप में अभी समय है। लेकिन रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम में खिलाड़ियों का एक समूह तैयार है, जिसका इस टूर्नामेंट में खेलना तय माना जा रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ रन बनाने के लिए जूझने वाले युवा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में बड़ी पारी खेलकर आत्मविश्वास हासिल किया। यदि रुतुराज गायकवाड़ की कलाई में चोट नहीं लगती तो वह किशन के साथ पारी का आगाज कर सकते थे। ऐसे में रोहित मध्यक्रम में उतरते जैसा कि उन्होंने वेस्टंइंडीज के खिलाफ किया था। यदि गायकवाड़ फिट होकर वापसी करते हैं तो रोहित शनिवार को फिर से ऐसा कर सकते हैं। रोहित अच्छी लय में दिख रहे हैं और उन्होंने 44 रन की प्रवाहमय पारी खेली। विराट कोहली को विश्राम दिए जाने के बाद श्रेयस अय्यर ने तीसरे नंबर पर मिले मौके को अच्छी तरह से भुनाया है। रोहित ने पहले मैच के बाद संकेत दिए कि रविंद्र जडेजा ऊपरी क्रम में ही बल्लेबाजी करेंगे। क्योंकि टीम प्रबंधन उनके बल्लेबाजी कौशल का फायदा उठाना चाहता है। इस सीरीज से टीम में वापसी करने वाले संजू सैमसन को पहले मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला और यदि उन्हें धर्मशाला में अवसर मिलता है तो वह उसका पूरा फायदा उठाना चाहेंगे। भारत गेंदबाजी विभाग में भी अच्छा कर रहा है और उसने गुरुवार को दीपक हुड्डा सहित सात विकल्प आजमाए। वेंकटेश अय्यर खर्चीले साबित हुए, लेकिन उन्होंने दो विकेट निकाले। वहीं, दूसरी तरफ श्रीलंका को अगर भारत का 10 मैचों से चला आ रहा विजय अभियान रोकना है तो उसे इसके लिए विशेष प्रयास करने होंगे। शीर्ष क्रम के नहीं चल पाने तथा मुख्य स्पिनरों महीश तीक्ष्णा और वानिंदु हसरंगा की अनुपस्थिति में उसकी टीम पहले मैच में जूझती नजर आई। लखनऊ की तुलना में यहां रात को अधिक ठंड रहने की संभावना है। खिलाड़ियों को ऐसे में परिस्थितियों से जल्द से जल्द सामंजस्य बिठाना होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।

आईपीएल 2022 : दर्शकों की उपस्थिति में 26 मार्च से शुरू होगा आईपीएल का 15वां सीजन
Published / 2022-02-24 17:46:53
आईपीएल 2022 : दर्शकों की उपस्थिति में 26 मार्च से शुरू होगा आईपीएल का 15वां सीजन

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 15वां सीजन 26 मार्च से शुरू होगा। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में गुरुवार (24 फरवरी) को इस पर फैसला लिया गया। पहले कहा जा रहा था कि टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 27 मार्च को खेला जाएगा, लेकिन बीसीसीआई ने ब्रॉडकास्टर की मांग पर 26 मार्च की तारीख को तय किया। आईपीएल के अध्यक्ष बृजेश पटेल ने क्रिकबज से बातचीत में खुलासा किया है कि टूर्नामेंट की शुरुआत 26 मार्च को होगी। इस बार खाली स्टेडियम में मैच नहीं होंगे। इसका मतलब है कि मुकाबलों के दौरान दर्शकों को स्टेडियम में जाने की अनुमति दी जाएगी। लीग राउंड के दौरान इसका फैसला महाराष्ट्र सरकार के नियमों के मुताबिक लिया जाएगा। कम से कम 25 या 50 फीसदी दर्शक स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। मुंबई और पुणे में लीग राउंड के मैच, प्लेऑफ पर फैसला नहीं : वर्चुअल रूप से आयोजित बैठक में गवर्निंग काउंसिल ने इस बात पर मुहर लगाई है कि आईपीएल के लीग राउंड का आयोजन महाराष्ट्र में होगा। मुंबई में 55 और पुणे में 15 मैच होंगे। लीग के सभी मैच चार स्टेडियमों में खेले जाएंगे। वानखेड़े स्टेडियम और डीवाई पाटिल स्टेडियम में 20-20 मैच, ब्रेबोर्न स्टेडियम में 15 मैच और पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 15 मैच खेले जाएंगे। प्लेऑफ मैच अहमदाबाद में आयोजित हो सकते हैं, लेकिन इसे लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। भारत में ही होंगे सभी मैच : यह पहली बार है जब बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजियों को स्पष्ट रूप से कहा है कि आईपीएल का आयोजन इस बार विदेश में नहीं होगा। पहले यह कहा जा रहा था कि विकल्प के तौर पर दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका को तैयार रखा जाएगा, लेकिन बोर्ड अब किसी भी हालत में टूर्नामेंट का आयोजन भारत में ही कराना चाहता है। जल्द ही पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा। बीसीसीआई ने अभ्यास के लिए चार मैदान चुने हैं। इस पर गवर्निंग काउंसिल काफी समय से विचार कर रहा था। टीमें मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के बीकेसी मैदान, दक्षिण मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम, नवी मुंबई के डीवाई पाटिल मैदान और कांदिवली या ठाणे में एमसीए ग्राउंड में अभ्यास कर सकती हैं। इसके लिए सभी टीमों को निश्चित समय दिए जाएंगे। कैसा हो सकता है आईपीएल 2022 का फॉर्मेट : • 10 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा जाएंगे। ग्रुप-ए में पांच और और ग्रुप-बी में पांच टीमें होंगी। • एक टीम को ग्रुप राउंड में कम से कम 14 मैच खेलने होंगे। • अपने ग्रुप में एक-दूसरे के खिलाफ दो बार खेलने का मौका मिलेगा। • दूसरे ग्रुप की किसी एक टीम के खिलाफ दो मैच खेलने होंगे। • इसके बाद दूसरे ग्रुप की बाकी बची चार टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलने होंगे।

भविष्य के कप्तान तैयार कर रहे हिटमैन बोले- हमें भी तो किसी ने तैयार किया था...
Published / 2022-02-23 13:22:32
भविष्य के कप्तान तैयार कर रहे हिटमैन बोले- हमें भी तो किसी ने तैयार किया था...

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट के तीनों प्रारूप के लिए भारतीय कप्तान नियुक्त किए गए रोहित शर्मा ने भविष्य के कप्तान तैयार करने की जिम्मेदारी के बारे में कहा कि उन्हें भी किसी ने तैयार किया है और उन्हें भी अपना उत्तराधिकारी तैयार करने की स्वभाविक प्रक्रिया का अनुसरण करने में खुशी होगी। इस 34 वर्षीय बल्लेबाज को हाल में टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया तथा उन्होंने सभी प्रारूपों में अपनी उपलब्धता को लेकर व्यक्त किए जा रहे संदेह को दरकिनार करते हुए कहा कि वह सभी मैचों में खेलेंगे। उन्हें उम्मीद है कि भविष्य के तीन संभावित कप्तान केएल राहुल, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत नेतृत्वकर्ता के रूप में अच्छी तरह से तैयार होंगे और उन्होंने इसमें अपनी भूमिका के बारे में बात की। रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला पर कहा कि मेरी भूमिका उन्हें सब कुछ बताने की नहीं होगी। वे सभी परिपक्व क्रिकेटर हैं, लेकिन किसी का उनकी मदद करने और मुश्किल परिस्थितियों में उनका मार्गदर्शन करने के लिए इर्द गिर्द होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुझे यह भूमिका निभाने में खुशी होगी और इसी तरह हम भी आगे बढ़े हैं और कप्तान बने हैं। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन वह महेंद्र सिंह धोनी थे जिनके कप्तान रहते हुए विराट कोहली और रोहित को भविष्य के कप्तान के रूप में तैयार किया गया। हमें भी किसी ने तैयार किया। यह स्वभाविक प्रक्रिया है और हर किसी को इससे गुजरना होता है और यहां भी कोई अपवाद नहीं है। यदि हम बुमराह, राहुल, पंत की बात करें तो इन खिलाड़ियों को भारत की सफलता में अहम भूमिका निभानी है और इसके साथ ही उन्हें भविष्य के नेतृत्वकर्ता के रूप में भी देखा जाएगा। श्रीलंका के खिलाफ शृंखला में रोहित के साथ बुमराह उप कप्तान होंगे। पंत को आराम दिया गया है और राहुल चोटिल हैं। एक तेज गेंदबाज के उप कप्तान होने पर रोहित ने कहा कि यह वास्तव में बहुत ज्यादा मायने नहीं रखता कि वह बल्लेबाज है या गेंदबाज। एक खिलाड़ी का क्रिकेट ज्ञान मायने रखता है और मुझे लगता है कि जसप्रीत बुमराह का दिमाग बहुत तेज चलता है। मैंने इसे करीब से देखा है। यह नेतृत्व की भूमिका में उतरने के लिये उसके पास अच्छा मौका है और मुझे विश्वास है कि वह अपने खेल को अगले स्तर तक ले जाएगा।

अब अमेरिका के लिए खेलेंगे नेमार!
Published / 2022-02-22 15:14:33
अब अमेरिका के लिए खेलेंगे नेमार!

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दिग्गज फुटबॉलर नेमार भविष्य में अपने देश ब्राजील के बजाय अमरीका में खेलना चाहते हैं। इस 30 वर्षीय फुटबॉलर ने हाल में पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के साथ अपना अनुबंध 2025 तक बढ़ाया था। नेमार ने फेनोमेनोस पॉडकास्ट में कहा, मैं नहीं जानता कि मैं फिर से ब्राजील में खेलूंगा या नहीं। मेरी दिली इच्छा अमरीका में खेलने की है। मैं कम से कम एक सत्र के लिए वहां खेलना चाहता हूं। उन्होंने कहा, ब्राजील में खेलने को लेकर मैं नहीं जानता। कुछ अवसरों पर मुझे लगता है कि वहां खेलना चाहिए लेकिन कभी मैं ऐसा नहीं चाहता। इस स्ट्राइकर ने अमरीका में खेलने के बारे में मजाकिया अंदाज में कहा, क्योंकि वहां चैंपियनशिप जल्दी समाप्त हो जाती है, इसलिए चार महीने का अवकाश मिल जाता है। इस तरह से आप वहां वर्षों तक खेल सकते हैं। नेमार से पूछा गया कि क्या वह संन्यास की योजना बना रहे हैं, उन्होंने कहा कि वह अपने दोस्तों से मजाक में कहते हैं कि वह 32 साल की उम्र में संन्यास ले लेंगे। उन्होंने कहा, मैं जबतक मानसिक रूप से नहीं थक जाता तब तक खेलता रहूंगा। मेरा शरीर कुछ साल तक खेलने के लिए फिट रहेगा लेकिन मानसिक रूप से तैयार रहना जरूरी है। लेकिन इसके कोई निश्चित उम्र तय नहीं है। नेमार ने कहा कि ब्राजील की राष्ट्रीय टीम ब्राजील के प्रशंसकों से बहुत दूर हो गई है। उन्होंने कहा, मैं नहीं जानता कि यह क्यों और कब शुरू हुआ, लेकिन मैं इसे अपने मैचों में देखता हूं। लोग इसके बारे में बात नहीं करते। उन्हें पता नहीं होता कि हम कब खेलते हैं। यह बुरा है। नेमार ने कहा, ऐसी पीढ़ी में रहना दुखद है जहां ब्राजील का खेलना महत्वपूर्ण नहीं है। जब मैं बच्चा था तो यह उत्सव जैसा होता था।

हॉकी लीग के लिए भारतीय टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ी शामिल
Published / 2022-02-22 04:31:38
हॉकी लीग के लिए भारतीय टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ी शामिल

टीम एबीएन, रांची। हॉकी इंडिया ने सोमवार को एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग के लिए 22 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की है। इसमें झारखंड की तीन खिलाड़ी भी शामिल है। ओलंपियन निक्की प्रधान, डिफेंडर की भूमिका में हैं। मिडफील्ड में ओलंपियन सलीमा टेटे और फॉरवर्ड में संगीता कुमारी खेलेंगी। निक्की प्रधान और सलीमा टेटे कई सालों से सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम से खेलते हुए ओलंपिक तक खेल चुकी हैं, वहीं संगीता कुमारी पहली बार सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल हुई हैं। संगीता कुमारी की प्रतिभा को देखते हुए उन्हें भारतीय महिला हॉकी टीम में जगह दी गई है। निक्की प्रधान खूंटी जिला की रहने वाली हैं, वहीं सलीमा टेटे सिमडेगा जिले के बड़की छापर की हैं। संगीता कुमारी सिमडेगा जिले की ही करना गुड़ी नवाटोली की रहनेवाली हैं। तीनों खिलाड़ियों के चयन पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, हॉकी झारखंड के सभी सदस्य सहित अन्य कई ने बधाई दी है।

एयरथिंग्स मास्टर्स शतरंज : प्रग्गानंधा ने विश्व चैंपियन कार्लसन को हराया
Published / 2022-02-21 15:15:50
एयरथिंग्स मास्टर्स शतरंज : प्रग्गानंधा ने विश्व चैंपियन कार्लसन को हराया

एबीएन सेंट्रल डेस्क। चैम्पियन चैस टूर 2022 के पहले टूनार्मेंट एयरथिंग्स मास्टर्स शतरंज में खेल रहे भारत के आर प्रग्गानंधा के लिए पहला दिन जितना खराब गया था दूसरा दिन उतना ही अच्छा साबित हुआ और उन्होने सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व के नंबर एक खिलाड़ी और मौजूदा विश्व चैम्पियन नॉर्वे के मेगनस कार्लसन को पराजित कर दिया साथ ही उन्होने विश्व के नंबर 4 खिलाड़ी यूएसए के लेवोन अरोनियन पर भी जीत दर्ज की ,उन्हे दिन की एकमात्र हार अजरबैजान के ममेद्यारोव से मिली जबकि नीदरलैंड के अनीश गिरि से उन्होने बाजी ड्रॉ खेली। वैसे दूसरा दिन रूस के इयान नेपोमिन्सी के नाम रहा और उन्होने हमवतन आन्द्रे एसीपेंकों, अलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तारोव को पराजित करते हुए एकल बढ़त बना ली जबकि लेवोन अरोनियन से अंतिम राउंड हारकर चीन के डिंग लीरेन दूसरे स्थान पर सरक गए है। कनाडा के हेरिक हेनसन तीसरे स्थान पर चल रहे है। विश्व चैम्पियन मेगनस कार्लसन पांचवें तो उनको हराने वाले प्रग्गानंधा अभी भी 14 वे स्थान ओर चल रहे है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.