एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने नियंत्रण खोकर आगे चल रहे साइकिल सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि इस हादसे में साइकिल सवार समेत तीन लोगों की जान चली गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना बीती देर शाम को हुई। मौके पर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार शाम अड़की थाना क्षेत्र में जेनाडीह गांव के पास सिंदरी-डोरिया मार्ग पर हुआ। हादसे के समय बाइक पर चालक समेत तीन लोग सवार थे।
अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा, बाइक से नियंत्रण हटने के कारण चालक ने साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी जिससे चारों व्यक्ति सड़क पर गिर गये। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान साइकिल सवार पूर्ण मुंडा (47), बाइक चालक अमृत पातर (25) और बाइक पर पीछे बैठे आयुष पातर (17) के रूप में हुई है जबकि उनका दोस्त सुनील पातर (25) रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में उपचाराधीन है।
अधिकारी ने बताया कि पूर्ण मुंडा की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि अमृत पातर और आयुष पातर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना उस समय हुई जब चारों डोरिया साप्ताहिक हाट-बाजार से मानकीडीह स्थित अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया, सुनील की हालत गंभीर बनी हुई है।
पूर्ण मुंडा के शव का पोस्टमार्टम खूंटी के सदर अस्पताल में कराया जायेगा जबकि अन्य दो मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम रिम्स में होगा। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों लोगों ने मादक पदार्थ का सेवन किया हुआ था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse