एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण के तीसरे मैच में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत अंक तालिका में 7वें नंबर पर है। उन्होंने 15 मैच में 4 जीते और 7 हारे, जबकि 4 मैच ड्रॉ रहे। वहीं पाकिस्तान 15 मैच में से 15 हारकर 9वें स्थान पर है।
भारत ने शुरू में गोल खाने के बाद शानदार वापसी की और इसके बाद गोल की बारिश कर दी। सुखजीत सिंह (20वें), हरमनप्रीत सिंह (26वें), हार्दिक सिंह (34वें), जुगराज सिंह (35वें), अभिषेक (41वें), राज कुमार पाल (44वें) और दिलप्रीत सिंह (54वें) ने गोल किए। मिडफील्डर हार्दिक को प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया। मैच की शुरुआत बेहद तेज गति से हुई। मनदीप सिंह के शानदार प्रदर्शन से भारत ने 90 सेकंड के भीतर ही पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया।
भारत इसका फायदा नहीं उठा पाया और पाकिस्तान ने जवाबी हमला करते हुए 13वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर दिया। भारत ने वीडियो रेफरल लिया लेकिन फैसला उसके पक्ष में नहीं गया और पाकिस्तान के कप्तान अबू बकर महमूद ने ड्रैग-फ्लिक से गोल करके अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया।
भारत ने हालांकि दूसरे क्वार्टर में अपने सटीक पास से मैच पर नियंत्रण हासिल कर लिया। पाकिस्तान को 18वें मिनट में उस समय झटका लगा जब अहमद नदीम के चेहरे पर उनके साथी खिलाड़ी अली गजनफर के एक पास से चोट लगी और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। भारत ने लगभग तुरंत ही इसका फायदा उठाया।
पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत के जोरदार ड्रैग-फ्लिक शॉट को सुखजीत ने चतुराई से गोल में बदल दिया। इस तरह से भारत ने 20वें मिनट में स्कोर बराबर कर दिया। भारतीय कप्तान ने छह मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके हाफ टाइम तक भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
भारत ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बरकरार रखा। उसे 34वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर के चलते पेनल्टी मिली, जिसे हार्दिक ने गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया। पाकिस्तान ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसके प्रयासों को नाकाम कर दिया।
भारत ने इसके बाद जवाबी हमला किया। दिलप्रीत ने सुखजीत के साथ शानदार तालमेल बिठाते हुए जुगराज को पास दिया, जिन्होंने 35वें मिनट में शानदार गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया। भारत ने आक्रामक रवैया जारी रखा जिसका उसे तब फायदा मिला जब सुखजीत ने अभिषेक को पास दिया, जिन्होंने 41वें मिनट में दौड़ते हुए गोल दाग दिया।
भारत को तीसरे क्वार्टर के आखिर में लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले। इनमें से एक पर राज कुमार पाल ने रिबाउंड पर गोल किया और टीम की बढ़त को 6-1 कर दिया। अंतिम क्वार्टर में भारत ने रक्षापंक्ति में अनुशासन बनाए रखा और साथ ही आक्रमण जारी रखा।
दिलप्रीत ने 54वें मिनट में सातवां गोल करके भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित कर दी। पाकिस्तान को मैच के आखिर में दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने शानदार बचाव करके भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse