टीम एबीएन, रांची। जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के नेतृत्व में भर्ती व्यवस्था में सुधार एवं छात्रों के हित में आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में चल रही भर्ती सुधार यात्रा के तीसरे दिन आज चतरा एवं कोडरमा होते हुए गिरिडीह जिला में प्रवेश किया। प्रात:काल चतरा जिले के इटखोरी स्थित मां भद्रकाली मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ आज की यात्रा की शुरुआत की गयी।
इसके बाद दैहर, चौपारण, बटबीघा, उरवां एवं बरही में जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, कोडरमा जिला के सुभाष चौक, झंडा मोड़ एवं महाराणा प्रताप चौक पर पदयात्रा की गयी। इसके बाद गिरिडीह जिला के डोमचांच, घोड़थंभा एवं गोरीमहुआ में जनसभा एवं जनसंबोधन किया गया।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड की युवा पीढ़ी के साथ धोखा करने का काम किया है। सरकार ने झारखंड के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और राज्य के मानव संसाधन का सम्मान नहीं किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य की गारंटी एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित होने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
बताते चलें कि भर्ती सुधार यात्रा की शुरूआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा, रामगढ़ से की गई है। यात्रा के माध्यम से संपूर्ण झारखंड का भ्रमण कर युवाओं एवं अभ्यर्थियों को भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए जागरूक किया जायेगा।
यात्रा कल गुरुवार को देवघर जिला प्रवेश करेगा। आज की यात्रा के दौरान देवेंद्र नाथ महतो, मनोज यादव, आकांक्षा कुमारी, कृष्णा यादव, मेघनाथ महतो, चंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse