एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर, सीसीएल, रांची के परिसर में डीएवी स्पोर्ट्स-2026 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 25 एवं 26 अगस्त 2026 को विद्यालय परिसर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में डीएवी संस्थानों के प्रतिभावान खिलाड़ी टेबल टेनिस के विभिन्न मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हर्ष नाथ मिश्रा, निदेशक, सीसीएल, दरभंगा हाउस, रांची तथा विशिष्ट अतिथि संजय कुमार ठाकुर, चेयरमैन, एलएमसी-सह-महाप्रबंधक (वेलफेयर), सीसीएल, दरभंगा हाउस, रांची रहे। कार्यक्रम में डीएवी संस्थान के पदाधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रतिभागी खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि हर्ष नाथ मिश्रा ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण ईमानदारी, निरंतर प्रयास और खेल भावना है। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों से पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने तथा अपने विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।
विशिष्ट अतिथि संजय कुमार ठाकुर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल के मैदान में सीखी गयी मेहनत, अनुशासन, धैर्य और टीम भावना जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि टेबल टेनिस जैसे खेल एकाग्रता, त्वरित निर्णय क्षमता और शारीरिक चुस्ती के साथ मानसिक दृढ़ता भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा मैत्रीपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की कामना की।
मौके पर डीएवी पब्लिक स्कूल झारखंड जोन बी के क्षेत्रीय पदाधिकारी एम के सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, समर्पण और टीम भावना विकसित करने का सशक्त साधन है। टेबल टेनिस जैसे खेल विद्यार्थियों में एकाग्रता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता तथा निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह पैदा करते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं उनके साथ आए प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर के लिए यह गौरव का अवसर है कि विद्यालय को राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों को भी समान महत्व देता है।
समाचार लिखे जाने तक आज के इस महामुकाबले में 14 वर्षीय बालिका वर्ग के समूह प्रतियोगिता में प्रथम स्थान डीएवी पब्लिक स्कूल टी सी आई गोविंदपुर, द्वितीय स्थान में डीएवी पब्लिक स्कूल बिस्टुपुर तथा तृतीय स्थान में डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला, देवघर ने अपना कब्जा जमाया। वही 14 वर्षीय बालक वर्ग के समूह प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर डी ए वी कोडरमा, द्वितीय स्थान पर डी ए वी टीसीआई गोविंदपुर तथा तृतीय स्थान में डीएवी कथारा ने अपना स्थान बनाया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse