झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन का दो दिवसीय राज्य स्तरीय जजेज कोर्स एवं वार्षिक आमसभा संपन्न

 

  • झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन का दो दिवसीय राज्य स्तरीय जजेज कोर्स एवं वार्षिक आमसभा संपन्न

टीम एबीएन, रांची। झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय जजेज कोर्स का सफलतापूर्वक आयोजन 22 एवं 23 अगस्त 2026 को किया गया। इसके साथ ही 23 अगस्त को एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा (AGM) भी संपन्न हुई, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

राज्य जजेज कोर्स का उद्देश्य जिम्नास्टिक्स के विभिन्न खेल विधाओं में तकनीकी ज्ञान, निर्णयन की गुणवत्ता तथा नियमों की अद्यतन जानकारी को मजबूत करना था। कोर्स में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 29 खिलाड़ियों/ जजों ने भाग लिया। 

प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन महाराष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय जज अनुश्री वेद पाठक एवं शुभम गिरी की देखरेख में हुआ। दोनों विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को जिम्नास्टिक्स के नवीनतम नियमों, स्कोरिंग प्रणाली, तकनीकी मानकों तथा निर्णयन की बारीकियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन की सचिव तुलिका श्रीवास्तव, डॉ. दीपक कुमार साहु,जीतेन्द्र कुमार, दीप कुमारी मांझी, राजेश कुमार एवं शुभ्रा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं तकनीकी अधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वार्षिक आमसभा में महत्वपूर्ण निर्णय

23 अगस्त को आयोजित वार्षिक आमसभा में झारखंड के सभी संबंधित जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में राज्य में जिम्नास्टिक्स के व्यापक विकास, विभिन्न विधाओं के आयोजन को जिला स्तर तक ले जाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रतियोगिता का अवसर उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को विभिन्न जिलों में वितरित करने का निर्णय लिया गया। 

इसके अनुसार Artistic Gymnastics प्रतियोगिता का आयोजन पश्चिमी सिंहभूम में किया जाएगा। Aerobics Gymnastics प्रतियोगिता का आयोजन धनबाद में किया जाएगा। Acrobatics Gymnastics प्रतियोगिता का आयोजन देवघर में किया जाएगा। जिम्नास्टिक्स की अन्य सभी प्रतियोगिताएं रांची में आयोजित की जाएंगी।

एसोसिएशन का मानना है कि प्रतियोगिताओं को अलग-अलग जिलों में आयोजित करने से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जिम्नास्टिक्स का विस्तार होगा तथा स्थानीय खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

जिम्नास्टिक्स के विकास पर विशेष जोर

वार्षिक बैठक में खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था, योग्य एवं प्रशिक्षित जजों की संख्या बढ़ाने, जिला इकाइयों को सक्रिय करने तथा राज्य में विभिन्न जिम्नास्टिक्स विधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में तकनीकी रूप से प्रशिक्षित जजों का एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा, ताकि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में निर्णयन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।

झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन ने राज्य के सभी जिला संघों, प्रशिक्षकों, जजों, खिलाड़ियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से झारखंड को जिम्नास्टिक्स के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत पहचान दिलाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse