सावन पुत्रदा एकादशी पर भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम, 280वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद संपन्न

 

  • सावन पुत्रदा एकादशी पर भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम, 280वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद संपन्न
  • मेरे बांके बिहारी लाल, तू इतना प्यारा है...

एबीएन सोशल डेस्क। सावन पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर रांची के पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में 280वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद, श्री राधा रानी जी का दिव्य-अलौकिक श्रृंगार एवं भव्य भजन संध्या का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवा, साधना और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला

कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर में विराजमान श्री राधा रानी जी के दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार से हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान श्री राधा-कृष्ण को महाप्रसाद अर्पित किया। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का वितरण शुरू हुआ।

ट्रस्ट की ओर से आयोजित अन्नपूर्णा सेवा में तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, मैंगो जूस एवं आलू चिप्स के पैकेट वितरित किए गए। महाप्रसाद ग्रहण करते हुए श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य की सराहना की और इसे भगवान की कृपा का प्रसाद बताया। सेवा के दौरान पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम को भक्ति संगीत से और भी भावपूर्ण बनाते हुए ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने सुमधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। राधे-राधे बोल, श्याम नाम रस घोल, मेरे बांके बिहारी लाल, तू इतना प्यारा है तथा श्री राधे गोविंद भज ले जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। भजनों की मधुर धुनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने सावन पुत्रदा एकादशी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन परंपरा में एकादशी व्रत आत्मशुद्धि, संयम, भक्ति और भगवान के प्रति समर्पण का पर्व है। सावन पुत्रदा एकादशी को भगवान विष्णु की आराधना के लिए विशेष फलदायी माना गया है। श्रद्धा और नियमपूर्वक व्रत-पूजन करने से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति एवं पुण्य की प्राप्ति होती है। 

प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा, तथा 6 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कार्यक्रम में- डूंगरमल अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, सुरेश चौधरी, विष्णु सोनी, संजय सर्राफ, मनीष सोनी, सुरेश भगत, पवन पोद्दार, ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse