धनबाद। झरिया के बस्ताकोला एरिया-9 अंतर्गत भगतडीह स्थित पुराने आरएसपी कॉलेज के पीछे कामिनी कल्याण क्षेत्र में शनिवार को अचानक जमीन धंसने और खिसकने से अफरा-तफरी मच गई।
भू-धंसान की वजह से इलाके के कई घरों में बड़ी-बड़ी दरारें उभर आई है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों में दहशत है। सुरक्षा को देखते हुए कई लोग अपने जरूरी सामान के साथ सुरक्षित ठिकानों की ओर जाने लगे हैं।
स्थानीय रैयतों और प्रभावित लोगों का आरोप है कि इलाके में हैवी ब्लास्टिंग के बाद तेज आवाज के साथ जमीन में हलचल शुरू हुई और देखते ही देखते जमीन का एक हिस्सा धंस गया। इस घटना की चपेट में बिजय रवानी, रमेश रवानी, भोला रवानी, आशीष रवानी, गोबिंद सिंह, बिजय सिंह, बलराम रवानी, निरंजन रवानी, मानिक चंद रवानी और अजित रवानी समेत कई लोगों के मकान आए हैं।
मौके पर पहुंचे मेयर और एरिया जीएम
घटना की जानकारी मिलते ही बस्ताकोला एरिया के जीएम एसके गायकवाड़ और धनबाद मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों ने प्रभावित इलाके का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
भू-धंसान से नाराज रैयतों ने सड़क जाम कर विरोध भी दर्ज कराया। मौके पर पहुंचे मेयर संजीव सिंह ने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। जिन मकानों में गंभीर दरारें आई है या जो रहने लायक नहीं रह गए हैं, वहां रहने वाले परिवारों को बीसीसीएल के सुरक्षित क्वार्टरों में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जा रही है।
मेयर ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिवार को जान जोखिम में डालकर क्षतिग्रस्त मकान में रहने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। भू-धंसान के कारण इलाके की कुछ पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हुई हैं. मामले को लेकर माडा के एसडीओ से बातचीत की गई है। उन्हें प्रभावित इलाके का निरीक्षण कर सर्वे कराने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की जल्द मरम्मत सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse