टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली एवं अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में चल रही भर्ती सुधार यात्रा के छठे दिन आज पाकुड़ और साहिबगंज जिले में यात्रा पहुंची।
यात्रा की शुरुआत पाकुड़ में सिदो-कान्हू एवं चांद-भैरव की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं उनके वीर गाथाओं का स्मरण करते हुए की गयी। कड़ी धूप के बावजूद यात्रा में छात्रों का उत्साह और जोश देखते ही बना।
इसके बाद दोपहर में यात्रा आगे बढ़ते हुए साहिबगंज जिले में प्रवेश की। बरहरवा चौक में सरकार की भर्ती व्यवस्था के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए सामूहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गयी।
वहीं, यात्रा आगे बढ़ते हुए देर शाम राजमहल पहुंची। राजमहल चौक से स्टेशन चौक तक छात्रों एवं अभिभावकों द्वारा भव्य पदयात्रा निकाली गयी। झमाझम बारिश के बीच शहीदों के जयघोष के साथ छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में पदयात्रा जारी रही।
इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि संथाल परगना की धरती आंदोलनकारियों की धरती रही है। यहां के छात्र-युवाओं में सरकार की भर्ती व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी है। सरकार को भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए आवश्यक सुधार करना ही होगा।
उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करनी चाहिए। बताते चलें कि भर्ती सुधार यात्रा का सातवां दिन कल, रविवार को गोड्डा जिले में प्रवेश करेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse