Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

झारखंड

View All
नीलामी की फॉर्च्यूनर खरीदने के चक्कर में 1.27 लाख गंवा बैठे पांकी विधायक शशिभूषण
Published / 2025-07-01 18:47:58
नीलामी की फॉर्च्यूनर खरीदने के चक्कर में 1.27 लाख गंवा बैठे पांकी विधायक शशिभूषण

साइबर ठगों ने विधायक जी को भी नहीं छोड़ा, फॉर्च्यूनर दिखाकर ठग लिये 1.27 लाख टीम एबीएन, पलामू/  रांची। आधुनिकता के इस दौर में साइबर फ्रॉड एक जटिल समस्या बनती जा रही है। इसने आम से लेकर खास हर किसी को अपना शिकार बना लिया है। हाल ही में साइबर ठगों ने झारखंड की राजधानी रांची के डीसी आईएएस अधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के नाम पर फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर आम लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज ठगी की कोशिश की थी। अभी यह मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था। इसी बीच साइबर ठगों ने बेहद ही अजीबोगरीब ढंग से पांकी के भाजपा विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता को अपना शिकार बना लिया। पहले कुशवाहा शशिभूषण मेहता को गाड़ी की नीलामी में भाग लेने का झांसा देते हुए ठगों ने खुद को जीएसटी कस्टम अधिकारी बताया। फिर ठगों ने विधायक से कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के मालदा में कई गाड़ियां जब्त की हैं। साइबर ठगों ने विधायक से कहा कि इन जब्त गाड़ियों की नीलामी की जा रही है। रितेश नाम के एक साइबर ठग ने विधायक को व्हाट्सएप पर गाड़ियों की तस्वीर भी भेजी। इसमें एक फॉर्च्यूनर गाड़ी की कीमत 12.70 लाख रुपये बतायी। इसी फॉर्च्यूनर गाड़ी को नीलामी में देने के बहाने ठगों ने विधायक से गाड़ी का 10 फीसदी यानी 1.27 लाख रुपये भुगतान करवा लिया। यही नहीं, ठगों ने विधायक को भुगतान की फर्जी रशीद भी भेजी। इसके बाद से लगातार ठगों का मोबाइल फोन स्विच आफ आने लगा। विधायक कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने तीन ठगों के खिलाफ साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी है। विधायक ने अपने निजी सहायक के माध्यम से 1.27 लाख रुपये का भुगतान कराया था। बीजेपी विधायक के साथ साइबर फ्रॉड की घटना प्रकाश में आते ही चर्चा का विषय बन गयी है। वहीं दूसरी तरफ राजधानी रांची की साइबर थाना की पुलिस ने यूट्यूब पर विज्ञापन के बहाने इन्वेस्टमेंट के नाम पर 23.95 लाख रुपयों की ठगी करने वाले उत्तर प्रदेश के लखनऊ के साइबर फ्रॉड विजय प्रकाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार साइबर ठग यूट्यूब पर विज्ञापन के जरिए लोगों को प्रलोभन देकर ठगी करता था। बताया जा रहा है कि इन्वेस्टमेंट से जुड़े फर्जी विज्ञापन पर क्लिक करते ही एक व्हाट्सएप ग्रुप में लोग जुड़ जाते थे और फिर बेहतर मुनाफे का झांसा देकर उसने ठग लाखों की ठगी किया करता था। गिरफ्तार ठग के खिलाफ झारखंड समेत देश के 10 से ज्यादा राज्यों में कुल 38 मामले दर्ज हैं।

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर रांची डीसी भजंत्री रेस
Published / 2025-07-01 18:46:42
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर रांची डीसी भजंत्री रेस

समय से आएं आफिस, जनता की समस्याओं का करें त्वरित समाधान, कलेक्टरेट का औचक निरीक्षण कर बोले रांची डीसी टीम एबीएन, रांची। रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आज मंगलवार को समाहरणालय (कलेक्टरेट) ब्लॉक-ए के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सूचना एवं जन संपर्क कार्यालय, विशिष्ट अनुभाजन कार्यालय, जिला आपूर्ति कार्यालय, भू-अर्जन कार्यालय, जिला कल्याण कार्यालय, स्थापना कार्यालय, जिला नीलाम पत्र कार्यालय, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य-निष्पादन की स्थिति और परिसर की साफ-सफाई देखी। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। उन्होंने समस्त कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने और जिला प्रशासन द्वारा जारी किये गये पहचान पत्र (आईडी कार्ड) अनिवार्य रूप से पहनने का निर्देश दिया। यह कदम अनुशासन को बढ़ावा देने और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को कार्यालयों में कार्यकुशलता बढ़ाने, लंबित कार्यों को शीघ्र निपटाने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है और इसके लिए सभी कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना होगा।

भाजपा की गुलामी कतई बर्दाश्त नहीं : डॉ इरफान
Published / 2025-07-01 18:44:37
भाजपा की गुलामी कतई बर्दाश्त नहीं : डॉ इरफान

नमक-रोटी खा लेंगे, माड़-भात में गुजारा कर लेंगे लेकिन भाजपा की गुलामी नहीं करेंगे: डॉ. इरफान अंसारी टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार क स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने आज कहा कि भाजपा आदिवासी वोटों को तोड़कर हमारे समाज को कमजोर करना चाहती है।  डॉ अंसारी ने कहा कि मैं तमाम युवा आदिवासियों से आग्रह करता हूं कि उनके चालाक, शैतानी दिमाग को पहचानिये और सतर्क रहिये। ये वही भाजपा है, जो आरएसएस के इशारे पर चलकर आदिवासी अस्मिता को कुचलना चाहती है। लालच, झूठे वादे और जातीय नफरत इनके हथियार हैं। याद करिये वो 18 साल जब झारखंड को रघुवर दास और भाजपा ने बर्बादी की आग में झोंक दिया था।  डॉ अंसारी ने कहा कि हम नमक-रोटी खा लेंगे, माड़-भात में गुजारा कर लेंगे, जरूरत पड़ी तो भूखे भी रह लेंगे लेकिन भाजपा जैसे दलालों के सामने कभी झुकेंगे नहीं, कभी हाथ नहीं फैलायेंगे। आदिवासी स्वाभिमान बिकाऊ नहीं है, लड़ाकू है और हम लड़ेंगे, हर हाल में लड़ेंगे।

रांची : रिम्स-2 की जमीन पर किसानों ने लगायी धान, आक्रोश
Published / 2025-06-30 23:18:33
रांची : रिम्स-2 की जमीन पर किसानों ने लगायी धान, आक्रोश

रिम्स-2 निर्माण के विरोध में सड़क पर उतरे किसान, खेती कर जताया आक्रोश टीम एबीएन, रांची। रांची में झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स का बोझ कम करने के लिए रिम्स-2 का निर्माण किया जाना है। लेकिन यह प्रोजेक्ट कांके प्रखंड के नगड़ी इलाके में बनने जा रहा है। इससे आदिवासी किसान नाराज है। वे इस जमीन के अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं। जिस जमीन पर इसका निर्माण होना है, वह किसानों की कृषि योग्य भूमि है। ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन पर बिना जानकारी और मुआवजे के घेराबंदी की जा रही है। यह उनके जीविका और पहचान पर सीधा हमला है। इसको लेकर आज किसान विरोध प्रदेश करने निकले। किसान विरोध में कुदाल लेकर निकले और सड़क पर ही खेती कर अपनी नाराजगी जताई। इस बीच पुलिस भी मौके पर दल-बल के साथ पहुंची। पुलिस ने किसानों को रोकने का प्रयास किया लेकिन किसानों का कहना है कि उनके साथ अन्याय हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेती ही उनका एकमात्र सहारा है। सरकार ने रिम्स 2 बनाने से पहले ग्रामीणों से संवाद नहीं किया और घेराबंदी करने लगे। किसानों का आरोप है कि उन्हें अपने ही खेतों में घुसने नहीं दिया जा रहा है।

पलामू जिले में लक्ष्य प्राप्ति नहीं होने पर संबंधित कर्मियों पर होगी कार्रवाई : उप विकास आयुक्त
Published / 2025-06-30 21:21:19
पलामू जिले में लक्ष्य प्राप्ति नहीं होने पर संबंधित कर्मियों पर होगी कार्रवाई : उप विकास आयुक्त

मोटरसाइकिल पर सवार होकर व गीले आर पर चलकर बिरसा आम बागवानी पहुंचे उप विकास आयुक्त, किया निरीक्षण पांडू पहुंचे उप विकास आयुक्त, कराया गृह प्रवेश अबुआ आवास योजना अंतर्गत लाभुक को कराया गृह प्रवेश मनरेगा एवं ग्रामीण आवास की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उप विकास आयुक्त सह अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक जावेद हुसैन आज पांडु प्रखंड पहुंचे। उन्होंने प्रखंड कार्यालय के सभागार में मनरेगा एवं ग्रामीण आवास की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। अबुआ आवास योजना के कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त का भुगतान होने के पश्चात 60 या उससे अधिक दिनों से लम्बित प्लिंथ, लिंटर एवं पूर्ण आवास का जियो टैग अधिक-से-अधिक संख्या में करने का सख्त निदेश दिया। वहीं सभी सम्बंधित पंचायत सचिव को आवास पूर्णता हेतु लक्ष्य आवंटित किया गया। उप विकास आयुक्त ने 7 दिन में लक्ष्य प्राप्ति नहीं होने पर संबंधित कर्मी के ऊपर कार्रवाई की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के वित्तीय वर्ष 2024 -25 अंतर्गत  लंबित स्वीकृति गैप को 02 दिनों के अंदर समाप्त करने हेतु निदेशित किया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2016-22 अबुआ आवास योजना वित्तीय वर्ष 2023- 24 एवं 2024-25 की गहन समीक्षा की। गृह प्रवेश से उत्साहित थे लाभुक इसके उपरांत उप विकास आयुक्त अबुआ आवास योजना के लाभुकों के घर पहुंचकर आवास पूर्ण करने पर गृह प्रवेश कराया। उन्होंने  नारियल फोड़कर, अगरबती जलाकर एवं फीता काटकर गृह प्रवेश कराया। इस कार्यक्रम से लाभुकों में भी काफी उत्साह का माहौल था।  अधिक-से-अधिक श्रमिकों को दें रोजगार मनरेगा के समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने सभी ग्राम रोजगार सेवक को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजन कर अधिक-से-अधिक श्रमिकों को रोजगार देने का निर्देश दिया।मनरेगा योजना में कार्यरत श्रमिक स्थल निरीक्षण कर फोटो एप्प पर करें अपलोडउन्होंने Area officer app Visit का निदेश दिया। उन्होंने    सभी कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता को मनरेगा योजना में कार्यरत श्रमिकों का स्थल निरीक्षण कर फोटो एप्प पर अपलोड करने का निर्देश दिया। वहीं  2022-23 एवं पूर्व की लंबित योजना टी.सी.बी एवं मेढ़बंदी की पुरानी योजनाओं को मनरेगा सॉफ्ट में बंद करने का निर्देश दिया।उप विकास आयुक्त ने  सभी ग्राम रोजगार सेवक श्रमिकों का आधार एवं बैंक खाता एक सप्ताह में सुधार कर eKYC कराते हुए FTO रिजनरेट करने का निदेश दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी की लंबित एक योजना को अविलंब आरंभ करने निदेश दिया। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पाण्डु प्रखंड क्षेत्र में 85 एकड़ में आम बागवानी का कार्य आरंभ किया गया है जिसके विरुद्ध 75 प्रतिशत क्षेत्रफल में पौधा लगाने के लिए गड्ढा खुदाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उप विकास आयुक्त शेष 25 प्रतिशत गड्ढा एक सप्ताह में पूर्ण करने का निर्देश दिया।क्षेत्र भ्रमण किया उप विकास आयुक्त ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान संगीता देवी के खेत में आम बागवानी का स्थल निरीक्षण किया। उप विकास आयुक्त मोटरसाइकिल पर सवार होकर एवं गीले आर पर चलकर आम बागवानी पहुंचे और वृहत तरीके से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निदेश दिया। उप विकास आयुक्त ने बिरसा सिंचाई कूप अंतर्गत जिन कूप में जुडाई का कार्य किया जा रहा है उसे द्रुत गति से पूर्ण करने का निदेश दिया।बैठक में मनरेगा के परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक, जिला प्रशिक्षण समन्वयक, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, पाण्डु आवास के प्रखण्ड समन्वयक, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत सचिव रोजगार सेवक आदि उपस्थित थे।

सिदो-कान्हू के वंशजों और ग्रामीणों पर लाठीचार्ज स्वीकार नहीं : देवेंद्रनाथ महतो
Published / 2025-06-30 20:54:22
सिदो-कान्हू के वंशजों और ग्रामीणों पर लाठीचार्ज स्वीकार नहीं : देवेंद्रनाथ महतो

एक्स ट्विटर सोशल साइट पर दी कड़ी प्रतिक्रिया  टीम एबीएन, रांची। आज हूल दिवस के पर  भोगनाडीह कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीणों और स्थानीय पुलिस प्रशासन के बीच जोरदार झड़प हुई। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों पर लाठी चार्ज और आंसू गोले चलाये। भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जिससे दर्जन भर लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों का इलाज बरहेट सीएचसी में चल रही है। इस पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने कड़ी निंदा की। एक्स ट्विटर सोशल साइट पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए और सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पुलिसिया तंत्र अब अपने तानाशाही पर चल रही है। महान सिदो- कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो के वंशज और ग्रामीण आदिवासी मूलवासियों पर लाठी चलाना कदापि स्वीकार नहीं होगा। प्रशासन सामंजस के साथ कार्यक्रम संचालन करने में पूर्णत: विफल रहा। हूल दिवस के पूर्व संध्या कई आदिवासी भाइयों को जबरन डिटेन किया गया। लाठी चार्ज से कई आदिवासी बहनों के भी घायल होने की खबर है। हमारा संगठन इस पुलिसिया लाठी चार्ज के खिलाफ शक्ति से खड़ी है। सरकार इस मामले को त्वरित संज्ञान में लेते हुए आरोपी पदाधिकारीयों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करे। प्रत्येक वर्ष 30 जून को हूल दिवस के रूप मनाया जाता है, हूल क्रांति में हुए शहीद को याद किया जाता है।

हूल दिवस पर भोगनाडीह में पुलिस का लाठीचार्ज
Published / 2025-06-30 20:52:12
हूल दिवस पर भोगनाडीह में पुलिस का लाठीचार्ज

हूल दिवस पर आदिवासियों और पुलिस में हिंसक झड़प, बिना अनुमति कार्यक्रम करने पर चलीं लाठियां टीम एबीएन, भोगनाडीह/ रांची। झारखंड के साहिबगंज जिले के भोगनाडीह में हूल क्रांति दिवस कार्यक्रम में आदिवासियों और पुलिस में हिंसक झड़प हो गयी। इसमें कई लोग घायल हो गये। बिना अनुमति कार्यक्रम कर रहे आदिवासियों को हटाने पर आक्रोश फैल गया। आदिवासियों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। घटना को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार को घेरा है। भोगनाडीह में सिदो-कान्हू मुर्मू हूल फाउंडेशन ने भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की मुख्य आतिथ्य में आयोजित हूल क्रांति दिवस कार्यक्रम की अनुमति मांगी थी। प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार दिया था। सोमवार को कार्यक्रम चल रहा था तो पुलिस ने सिदो-कान्हू मुर्मू हूल फाउंडेशन द्वारा लगाये गये टेंट को हटाने का प्रयास किया। इसके बाद आदिवासियों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने पुलिस पर पथराव किया। फाउंडेशन समर्थकों ने तीर चलाये। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया। झड़प में कई ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल हो गये। अधिकारियों के अनुसार तीन पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। साहिबगंज के डिप्टी कमिश्नर हेमंत सती समेत वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रखने के लिए मौके पर मौजूद हैं। पूर्व सीएम ने सरकार को घेरा झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता, पूर्व सीएम और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक्स पर घटना का वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा कि हूल दिवस पर भोगनाडीह में पुलिस द्वारा किये गये लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग की घटना अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस बर्बर कार्रवाई में कई ग्रामीणों के घायल होने की सूचना मिली है। मैंने साहिबगंज एसपी से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि इस बर्बरता ने अंग्रेजी हुकूमत के दौर की यादें ताजा कर दी हैं। हूल क्रांति की भूमि पर छह पीढ़ियों के बाद एक बार फिर सिद्धो-कान्हू के वंशजों को अत्याचार और अन्याय के विरुद्ध सड़क पर उतरना पड़ा है। दरअसल, घुसपैठियों की गोद में बैठी राज्य सरकार नहीं चाहती कि झारखंड का आदिवासी समाज अपने पुरखों की वीरगाथाओं और बलिदानों से प्रेरित होकर अपनी अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित हो। उन्होंने कहा कि सरकार की यह साजिश कभी सफल नहीं होगी। जिस तरह वीर सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो ने हूल क्रांति के माध्यम से अंग्रेजी सत्ता की नींव हिला दी थी, उसी तरह साहिबगंज के भोगनाडीह में लाठीचार्ज की दमनकारी घटना हेमंत सरकार के पतन का कारण बनेगी।

सीएम हेमंत सोरेन ने संताल हूल के नायकों को किया नमन...
Published / 2025-06-30 18:04:55
सीएम हेमंत सोरेन ने संताल हूल के नायकों को किया नमन...

दिशोम गुरु हैं अस्वस्थ, नहीं आ सके भोगनाडीह  : सीएमसंताल हूल के महानायकों को नमन कर बोले सीएम हेमंत सोरेन टीम एबीएन, रांची। हूल आंदोलन के मुखिया सिदो-कान्हू एवं चांद-भैरव को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। 1855 में स्वतंत्रता की लड़ाई के अग्रगण्य, भारत माता के वीर सपूत और (हूल) आंदोलन के मुखिया सिदो-कान्हू एवं चांद-भैरव को सीएम हेमंत सोरेन ने हूल दिवस पर नमन किया और श्रद्धांजलि दी। पिछले कुछ दिनों से दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत नासाज है। वे दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में एडमिट हैं। डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इस कारण सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन समेत अन्य अभी दिल्ली में ही हैं। आज सोमवार (30 जून) को झारखंड के विभिन्न जिलों में हूल दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान वीर सपूतों के पराक्रम को याद कर उन्हें नमन किया गया। सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि संताल हूल विद्रोह के महानायक अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो और हजारों वीर शहीदों के संघर्ष और समर्पण के पदचिन्हों पर चलने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन अभी अस्वस्थ हैं। इस कारण वे इस बार भोगनाडीह की क्रांतिकारी वीर भूमि पर नहीं आ पाए, लेकिन हूल दिवस उनके लिए सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं है। हूल दिवस संकल्प का दिन है। हूल ताकत है। हूल उनकी पहचान है। आने वाले समय में आदिवासी धर्म कोड, आदिवासी संस्कृति, भाषा, सभ्यता और पहचान के लिए हूल उलगुलान होगा।

लौहनगरी की नदियां एक बार फिर खतरे के निशान के ऊपर
Published / 2025-06-30 18:03:52
लौहनगरी की नदियां एक बार फिर खतरे के निशान के ऊपर

फिर खतरे के निशान के ऊपर जमशेदपुर की स्वर्णरेखा और खरकई नदी, अलर्ट मोड पर प्रशासन एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। लौहनगरी समेत पूरे कोल्हान में बीते रविवार को झमाझम बारिश हुई। लगातार भारी बारिश से फिर से एक बार जमशेदपुर की दो प्रमुख नदियां स्वर्णरेखा और खरकई फिर से अपने खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। बताया जा रहा है कि खरकई नदी का डेंजर लेवल 129 मीटर निर्धारित है, लेकिन इसके ऊपर खरकई नदी की धार 130.65 मीटर पर बह रही है जबकि स्वर्णरेखा नदी का डेंजर लेवल 121.50 है, जो 121.60 मीटर पर बह रही है। जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि ने प्रशासन और आमजन दोनों की चिंता बढ़ा दी है। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए जिला प्रशासन सतर्कता की स्थिति में है। निचले इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संभावित बाढ़ और जनहानि से बचाव हेतु जिला आपदा प्रबंधन टीम सक्रिय हो चुकी है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नदियों के किनारे न जायें। पानी के बढ़ते बहाव को देखते हुए सभी को ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गयी है। विशेषकर बच्चों, वृद्धों और पशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा गया है। झारखंड में मौसम विभाग ने 2 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के 7 जिलों में 30 जून को भयंकर बारिश हो सकती है। खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिले में बहुत भारी बारिश हो सकती है। 1 जुलाई को झारखंड के 6 जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें गुमला, पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और लोहरदगा जिले में कहीं-कहीं पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। खूंटी समेत 8 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, झारखंड के 10 जिलों में कहीं-कहीं पर 2 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। इनमें रांची, गुमला, खूंटी, पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम शामिल है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.