बुजुर्ग दंपति की गला रेतकर हत्या, घर के अंदर खून से सनी मिली लाशें एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। जिले में एक दंपति की अपने ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बुधवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चोरकाटा गांव में नव गोपाल साहा (62) और उनकी पत्नी बिमू बाला साहा (58) अपने घर में मृत पाये गये।स्थानीय लोगों के अनुसार, दंपति को मंगलवार शाम को देखा गया था। दुमका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया, उनका बेटा बुधवार रात आया और उसने घर का मुख्य द्वार बंद पाया। वह दूसरे दरवाजे से घर के अंदर गया और अपने माता-पिता को खून से लथपथ (मृत) पाया। उन्होंने बताया कि साहा दंपति के बेटे ने पुलिस को घटना की सूचना दी और बुधवार रात करीब नौ बजे एक टीम मौके पर पहुंची। एसपी ने कहा, हमने अपराध विज्ञान प्रयोगशाला (रांची) की एक टीम को घटनास्थल का दौरा करने के लिए कहा है। फोरेंसिक टीम के दिन में आने की उम्मीद है। हम उनके निरीक्षण के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज देंगे। खेरवार ने कहा कि पुलिस को संदेह है कि दंपति की हत्या में धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया होगा, लेकिन हत्याओं के पीछे के मकसद और इसमें शामिल लोगों का अभी पता नहीं चल पाया है। एसपी ने कहा, अपराध के मकसद या दंपति की हत्या में इस्तेमाल किये गये हथियारों के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। हम फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही विस्तृत जानकारी देंगे। स्थानीय लोगों का दावा है कि दंपति की हत्या मंगलवार देर रात या बुधवार सुबह की गयी होगी। मुफस्सिल के थाना प्रभारी सत्यम कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही हैं और वह अपराध के पीछे के मकसद के बारे में कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा, अभी तक परिवार के सदस्यों ने अपने घर से किसी भी सामान की चोरी की शिकायत नहीं की है।
झारखंड विधानसभा में उठी दिशोम गुरु को भारत रत्न देने की मांग, सदन में छलके उठे सीएम हेमंत सोरेन के आंसू टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है और यह 28 अगस्त तक चलेगा। सत्र के पहले दिन 4296 करोड़ 62 लाख रुपये का पहला अनुपूरक बजट पेश किया गया। इसके अलावा सदन में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा और भारत रत्न देने की मांग भी उठी। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सदन में चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 4296 करोड़ 62 लाख रुपए से अधिक का प्रथम अनुपूरक बजट पेश किया। सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो का अभिनंदन किया। इसके अलावा सत्र शुरू होने से पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन आदि के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विधानसभा परिसर में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा और भारत रत्न देने की मांग भी उठी। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने कहा कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर भारत सरकार को भेजा जाए। साथ ही उन्होंने गुरुजी की संघर्ष गाथा और जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। पक्ष-विपक्ष के प्रमुख नेताओं ने दुख जताते हुए बताया कि शिबू सोरेन का विशाल व्यक्तित्व था। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आंखों में आंसू छलकने लगे। इस दौरान वो काफी भावुक नजर आये और रुमाल से आंसू पोंछते रहे। उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र पहले 1 अगस्त से 7 अगस्त तक निर्धारित था और इसका शुभारंभ 1 अगस्त को हुआ भी था, लेकिन 4 अगस्त को दिशोम गुरु और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के कारण सत्र को तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।
छात्रों के मुद्दों पर हमारा संगठन कटिबंध : देवेंद्रनाथ महतो टीम एबीएन, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा संचालित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं को लेकर छात्रों के नाराजगी बढ़ती जा रही है। छात्र अपने मांगों को लेकर लगातार संघर्षरत हैं। इन विषयों को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा मुखर हैं। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष व डूंमरी विधायक जयराम कुमार महतो अपने शिष्ट मंडली के साथ आज (शुक्रवार) आयोग पहुंचे। आयोग के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता से विस्तार पूर्वक बातचीत हुआ एवं जानकारी साझा की। सचिव को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित समाधान करने का हिदायत दिया। नर्मलाइजेशन फॉर्मूला, सहायक आचार्य डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद असफल, बायोमेट्रिक मिसमैच, दो वर्षीय बीएड कोर्स इत्यादि समस्या समाधान तथा लेडी सुपरवाइजर, पंचायत सचिव, पीजीटी, जूनियर इंजीनियर अन्य परीक्षाओं के रिक्त पदों का तत्काल अगली सूची जारी करने एवं दरोगा, सिपाही, स्पेशल ब्रांच, एक्साईज कांस्टेबल, वनरक्षी, कक्षपाल इत्यादि परीक्षाओं पर चर्चा-परिचर्चा करते हुए जारी परीक्षा कैलेंडर पालन करने और नयी विज्ञापन जारी करने इत्यादि मामले पर जानकारी दी गयी। मीडिया वार्ता में संगठन के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि हमारे संगठन युवाओं के मूल समस्या समाधान पर केंद्रित है। छात्रों के समस्या को लेकर हमारा संगठन लगातार प्रटिबद्ध है।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के कांके अंचल के पूर्व अंचलाधिकारी जयकुमार राम का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन पर सहकर्मियों ने गहरा शोक जताया है।
नियुक्ति प्रक्रिया अब भी अधर में टीम एबीएन, रांची। राजेंद्र इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज, रिम्सद् रांची में वरीय रेजिडेंट के लगभग 200 पद बीते तीन वर्षों से खाली पड़े हैं। संस्थान के पीजी कोर्स से उत्तीर्ण 102 छात्रों की नियुक्ति यदि समय पर की गई होती, तो न केवल स्थानीय डॉक्टरों को मौका मिलता, बल्कि रिम्स को भी अनुभवी चिकित्सकों की सेवाएं मिल पातीं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में पहल की थी। विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि पिछली गवर्निंग बॉडी की बैठक में इन पदों को भरने के निर्देश दिये गये थे। विभाग की ओर से एक वर्ष पूर्व वरीय रेजिडेंट की नियुक्ति हेतु रोस्टर भी रिम्स को उपलब्ध कराया गया था, लेकिन अब तक संस्थान की ओर से कोई नियुक्ति नहीं की गयी। अपर मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि हर वर्ष रिम्स से औसतन 176 पीजी छात्र उत्तीर्ण होते हैं। यदि इनमें से 20 प्रतिशत अर्थात 34 छात्र को हर साल वरीय रेजिडेंट के रूप में नियुक्त किया जाता, तो तीन सालों में संस्थान को 102 योग्य डॉक्टर मिलते और स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य में ही सेवा का अवसर प्राप्त होता। दूसरी ओर एम्स देवघर ने इसी नियम के तहत वरीय रेजिडेंट की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि रिम्स अब भी पिछड़ रहा है। आर्थिक संसाधनों का उपयोग भी सवालों के घेरे में रिम्स निदेशक ने एक शपथ पत्र में स्वीकार किया है कि आयुष्मान भारत योजना से प्राप्त 17 करोड़ और संस्थान की आंतरिक आय से अर्जित 25 करोड़ की राशि को फिक्स्ड डिपॉजिट में रखा गया है। जबकि यह राशि मरीजों को दवा, जांच और निशुल्क इलाज जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान करने के लिए थी। हकीकत यह है कि रिम्स में आयुष्मान योजना के तहत न तो मरीजों को जांच की पर्याप्त सुविधा मिल रही है, न ही मुफ्त दवाएं। अत्यंत गरीब मरीजों को निजी लैब्स में महंगी जांचें करवानी पड़ रही हैं और दवाएं भी बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं।रिम्स प्रशासन की लापरवाही और नियुक्ति प्रक्रिया में हो रही देरी से न केवल योग्य डॉक्टरों का नुकसान हो रहा है, बल्कि आम जनता को भी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो का अभिनन्दन किया गया। अभिनन्दन करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और कल्पना सोरेन ने स्पीकर का स्वागत किया।
झामुमो पूरे राज्य में केंद्र सरकार का पुतला दहन करेगा और चरणबद्ध आंदोलन चलायेगा : सुप्रियो टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने संसद में पेश 130वें संविधान संशोधन विधेयक के विरोध में घोषणा की कि झामुमो पूरे राज्य में केंद्र सरकार का पुतला दहन करेगा और इसके विरोध में कल से चरणबद्ध आंदोलन चलायेगा। श्री भट्टाचार्य ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में इसे एंड आफ डेमोक्रेसी नाम दिया और कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार और अन्य राज्यों में चुनावी गड़बड़ियों के बाद अब भाजपा ने विपक्षी नेताओं को जेल में डालने और 30 दिनों तक कैद रखकर उनकी राजनीति समाप्त करने की योजना बनायी है।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में एक विशेष सभा आयोजित करके बहुमुखी प्रतिभा के धनी विद्यार्थियों को सम्मानित व प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग के चेयरमैन प्रेम प्रकाश आर्य थे।साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएवी पब्लिक स्कूल्स जोन - बी के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह डीएवी कपिलदेव के प्राचार्य एमके सिन्हा, डीएवी पब्लिक स्कूल्स जोन - जे के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह डीएवी बरियातू के प्रधानाचार्य एसके मिश्रा, डीएवी नीरजा सहाय की प्रधानाचार्या किरण यादव उपस्थित थीं। प्राचार्य डॉ तापस घोष ने सभी सम्माननीय अतिथि गण के साथ मिलकर ज्ञान दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात विद्यालय की संगीत मंडली ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। कक्षा एकादश की नयाशा ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत करके सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। उक्त सभा में सीबीएसई. बोर्ड परीक्षा 2025 में कक्षा दशम तथा द्वादश के जिन विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किये, उन्हें प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिह्न प्रदान करके सम्मानित किया गया। पुरस्कार पानेवालों में दशम कक्षा की अदिति कुमारी 96.40%,राहुल रंजन तथा कृष्ण कुमार 96% ,कक्षा द्वादश की अभीप्सा हाजरा 97.6%, टीशा सिंह 94%,दिव्यांशु कुमार 94%,अनुष्का अधिकारी 96%,शिवम कुमार अग्रवाल 95.8%,शबरीन फिरदौस 95.6%,अनुष्का देवघरिया 95%,मानसी कौशल 90.2%, नायबा दिल्नाज 90% प्रमुख थीं। विद्यालय के प्राचार्य डॉ तापस घोष ने सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई और शुभकामनाएं संप्रेषित हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थी विद्यालय ही नहीं देश के लिए भी कीमती रत्न के समान हैं। अभी से ही उन्हें अपना लक्ष्य निर्धारित करके परिश्रम करते रहना चाहिए ताकि भविष्य में वे नए कीर्तिमान स्थापित कर सकें। उक्त कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, उनके अभिभावक तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।शांतिपाठ के साथ सभा समाप्त हुई।
टीम एबीएन, रांची। जेसीआई रांची ने एक्सपो उत्सव 2025 के लिए विशेषत: एक्सपो आॅफिस का शुभारंभ किया। ज्ञात है कि यह एक्सपो का 28वा साल है और पिछले 27 वर्ष से हर साल एक्सपो उत्सव का आयोजन होते आ रहा है और यह एक्सपो पूर्वी भारत का सबसे बड़ा ट्रेड फेयर है। इस वर्ष एक्सपो में 300 से अधिक स्टॉल आ रहे हैं जो कि देश के अलावा विदेश से भी होंगे। एक्सपो आॅफिस का शुभारंभ लाल फीते को काट कर संस्था के पूर्व अध्यक्ष आनंद धानुका ने किया जो 2012 में अध्यक्ष थे। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष प्रतीक जैन ने बताया कि इस साल स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ एक्सपो के लिए विशेष शौचालय बनाया जायेगा जिससे एक्सपो में आए किसी भी व्यक्ति विशेष खासकर महिलाओं को शौच की परेशानी न हो। इसके अलावा होम डेकोर, रियल एस्टेट, आॅटो जोन, इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, लेडीज कॉर्नर, फर्नीचर जोन, स्टार्टअप बाजार, फूड कोर्ट और भी अन्य सेक्शन आ रहे हैं। संस्था के पूर्व सचिव सिद्धार्थ जयसवाल ने इस बार एक्सपो का कमान संभाला है और उनके टीम में दीपक पटेल, अनीश जैन, सौरव नरेडी और अभिषेक जैन है। सिद्धार्थ जयसवाल ने बताया कि एक्सपो के सभी सातों दिन कुछ नया रहेगा जैसे की फैशन शो, तंबोला, हेल्थी बेबी एंड मोम शो, वाइस आॅफ एक्सपो, डॉग शो, एक्सपो ट्रेजर हंट, पेंटिंग कंपटीशन, फैंसी ड्रेस कंपटीशन जैसे इवेंट होंगे। इस कार्यक्रम का संचालन आदित्य जालान व रौनक सोडाणी ने कुशलता से किया। कार्यक्रम में सनी केडिया, अभिनव मंत्री, मोहित वर्मा, नवीन गाड़ोदिया, रॉबिन गुप्त, संजय शर्मा, तरुण अग्रवाल, अभिनव गर्ग, समर्थ अग्रवाल, केशू जैन, मोहित बगला व अन्य सदस्य उपस्थित थे। यह जानकारी प्रवक्ता आदित्य जालान ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.