खरसावां हाट मैदान में आज हुई श्रद्धांजलि सभा एबीएन न्यूज नेटवर्क, खरसावां। नव वर्ष का पहला दिन 1 जनवरी को पूरी दुनिया के लिए भले जश्न का दिन है लेकिन झारखंड के लिए काला दिन है। आज के दिन आजाद भारत के पहली वर्ष 1 जनवरी 1948 को खरसावां गोलीकांड में हजारों आदिवासी मूलवासी शहीद हुए। आज के दिन शहीद स्थल खरसावां में हजारों लोग जुटते हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा खरसावां के शहीदों को नमन किया तथा किता मैदान सरायकेला में श्रद्धांजलि सभा की गयी। जिसमें झामुमो कार्यकर्ता, पूर्व मुखिया, पूर्व जिप प्रत्याशी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का दामन थामा। मौके पर केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि भारत लंबे समय के बाद गुलामी के जंजीर को तोड़ते हुए 1947 को आजाद हुआ। आजादी के बाद हमारा भारत देश राज्य पुनर्गठन में व्यस्त था। सरायकेला - खरसावां रियायतों को उड़ीसा में विलय करने का 14 - 15 दिसंबर 1947 को अनौपचारिक घोषणा हो चुकी थी जो 1 जनवरी 1948 ईस्वी को लागू होना था। सरायकेला- खरसावां- चक्रधरपुर को उड़ीसा में विलय के विरुद्ध 1 जनवरी 1948 को हजारों आदिवासी - मूलवासी पीठ में राशन, कंधा में तीर-धनुष लिए खरसावां हाट मैदान में आयोजित रैली में जुटे थे। झारखंड राज्य हमारा है हमें झारखंड चाहिए का नारा लगा रहे थे। लेकिन उड़ीसा पुलिस ने मशीन गन से निर्दयी तरीके से गोलियों की बौछार कर दी। आधे घंटे तक नरसंहार हुआ। खरसावां हाट मैदान खून का समुंदर, लाशों का पहाड़ बना। हजारों आदिवासी मूलवासी शहीद हुए। खरसावां गोलीकांड में खून बहाने, त्याग, बलिदान, कुर्बानी देने के परिणामस्वरूप सरायकेला- खरसावां- चक्रधरपुर को उड़ीसा में विलय करना रद हुआ। झारखंड का जन्म हुआ, पेसा कानून बनी। घटना के 77 वर्ष बाद भी वह दर्द ताजा है। जख्म भरा नहीं है, झारखंड गठन के 25 साल बाद भी स्थानीय नीति, नियोजन नीति, परीक्षा कैलेण्डर लागू नहीं होना, अवैध तरीके से जल जंगल जमीन का लूट होना, झारखंडी आदिवासी मूलवासी युवाओं को रोजगार नहीं मिलना शहीदों का अपमान है। समस्त झारखंड वासियों को एकजुट होकर शहीदों के सपनों का झारखंड बनाना होगा तभी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मौके पर सरायकेला प्रत्याशी प्रेम मार्डी ने कहा कि शहीदों का सपना साकार करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। मौके पर कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो ने कहा कि शहीदों के सपना को साकार करने के लिए समस्त झारखंडी को एकजुट होना होगा। कार्यक्रम में देवेन्द्र नाथ महतो, प्रेम मार्डी, नवीन महतो, सृजन हाईबुरू, गोपेश महतो, वीना देवी, सविता देवी, मीनाक्षी देवी, भानुमति देवी, बिंदे के अलावा अन्य सैकड़ों लोग उपस्थित हुए।
हमें सबके लिए मंगलकामना करनी चाहिए : यज्ञ पुरोहित टीम एबीएन, रांची। रांची शक्तिपीठ की शाखा इकाइयों में गायत्री परिवार प्रज्ञा मंडल, महिला मंडल,गायत्री साधक- शिष्यों ने नव वर्ष पर अपनी अपनी शाखाओं में 1,3 व 5 कुंडीय महायज्ञ अनुष्ठान विधान किये। यज्ञीय विधान विस्तार से करते हुए सर्वदेव पूजन-अर्चन और स्वस्तिवाचन, पूर्णाहुति, आरती उपरांत यज्ञीय प्रार्थना में सभी के व्यक्तिगत जीवन, पारिवारिक खुशहाली, सामाजिक विकास और वसुधैव कुटुंबकम के कल्याणकारी, हितकारी भाव की घोषणा व जयघोष करते हुए वाचन मंत्र पाठ किया गया। आगे पुरोहित ने बताया कि मंत्रों के माध्यम से सूक्ष्म जगत में भावना का प्रवाह भाव प्रेषित किया जाता है। इसी भाव से शुभ कामना पाठ मंत्र सर्वे भवन्तु सुखिन: मा कश्चित दु:खमाप्नुयात की मंगलकामना की गयी। भावार्थ भी बताया कि हमें सबके लिए मंगलकामना करनी चाहिए। सभी सुखी होवें, सभी निरोग, रोगमुक्त रहें, सभी मंगलमय भाव के प्रार्थी बनें, किसी को भी दु:ख न होवे, न भागी बनना पड़े। दोपहर में स्थानीय महिला मंडल प्रतिनिधित्व में जप-अनुष्ठान, सत्संग गीत, भजन-कीर्तन कर सबके लिए स्वस्थ-सुखद जीवन, सद्बुद्धि और शांति समृद्धि की शुभ कामनाएं की गयी। उक्त जानकारी गायत्री परिवार के वरिष्ठ साधक सह प्रचार-प्रसार प्रमुख जय नारायण प्रसाद ने दी।
नववर्ष 2026 पर फूलों से सजा रांची पहाड़ी मंदिर, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम टीम एबीएन, रांची। रांची में नववर्ष 2026 के पावन अवसर पर प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार सहित सभी मंदिरों को आकर्षक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। नये साल के स्वागत को लेकर प्रत्येक वर्ष मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, इसे लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। 47 सीसीटीवी कैमरों से की जायेगी निगरानी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। रांची पहाड़ी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की निगरानी के लिए कुल 47 सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जायेगी। श्रद्धालुओं की सहायता और मार्गदर्शन के लिए स्वयंसेवकों के साथ-साथ रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सदस्य भी मंदिर परिसर में मौजूद रहेंगे। भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल एवं लोटा की व्यवस्था के साथ-साथ अरघा सिस्टम से जलार्पण की विशेष व्यवस्था की गयी है, ताकि पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए मुख्य द्वार के दाहिनी ओर से ऊपर जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। मौके पर मंजुनाथ भजंत्री, अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति सह उपायुक्त, रांची तथा उत्कर्ष कुमार, सचिव, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति सह अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, रांची द्वारा मंदिर परिसर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, समिति के सदस्यों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को नववर्ष 2026 के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी है। वहीं प्रशासन और मंदिर समिति का मानना है कि इन व्यापक व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और आध्यात्मिक वातावरण में नववर्ष का स्वागत करने का अवसर मिलेगा।
रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सात ड्रग्स पैडलर गिरफ्तार, 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद टीम एबीएन, रांची। रांची में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रांची पुलिस ने एक साथ सात ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार करते हुए 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई को शहर में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। रांची पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर थाना क्षेत्र के तिरिल स्थित शांतिनगर रोड नंबर-10 में एक मकान पर छापेमारी की गयी। छापामारी के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस छापेमारी दल का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (सदर) ने किया। गुप्त सूचना मिली थी कि शांति नगर इलाके में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। इसके बाद बाबला राम के मकान पर विधिवत छापेमारी की गयी। तलाशी के दौरान घर से 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, तीन अलग-अलग कंपनियों के सात मोबाइल फोन, 7,300 रुपये नकद और एक बाइक बरामद की गयी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंबर राम उर्फ टमन उर्फ तपन (24), बाबला राम (48), मुन्नी देवी (40), दिव्या कुमारी (21), पीयूष कुमार (20), समीर तिर्की (35) और अमन कुमार (22) के रूप में की गयी है। छापेमारी के बाद सभी आरोपियों से पूछताछ की गयी। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अंबर उर्फ टमन ने अन्य तस्करों की संलिप्तता का खुलासा किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अंबर पहले से कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ रांची के विभिन्न थानों में कुल 16 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 13 मामले सदर थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। पुलिस ने इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या-632/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2) (बी) एवं एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी), 23 और 25 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कारर्वाई शुरू कर दी है। इस संबंध में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि यह कार्रवाई रांची में बढ़ते ड्रग्स तस्करी नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम है। गिरफ्तार आरोपियों के आपसी कनेक्शन और उनके नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े बड़े तस्करों तक पहुंचा जा सके।
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने केके वर्मा का कार्यकाल और एक साल बढ़ा दिया है। वह झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत है। सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें इस पद पर चार साल के लिए नियुक्त किया था।यह अवधि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रही थी। सरकार ने उनका कार्यकाल और एक साल बढ़ा दिया है। कार्मिक विभाग द्वारा इस सिलसिले में जारी अधिसूचना के अनुसार उनका कार्यकाल अब 31 दिसंबर 2026 तक होगा।
हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली हजारीबाग केंद्रीय जेल से तीन अपराधी फरार, जेल प्रशासन में हड़कंप एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिला स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा से तीन कैदियों के फरार होने की घटना सामने आयी है। फरार तीनों कैदी धनबाद जिले के वासेपुर इलाके के निवासी बताये जा रहे हैं। इस घटना की पुष्टि जेल अधीक्षक चंद्रशेखर सुमन ने की है। कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, तीनों कैदी गंभीर आपराधिक मामलों में सजा काट रहे थे। हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली केंद्रीय कारा से कैदियों का इस तरह फरार होना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। घटना के बाद से ही जेल प्रशासन ने आंतरिक स्तर पर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर किस चूक के कारण कैदी जेल से बाहर निकलने में सफल हुए। कैदियों के फरार होने के बाद हजारीबाग के साथ-साथ धनबाद जिले में भी पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और सीमावर्ती इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फरार कैदियों की तलाश में विशेष टीमों का गठन किया गया है। जेल अधीक्षक चंद्रशेखर सुमन ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। वहीं, इस घटना के बाद राज्य के अन्य केंद्रीय और मंडल कारागारों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा किये जाने की संभावना जतायी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि फरार कैदियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
झारखंड में नव वर्ष समारोह को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, प्रशासन ने लोगों से की ये अपील टीम एबीएन, रांची। झारखंड में नववर्ष समारोह से पहले राजधानी रांची सहित राज्य भर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किये गये हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नये साल के जश्न को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गयी नव वर्ष का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के बांधों, नदियों, जलाशयों, दशम जलप्रपात, जोन्हा जलप्रपात, हुंडरू जलप्रपात और पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों, पार्कों और चिड़ियाघरों में एकत्र होने की उम्मीद है। रांची के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पारस राणा ने कहा कि नये साल के जश्न को देखते हुए शहर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। सभी पुलिस थानों के प्रभारियों को होटल, रेस्तरां, पार्कों और विशेष रूप से बांधों और जलाशयों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। हमने कुल 104 स्थानों की पहचान की है और वहां एक मजिस्ट्रेट के साथ सुरक्षा बल तैनात किये हैं। जुआ खेलने के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है राणा ने कहा कि महिलाओं और युवतियों को परेशान करने वालों पर विशेष नजर रखी जायेगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से नव वर्ष को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। धनबाद में पुलिस प्रशासन ने लापरवाही से और शराब पीकर वाहन चलाने, अवैध रूप से इकट्ठा होने और जुआ खेलने के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों जैसे तोपचांची झील, डीवीसी मैथन, भटिंडा जलप्रपात और बिरसा मुंडा पार्क के साथ-साथ प्रसिद्ध मंदिरों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी है, ताकि लोग शांतिपूर्वक तरीके से नववर्ष मना सकें।
झारखंड में सर्दी का सितम जारी, कटऊ ने अगले दो दिन तक घने कोहरे का येलो अलर्ट किया जारी टीम एबीएन, रांची। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के विभिन्न हिस्सों में अगले दो दिन तक घने कोहरे की आशंका को देखते हुए बुधवार को येलो अलर्ट जारी किया। आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए घने कोहरे का येलो (सावधान रहने का) अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में सबसे ठंडा स्थान गुमला रहा, जहां तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो जनवरी को सुबह साढ़े आठ बजे तक गिरिडीह और देवघर सहित विभिन्न जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, इन जिलों में दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच रहने की संभावना है। रांची में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में उत्तर-पश्चिम हवाओं के कारण शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति उत्पन्न हो रही है। आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में लोहरदगा और डाल्टनगंज में तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस, खूंटी में 5.2 डिग्री, जबकि बोकारो में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मानव प्रभु सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं : संजय सर्राफ टीम एबीएन, रांची। परमहंस डॉ संत शिरोमणी श्रीश्री 108 स्वामी सदानंद महाराज के सान्निध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के द्वारा संचालित विगत 2 वर्षों से चल रहे पीड़ित मानव सेवा के पावन तीर्थ स्थल मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम पुंदाग के प्रांगण में सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य-प्रेम सभागार) रांची में आज 31 दिसंबर को शोभा पोद्दार एवं उनके परिवार के सौजन्य से आश्रम में रह रहे 42 मंदबुद्धि दिव्यांग निराश्रित प्रभु जी एवं आश्रम में रहकर उनकी सेवा करने वाले सेवादार साथियों के बीच विभिन्न व्यंजनों के साथ अन्नपूर्णा सेवा भोजन प्रसादी का विधिवत आश्रम के किचन में भोजन बनवाकर भोजन खिलाया गया। सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि 6 दिसंबर से 31 दिसंबर तक 26 दिनों में 5225 निराश्रित प्रभुजी एवं उनकी देखभाल करने वाले सेवादार साथियों के बीच अन्नपूर्णा सेवा भोजन प्रसाद का वितरण किया गया। मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम सदगुरू कृपा अपना घर (सत्य-प्रेम सभागार) में अनिल सिन्हा, रिया पूजन, सुनील कुमार गुप्ता, रमेश वर्मा, स्नेहा श्रीवास्तव, खुशबू कुमारी, भास्कर भारती, मंजुला चौधरी, कमल खेतावत, सिमरन गुप्ता, कविता गाड़ोदिया, रंजीत गाड़ोदिया, सुनील कुमार पांडे, श्री कृष्ण प्रणामी महिला समिति, सुजीत कुमार सोनी, रामदेव प्रसाद गुप्ता, अमित मुरारका, विमला जालान, रानी दास, अशोक पाड़िया, निर्मल छावनिका, नरेंद्र कुमार, सोनल अग्रवाल, सुशील गाड़ोदिया, प्रमेश कुमार तिवारी, आशा अग्रवाल, संदीप लिंबू, मीरा अडूकिया, राधा कुमारी के सौजन्य से सभी निराश्रित प्रभुजी को भोजन प्रसादी खिलाकर सेवा की गयी। सभी ने ट्रस्ट के सदस्यों को बहुत बहुत धन्यवाद एवं अपना अमूल्य आशीर्वाद दिया। प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि इसके अलावे कई लोगों द्वारा आश्रम में रह रहे निराश्रितों, मंदबुद्धि, दीनबंधुओं के लिए खाद्य सामग्री एवं जरूरत के समान प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों को समाज के हर वर्ग का सहयोग और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव प्रभु सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है। अन्नपूर्णा सेवा के पुनीत कार्य में ट्रस्ट के अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज कुमार चौधरी, निर्मल छावनिका, सज्जन पाड़िया, पुजारी अरविंद पांडे, पुरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, नन्द किशोर चौधरी, संजय सर्राफ, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, मधुसूदन जाजोदिया, विष्णु सोनी, सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे। उक्त जानकारी सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम और श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.