एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र की भाजपानीत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि केन्द्र सरकार कभी-कभी अपने नियम, कायदे, कानूनों का पाठ पढ़ाते-पढ़ाते छोटे राज्यों की सरकारों के हाथ मरोड़ देती है, जिसका उन्हें मजबूरी में जवाब देना पड़ता है। अपनी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर विशेष बातचीत में सोरेन ने कहा, केन्द्र सरकार झारखंड जैसे छोटे राज्यों में बड़ा स्टेक होल्डर है। जब राज्यों को कुछ देने की बारी आती है तो वह हमें नियम, कायदे, कानून का पाठ पढ़ाते हैं, ऐसे में हमें भी उनके लिए अपने नियम, कायदे, कानूनों की किताब निकालनी पड़ती है। लेकिन कभी-कभी केन्द्र सरकार की बड़ी टीम छोटे राज्यों के हाथ मरोड़ देती है। मुख्यमंत्री ने कहा, ऐसा होने पर हम भी उस दर्द को बर्दाश्त नहीं करते... यानि अपने तरीके से प्रतिक्रिया देते हैं। गौरतलब है कि 22 अक्टूबर 2020 को दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) की देनदारी में झारखंड की बकाया राशि के 1,417 करोड़ रुपये की किस्त भारतीय रिजर्व बैंक में झारखंड के खाते से सीधे काट लिये जाने पर सोरेन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर केन्द्र सरकार पर राज्य सरकार का हाथ मरोड़ने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री सोरेन से जब यह पूछा गया कि डीवीसी, जीएसटी, एनटीपीसी, कोल इंडिया, सेल आदि के मुद्दों पर केन्द्र सरकार के साथ राज्य के विवाद के समाधान के लिए कोई कदम उठाया जा रहा है, उन्होंने कहा, प्रदेश के व्यवसाय, उद्योग, सार्वजनिक क्षेत्र आदि की गतिविधियों में सबसे बड़ा पक्ष (स्टेक होल्डर) भारत सरकार है। आप राज्य में कहीं भी जाएं, भारत सरकार का उपक्रम लिखा बोर्ड मिल जाएगा। राज्य में केन्द्र सरकार की कंपनियों की संख्या सर्वाधिक है। लिहाजा यहां के विकास में सबसे बड़ी भूमिका भी उन्हीं की होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार का रूख राज्य के प्रति सकारात्मक नहीं है, इसलिए राज्य सरकार को अपने संसाधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। यह पूछे जाने पर कि क्या केन्द्र सरकार से तल्खी बहुत बढ़ गयी है या उनकी सोच अलग है, मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा, वह पूरी तरह पारदर्शी हैं और जो उनके मन में है, वहीं जुबान पर भी है। गौरतलब है कि हाल में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सोरेन ने भाजपा नीत केन्द्र सरकार को रावण की सरकार कह दिया था जिस पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।
एबीएन डेस्क। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने साल 2023 की मैट्रिक-इंटर की परीक्षा में शामिल होने जा रहे स्टूडेंट्स के रजिस्ट्रेशन की तिथि को बढ़ा दी है। अब स्टूडेंट्स तीन जनवरी तक बिना किसी लेट फाइन के रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। जैक की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से जारी नोटिफिकेशन के तहत मैट्रिक इंटर परीक्षा में शामिल होने जा रहे सभी रेगुलर और प्राइवेट के विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स विषय के स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार झारखंड में मैट्रिक इंटर परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने और डीइओ के पास ऑनलाइन आवेदन जमा करने की तिथि बिना लेट फाइन तीन जनवरी 2022 तक है। वहीं लेट फाइन के साथ छह जनवरी से 11 जनवरी तक फॉर्म जमा किये जा सकते हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से फॉर्म एप्रूव चार जनवरी तक किया जायेगा। वहीं चालान जेनरेट करने की तिथि पांच जनवरी और चालान के माध्यम से बैंक में फीस जमा सात जनवरी तक किया जा सकता है। लेट फाइन के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से फॉर्म एप्रूव छह से 12 जनवरी तक किया जायेगा। चालान जेनरेट 13 जनवरी और चालान के माध्यम से बैंक में फीस जमा लेट फाइन के साथ 17 जनवरी तक किया जा सकता है।
एबीएन डेस्क, रांची। साल 2021 कई मायनों में तकलीफदेह रहा। इसकी सबसे बड़ी वजह रही। कोरोना की दूसरी वेव हालांकि वक्त के साथ जख्म भरने लगे हैं। झारखंड सरकार भी विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जोर शोर से जुटी है। इन सबके बीच 29 दिसंबर को मोराबादी मैदान में होने वाले आयोजन पर पूरे राज्य की नजर टीकी होगी। हेमंत सरकार के दो साल पूरे होने पर कार्यक्रम का आयोजन होना है, जिसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 3,195 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। साथ ही ट्रैफिक जाम से बेहाल रांची को गति देने के लिए कांटाटोली फ्लाईओवर और ट्रांसपोर्ट नगर का भी शिलान्यास करेंगे। बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस शिरकत करेंगे। उनके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन और पूर्व गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह शामिल होंगे। वहीं सम्मानित अतिथि के रूप में मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मेयर आशा लकड़ा, सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, विधायक सुदेश महतो, विधायक बंधु तिर्की, विधायक नवीन जायसवाल, विधायक विकास कुमार मुंडा, विधायक समरी लाल और विधायक राजेश कच्छप आमंत्रित हैं। अपराह्न 12 बजे कार्यक्रम शुरू होगा। राज्यपाल और मुख्यमंत्री कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही परिसंपत्ति और नियुक्ति पत्र का वितरण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल का अभिभाषण होगा। ऐतिहासिक मोराबादी मैदान में कार्यक्रम का आयोजन होना है। इसकी पूरी तैयारी हो चुकी है। वाटर प्रुफ पंडाल बनाया गया है ताकि बारिश होने पर कार्यक्रम में कोई व्यवधान न आए। मोराबादी इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। मौके पर उन्होंने पदाधिकारियों को कई निर्देश भी दिए हैं। सीएम के निरीक्षण के दौरान उनके साथ सूबे के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, सीएम के प्रधान सचिव राजीव अरूण एक्का, सीएम के सचिव विनय कुमार चौबै, रांची के डीसी और नगर आयुक्त समेत कई अधिकारी और पदादिकारी मौजूद थे।
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के अति नक्सल प्रभावित गोईलकेरा में नक्सलियों ने मंगलवार को दिन दहाड़े दोपहर तीन बजे जमकर तांडव मचाया। नक्सलियों ने वन विभाग में कार्यरत मुंशी की गोली मारकर हत्या कर दी और उसका शव गोईलकेरा चाईबासा मुख्य मार्ग मे फेंक दिया। मृतक की पहचान पालुहासा निवासी बोयराम लुगुन (23 वर्ष) के रूप में हुई है। हत्या करने के बाद नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे जेसीबी एवं अन्य वाहनों में आग लगा दी। घटना स्थल पर नक्सलियों ने कई पर्चे भी छोड़ें हैं। घटना गोईलकेरा थाना के कुईडा पंचायत के आमराई गांव की बताई जा रही है। घटना के चार घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंच पाई है। जानकारी के मुताबिक कोल्हान वन प्रमंडल अंतर्गत संतरा वन प्रक्षेत्र के गोईलकेरा थाना क्षेत्र आमराई कितापी में वन विभाग द्वारा पहाड़ किनारे ट्रेंच कटाई का कार्य चल रहा था। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे कार्य स्थल पर करीब एक दर्जन हथियारबंद नक्सली पहुंच कर पहले काम में रोकने का फरमान जारी किया। इस दौरान नक्सलियों ने ट्रेंच कटाई काम कर रहे सभी मजदूरों को वहां से भाग जाने का निर्देश दिया। मौके पर नक्सलियों ने वहां काम की देखरेख कर रहे मुंशी बैराम लुगुन नामक को गाली मार हत्या कर दिया। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने वहां पर कार्य में लगे एक जेसीबी को भी आग के हवाले कर दिया।
चक्रधरपुर। हेमंत सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर आजसू पार्टी द्वारा विश्वासघात के 2 वर्ष कार्यक्रम पर मंगलवार को चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र में चक्रधरपुर नगर अध्यक्ष संतोष मुंडा के नेतृत्व में जगह जगह प्रमुख चौक चौराहा में हेमंत सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर विश्वासघात दिवस कार्यक्रम आयोजन किया गया। मौके पर जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ शंकर महतो, उपाध्यक्ष सनातन प्रधान, जिला प्रवक्ता मनोज सिंह, किसान मोर्चा के अध्यक्ष चंद्रशेखर प्रधान, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष चंद्रदीप प्रधान, नगर उपाध्यक्ष शुभम महतो, भोलेनाथ पासवान,सुरेश प्रधान, रतन हो बरला आदि उपस्थित थे।
जमशेदपुर/बोड़ाम। राज्य सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जनता के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए मंगलवार को आजसू पार्टी के पटमदा प्रखंड कमेटी ने बेलटांड़ चौक परिसर में विश्वासघात दिवस मनाया। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सह पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने हेमंत सरकार के द्वारा किए गए चुनाव पूर्व किए एक भी वादे पूरे नहीं किए जाने के खिलाफ यह कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्थानीय कौन है इसको लेकर स्पष्ट नीति नहीं बनाई है। पहले कहा था कि 1932 का खतियान को लागू करेंगे लेकिन सरकार बनते ही सुर बदल गई और राज्य में मैट्रिक व इंटर पास करने वाले को स्थानीय परिभाषित किया गया है जो कि खतियानधारियों के साथ बड़ा धोखा है। ऐसे में राज्य के बेटा-बेटी अगर दूसरे राज्यों से मैट्रिक पास किया है तो उसे लाभ नहीं मिलेगा। कहा गया था कि दो साल के अंदर राज्य की सभी रिक्तियों में लाखों युवाओं की नियुक्ति करेंगे और नौकरी देने का काम करेंगे। जब यहां के युवा नौकरी मांग कर रहे हैं तो उन्हें टेंट हाउस, मुर्गी पालन, सब्जी की खेती करने व ट्रैक्टर चलाने की बात कह रहे हैं। यह स्वरोजगार की योजना हो सकती है लेकिन शिक्षित लोगों को इस तरह का उपदेश दिया जाना भद्दा मजाक है। आजसू पार्टी हमेशा इस तरह के निर्णय का विरोध करेगी और बर्दाश्त नहीं करेगी। झारखंडियों के साथ अगर सौतेलापन का व्यवहार करेगी तो पार्टी की ओर से सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा। राज्य के सभी अनुबधकर्मी, रोजगार सेवक, जेई, पारा शिक्षक, आंगनबाड़ी कर्मी सभी को स्थायी करने की घोषणा की गई थी लेकिन अब उनकी पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जा रहा है। कार्यक्रम को अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मंगल टुडू, घटाशिला विस प्रभारी श्रावण सिंह, जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष निरंजन महतो, पटमदा प्रखंड अध्यक्ष अजित महतो, सचिव अनाथ बंधु कुंभकार, ठाकुरदास महतो, केदारनाथ महतो, अमर सिंह सरदार, फणीभूषन महतो, रसराज महतो, रामकृष्ण महतो, सुभाष सिंह, मुचिराम कर्मकार, चंद्रमोहन सिंह, मनोहर महतो, सुनील कर्मकार, भागवत सहिस, तारापद तिवारी व सरकार महतो ने भी संबोधित किया।
जमशेदपुर। ओमक्रॉन की दस्तक और कोविद का बदलता मिजाज फिर से आम जिन्दगी की रफ़्तार धीमी और लोगो को डरने लगा है। इन हालत में किसी भी तरह के भीड़-भाड़ वाले कार्यक्रम से बचना जरूरी है। द केनलाइट जमशेदपुर इन बातों को ध्यान रखते हुए नए साल के अपने ब्रांड बिग बाउंस सेलिब्रेशन को न करने का निर्णय लिया है। द केनलाइट सरकार के सारे दिशा निदेर्शों का सशक्त पालन करती है क्यूँकि ये होटल सरकार से संबद्ध भी है। इस संदर्भ में द केनलाइट ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री मिथिलेश झा ने खबर मन्त्र को बताया कि कोविड-19 के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार के प्रयास और दिशा निर्देश का पालन और सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वाह करना हमारे जैसे जिम्मेदार संस्थान के लिए आवश्यक है।सरकार इस दिशा में बहुत जोर दे रही और सरकार के प्रयास के साथ खड़े रहना हमारी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। इसलिए इस सामाजिक परिवेश और कोविद के केसेस को ध्यान में रखते हुए इसको और न बढ़ने देने में जो संस्थान के रूप हमारी जिम्मेदारी बनती है उसका ख्याल करते हुए हम न्यू ईयर २०२२ की पार्टी जो हमारे होटल में सबसे बड़ीऔर सबसे शानदार तरीके से होती आ रही है, उसे नहीं करने का फैसला किया है और हम सबसे आग्रह करेंगे की भी इस दिशा में कदम बढाकर सरकारी प्रयास में योगदान दें।
जमशेदपुर। राजपूत करनी सेना के झारखंड प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष गणेश सिंह की हत्या की नीयत से उसकी कार पर बम फेंकने के मामले का खुलासा सोनारी थाना की पुलिस ने मंगलवार को कर दिया। घटना में शामिल पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि अन्य छह की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपितों से पुलिस को जानकारी मिली कि गणेश सिंह की हत्या के लिए पांच लाख में सौदा हुआ था। दो लाख रुपये का भुगतान किया गया था। गिरफ्तार आरोपितों में शाहिद उर्फ सहजाद, दस्तगीर आलम उर्फ राजू, सज्जाद उर्फ टांडा, अहमद राजा और नीरज प्रसाद उर्फ चिंटू शामिल है। आरोपितों की ओर से पिस्तौल, दो कारतूस, 20 ग्राम विस्फोटक और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद किया गया है। इसकी जानकारी देते हुए एसएसपी तमिल वणन ने बताया कि 23 दिसम्बर को सोनारी सर्किट हाउस साईं मंदिर के पास गणेश सिंह की कार पर अपराधियों ने बम फेंका था। संयोग से बम कार पर नहीं लगकर दीवार में लगते हुए फट गया। कार रुकते ही गणेश सिंह पर गोली चलाने की योजना थी, लेकिन गोली चलाने में विफल रहे। इसके बाद अपराधी भाग निकले। सज्जाद उर्फ टांडा कई आपराधिक मामलों का आरोपित है। जमशेदपुर, ओडिशा और विशाखा पत्तनम में आपराधिक मामले दर्ज हैं। जमीन कारोबारी की मानगो आजादनगर में दानिश की हत्या में संलिप्तता थी।
बड़कागांव। बड़कागांव पुलिस के नेतृत्व में हजारीबाग से आए गठित पुलिस दल गुरु चट्टी में किराए के मकान में रह रहे 3 अपराधियों को बीती देर रात गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवकों पर हीरो मोटो लक्ष्मी आॅटोमोबाइल हजारीबाग के मैनेजर को फोन के माध्यम से रंगदारी मांगने का आरोप है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, 29 जिंदा कारतूस, 14 खाली खोखा, तीन अलग-अलग कंपनी के स्मार्टफोन, रंगदारी मांग में उपयोग किए गए सिम सहित 5 सिमकार्ड, एक मोटरसाइकिल पुलिस ने बरामद की। तीनों युवक बड़कागांव गुरु चट्टी स्थित लक्ष्मण साव के मकान में किराए पर रह रहा था। मकान मालिक लक्ष्मण साव के अनुसार तीनों युवक त्रिवेणी सैनिक कंपनी में नौकरी करने के नाम पर कमरा भाड़ा में लिया था। गिरफ्तार अपराधी एहसान अंसारी पिता अख्तर अंसारी एवं अखिलेश चौधरी पिता महावीर चौधरी दोनों ग्राम जोला बीघा थाना प्रतापपुर जिला चतरा एवं समीम अंसारी उर्फ पिंटू पिता मोहम्मद हुसैन अंसारी ग्राम बैलगाडा हाउसिंग कंपलेक्स घाटो थाना मांडू जिला रामगढ़ का रहने वाला है। उक्त युवकों को हजारीबाग सदर थाना कांड संख्या 491/21 दिनांक 26/ 12/ 2021 धारा 387 भादवी के तहत मोबाइल नंबर 62038608 से जान मारने एवं फिरौती मांगने के संबंध में हजारीबाग पुलिस द्वारा गठित टीम के छापामारी के दौरान बड़कागांव से गिरफ्तार किया गया। बड़कागांव थाना प्रभारी गौतम कुमार एवं सदर थाना हजारीबाग के पुअनि नसीम अंसारी एवं सअनि अमीरुद्दीन के नेतृत्व में गुरुचट्टी गांव में छापामारी अभियान चलाकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध बड़कागांव थाना प्रभारी गौतम कुमार के बयान पर थाना कांड संख्या 309/21 धारा 25(1-इ)9/ 26/ 35 आर्मस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए हजारीबाग जेल भेजा गया। इस संबंध में बड़कागांव थाना प्रभारी गौतम कुमार ने एक युवक को त्रिवेणी सैनिक कंपनी में वेल्डर का काम करने की पुष्टि की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.