बेरमो। बेरमो थाना क्षेत्र के अंतर्गत फुसरो- नावाडीह मुख्य पथ के अमलो चेक पोस्ट के समीप गैस लोड ट्रेलर पीछे से आॅटो को जोरदार टक्कर मारा। जिसमें सेंट्रल कॉलोनी निवासी आॅटो में सवार चार घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने चारों को केंद्रीय अस्पताल ढोरी लाया। डॉक्टर के द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार किया। घायल होने वाले में सुनील सिंह और पत्नी विभा देवी सहित दामोदर कुमार, प्रवीण बेगम शामिल है। बेहतर इलाज के लिए सुनील सिंह और उनकी पत्नी विभा देवी को बोकारो रेफर कर दिया गया। मौके पर नप उपाध्यक्ष छेदी नोनीया, गणेश मुल्लाह, संतोष ओझा, श्री राम चौहान, विनोद चौहान, चंदन कुमार, संतोष सिंह, संजीत विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे।
चतरा। जिले में सक्रिय चोर गिरोह के खिलाफ सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। गुप्त सूचना मिली थी की सदर कांड संख्या-07/021 में चोरी गई मोटरसाइकिल सरवन प्रजापति उर्फ कारू जो कि बरैनी का रहने वाला है उसके घर मे रखा है। जिस पर त्वरित कार्यवाई करते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया और मिली सूचना के आधार पर घर से टीवीएस अपाची (जेएच 13 एफ 8023) के साथ सरवन उर्फ कारू को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके दिए गए ब्यान के आधार पर अन्य विभिन्न कांडों में शामिल अन्य चार अभियुक्त आशीष कुमार प्रजापति,अनूप कुमार साव, चंदन कुमार यादव,मिथलेश कुमार यादव जो बरैनी के रहने वाले है हीरो होंडा और हीरो स्पलेंडर प्रो बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया ये सभी जानकारी प्रेस कॉन्फेंस के माध्यम से दी गयी। इस छापामारी टीम में पुनि सह थाना प्रभारी (सदर) लव कुमार के साथ प्रकाश सेठ, शशिकांत ठाकुर, विनय कुशवाहा, कार्तिक सिंह मुंडा के साथ सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे।
एबीएन डेस्क। जमशेदपुर के जुगसलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी समेत लगभग डॉक्टर और कर्मचारी पॉजिटिव हो गए हैं। इससे रविवार और सोमवार को स्वास्थ्य केंद्र बिल्कुल बंद रहेगा। सिविल सर्जन डॉ एके लाल के आदेश पर केंद्र को सैनिटाइज कराने के साथ बंदी का नोटिस लगा दिया गया। इससे महिलाओं की प्रसव कार्य, ओपीडी जांच समेत बच्चों का टीकाकरण भी प्रभावित होगा। दरअसल, जुगसलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों की कोरोना जांच रिपोर्ट तीन दिनों से लगातार पॉजिटिव आ रही थी। शनिवार सुबह भी डॉक्टर और कर्मचारियों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य केंद्र को बंद करने का आदेश दिया है। ताकि जांच और इलाज के लिए आने वाली महिलाओं और बच्चों समेत अन्य मरीजों को संक्रमण से बचाया जा सके।
एबीएन डेस्क। जमशेदपुर के बिष्टुपुर में शनिवार की सुबह हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। वह अपने पिता को स्कूटी पर बैठाकर बिष्टुपुर बाजार की तरफ जा रहा था। दोनों मछली का कारोबार करते हैं। पीछे से आ रहे एक 407 ट्रक ने उन्हें धक्का मारा। पिता तो दूर जा गिरे लेकिन बेटा गाड़ी की चपेट में आ गया। तत्काल ही स्थानीय लोगों की मदद से उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एबीएन डेस्क, रांची। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को सिमडेगा पहुंचेंगे। इस दौरान कोलेबिरा थाना क्षेत्र के बेसराजारा जाएंगे और बीजेपी कार्यकर्ता संजू प्रधान के परिजनों से मुलाकात करेंगे। बता दें कि पिछले दिनों बीजेपी कार्यकर्ता संजू प्रधान की मॉब लिंचिंग कर दी गई थी। ग्रामीणों ने भाजपा कार्यकर्ता को जिंदा जला दिया थी। इस घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी पहुंचे थे और उन्होंने संजू के परिजनों को ढाढ़स बंधाया था। अब पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पहुंचेंगे। रघुवर दास के साथ पूर्व मंत्री विमला प्रधान, बीजेपी जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक, जिला सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव, नगर परिषद उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू आदि कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
एबीएन डेस्क। राजस्थान से उठा साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर से आ रही हवाओं का असर झारखंड पर भी पड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ भी इसमें अपनी भूमिका निभाएगा। इससे जल्द ही झारखंड का मौसम के बदलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसके चलते 9 से 12 जनवरी तक राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रांची सहित राज्य में 8 जनवरी के बाद ठंड में थोड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर दिशा से हवा चलेगी। इससे रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। इससे ठंड में थोड़ी राहत मिलेगी। रांची मौसम केंद्र ने एक पूर्वानुमान जारी कर बताया है कि आठ जनवरी से राज्य के विभिन्न जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं 9 जनवरी से राज्य में बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिकों का मानना है कि राजस्थान में साइक्लोन बन रहा है और वहां 8 से 9 जनवरी तक सुबह कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा। पिछले 24 घंटे में झारखंड में मौसम शुष्क रहा है। इस दौरान 24 जिलों के तापमान का आकलन करें तो सबसे अधिक उच्चतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान बोकारो में 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। रांची में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.8, जमशेदपुर में 13.4, डालटेनगंज 11.7, बोकारो 10.1. चाईबासा में 13.6, देवघर में 10 .9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो रांची में 26.5, जमशेदपुर में 27.6, डालटेनगंज में 26.2, बोकारो में 26.1, चाईबासा में 28.4 और देवघर में 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची। रातू थाना क्षेत्र में आपसी विवाद में पिता ने अपने ही पुत्र इकराम खान की हत्या कर फरार हो गया। घटना हुरहुरी में शुक्रवार देर रात की बतायी जा रही है। हत्या का आरोप रफीक खान पर है। आपसी विवाद में रफीक खान ने 20 वर्षीय पुत्र एकराम खान की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर रातू थाना की पुलिस पहुंच कर शव को कब्जे में लिया है। फिर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक हुरहुरी का रहने वाला रफीक खान शुक्रवार की देर रात शराब पीकर अपना घर आया था। इसी दौरान पिता और पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने पुत्र के ऊपर किसी ठोस वस्तु से वार किया। जिसके बाद पुत्र एकराम खान घायल हो गया। आनन-फानन में उसे हॉस्पिटल ले जाया गया जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की ख़बर मिलने के बाद से आरोपी पिता घर छोड़ कर फरार हो गया है।
एबीएन डेस्क। 7 महीने के बकाया वेतन की मांग को लेकर 36 दिनों से हड़ताल कर रहे एचईसी मजदूरों का हड़ताल खत्म हो गया है। प्रबंधन की ओर से वेतन को लेकर मिले आश्वासन के बाद एचईसी मजदूर काम पर वापस हो गए हैं। बता दें कि 7 महीने के बकाया वेतन की मांग को लेकर मजदूर 36 दिनों से हड़ताल कर रहे थे। शुक्रवार (7 जनवरी) को प्रबंधन और एचईसी के मजदूरों के बीच हुई वार्ता के बाद प्रबंधन की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि उन्हे अगले एक-दो दिनों में डेढ़ महीने का वेतन दिया जाएगा। जिसके बाद प्रबंधन की अपील पर मजदूरों ने एचईसी के प्लांट में काम शुरू कर दिया है। एचईसी में हड़ताल खत्म होने के बाद भी कई ऐसे मजदूर हैं जो अब तक काम पर नहीं लौटे हैं। इस बारे में एचईसी प्रबंधन ने जानकारी देते हुए कहा कि 2 से 3 दिनों के अंदर सभी मजदूर काम पर वापस लौट जाएंगे। एचईसी प्रबंधन ने जल्द ही एचईसी के प्लांट में काम शुरू होने की उम्मीद जताई हैम
एबीएन डेस्क। लोहरदगा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन ने बीते दन जमकर उत्पात मचाया। हार्डकोर नक्सली और मोस्ट वांटेड रविंद्र गंझू के दस्ते ने एक दर्जन वाहनों को फूंक डाला। वहीं सभी वाहन चालक डरकर मौके से फरार हो गए। यह घटना माइंस एरिया की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लोहरदगा-गुमला जिले के सीमावर्ती गुरदरी थाना क्षेत्र के कुजाम माइंस में नक्सलियों ने शुक्रवार शाम 7.30 बजे जमकर उत्पात मचाया। लोहरदगा-गुमला जिले के सीमावर्ती गुरदारी थाना क्षेत्र के कुजाम माइंस में चार नंबर खंते में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन का हथियारबंद दस्ता पहुंच गया और एक-एक कर दर्जन भर वाहनों को फूंक डाला। नक्सलियों ने यहां पर माइनिंग से जुड़े एनकेसीपीएल कंपनी के वाहनों को आग के हवाले किया है, जिससे कंपनी को 10 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है। सूचना के अनुसार घटना को अंजाम भाकपा माओवादी के रीजनल कमांडर और 15 लाख के इनामी रविंद्र गंझू के दस्ते ने लेवी के के लिए किया है। रविंद्र गंझू की तलाश न सिर्फ लोहरदगा-गुमला और लातेहार जिले के पुलिस कर रही है, बल्कि झारखंड पुलिस के इस मोस्ट वांटेड की तलाश दूसरी एजेंसियों को भी है। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों का दस्ता वहां से जंगल के रास्ते निकल गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में घेराबंदी का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। नक्सलियों ने बॉक्साइट माइन्स में लगे हुए माइनिंग से संबंधित वाहनों को आग के हवाले करने के बाद माइंस और माइनिंग से जुड़े हुए कर्मचारियों को धमकी दी कि बिना इजाजत के काम शुरू करने पर और भी बुरा अंजाम होगा। इस घटना की पुष्टि हिंडाल्को कंपनी के माइनिंग से जुड़े एनकेसीपीएल कंपनी के अधिकारियों ने की है, लेकिन उन्होंने यह कहा है कि उन्हें सिर्फ सूचना मिली है। अभी वास्तविकता के बारे में कोई भी जानकारी उन्हें भी नहीं है। इस मामले में ट्रक ऑनर एसोसिएशन के पदाधिकारी भी कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। जानकारी यह भी मिल रही है कि आदित्य बिरला ग्रुप की हिंडाल्को कंपनी के रेजिंग और ट्रांसपोर्टिंग कांट्रेक्टर एनकेसीपीएल कंपनी के जिन वाहनों को जलाया गया है, उसमें 1.20 करोड़ मूल्य की दो ड्रिल मशीन, 80 लाख की दो जेसीबी वाहन, 1.70 करोड़ रुपये के चार हाइवा वाहन, 3.60 करोड़ रुपये के छह एक्सरावेटर आदि शामिल हैं। महत्वपूर्ण बात यह भी है कि घटनास्थल पुलिस पिकेट से महज कुछ दूरी पर है, जहां नक्सलियों ने बेखौफ तरीके से घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने जिस प्रकार से घटना को अंजाम दिया है, उसके बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद जिन वाहनों को जलाया गया है, उसके सभी चालक मौके से फरार हो गए हैं। इस दौरान जिन वाहनों को जलाया गया। उनके टायर के जलने और फटने की आवाज दूर तक सुनाई देती रही, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल रहा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.