बिहार

View All
Published / 2023-04-03 14:26:01
सासाराम में फिर बम ब्लास्ट, नहीं थम रही हिंसा

टीम एबीएन, सासाराम/ पटना। बिहार में रामनवमी के दौरान शुरू हुई हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। सासाराम कस्बे में शनिवार देर शाम ताजा हिंसा भड़कने के बाद हुए बम विस्फोट  में पांच लोग घायल हो गये। धमाका शेरगंज मोहल्ले में हुआ। सभी घायलों को पास के अस्पतालों में ले जाया गया। इसके अलावा राज्य के दो अलग-अलग क्षेत्रों में दो समूहों के बीच झड़प के बाद बिहार में सांप्रदायिक तनाव फिर से बढ़ गया।

 नालंगा के बिहारशरीफ के पहाड़पुर क्षेत्र और सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज इलाके में सांप्रदायिक झड़पें हुईं। बताते चलें पहाड़पुर में कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें तीन लोग गोली लगने से घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह फायरिंग में घायल मुकेश कुमार की मौत हो गयी है। बिहार शरीफ के कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। 

भारी तादाद में बिहार पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान स्थिति को संभालने में लगे हुए हैं। भड़काऊ या झूठी खबरों के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया  पर भी नजर रखी जा रही है।

बिहार पुलिस के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में रामनवमी समारोह के बाद समूहों के बीच हुई झड़पों के सिलसिले में अब तक कुल 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें सासाराम में हुई झड़प के सिलसिले में 18 शामिल हैं। सासाराम के डीएम धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि सासाराम में बम विस्फोट अभी सभी कोणों से जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। 

अधिकारियों ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। बिहार पुलिस ने शनिवार को कहा कि सासाराम और नालंदा जिले के बिहारशरीफ में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।

Published / 2023-04-02 20:46:04
नवादा : अमित शाह ने मोदी को तीसरी बार पीएम और 2025 में बिहार में भाजपा सरकार बनाने का किया आह्वान

टीम एबीएन, नवादा/ पटना। केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने लोगों से वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीसरा कार्यकाल सुनिश्चित करने और बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सरकार बनाने का मौका देने का आह्वान किया।

श्री शाह ने रविवार को यहां हिसुआ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन देने का आह्वान किया और कहा कि जनता के समर्थन से श्री मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को अगले संसदीय चुनाव में राज्य की सभी 40 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत के लिए अपना समर्थन देना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले साल अगस्त में भाजपा को धोखा दिया और प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद से हाथ मिलाया। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री पद की कोई जगह खाली नहीं है और श्री कुमार के पास प्रधानमंत्री बनने का कोई मौका नहीं है।

श्री शाह ने कहा कि राजद प्रमुख श्री यादव इस भ्रम में हैं कि श्री कुमार उनके बेटे तेजस्वी प्रसाद यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनायेंगे। उन्होंने कहा कि यह निश्चित है कि श्री कुमार वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं और वह 2025 में होने वाले अगले बिहार विधानसभा चुनाव में तेजस्वी को अपना उत्तराधिकारी नहीं बनायेंगे।

Published / 2023-04-01 22:11:08
गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया नालंदा, 40 राउंड फायरिंग में एक की मौत

बिहार में फिर बवाल, आगजनी की भी सूचना

टीम एबीएन, नालंदा/ पटना। बिहार के नालंदा जिले में एक बार फिर हिंसा भड़क गयी। जिले के बिहारशरीफ के पहाड़पुर के पास दो पक्षों में कहासुनी के बाद फायरिंग शुरू हो गयी। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से 30-40 राउंड फायर किये गये। फायरिंग में दो लोगों को गोली लगी, जिसमें एक की मौत हो गयी। एक धार्मिक भवन में आग लगाने की सूचना भी मिली है। जिसके बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया है।  

दरअसल, नालंदा प्रदेश के मुख्यमंत्री नितीश कुमार का गृह जिला है। शुक्रवार को भी यहां उपद्रव, फायरिंग, तोड़फोड़ और आगजनी हुईं थी। जिस जगह ये घटनाएं हुई वहां से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित पहाड़पुर में आज शनिवार शनिवार को हिंसा भड़क गयी। पुलिस और प्रशासन की टीम हालात पर काबू करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

गोली लगने से एक घायल एक की मौत

गोलीबारी में मो ताज और गुलशन नाम के व्यक्ति को गोली है। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये, रात करीब साढ़े आठ बजे गुलशन की मौत हो गयी।

इंटरनेट रहेगा बंद

शुक्रवार को भड़की हिंसा के बाद जिले में धारा 144 लागू कर दी गयी थी। साथ ही इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गयी थी। अब बिहारशरीफ में हिंसा भड़कने के बाद रविवार को इंटरनेंट सेवा बहाल किये जाने की संभावना नहीं दिख रही है।

Published / 2023-04-01 17:40:30
प्रशिक्षण के लिए बिहार आये हैं विदेश सेवा के छह अधिकारी

  • बिहार के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित होने में करें मदद : समीर महासेठ

टीम एबीएन, पटना। समीर कुमार महासेठ भारतीय विदेश सेवा के 6 प्रशिक्षु अधिकारी बिहार राज्य के विशेष अध्ययन के लिए पटना आए हैं जहां उन्होंने उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ के साथ मुलाकात की।

प्रशिक्षु अधिकारियों में राज आनंद, अमन आकाश,अमन अग्रवाल, शुभ्रा कुमारी, लक्ष्य आनंद और अनुराग नयन शामिल रहे। सभी अधिकारी भारतीय विदेश सेवा के 2022 बैच के अधिकारी हैं। उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बताया कि बिहार में बृहद उद्योगों के लगाने की अपार संभावनाएं तो है ही, मध्यम और लघु उद्योग लगाने का भी भरपूर स्कोप है। 

बिहार सरकार की इथेनॉल पॉलिसी और चमड़ा एवं लेदर पॉलिसी की सराहना पूरे देश में हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार का वस्त्र एक समय पूरी दुनिया में जाता था। भागलपुर के सिल्क और मधुबनी की खादी की विशिष्ट पहचान है। पुराने गौरव को हमें फिर से वापस लाना है। 

उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि जब वह विदेश में अपनी सेवा दें तो बिहार के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित होने में मदद करें। वस्त्र उद्योग में बिहार की पुरानी पहचान को पुनः वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में सहयोग दें।

Published / 2023-04-01 16:42:31
नवादा : सड़क दुर्घटना में तीन की मौत के बाद मचा कोहराम

टीम एबीएन, नवादा/ पटना। नवादा में सड़क दुर्घटना में घायल 3 लोगों की मौत शनिवार को पटना के पीएमसीएच में हो गयी। सड़क हादसा का यह मामला शुक्रवार को देर शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 20 पर घटित हुई थी। 

गंभीर हालत में घायलों को आनन-फानन में पावापुरी मेडिकल कॉलेज के बाद पटना के पीएमसीएच में ले जाया गया था। जहां सभी को गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया था लेकिन दुर्भाग्य ही कहा जाये कि शनिवार को तीन घायलों की मौत हो गयी।

नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अकौना गांव के समीप अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से ऑटो पर सवार उक्त तीनों लोग कल अज्ञात ट्रक की चपेट में आकर घायल हुए थे। मृतकों में कालीपुर गांव निवासी सतीश कुमार, अमित कुमार, गुड्डू सिंह शामिल है। जख्मी महिला सतीश सिंह की पत्नी मनीषा देवी है।

बताया जा रहा है कि गांव में छठी पूजन का कार्यक्रम था और सभी लोग ऑटो पर से कार्यक्रम में जा रहे थे। तभी अज्ञात ट्रक और ऑटो की भिड़ंत हो गयी, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे और आज उनकी मौत हो गयी।

Published / 2023-03-29 11:23:16
बिहार : 30 मार्च से एक अप्रैल तक भारी बारिश का पूर्वानुमान

टीम एबीएन, पटना। बिहार में 30 मार्च से एक अप्रैल तक भारी बारिश का पूर्वानुमान मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया है। विभाग ने इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी किया है।

विभाग ने कहा है कि 30 मार्च की शाम 5 बजे से भारी गर्जना के साथ बारिश शुरू होगी। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में 10 से 50 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। किसानों को सलाह दी गयी है कि तैयार फसल की कटाई कर लें और उसे पानी या नमी से बचायें। 

खराब मौसम के दौरान पशुधन और खुद भी बाहर निकलने से बचें। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पूरे प्रदेश में भारी बारिश के कारण फसल को भारी नुकसान हुआ है।

Published / 2023-03-27 21:54:46
पोती पर प्यार लुटाते दिखे राजद सुप्रीमो लालू-राबड़ी

टीम एबीएन, पटना। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पापा बन गये हैं और पोता-पोती होने की खुशी सबसे ज्यादा बाबा और आजी को होता है। लिहाजा लालू यादव और राबड़ी देवी की खुशी देखते ही बन रही थी। 

लालू यादव ने अपनी पोती को हाथ में लेकर और राबड़ी देवी के साथ एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की। लालू यादव ने लिखा- नवरात्रि के पवित्र अवसर पर माता रानी के असीम आशीर्वाद तथा रहमतों, नेकियों और बरकतों के मुकद्दस माह-ए-रमजान एवं चैती छठ महापर्व  के पावन दिन लक्ष्मी रत्न पौत्री के जन्म पर प्रेषित आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।

Published / 2023-03-27 11:29:47
बिहार : उप मुख्यमंत्री तेजस्वी बने पिता, राजश्री ने बेटी को दिया जन्म

टीम एबीएन, पटना। राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के घर नयी पीढ़ी का आगमन हो गया है। लालू के बेटे और बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पिता बन गए हैं। 27 मार्च की सुबह दिल्ली में तेजस्वी की पत्नी रेचल उर्फ राजश्री ने बेटी को जन्म दिया। इसकी जानकारी तेजस्वी यादव ने खुद ट्विटर पर दी है।

 साथ ही उन्होंने एक तस्वीर भी शेयर की है जिसमें उन्होंने अपनी बेटी को गोद में लिया है। सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने कहा कि ईश्वर ने आनंदित होकर पुत्री रत्न के रूप में उपहार भेजा है। इसके साथ ही उनकी बहन रोहणी आचार्य ने भी ट्वीट कर लिखा है कि आज किलकारी गूंजी है मेरे घर-आंगन में खुशियों का ऐसा तोहफा दिया है ईश्वर ने। तेजस्वी के साथ ही परिवार के बाकी सदस्यों ने भी बेटी के आगमन पर खुशी जाहिर की।

Page 31 of 63

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse