टीम एबीएन, पटना। होली के दौरान दो गुटों में जमकर पत्थरबाजी का एक मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार की है। पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर शेख टोली में एक की मौत के बाद मामला तूल पकड़ लिया है।
किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए एसपी, डीएम समेत कई वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच कर पूरे मामले का जायजा लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थिति को काबू में करने के बावजूद घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है। गांव में भी पुलिस अभी कैंप कर रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम गाजे-बाजे के साथ होली गीत गाते एक टोली एक मुहल्ले से गुजर रही थी। एक धार्मिक स्थल के सामने पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों ने कतिपय नंग धड़ंग युवकों को देख आगे बढ़ जाने को कहा।
इसे लेकर कहासुनी शुरू हो गयी। देखते देखते तू-तू मै-मै झड़प में तब्दील हो गयी। दोनों ओर से पत्थरबाजी होने लगी। कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस बीच इलाज कराने जा रहे एक व्यक्ति की गाड़ी भीड़ में फंस गयी। लोगों का कहना है कि शोरगुल होने की वजह से उनकी मौत हो गयी।
सीसीटीवी फुटेज से दोषियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। घटना में करीब आधे दर्जन लोगों के चोटिल होने की बात बतायी गयी है। इनका इलाज अलग-अलग अस्पताल में जारी है। पुलिस वार्ड सात व आठ के वार्ड सदस्यों सहित दोनों पक्षों के 15 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
स्थिति नियंत्रित होने के बाद भी एहतियात के तौर पर करीब डेढ़ सौ पुलिस जवानों की तैनाती की गयी है। सीओ, बीडीओ व पुलिस के कई पदाधिकारी गांव में कैंप किये हुए हैं। मामले में अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि कुछ ही देर में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। वहां की स्थिति सामान्य है। एहतियात के तौर पर पुलिस जवानों की तैनाती की गयी है। कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
टीम एबीएन, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को रंगों के त्योहार होली, मुसलमान भाइयों के त्योहार शब-ए-बरात और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि रंगों के त्योहार की बधाई एवं शुभकामनाएं।
होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है। होली का यह पवित्र त्योहार राज्यवासियों के जीवन में खुशियों के नए रंग लेकर आये। यह पवित्र त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है। होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनायें।
शब-ए-बरात के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं। इसमें लोग पूरी रात जागकर खुदा की इबादत करते हैं और पूर्वजों को याद करते हैं। शब-ए-बरात की मुबारक रात पर दुआ करें कि हमारे बीच प्रेम, सद्भाव बढ़े और बिहार निरंतर प्रगति की ऊंचाई पर बढ़ता रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश एवं देश की महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं। किसी भी राज्य या देश के विकास में महिलाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं के सशक्तीकरण हेतु राज्य सरकार निरंतर प्रयत्नशील है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि महिलाओं के उत्थान के प्रति सदैव प्रयत्नशील रहें ताकि उनका सामाजिक एवं आर्थिक विकास हो सके और उन्हें एक सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके।
टीम एबीएन, नवादा (पटना)। बिहार में नवादा जिले के पकरीबरामा में मंगलवार तेज रफ्तार से आ रही एक ट्रक का अनियंत्रण होकर सीधे पलटने से ट्रक के नीचे 9 लोग दब गये। जिसमें 8 की हालत गंभीर है। वहीं 1 व्यक्ति की मौत हो गयी है। अचानक ट्रक के पलटने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के द्वारा ट्रक को उठाकर आनन-फानन में सभी घायलों को नवादा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। मौत की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में भी कोहराम मच गया है। जहां मृतक की पहचान पकरीबरामा थाना क्षेत्र के ही दतरौल गांव की निवासी मोहम्मद अनवर के रूप में की गयी है।
पुलिस के मुताबिक मोहम्मद अनवर दुकान की सामान लेकर अपने गांव जा रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक पलटी मार दी।उसमें अनवर भी दब गये थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। वही होली के रंग में रंगे सभी बच्चे लोग होली का त्योहार मना रहे थे। उसी दौरान ट्रक ने पलटी मारी तो उसी दौरान 8 लोग ट्रक के नीचे दब गये। जहां सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायलों को नवादा सदर अस्पताल भेजा गया था, जहां से सभी को पावापुरी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है सभी घायलों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। जमीन के बदले नौकरी मामले में मंगलवार को सीबीआई की एक टीम ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से पूछताछ की। लालू सिंगापुर में किडनी का इलाज कराने के बाद मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर रह रहे हैं। सीबीआई की टीम यहीं उनसे पूछताछ करने पहुंची। बताया गया है कि केंद्रीय एजेंसी ने लालू से दो घंटे से भी ज्यादा पूछताछ की।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से जमीन के बदले नौकरी घोटाला मामले में सीबीआई की पूछताछ खत्म हो गयी। सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम ने उनसे दो घंटे से भी ज्यादा पूछताछ की। सीबीआई की पूरी टीम इस दौरान लगातार लालू की बेटी मीसा के घर पर मौजूद रही। रोहिणी आचार्य ने ट्वीट कर कहा कि पापा को लगातार परेशान किया जा रहा है। अगर उन्हें कुछ हुआ तो मैं किसी को नहीं छोड़ूंगी। पापा को तंग कर रहे हैं यह ठीक बात नहीं है। यह सब याद रखा जाएगा। समय बलवान होता है, उसमें बड़ी ताकत होती है। यह याद रखना होगा।
दिल्ली की कुर्सी हिला देंगे। अब बर्दाश्त करने की सीमा जवाब दे रही है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और लालू यादव का पत्नी राबड़ी देवी के आवास पर सोमवार सुबह सीबीआई की टीम पहुंची। करीब पांच घंटे तक राबड़ी देवी से पूछताछ के बाद टीम राबड़ी आवास से बाहर निकली।
सीबीआई अधिकारियों ने मीडियो बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और चले गये। टीम ने जमीन के बदले नौकरी केस में पूछताछ की। उनकी बेटी मीसा भारती समेत 14 लोग आरोपी हैं। 15 मार्च लालू प्रसाद, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया है।
टीम एबीएन, पटना। पटना नगर निगम स्वच्छता जागरूकता अभियान के ब्रांड एंबेसडर और बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने पटना के गांधी घाट पर लोकगीतों और होली गीतों के माध्यम से नगर वासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता जागरूकता अभियान में लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत ने कहा कि स्वच्छता के लिए सबका सहयोग और सबका साथ चाहिए।
पटना नगर निगम की ओर से हर गली मोहल्ले की सफाई की व्यवस्था की गयी है। हर घर से कचरा उठाने की व्यवस्था की गयी है। हमें निगम के साथ सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि जीवन में स्वच्छता का विशेष महत्व है। जिस तरह से स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है उसी तरह से स्वच्छ शहर में ही स्वच्छ आवासीय परिसर होता है। सिर्फ घर की सफाई कर लेने से कुछ नहीं होता। अपने आसपास के एरिया को भी साफ रखना जरूरी है।
स्वच्छ शहर के पटना नगर निगम के संकल्प को मजबूती देने के लिए हर व्यक्ति को अपना व्यवहार बदलना होगा और स्वच्छता के प्रति समर्पित रहना होगा। नीतू नवगीत ने स्वच्छता का संदेश देने वाले अनेक गीत भी गाये। उन्होंने दर्शकों को कई होली गीत भी गाकर सुनाये। होलिया में उड़ेला गुलाल..., बाबा हरिहर नाथ सोनपुर में होली खेले..., होली खेले मसाने दिगंबर होली खेले मसाने..., कान्हा मार ना ऐसे गुलाल से रंग बरसे राधा के गाल..., कान्हा होलिया में रंग बरसे बाकी ना..., होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेले रघुवीरा..., सिया निकली अवधवा की ओर होलिया खेले राम लला... जैसे होली गीतों पर दर्शक खूब आनंदित हुए।
गंगाजी की निर्मलता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत ने मांगीला हम वरदान है गंगा मैया मांगेला हम वरदान तथा गंगोत्री से चलेली गंगा मैया जग के करे उद्धार जैसे गीत सुनाये। कार्यक्रम में अनुपम कृष्णा ने की बोर्ड पर और सतीश सिंह ने ढोलक पर लोक गायिका नीतू नवगीत के साथ संगत किया।
नीतू नवगीत ने कहा कि इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण 9500 अंकों का हो रहा है जो पिछली बार 7500 अंक का था। इसके लिए निगम ने अलग-अलग टीम बनाकर उन्हें अलग जिम्मेदारी दी है। टीम के लोग अपना काम कर रहे हैं लेकिन यदि नागरिकों से सहयोग नहीं मिला तो फिर स्वच्छता सर्वेक्षण में पटना शहर को कम अंक प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष के स्वच्छता सर्वेक्षण में नागरिकों के सड़क पर थूकने की आदत पर सर्वेक्षण में 80 अंक काटे जायेंगे। शौचालयों में गंदगी मिलने पर पर-250 अंक कटेंगे। लैंडफिल व एसटीपी साइट सेग्रीगेशन नहीं मिलने पर-700 अंक काटे जायेंगे। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग किये जाने पर -150 अंक काटे जायेंगे।
सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के उपकरण नहीं होने पर 375 जबकि स्वच्छ वार्ड रैंकिंग गिरने पर-320 अंक काटे जायेंगे। पटना नगर निगम प्रशासन और सिटीजन की ओर से इनोवेशन नहीं होने पर- 200 अंक काटे जायेंगे। स्वच्छता ऐप डाउनलोड, शिकायत नहीं करने, फीडबैक नहीं देने पर-550 अंक काटे जायेंगे।
स्वच्छता की ब्रांडिंग में प्लास्टिक के उपयोग पर-25 अंक काटे जायेंगे। स्वच्छता के संबंध में ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाता है, तो पटना नगर निगम को अधिक अंक प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि पटनावासी स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लें और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहरायें।
टीम एबीएन, जमुई (पटना)। बिहार में जमुई जिले के सिकंदरा में गुरुवार की देर रात सिकंदरा थाना क्षेत्र के पिरिहिंडा के पास सड़क हादसे में दो महिला व एक मासूम सहित तीन बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गयी है। हादसे में बाइक चालक को भी चोट लगी है। मरने वालों में दो बहनें शामिल है। उनके साथ चार माह का बच्चा भी था।
पुलिस के मुताबिक डीजे गाड़ी की रफ्तार को देखकर बाइक सवार लड़खड़ा गया, तभी पीछे से आ रहे बेलगाम ट्रक ने चारों को कुचल दिया। घटनास्थल पर ही एक बच्चे समेत दो महिला की मौत हो गयी। वहीं बाइक चला रहे चालक ठोकर के बाद कुछ दूर तक जा गिरा। युवक आंशिक रूप से जख्मी हुआ। बाइक चलाने वाला युवक छोटेलाल तांती नेहा का देवर है। ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। मरने वालों में बबलू तांती की पत्नी नेहा कुमारी व उसकी प्रियंका कुमारी व मासूम बच्ची नेहा शामिल हैं। हादसे की शिकार बनी दोनों युवतियां खैरा के केंडीह के नरेश तांती की बेटी थीं।
सिकंदरा थाना प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि टक्कर मारने वाले ट्रक का पता लगाने में पुलिस जुट गयी है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल के रवाना हो गये। महिला के पास मिले एडमिट कार्ड के मुताबिक महिला अपनी बहन व देवर के साथ परीक्षा देने शेखपुरा गयी थी। परीक्षा देकर लौटने के क्रम में यह हादसा हो गया। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया।
टीम एबीएन, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 72 साल के हो गये। देश भर से उन्हें बधाई मिल रही है। बधाई देने वालों में नीतीश कुमार की पार्टी के नेता कार्यकर्ता और बिहारी की राजनीति के बड़े नेता भी शामिल हैं। सीएम को उनके जन्मदिन पर जदयू अध्यक्ष ललन सिंह और मंत्री संजय झा ने बधाई दी है और उनके दीर्घायु होने की कामना की है।
बीते दो दशक से बिहार की सियासत यानी 17 सालों से राज्य की कमान संभाल रहे नीतीश कुमार 72 साल के हो गये हैं। उनका जन्म 1 मार्च 1951 को पटना जिले के बख्तियारपुर में हुआ था। नीतीश केंद्रीय रेल और कृषि मंत्री भी रह चुके हैं। जेपी आंदोलन की उपज नीतीश कुमार पिछले कुछ समय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं।
टीम एबीएन, पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी सुरेश रुंगटा ने मंगलवार को कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए सदन में बिहार सरकार ने जो बजट प्रस्तुत किया है, उससे प्रदेश की जनता को निराशा हाथ लगी है।
भाजपा नेता रुंगटा ने कहा कि बजट में प्रांत के आधारभूत संरचना के विकास के लिए दूरदर्शिता का अभाव खटकता है। किसान, गरीब, मजदूर एवं उद्यमियों के लिए बजट में उचित प्रावधान एवं आवंटन नहीं होने से राज्य के गरीबों, मजदूरों एवं किसानों को कोई फायदा नहीं होगा। गत वर्ष जब बिहार सरकार में भाजपा सम्मिलित थी, उस वक्त प्रांत में औद्योगिक विकास के लिए कई कार्य योजनाएं शुरू की गई थीं।
उसे आगे बढ़ाना तो दूर वर्तमान सरकार उसे जारी भी नहीं रख सकी। इससे बिहार में औद्योगिक विकास का जो वातावरण बना था, वह सब वर्तमान सरकार की गलत नीतियों एवं उदासीनता और राज्य में गिरती कानून व्यवस्था के कारण ठप ही नहीं हुआ है, बल्कि जो कार्य शुरू किये गये थे वह सब भय के कारण बंद हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं लेकिन सरकार का ध्यान इस क्षेत्र पर नहीं होने से राज्य के राजस्व की जो आमदनी इस माध्यम से बढ़ सकती थी उसे अपेक्षित छोड़ दिया गया है।
आश्चर्य तो यह है कि बजट में जीएसटी पर प्रश्न चिन्ह लगाया गया है, जबकि जीएसटी लगने के बाद बिहार में वाणिज्य कर विभाग का कर संग्रह वित्त-वर्ष 2016-17 में 18751 करोड़ रुपये से बढ़कर गत वर्ष ही दोगुना से अधिक हो गया है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के इस बजट में राज्य के पिछड़े जिलों के विकास के लिए समुचित आवंटन का स्पष्ट अभाव दिखता है। गरीबों एवं मजदूरों की हितैषी बताने वाली सरकार के बजट में इन वर्गों की घोर अनदेखी की गयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse