एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार स्टार्टअप को मजबूती प्रदान करने के लिए मौर्या लोक के बाद दूसरा बी हब पटना के फ्रेजर रोड स्थित बिहार राज्य वित्तीय निगम की बिल्डिंग में प्रारंभ होने वाला है।
उद्योग विभाग और बिहार स्टार्टअप फंड ने बिहार राज्य में प्रारंभ हो रहे इस दूसरे बी हब के संचालन की जिम्मेदारी इंडियन इंस्टिट्यूट आफ टेक्नोलॉजी, पटना के इनक्यूबेशन सेंटर को सौंपी है। इस आशय के सहमति पत्र पर उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित और इंडियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ टी एन सिंह ने हस्ताक्षर किए।
इस मौके पर बिहार सरकार के विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्डरीक, योजना एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुणीश चावला और सूचना प्रौद्योगिकी के अपर मुख्य सचिव संतोष कुमार मल्ल उपस्थित रहे।
इस मौके पर विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती प्रदान करने में बी हब की विशेष भूमिका है। इमर्जिंग स्टार्टअप इकोसिस्टम के मामले में बिहार देश का अग्रणी राज्य है। स्टार्टअप उद्यमियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नए को वर्किंग स्पेस के प्रारंभ हो जाने पर स्टार्टअप सिस्टम और मजबूत होगा।
फ्रेजर रोड स्थित कॉमन वर्किंग सेंटर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और कुछ दिनों में ही पूरा काम हो जाएगा। इसके बाद स्टार्टअप उद्यमियों को इस कॉमन वर्किंग सेंटर पर आकर काम करने का मौका मिलेगा।
उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्डरीक ने कहा कि स्टार्टअप के संबंध में जागरूकता फैलाने तथा युवाओं का मार्गदर्शन करने के उद्देश्य से पूरे राज्य में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बिहार स्टार्टअप की टीम हर जिले में जाकर जागरूकता कार्यक्रम चला रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बागेश्वर वाले बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर बिहार में जुर्माना लगा है। बाबा और भाजपा सांसद मनोज तिवारी पर सड़क पर यातायात ने नियम पालन नहीं कर यात्रा करने का आरोप लगा था। दरअसल, बाबा जिस गाड़ी में बैठे थे, उसे मनोज तिवारी चला रहे थे और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पीछे वाली सीट पर बैठे थे।
नये नियमों के तहत गाड़ी में आगे के साथ ही पीछे की सीट पर भी बेल्ट लगाना भी अनिवार्य है, लेकिन मध्य प्रदेश नंबर की बाबा की कार में किसी ने बेल्ट नहीं लगायी थी। ट्रैफिक एसपी पूरण झा ने फाइन की पुष्टि की है। हालांकि अभी तक असल राशि की जानकारी नहीं दी जा रही है।
पटना ट्रैफिक पुलिस को शिकायत मिली कि आगे बैठै बाबा धीरेंद्र शास्त्री, ड्राइव कर रहे सांसद मनोज तिवारी और पीछे बैठे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीट बेल्ट नहीं लगायी थी। यह गाड़ी एमपी 16सी 5005 मध्य प्रदेश के छतरपुर एआरटीओ में निबंधित बतायी जा रही है।
ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार, 25 अप्रैल 2015 को इंद्र विक्रम सिंह बुंदेला के नाम पर निबंधित इस आलीशान कार के नियंत्रित प्रदूषण का प्रमाण पत्र 28 सितंबर 2020 को खत्म बताया जा रहा है। पटना ट्रैफिक पुलिस ने 13 मई को बगैर बेल्ट या बगैर पीयूसी की इस गाड़ी को नहीं पकड़ा। बाद में शिकायत आयी तो फाइन किया गया। अपुष्ट जानकारी के अनुसार बिहार में हजार रुपये फाइन लगाया गया है।
क्यों और कितना फाइन लगेगा
पटना के ट्रैफिक एसपी पूरण झा ने बताया कि शिकायत मिली है कि जिस दिन बागेश्वर वाले बाबा पटना आये थे, उस दिन एयरपोर्ट से होटल के लिए निकलते समय गाड़ी में बैठे किसी भी व्यक्ति ने सीट बेल्ट नहीं लगायी थी।
एयरपोर्ट से निकलने के बाद और होटल पहुंचने के दरम्यान का सीसीटीवी फुटेज निकालकर देखा गया कि गाड़ी में बैठे लोगों ने बेल्ट लगायी थी या नहीं। इसमें पाया गया कि बाबा ने बेल्ट नहीं लगाया था। इसके बाद उनपर एक हजार रुपये का फाइन लगाया गया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मुजफ्फरपुर/ पटना। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले की मशहूर शाही लीची का स्वाद राष्ट्रपति और पीएम सहित कई गणमान्य जून के प्रथम सप्ताह में चखेंगे।
उत्तर बिहार की अघोषित राजधानी मुजफ्फरपुर की मशहूर शाही लीची जो देश ही नहीं विदेशों तक अपने स्वाद के लिए मशहूर है। इस शाही लीची को जी आई टैग भी प्राप्त है। विश्व प्रसिद्ध मुजफ्फरपुर के शाही लीची का स्वाद देश के राष्ट्रपति प्रधानमंत्री समेत कई गणमान्य व्यक्ति चखेंगे।
इसको लेकर जिले के समाहरणालय सभाकक्ष में लीची टास्क फोर्स की बैठक की गयी और बैठक में एक टीम का गठन किया गया है। जिसमें उद्यान पदाधिकारी कृषि पदाधिकारी एवं अन्य कई अधिकारी को शामिल किया गया है।
जो मुजफ्फरपुर के कांटी मीनापुर मुसहरी और बोचहां प्रखंड क्षेत्र से अच्छे फलों वाले शाही लीची के बागवानी को चिन्हित कर करीब एक हजार पेटी बढ़िया लीची चुनकर दिल्ली स्थित बिहार भवन भेजेंगे। जहां से देश के माननीयों के यहां जून के प्रथम सप्ताह में लीची पहुंच जायेगी।
रेलवे के अधिकारी बताते हैं कि पहले आओ पहले पाओ के नियम के अनुसार लीची लोड किया जा रहा है। किसानों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत रेलवे के माध्यम से ना हो। इसको लेकर पुख्ता इंतजाम किये गये ताकि मुजफ्फरपुर की मशहूर लिखी देश दुनिया के विभिन्न जगहों पर आसानी से पहुंच सके और किसानों को अच्छी आय हो सके।
पूरे मामले पर पूछे जाने पर एबीएन न्यूज24 से बातचीत में प्रभारी जिलाधिकारी सह डीडीसी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि लीची टास्क फोर्स की बैठक में लीची किसानों के लिए विशेष निर्णय लिया गया है। जिसके तहत उन्हें लीची लाने में नो एंट्री में छूट मिलेगी। जिससे कोई दिक्कत न हो। अन्य प्रदेशों में लीची भेजने में सरकार की सभी योजनाओं का सीधा लाभ किसानों को मिले इसका ध्यान रखा गया है।
साथ ही साथ कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से एक कमेटी द्वारा अच्छी बागवानी जिसमें अच्छे फल लगे होंगे उन्हें चिन्हित कर करीब 1000 पेटी लीची दिल्ली स्थित बिहार भवन भेजा जायेगा। जून के प्रथम सप्ताह में लीची दिल्ली बिहार भवन पहुंच जायेगी वहां से देश के राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को पहुंचाया जाएगा हर साल की तरह इस बार भी इसकी व्यवस्था की गयी है।
टीम एबीएन, पटना। उद्योग विभाग के तत्वावधान में पटना के ज्ञान भवन में बिहार एमएसएमई कनेक्ट 2023 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन बिहार सरकार के मुख्य सचिव अमीर सुबहानी, भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के सचिव बी बी स्वैन तथा उद्योग विभाग बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव श्री संदीप पौंडरीक ने किया।
कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी विनीत कुमार, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक शिव ओम दीक्षित, उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित तथा सभी प्रमुख बैंकों के उच्च अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने कहा कि बिहार में लघु एवं मध्यम उद्योग सेक्टर काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार और बिहार सरकार की अनेक योजनाएं हैं जिनका विशेष महत्व है। लघु एवं मध्यम उद्यमों से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादकों द्वारा उत्पादित वस्तुओं में विश्वसनीय होती हैं।
उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में बैंकों ने पीएमईजीपी और पीएम एफएफएमई कार्यक्रमों को लागू करने में अच्छा सहयोग दिया। बिहार के समग्र विकास के लिए एमएसएमई मंत्रालय से हमें अधिक फंड और अधिक योजनाओं की आवश्यकता है।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के सचिव बी बी स्वैन ने कहा कि भारत के सकल घरेलू उत्पाद में सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यमों का योगदान लगभग 30% है भारत के कुल निर्यात में लगभग 45% योगदान सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्योगों का है।
कृषि क्षेत्र के बाद सर्वाधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र भी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र ही है। हमारी योजना है कि अगले 10 वर्षों में इस सेक्टर में करीब 30 करोड़ लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जायें।
उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संदीप पौण्डरीक ने कहा कि एमएसएमई उद्यमियों के लिए कार्यशाला के आयोजन का मुख्य उद्देश्य छोटे उद्योग से प्रारंभ करने वाले उद्यमियों की हौसला अफजाई करना है। सरकार और बैंकों से प्राप्त सुविधाओं का उपयोग करके सूक्ष्म लघु और मध्यम आकार की औद्योगिक इकाइयां तेजी से आगे बढ़ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 10 लाख रुपया तक की सहायता पाने वाली कुछ औद्योगिक इकाइयों का कारोबार अब करोड़ों में भी पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत करीब 29000 लोगों को उन्नीस सौ करोड़ की राशि वितरित की जा चुकी है।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में योजना के तहत उद्यमियों को 1500 करोड़ रुपए की राशि वितरित की गई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम क्रियान्वयन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बैंकों और उनकी शाखाओं को पुरस्कृत किया गया।
भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक शिव ओम दीक्षित, पंजाब नेशनल बैंक के जोनल हेड पीसी बेहरा, बैंक आफ इंडिया की महाप्रबंधक पुष्पा चौधरी, केनरा बैंक के सर्किल हेड श्रीकांत एम भांदीवाद, यूनियन बैंक आफ इंडिया के डीजीएम अजय बंसल, उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के चेयरमैन सोहेल अहमद, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष आशुतोष कुमार झा और यूको बैंक के धीरज पटवर्धन ने मुख्य सचिव, बिहार सरकार और भारत सरकार के एमएसएमई सचिव से पुरस्कार ग्रहण किया।
इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक की मधुबनी और औरंगाबाद शाखा, पंजाब नेशनल बैंक के नारदीगंज और नया भोजपुर शाखा, बैंक आफ इंडिया के इस्लामिया कॉलेज लक्ष्मीपुर शाखा तथा कटिहार शाखा, केनरा बैंक के बुद्व मार्ग शाखा और बिहटा शाखा, यूनियन बैंक आफ इंडिया के नवादा शाखा और वारसलीगंज शाखा, उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के मधुबनी शाखा और मलमलिया मोड़, पश्चिम चंपारण शाखा, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के बिशनपुर, समस्तीपुर शाखा तथा बेन, बिहार शरीफ शाखा तथा यूको बैंक के नवादा शाखा और सोनो, जमुई शाखा को पीएमईजीपी कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन के लिए पुरस्कृत किया गया। मौके पर पीएमईजीपी कार्यक्रम के 16 लाभुकों को स्वीकृत ऋण का चेक सौंपा गया।
इससे पहले उद्योग विभाग की ओर से तकनीकी विषयों पर तीन सत्रों में विशेष जानकारी दी गई। चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान के निदेशक डॉ राणा सिंह ने मार्केटिंग और ब्रांडिंग पर उद्यमियों का मार्गदर्शन किया। उद्यमियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
टीम एबीएन, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव गुरुवार को अपने मुंबई प्रवास के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे। जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के एक विधान परिषद सदस्य ने यह जानकारी दी।
नीतीश और तेजस्वी पहले उद्धव ठाकरे के आवास पर जाएंगे और बाद में पवार से उनके घर पर मुलाकात करेंगे। जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ मजबूत गठजोड़ बनाने के लिए विपक्षी नेताओं से मिल रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की थी।
जद (यू) के एमएलसी कपिल पाटिल ने कहा कि कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता यादव उपनगरीय बांद्रा में उद्धव ठाकरे के निजी आवास मातोश्री में दोपहर का भोजन करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों नेता शाम को पवार से उनके दक्षिण मुंबई स्थित आवास सिल्वर ओक में मिलेंगे।
टीम एबीएन, पटना। बिहार के वैशाली और मुजफ्फरपुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है।दरअसल, शनिवार को मुजफ्फरपुर-वैशाली एनएच-28 (एनएच 28) पर चिकनौटा के निकट हुए सड़क हादसे में एक साथ 5 लोगों की मौत हो गयी। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गयी। यह परिवार मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र के रामनाथ धमौली पूर्वी पंचायत के कलवारी गांव का रहने वाला था।
मिली जानकारी के अनुसार सड़क हादसे में कलवारी के रहने वाले कमलेश महतो व उनकी पत्नी रिंकू देवी, पुत्र अंकित एवं अमन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी, जिससे उनके गांव में मातम पसर गया है। मृतक कमलेश की बूढ़ी मां बताती हैं कि उनका बेटा अपने पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल शादी में गया था, जब घटना हुई तो फोन आया, लेकिन लोग मुझे बताने से डर रहे थे।
बता दें कि यह घटना मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर मार्ग में वैशाली जिला के पातेपुर थाने के चिकनौता गांव के समीप की है।
इधर, कांटी के कलवारी गांव में मृतक के परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में काफी कोहराम मच गयी है एवं पूरी तरह शोकाकुल माहौल बनी हुई है। वहीं पूरे गांव के लोग इस बेहद दुःखद हादसें से काफी आहत व मर्माहत है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर मार्ग पर लोगों की भीड़ जुट गयी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिम चंपारण/ पटना। हरनाटांड़-बगहा मुख्य मार्ग पर रविवार की सुबह पिपराडीह मोड़ के समीप बस व बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गयी। इसमें बाइक चालक बेटे और सवार मां की मौके पर मौत हो गयी। दोनों इलाज कराने जा रहे थे। उनकी पहचान योगापट्टी थाना के बलुआ प्रयगवा गांव निवासी आसिफ मियां के पुत्र 18 वर्षीय पुत्र सरफुल्लाह और 45 वर्षीय पत्नी हसीना खातून के रूप में हुई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गये।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार में स्कूलों की समय सारिणी में एक बार फिर बदलाव किया गया है। पटना के जिलाधिकारी ने दो दिनों से मौसम में हुए बदलाव को देखते हुए यहां के सभी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधि को दोपहर 11:30 तक करने का आदेश दिया है। पटना के डीएम ने आदेश दिया है कि मौसम में बदलाव हुआ है। लिहाजा स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधि को लेकर टाइम टेबल में बदलाव किया जाता है। अब सभी शैक्षणिक गतिविधियां दोपहर 11:30 तक होगी। उल्लेखनीय है कि राजधानी पटना में भीषण गर्मी और लू चल रही थी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित था। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने 18 अप्रैल को आदेश जारी कर 10:45 बजे तक ही कक्षा लेने का आदेश दिया था लेकिन अब मौसम में फिर बदलाव हुआ है। इसके बाद स्कूलों की टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse