Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

खेल समाचार

View All
फीफा वर्ल्ड कप : मेक्सिको से हार के बाद इक्वाडोर के मुख्य कोच का इस्तीफा
Published / 2026-07-01 19:00:20
फीफा वर्ल्ड कप : मेक्सिको से हार के बाद इक्वाडोर के मुख्य कोच का इस्तीफा

विश्व कप से बाहर होते ही इक्वाडोर के कोच ने दिया इस्तीफा एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्व कप 2026 के राउंड आॅफ-32 में मेजबान मेक्सिको से 0-2 की हार के बाद इक्वाडोर के मुख्य कोच सेबेस्टियन बेकासेसे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 45 वर्षीय अर्जेंटीनी कोच ने मैच के बाद पुष्टि की कि विश्व कप के साथ ही उनका अनुबंध भी समाप्त हो गया है और अब वह टीम से अलग हो रहे हैं। ड्रेसिंग रूम से प्यार और सम्मान लेकर जा रहा हूं बेकासेसे ने भावुक अंदाज में कहा, विश्व कप खत्म होने के साथ ही मेरा अनुबंध भी समाप्त हो रहा है। अब हम जा रहे हैं। मैं इस ड्रेसिंग रूम से प्यार, सम्मान, प्रतिबद्धता और सराहना लेकर जा रहा हूं। ये खिलाड़ी सच्चे योद्धा हैं और मुझे उन पर गर्व है। दो साल में दिलायी गयी पहचान बेकासेसे ने करीब दो वर्षों तक इक्वाडोर की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में टीम ने अपने पांचवें विश्व कप में दूसरी बार नॉकआउट चरण में जगह बनायी। ग्रुप स्टेज में चार बार की चैंपियन जर्मनी को हराकर इक्वाडोर ने बड़ा उलटफेर भी किया था। उम्मीदों से बढ़कर प्रदर्शन किया कोच ने कहा, जब हमने यह सफर शुरू किया था, तब किसी को उम्मीद नहीं थी कि हम यहां तक पहुंचेंगे। लेकिन हमने उम्मीदों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया। अफसोस है कि हम इस सफलता को आगे नहीं बढ़ा सके, लेकिन हमने एक शानदार विरासत छोड़ी है। मेक्सिको ने पहले हाफ में तय कर दी जीत राउंड आॅफ-32 मुकाबले में मेक्सिको के लिए जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने पहले हाफ में गोल दागे। इक्वाडोर पूरे मैच में वापसी नहीं कर सका और 0-2 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया। इसी हार के साथ बेकासेसे का कार्यकाल भी समाप्त हो गया।

मुंबई छोड़ बेंगलुरू शिफ्ट कर गये क्रिकेटर हार्दिक पांड्या
Published / 2026-06-30 21:03:51
मुंबई छोड़ बेंगलुरू शिफ्ट कर गये क्रिकेटर हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या का बड़ा कदम, मुंबई छोड़ हमेशा के लिए बेंगलुरु हुए शिफ्ट एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार आॅलराउंडर हार्दिक पांड्या को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आयी। दरअसल, हार्दिक हमेशा के लिए मुंबई को छोड़कर बेंगलुरु शिफ्ट हो गये हैं। हार्दिक का यह कदम वाकई चौंकाने वाला है। अगर आप भी सोच रहे हैं कि अचानक हार्दिक ने ऐसा फैसला क्यों लिया? यहां आपको उसका जवाब मिलेगा।  हार्दिक ने बीसीसीआई के सेंटर आॅफ एक्सीलेंस (सीओई) के चलते बेंगलुरु में शिफ्ट होने का फैसला किया। वह अब सीओई को अपनी ट्रेनिंग का स्थायी अड्डा बनाना चाहते हैं। अक्सर क्रिकेटर बेंगलुरु इंजरी के रिहैब, नेशनल कैंप और फिटनेस के आकलन के लिए आते हैं। लेकिन हार्दिक ने कुछ अलग हटकर किया।  मुंबई इंडियंस की फैसिलिटी में करते थे अभ्यास  वैसे हार्दिक मुंबई इंडियंस की घंसोली स्थित फैसिलिटी में ट्रेनिंग करते थे। हार्दिक गुजरात के बदौड़ा से आते हैं। हालांकि वह लंबे वक्त से मुंबई में रह रहे थे, लेकिन अब उन्होंने बेंगलुरु को अपना घर बनाने का फैसला किया।   बीसीसीआई के सूत्र ने खोला राज  सूत्रों के अनुसार हार्दिक पहले ही स्थायी रूप से बेंगलुरु में शिफ्ट हो चुके हैं। उन्होंने शहर के बाहरी इलाके में सेंटर आॅफ एक्सीलेंस के पास एक प्रॉपर्टी किराये पर ली है। वह सीओई को अपने अभ्यास का स्थायी अड्डा बनाने वाले पहले क्रिकेटर होंगे। आगे कहा, हार्दिक मुंबई से बाहर जाना चाहते थे क्योंकि ट्रेनिंग के लिए हर रोज अपने लोअर परेल वाले घर से आना-जाना मुश्किल हो गया था। एक सेंट्रली-कॉन्ट्रैक्टेड क्रिकेटर होने के नाते, उन्हें उडए में चोट के इलाज से लेकर स्किल्स की ट्रेनिंग तक, हर तरह की सुविधा मिलती है। इंजरी से परेशान हैं हार्दिक पांड्या इन दिनों इंजरी से रिकवर हो रहे हार्दिक ने बीते 6 महीनों में काफी वक्त बेंगलुरु के सेंटर आॅफ एक्सीलेंस में ही बिताया है। वह इंजरी के चलते यूके के व्हाइट बॉल टूर का हिस्सा नहीं बन सके, जिसमें आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज खेली जा चुकी है। अब इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज होनी है।

हॉकी : बेल्जियम दौरे पर अनमोल इक्का होंगे भारतीय टीम के कप्तान
Published / 2026-06-30 18:44:35
हॉकी : बेल्जियम दौरे पर अनमोल इक्का होंगे भारतीय टीम के कप्तान

बेल्जियम दौरे के लिए भारतीय जूनियर हॉकी टीम का ऐलान, अनमोल इक्का को मिली कप्तानी एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय हॉकी टीम ने 5 से 18 जुलाई तक होने वाले बेल्जियम दौरे के लिए 22 सदस्यीय जूनियर (अंडर-21) पुरुष टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कप्तानी डिफेंडर अनमोल इक्का करेंगे। यह दौरा नए मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज के मार्गदर्शन में भारतीय जूनियर टीम का पहला अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट होगा। यह दौरा इस साल के आखिर में होने वाले जूनियर एशिया कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा और टीम को अपने संयोजन व रणनीति को परखने का मौका भी मिलेगा। आॅस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड से होगी भिड़ंत भारत इस दौरे पर कुल छह मुकाबले खेलेगा। टीम आॅस्ट्रिया और मेजबान बेल्जियम के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगी, जबकि जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ एक-एक मुकाबला होगा। भारत का कार्यक्रम 7 जुलाई : आॅस्ट्रिया 8 जुलाई : आॅस्ट्रिया 10 जुलाई : बेल्जियम 13 जुलाई : जर्मनी 14 जुलाई : बेल्जियम 17 जुलाई : नीदरलैंड कांस्य पदक जीतने वाली टीम के कई खिलाड़ी शामिल अनमोल इक्का, एडरोहित इक्का, अजीत यादव और रोहित कुल्लू उस भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे जिसने पिछले साल तमिलनाडु में आयोजित जूनियर हॉकी विश्व कप में कांस्य पदक जीता था। इन खिलाड़ियों से एक बार फिर टीम को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। कोच फ्रेडरिक सोयेज ने क्या कहा? मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह दौरा टीम को हर स्तर पर बेहतर बनायेगा। उन्होंने कहा, मुझे उम्मीद है कि यह दौरा हमारे खेल, टीम संयोजन, रणनीतिक अनुशासन और अहम मौकों पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा।साथ ही खिलाड़ियों के बीच एकता और आत्मविश्वास भी मजबूत होगा। सोयेज ने आगे कहा, यह दौरा खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर की अंतरराष्ट्रीय हॉकी की मांगों को समझने और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की मानसिकता विकसित करने में भी मदद करेगा। भारतीय जूनियर टीम गोलकीपर : विवेक लाकड़ा, कुणाल तेवतिया डिफेंडर : अनमोल इक्का, रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, प्रशांत बारला, संजीत टिर्की, वी मणिमारन मिडफील्डर : एडरोहित इक्का, हरपाल, जीतपाल, मुकेश टोप्पो, मन्नू मलिक, रितिक लाकड़ा फॉरवर्ड : अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, अर्जुन हरगुडे, आर्यन सेस, लवनूर सिंह, मोहम्मद कोनैन दाद, गुरुसेवक सिंह।

अंडर-18 भारतीय महिला टीम के कोचिंग कैंप में झारखंड की पांच बेटियां
Published / 2026-06-30 18:27:59
अंडर-18 भारतीय महिला टीम के कोचिंग कैंप में झारखंड की पांच बेटियां

झारखंड की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर जलवाअंडर-18 भारतीय महिला टीम के कोचिंग कैंप में 5 खिलाड़ियों का चयन एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। हॉकी इंडिया ने अंडर-18 भारतीय महिला टीम के कोचिंग कैंप के लिए झारखंड की 5 खिलाड़ियों का चयन किया है। झारखंड की पुष्पा मांझी, खिली कुमारी, श्रुति कुमारी, संदीपा कुमारी, नीलम टोपनो को जूनियर राष्ट्रीय कैम्प में शामिल होने का मौका मिला है। इसी कैंप के आधार पर राष्ट्रीय अंडर 18 महिला हॉकी टीम का चयन होगा। 5 से 18 जुलाई तक भोपाल के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में जूनियर महिला कोचिंग कैंप आयोजित किया जायेगा। चयनित टीम 20 से 25 जुलाई तक महिला युवा हॉकी एशियाई चैंपियनशिप 2026 में हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता का आयोजन मस्कट, ओमान में होगा। 16वीं सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया गया है। झारखंड की बेटियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में रांची ओवरआॅल चैंपियन
Published / 2026-06-29 21:23:51
सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में रांची ओवरआॅल चैंपियन

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (लातेहार)। नेतरहाट आवासीय विद्यालय में संपन्न सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में रांची की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरआॅल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया है। प्रतियोगिता में रांची के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों की झड़ी लगाकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। विजेता खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। रांची के प्रमुख पदक विजेता स्वर्ण पदक : प्रियांशु कुमारी, दीपक यादव, संगम कुमार, मौसम कुमार, निधि कुमारी, रोशन थापा, कबिलाश कुमार बैठा, नम्रता कुमारी, मोहित कुमार, रानी कुमारी, पम्मी कुमारी और आकांक्षा कुमारी। रजत व कांस्य पदक : पायल कर्मकार, लेखराज आनंद, कशक कच्छप, माही कुमारी, रवि रंजन गुप्ता, मनीषा कुमारी, पल्लवी रानी, आरव पांडेय, जसप्रीत कौर, सप्तर्षि मुखर्जी, दिव्या माझी, रिम्मी राज कुमारी, निरंजन कासी और सरिता सिंह सहित अन्य खिलाड़ियों ने पदक जीते। सफलता के सूत्रधार रांची टीम की इस ऐतिहासिक जीत में मुख्य कोच शिवराज बड़ाईक, अनिशका रानी और टीम मैनेजर सुजीत कुमार का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। साथ ही, तकनीकी हेड प्रहलाद भगत के नेतृत्व में निर्णायक टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थेरेपिस्ट देव कुमार ने खिलाड़ियों की फिटनेस सुनिश्चित की। सहायक सदस्य: आरती पांडे और बेबी कुमारी। आयोजन और बधाई कार्यक्रम का सफल संचालन लातेहार डिस्ट्रिक्ट योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सेक्रेटरी प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में हुआ। राज्य के प्रेसिडेंट श्री मनोज तिवारी, सचिव चंदू कुमार, कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह, मुख्य सलाहकार विपिन पांडे, रांची जिला योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन की प्रेसिडेंट संतोषी साहू, सेक्रेटरी डॉ एस के घोसाल और ट्रेजरार राहुल सिंह ने टीम की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी है। पदक तालिका रांची (चैंपियन) जमशेदपुर (द्वितीय) कोडरमा (तृतीय)

ओलंपिक सप्ताह के तहत जिम्नास्टिक प्रदर्शन, ड्रॉइंग एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन
Published / 2026-06-28 19:51:28
ओलंपिक सप्ताह के तहत जिम्नास्टिक प्रदर्शन, ड्रॉइंग एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन

ओलंपिक सप्ताह के तहत जिम्नास्टिक प्रदर्शन, ड्रॉइंग एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजनएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। ओलंपिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा बच्चों एवं युवाओं में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन द्वारा ओलंपिक सप्ताह के अंतर्गत रविवार को निगम पार्क, हरमू में जिम्नास्टिक प्रदर्शन मैच, ड्रॉइंग प्रतियोगिता एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिम्नास्टिक खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट संतुलन, लचीलापन एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से ओलंपिक की मूल भावना उत्कृष्टता, मित्रता,एवं सम्मान का संदेश दिया।ड्रॉइंग प्रतियोगिता में बच्चों ने ओलंपिक खेलों, फिट इंडिया, खेल भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित बच्चों, अभिभावकों एवं दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया और विजेताओं का तालियों से उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम के दौरान झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ओलंपिक सप्ताह का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में खेलों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।इस अवसर पर झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन के वर्किंग प्रेसिडेंट निशिकांत पाठक, सचिव तुलिका श्रीवास्तव, गोविंद झा, डॉ. दीपक कुमार साहु, दीपकुमारी मांझी, हेमा कुमारी, साथ ही नवेरा अखाड़ा से राजू कुमार, अमरजीत प्रसाद, देवाशीष थापा, प्रताप, मनीषा क्षेत्रीसहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक, प्रशिक्षक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन एवं ओलंपिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ। उक्त जानकारी रांची जिला जिम्नास्टिक एसोसिएशन गोविंद झा ने दी। 

एफआईएच प्रो लीग : भारत ने पाक को 7-1 से रौंदा
Published / 2026-06-27 21:25:28
एफआईएच प्रो लीग : भारत ने पाक को 7-1 से रौंदा

भारत ने एफआईएच प्रो लीग में पाकिस्तान को 7-1 से रौंदा, सात अलग अलग खिलाड़ियों ने दागे गोल एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण के तीसरे मैच में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत अंक तालिका में 7वें नंबर पर है। उन्होंने 15 मैच में 4 जीते और 7 हारे, जबकि 4 मैच ड्रॉ रहे। वहीं पाकिस्तान 15 मैच में से 15 हारकर 9वें स्थान पर है। भारत ने शुरू में गोल खाने के बाद शानदार वापसी की और इसके बाद गोल की बारिश कर दी। सुखजीत सिंह (20वें), हरमनप्रीत सिंह (26वें), हार्दिक सिंह (34वें), जुगराज सिंह (35वें), अभिषेक (41वें), राज कुमार पाल (44वें) और दिलप्रीत सिंह (54वें) ने गोल किए। मिडफील्डर हार्दिक को प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया। मैच की शुरुआत बेहद तेज गति से हुई। मनदीप सिंह के शानदार प्रदर्शन से भारत ने 90 सेकंड के भीतर ही पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। भारत इसका फायदा नहीं उठा पाया और पाकिस्तान ने जवाबी हमला करते हुए 13वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर दिया। भारत ने वीडियो रेफरल लिया लेकिन फैसला उसके पक्ष में नहीं गया और पाकिस्तान के कप्तान अबू बकर महमूद ने ड्रैग-फ्लिक से गोल करके अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। भारत ने हालांकि दूसरे क्वार्टर में अपने सटीक पास से मैच पर नियंत्रण हासिल कर लिया। पाकिस्तान को 18वें मिनट में उस समय झटका लगा जब अहमद नदीम के चेहरे पर उनके साथी खिलाड़ी अली गजनफर के एक पास से चोट लगी और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। भारत ने लगभग तुरंत ही इसका फायदा उठाया। पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत के जोरदार ड्रैग-फ्लिक शॉट को सुखजीत ने चतुराई से गोल में बदल दिया। इस तरह से भारत ने 20वें मिनट में स्कोर बराबर कर दिया। भारतीय कप्तान ने छह मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके हाफ टाइम तक भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।भारत ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बरकरार रखा। उसे 34वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर के चलते पेनल्टी मिली, जिसे हार्दिक ने गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया। पाकिस्तान ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसके प्रयासों को नाकाम कर दिया। भारत ने इसके बाद जवाबी हमला किया। दिलप्रीत ने सुखजीत के साथ शानदार तालमेल बिठाते हुए जुगराज को पास दिया, जिन्होंने 35वें मिनट में शानदार गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया। भारत ने आक्रामक रवैया जारी रखा जिसका उसे तब फायदा मिला जब सुखजीत ने अभिषेक को पास दिया, जिन्होंने 41वें मिनट में दौड़ते हुए गोल दाग दिया। भारत को तीसरे क्वार्टर के आखिर में लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले। इनमें से एक पर राज कुमार पाल ने रिबाउंड पर गोल किया और टीम की बढ़त को 6-1 कर दिया। अंतिम क्वार्टर में भारत ने रक्षापंक्ति में अनुशासन बनाए रखा और साथ ही आक्रमण जारी रखा।दिलप्रीत ने 54वें मिनट में सातवां गोल करके भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित कर दी। पाकिस्तान को मैच के आखिर में दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने शानदार बचाव करके भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

फीफा वर्ल्ड कप : स्वीडन को फ्रांस से मुकाबले लगा बड़ा झटका
Published / 2026-06-27 21:22:45
फीफा वर्ल्ड कप : स्वीडन को फ्रांस से मुकाबले लगा बड़ा झटका

फ्रांस के खिलाफ नॉकआउट मुकाबले से पहले स्वीडन को झटका, जानिए क्यों बाहर हुए स्टार डिफेंडर इसाक हिएन एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस के खिलाफ होने वाले बेहद महत्वपूर्ण नॉकआउट मैच से ठीक पहले स्वीडन की फुटबॉल टीम के लिए एक बेहद बुरी खबर सामने आयी है। टीम के स्टार डिफेंडर इसाक हिएन हैमस्ट्रिंग इंजरी की गंभीर चोट के चलते इस पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गये हैं। 27 साल के इस स्टार खिलाड़ी को यह चोट गुरुवार को जापान के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान लगी थी, जो 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ था। इस ड्रॉ मैच के नतीजे के साथ ही स्वीडन ने राउंड आॅफ 32 में अपनी जगह पक्की की थी और तीसरे स्थान की सर्वश्रेष्ठ 8 टीमों में शामिल रहते हुए नॉकआउट चरण का टिकट हासिल किया था। स्वीडिश फुटबॉल एसोसिएशन  ने शनिवार को इसाक की चोट की पुष्टि करते हुए बताया कि वह अब इस वर्ल्ड कप में आगे नहीं खेल पायेंगे और रिहैबिलिटेशन  शुरू करने के लिए अपने क्लब वापस लौटेंगे। डॉक्टर और कोच ने जतायी गहरी निराशा स्वीडन की नेशनल टीम के डॉक्टर जोनास वर्नर ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि इसाक के बाएं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट आयी है, जिसके कारण वह वर्ल्ड कप के आगामी मैचों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। वह वापस अपने क्लब लौट रहे हैं। इस चोट का सीधा मतलब यह है कि वह कुछ समय तक फुटबॉल के मैदान से पूरी तरह दूर रहेंगे। इस स्टार डिफेंडर के बाहर होने से स्वीडन को फ्रांस के खिलाफ होने वाले करो या मरो के नॉकआउट मैच में अपनी बैकलाइन (डिफेंस) में बड़ा बदलाव करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

कजाकिस्तान को हराकर एशिया जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वाफा में भारत
Published / 2026-06-27 21:21:28
कजाकिस्तान को हराकर एशिया जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वाफा में भारत

एशिया जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप: कजाकिस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में भारत, क्या टीम जीतेगी गोल्ड मेडल? एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम ने शनिवार को बैडमिंटन एशिया जूनियर मिश्रित टीम चैंपियनशिप में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। ग्रुप सी के अपने पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने कजाकिस्तान पर 2-0 (55-31, 55-21) की एकतरफा और धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। ग्रुप विजेता का फैसला करने के लिए अब भारत का मुकाबला चीनी ताइपे से होना है, जो बेहद अहम माना जा रहा है। कजाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने डबल्स (युगल) मैचों में बेहतरीन बदलाव करते हुए मैच का रुख अपनी तरफ मोड़ लिया। दुर्गा और कीर्ति की जोड़ी ने कैसे दिलायी भारत को शानदार शुरुआत? लड़कियों के डबल्स मुकाबले में भारत की दुर्गा ईशा कंदरापु और कीर्ति मंचाला की जोड़ी कोर्ट पर उतरी। इस जोड़ी ने कजाकिस्तान की अलीसा कुलेशोवा और डायना नामेनोवा को 11-5 से मात देकर भारतीय टीम को प्रतियोगिता में एक बेहतरीन और मजबूत शुरूआत प्रदान की। कड़े मुकाबले में पुनीत और दीप्ति ने किस तरह बनाया दबाव? इसके बाद मिश्रित युगल (मिक्सड डबल्स) मैच में पुनीत सुरेश और दीप्ति राज अदिति की भारतीय जोड़ी को कजाकिस्तान के मुस्तफा मलिकजान और कुलेशोवा से कड़ी चुनौती मिली। हालांकि, भारतीय जोड़ी किसी तरह 11-10 से जीत हासिल करने में सफल रही, जिससे कुल स्कोर भारत के पक्ष में 22-15 हो गया। इस शुरुआती बढ़त का फायदा उठाते हुए भारतीयों ने अगली तीन कैटेगरी में पूरी तरह से अपना दबदबा कायम किया और पहला सेट आसानी से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में विपक्षी टीम को छह अंक से आगे क्यों नहीं बढ़ने दिया? पहला सेट जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों के लिए दूसरा सेट और भी ज्यादा आसान साबित हुआ। कजाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने इतना जबरदस्त खेल दिखाया कि विपक्षी टीम का कोई भी खिलाड़ी किसी भी मैच में छह से ज्यादा अंक हासिल नहीं कर सका, जिससे भारत ने यह सेट और मैच आसानी से जीत लिया। क्या रिले फॉर्मेट में 110 पाइंट का लक्ष्य हासिल कर पाएगी टीम इंडिया? इस मिश्रित टीम इवेंट के लिए भारतीय टीम को ग्रुप सी में चीनी ताइपे, कजाकिस्तान और फिलीपींस के साथ रखा गया है। भारत के पास इस बार मिश्रित टीम इवेंट में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) के लिए चुनौती पेश करने का एक बड़ा मौका है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 123,712