एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। जब भी ये दोनों टीमें क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने होती हैं, तब करोड़ों लोग सारे काम छोड़कर टीवी से चिपक जाते हैं। यही वजह है कि हर बार भारत और पाकिस्तान के मैच के टेलीकॉस्ट के दौरान टीआरपी के नए-नए रिकॉर्ड बनते हैं। इन दोनों टीमों के बीच होने वाले मैच के टिकट भी हर बार चंद मिनटों में बिक जाते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ है। 23 अक्तूबर 2022 को भारत और पाकिस्तान की टीम आईसीसी टी-20 वर्ल्डकप के मैच में भिड़ेंगी। इस मैच के टिकट जैसे ही आम जनता के लिए उपलब्ध हुए, वैसे ही पूरे टिकट बिक गए। चंद मिनटों के अंदर सभी टिकट बिक चुके थे और अब बाकी फैंस को अपने घर में टीवी में ही यह मैच देखना होगा। हालांकि, यह पहला मौका नहीं है, जब भारत और पाकिस्तान के मैच के टिकट इतनी जल्दी बिके हों। इससे पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है। टी-20 वर्ल्डकप 2022 में भारत का शेड्यूल : पहला मैचः भारत बनाम पाकिस्तान, 23 अक्तूबर, मेलबर्न, दूसरा मैचः भारत बनाम ग्रुप ए की उपविजेता, 27 अक्तूबर, सिडनी, तीसरा मैचः भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, 30 अक्तूबर, पर्थ, चौथा मैचः भारत बनाम बांग्लादेश, दो नवंबर, एडिलेड, पांचवां मैचः भारत बनाम ग्रुप बी की विजेता, मेलबर्न।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के रोहन बोपन्ना और रामकुमार रामानाथन की जोड़ी ने टाटा ओपन महाराष्ट्र का खिताब जीत लिया है। यह इस जोड़ा का लगातार दूसरा एटीपी वर्ल्ड टूर का खिताब है। इससे पहले बोपन्ना और रामकुमार ने एडिलेड ओपन भी जीता था। टाटा ओपन के फाइनल में इस जोड़ी ने ल्यूक सेविले और जॉन पैट्रिक स्मिथ की जोड़ी को हराया। बोपन्ना और रामकुमार ने एक घंटे 44 मिनट तक चले मैच में ल्यूक और स्मिथ की जोड़ी को 6-7, 6-3, 10-6 से हराया। बोपन्ना का यह 21वां एटीपी डबल्स का खिताब रहा। वहीं, रामकुमार का यह दूसरा खिताब है। इस जीत के साथ रामकुमार पहली बार डबल्स में 100वीं रैंकिंग के अंदर आ जाएंगे। इस जोड़ी को करीब 12 लाख रुपये की इनामी राशि मिली। वहीं, प्रत्येक खिलाड़ी को 250 रैंकिंग प्वाइंट भी दिया गया। बोपन्ना इससे पहले 2019 में दिविज शरण के साथ टाटा ओपन का खिताब जीत चुके हैं। पहले सेट में दोनों के बीच कड़ी टक्कर हुई और ऑस्ट्रेलियन जोड़ी यह सेट 7-6 से जीतने में कामयाब रहे। इसके बाद दूसरे सेट में बोपन्ना-रामकुमार ने वापसी करते हुए आसानी से 6-3 से जीत लिया। तीसरे सेट को भी इन दोनों ने 10-6 से अपने नाम किया और ट्रॉफी जीत ली।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को पहले वनडे में छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम ने अपने 1000वें वनडे मैच को दमदार अंदाज में जीता। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज को 176 रन पर समेटने के बाद टीम इंडिया ने रोहित शर्मा (60) की अर्धशतकीय पारी की मदद से 132 गेंद शेष रहते बाजी अपने नाम कर ली।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड पांचवीं बार अंडर 19 विश्व कप जीत लिया। मौके पर बीसीसीआई ने भारतीय टीम के हर सदस्य को 40 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के लिये 25 लाख रुपये पुरस्कार की घोषणा की है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर खिलाड़ियों के उम्दा प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। ट्वीट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि हमारे युवा क्रिकेटरों पर बहुत गर्व है। ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई। उच्चतम स्तर पर उनका शानदार प्रदर्शन दर्शाता है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित और सक्षम हाथों में हैं। फाइनल मैच में भारत की जीत के बाद बोर्ड सचिव जय शाह ने ट्वीट किया, अंडर 19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करके खिताब जीतने वाले अंडर 19 टीम के सदस्यों को बीसीसीआई 40-40 लाख रुपये नकद पुरस्कार और सहयोगी स्टाफ को 25-25 लाख रुपये देगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर पांचवीं बार अंडर 19 विश्व कप जीत लिया है। इंग्लैंड ने भारत को 190 रनों का लक्ष्य दिया था। इंग्लैंड की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 189 रनों पर सिमट गयी थी. ग्यारह साल पहले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर महेंद्र सिंह धोनी ने छक्का लगाकर भारत को विश्व कप जिताया था और ठीक उसी अंदाज में दिनेश बाना ने इंग्लैंड के खिलाफ अंडर 19 विश्व कप फाइनल में छक्का लगाकर खिताब भारत की झोली में डाला। कोरोना से लेकर बाकी छह टीमों तक भारत के अश्वमेधी अभियान को कोई नहीं रोक सका और एक बार फिर इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम ने अपने दबदबे पर मुहर लगा दी। भारत की जीत के सूत्रधार रहे पांच विकेट लेने के बाद उम्दा बल्लेबाजी करने वाले राज बावा, बायें हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार और जुझारू अर्धशतक जड़ने वाले निशांत सिंधू। इनके प्रदर्शन के दम पर भारत ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर रिकॉर्ड पांचवीं बार अंडर 19 विश्व कप जीत लिया। टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे कामयाब टीम भारत ने इंग्लैंड को 44.5 ओवर में 189 रन पर आउट कर दिया था। बावा ने 9.5 ओवर में 31 रन देकर पांच विकेट लिये जबकि बायें हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने 34 रन देकर चार विकेट चटकाये। जवाब में भारत ने छह विकेट खोकर 14 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। एक समय पर भारत के चार विकेट 97 रन पर गिर चुके थे और आस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक लगाने वाले कप्तान यश धुल 17 रन पर आउट हो गए। लेकिन निशांत सिंधू (54 गेंद में नाबाद 50) और बावा (35) ने 67 रन की साझेदारी करके टीम को संकट से निकाला। उपकप्तान शेख राशिद ने लगातार दूसरे मैच में अच्छा प्रदर्शन करते हुए 50 रन बनाये। आखिर में दिनेश बाना ने जेम्स सेल्स को लगातार दो छक्के जड़कर 48वें ओवर में ही भारत को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। इससे पहले इंग्लैंड को जेम्स रीयू (95) ने शर्मनाक स्कोर पर सिमटने से बचाया। भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाये। इंग्लैंड के लिये रीयू और जेम्स सेल्स (नाबाद 34) ने आठवें विकेट के लिये 93 रन की साझेदारी की। यश धुल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने इंग्लैंड को दूसरे ही ओवर में झटका दिया, जब रवि ने जैकब बेथेल (दो) को सस्ते में आउट किया। शुरूआती झटके के बावजूद जॉर्ज थॉमस ने राजवर्धन हंगरगेकर के अगले ओवर में एक छक्के और दो चौकों समेत 14 रन निकाले। रवि ने एक बार फिर भारत को सफलता दिलाते हुए इंग्लैंड के कप्तन टॉम प्रेस्ट को पवेलियन भेजा। प्रेस्ट खाता भी नहीं खोल सके और इंग्लैड के दो विकेट चौथे ओवर में 18 रन पर निकल गए। रवि ने पहले दो ओवर में दो विकेट लिये। दूसरे छोर पर थॉमस ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए रवि को दो चौके लगाये। हंगरगेकर ने पहले स्पैल में 19 रन दिये जिसके बाद भाारतीय कप्तान धुल ने गेंदबाजी में बदलाव किया। उन्हें कामयाबी भी मिल जाती लेकिन बावा की गेंद पर स्लिप में कौशल ताम्बे ने थॉमस का कैच छोड़ा। इंग्लैंड को इस समय पर बड़ी साझेदारी की जरूरत थी लेकिन वह बन नहीं रही थी। बावा ने थॉमस को खराब शॉट खेलने पर मजबूर किया और गेंद कवर पर धुल के हाथों में गई। इंग्लैंड का स्कोर 11वें ओवर में तीन विकेट पर 37 रन था। स्कोर 50 रन होने से पहले विलियम लक्सटन ने बावा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे दिया। जॉर्ज बेल को बावा ने विकेट के पीछे दिनेश बाना के हाथों लपकवाया। इसके बाद रेहान अहमद ने बावा की गेंद पर पहली स्लिप में ताम्बे को कैच दिया। आफ स्पिनर ताम्बे ने एलेक्स हर्टोन को धुल के हाथों लपकवाया। उस समय इंग्लैंड 100 रन से सात रन पीछे थी। इसके बाद रीयू और जेम्स सेल्स ने पारी को संभााला।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार से खेला जाना है। लेकिन इस सीरीज से ठीक पहले टीम इंडिया को कई खिलाड़ियों के कोरोना से संक्रमित होने से कप्तान रोहित शर्मा के लिए बड़ी टेंशन खड़ी हो गई। हालांकि सेलेक्टर्स ने कुछ नए खिलाड़ियों को उन प्लेयर्स की जगह टीम में शामिल किया गया। इस बीच बीसीसीआई ने नया दांव खेलते हुए एक घातक खिलाड़ी को सीरीज से ठीक पहले टीम इंडिया में शामिल कर लिया। टीम में शामिल हुआ ये घातक बल्लेबाज : अब वेस्टइंडीज के खिलाफ कल पहले वनडे से पहले बीसीसीआई ने एक और घातक बल्लेबाज की टीम इंडिया में एंट्री कराई है। इस बल्लेबाज नाम है शाहरुख खान। शाहरुख खान को इस सीरीज के लिए बैकअप के लिए पहले ही टीम में जगह दी गई थी। लेकिन अब इस घातक बल्लेबाज की टीम में एंट्री हो चुकी है। शाहरुख एक घातक बल्लेबाज हैं और टीम में उनकी मौजूदगी से एक फिनिशर की कमी कभी महसूस नहीं होगी। वो लंबे छक्के लगाने के लिए पुरी दुनिया में मशहूर है। शानदार फिनिशर हैं शाहरुख खान : शाहरुख खान को आईपीएल में पंजाब किंग्स की तरफ से खेलते हैं, लेकिन इस बार पंजाब की टीम ने उन्हें रिटेन नहीं किया है। शाहरुख ने आईपीएल 2021 में अपने खेल से सभी का दिल जीत लिया था। वहीं, शाहरुख खान पिछले कुछ समय से अपने बल्ले से घरेलू क्रिकेट में धमाल मचा रहे हैं। उनके बल्ले की गूंज सारी दुनिया ने सुनी है। विजय हजारे ट्रॉफी में शाहरुख खान ने तमिलनाडू की तरफ से खेलते हुए 39 गेंदों पर 79 रन बनाए, जिसमें 7 चौकों और 6 छक्के शामिल थे। सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2021 के फाइनल में तमिलनाडू को आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर जीत दिलाई। वह बिल्कुल ही धोनी के अंदाज में बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में यह खिलाड़ी वेस्टइंडीज टूर पर फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। टीम इंडिया के लिए बहुत ही फायदेमंद हो सकते हैं। ईशान को मिलेगी ओपनिंग की जिम्मेदारी : शाहरुख के अलावा वनडे टीम में ईशान किशन को वनडे टीम में चुना गया। ये युवा बल्लेबाज पहले मैच में ओपनिंग करता हुआ नजर आएगा। ये बात खुद कप्तान रोहित शर्मा ने साफ की है। भारत और वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला मैच से पहले ही दिग्गज बल्लेबाज शिखर धवन कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से और केएल राहुल निजी कारणों की वजह से नहीं खेल रहे हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक रोहित शर्मा के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में ईशान किशन ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आएंगे। ईशान किशन बहुत ही शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। बता दें कि ईशान को कोरोना संक्रमित हुए श्रेयस अय्यर की जगह टीम में जगह दी गई है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर ने शनिवार को होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय पुरुष अंडर-19 क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं दीं। सचिन ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट में कहा, भारत अंडर-19 टीम, जो वेस्ट इंडीज में विश्व कप खेल रही है, बहुत अच्छे। आपने इतनी सारी चुनौतियों के बावजूद अद्भुत क्रिकेट खेला है। मुझे पता है कि कुछ खिलाड़ी ऐसे थे जो कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के कारण प्लेइंग इलेवन (एकादश) का हिस्सा नहीं बन पाए, लेकिन याद रखें चैंपियंस के पास हमेशा सब कुछ सबसे अच्छा नहीं होता है, वे अपने पास मौजूद हर चीज को सर्वश्रेष्ठ बनाते हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। स्कीयर आरिफ खान ने शुक्रवार को यहां शीतकालीन ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के दौरान छोटे से 4 सदस्यीय भारतीय दल की अगुवाई की। हालांकि देश ने समारोह के राजनयिक बहिष्कार का फैसला किया है। खेलों में केवल एकमात्र भारतीय के रूप में 31 वर्षीय स्कीयर आरिफ हिस्सा लेंगे जिन्होंने स्लालोम और जायंट स्लालोम स्पर्धा के लिये क्वालीफाई किया है। भारत ने एक कोच, एक तकनीशियन और एक टीम मैनेजर सहित छह सदस्यीय दल भेजा है।आरिफ खेलों के एक ही चरण में दो स्पधार्ओं के लिये क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय हैं और उनकी स्पधार्एं 13 और 16 फरवरी को होंगी। बर्ड्स नेस्ट स्टेडियम में उद्घाटन समारोह में भारतीय दल 23वें नंबर पर उतरा। अमेरिका और ब्रिटेन जैसे ताकतवर देशों के जिनजियांग क्षेत्र में कथित मानवाधिकार के कथित उल्लंघन पर राजनयिक बहिष्कार के बीच चीन ने 84 देशों के खिलाडि?ों का स्वागत किया। भारत ने घोषणा की थी कि बीजिंग में भारतीय दूतावास का कोई भी राजनयिक 2022 शीतकालीन ओलंपिक के उद्घाटन और समापन समारोह में हिस्सा नहीं लेगा क्योंकि चीन ने गलवान घाटी में हुई झड़प में शामिल एक सैन्य कमांडर को इन खेलों का मशालवाहक बनाया है। विदेश मंत्रालय ने गलवान कमांडर को इस खेल प्रतियोगिता का मशाल धारक बनाकर सम्मानित करने के चीन के इस कदम को खेदजनक करार दिया।चीन ने बुधवार को की फाबाओ को खेलों की मशाल रिले में मशाल धारक के रूप में पेश किया था। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के रेजीमेंटल कमांडर फाबाओ जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों के साथ झड़प में घायल हो गए थे। कश्मीर के बारामुला जिले में जन्में आरिफ ने काफी छोटी उम्र में ही स्कीइंग शुरू कर दी थी और महज 12 साल की उम्र में पहली राष्ट्रीय स्लालोम चैम्पियनशिप जीती थी। इसके बाद उन्होंने 2011 में दक्षिण एशियाई शीतकालीन खेलों में स्लालोम और जायंट स्लालोम स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीते थे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में जगह पक्की कर ली है, जहां भारतीय टीम का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। भारतीय U-19 टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 96 रन शिकस्त दी और फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-19 विश्व कप का फाइनल में शनिवार को भारत और इंग्लैंड के बीच होगा। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने कप्तान यश धुल (110) के शतक और उप कप्तान शेख रशीद (94) के अर्धशतक की बदौलत वेस्टइंडीज में खेले जा रहे अंडर-19 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट पर 290 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 41.5 ओवर में ही 194 रन पर सिमट गई। भारत की तरफ से विकी ओस्तवाल ने तीन विकेट चटकाए, रवि कुमार और निशांत सिंधु ने दो-दो झटके। कौशल तांबे और अंगक्रिश रघुवंशी को एक-एक विकेट मिले। वहीं, लाचलन शॉ ने ऑस्ट्रेलिया की ओर सर्वाधिक 51 रन बनाए। इसके अलावा कोरे मिलर ने 38 रन और कैंपबेल केलावेल ने 30 रन की पारी खेली। भारतीय पारी के दौरान धुल और रशीद ने टीम को शुरुआती दो झटकों से उबारा और इस मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 204 रन की साझेदारी निभाई। भारत ने फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी (06) का विकेट आठवें ओवर में 16 रन के स्कोर पर ही गंवा दिया था। विलियम साल्जमैन (57 रन देकर दो विकेट) की गेंद रघुवंशी के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर उनके स्टंप उखाड़ गई। दूसरे सलामी बल्लेबाज हरनूर सिंह (16) भी ज्यादा देर तक नहीं टिक सके और भारत को दूसरा झटका 37 रन पर लगा। धुल और रशीद ने गजब का संयम दिखाया और भारत को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया। इस दौरान धुल ने अपना शतक पूरा किया लेकिन रशीद छह रन से 100 रन बनाने से चूक गये। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 204 रन की साझेदारी निभा ली थी कि कप्तान धुल रन आउट हो गये। वह 46वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने 110 गेंद में 10 चौके और एक छक्के की मदद से इतने ही रन बनाये। अगली ही गेंद पर रशीद भी अपना विकेट गंवा बैठे। टीम का स्कोर 241 रन था और वह जैक निस्बेट (नौ ओवर में एक मेडन से 41 रन देकर दो विकेट) की गेंद का शिकार हो हुए। उन्होंने 108 गेंद में आठ चौके और एक छक्के से 94 रन की पारी खेली। कोविड-19 से उबरने के बाद इस मैच में वापसी करने वाले निशांत सिंधू 12 (एक चौका और एक छक्का) और विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश बना 20 रन (चार गेंद में दो चौके और दो छक्के) बनाकर नाबाद रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.