एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने युगांडा के खिलाफ 326 रनों से विशाल जीत हासिल की। यह टीम इंडिया की अंडर-19 विश्व कप 2022 में लगातार तीसरी जीत है और वह अब ग्रुप-बी में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर-फ़ाइनल में पहुंच चुकी है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 405 रन बनाए और इसके बाद युगांडा के नौ खिलाड़ियों को 79 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। युगांडा के सलामी बल्लेबाज आइज़ैक अटेका रिटायर्ड हार्ट होकर अस्पताल चले गए जिसकी वजह से भारत ने इस मुकाबले को 326 रनों के विशाल अंतर से अपने नाम कर लिया है। मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 405 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की तरफ से राज बावा ने 162 रन की नाबाद पारी खेली तो वहीं अंगक्रिश रघुवंशी ने 144 रन बनाए। भारत के लक्ष्य का पीछा करने उतरी युगांडा की टीम पहले ही ओवर से विकेट गंवाती चली गई और देखते-देखते पूरी टीम 19.4 ओवर में 79 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से कप्तान निशांत सिंधु ने सर्वाधिक चार विकेट लिए जबकि राजवर्धन को दो विकेट मिले। अंडर-19 विश्व कप में भारत की ओर से सर्वाधिक रनों की पारी खेलने वाले राज बावा को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु सैयद मोदी इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई हैं। शनिवार (22 जनवरी) को महिला एकल में उनके खिलाफ उतरने वाले रूस की इवजेनिया कोसेतस्काया ने बीच में ही मैच को छोड़ दिया। वे चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गईं। दो बार ओलंपिक पदक जीतने वाली सिंधु फाइनल में हमवतन मालविका बंसोद से भिड़ेंगी। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने कोसेतस्काया के खिलाफ पहला गेम 21-11 से जीत लिया था। पहला गेम हारने के बाद दूसरे गेम के शुरू होने से पहले कोसेतस्काया ने मैच छोड़ने का फैसला किया। एक अन्य सेमीफाइनल मैच में मालविका ने तीन गेम तक चले मुकाबले में हमवतन अनुपमा उपाध्याय को शिकस्त दी। मालविका ने मैच को 19-21 21-19 21-7 से अपने नाम किया। सिंधु पिछले कुछ समय से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। फॉर्म, वर्ल्ड रैंकिंग और कोसेतस्काया के खिलाफ रिकॉर्ड को देखते हुए सिंधु मैच जीतने की दावेदार मानी जा रही थीं। बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में सिंधु अभी सातवें स्थान पर हैं। शनिवार को हुए सेमीफाइनल मैच से पहले उन्होंने कोसेतस्काया को दो बार हराया था। उन्होंने अपने दबदबे को बरकरार रखा है। सिंधु ने सेमीफाइनल में अपना स्थान छठी वरीयता प्राप्त थाईलैंड की सुपानिदा काटेथोंग को हराकर पक्का किया था। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में काटेथोंग को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराया था। सिंधु पहला गेंद 11-21 से हारने के बाद शानदार वापसी की थी। उन्होंने मैच को 11-21, 21-12, 21-17 से अपने नाम किया था। दोनों के बीच यह मुकाबला एक घंटा पांच मिनट तक चला था।
एबीएन अपोर्टस डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कोरोना महामारी के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव किया है। बोर्ड ने शनिवार (22 जनवरी) को इस बात की जानकारी दी। नए कार्यक्रम के मुताबिक, वनडे सीरीज के सभी मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम और टी20 सीरीज के सभी मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाएंगे। वनडे और टी20 सीरीज में तीन-तीन मैच होंगे। बोर्ड द्वारा पहले जारी कार्यक्रम के मुताबिक वनडे और टी20 सीरीज के कुल छह मैच छह अलग-अलग मैदानों पर आयोजित होने वाले थे। बीसीसीआई ने मजबूत बायो-बबल को बनाने के लिए इसमें बदलाव किया है। इससे खिलाड़ियों के साथ-साथ मैच अधिकारियों, प्रसारकों और अन्य हितधारकों की सुरक्षा पुख्ता होगी। सीरीज का पूरा कार्यक्रम : छह फरवरी रविवार पहला वनडे अहमदाबाद, नौ फरवरी बुधवार दूसरा वनडे अहमदाबाद, 11 फरवरी शुक्रवार तीसरा वनडे अहमदाबाद, 16 फरवरी बुधवार पहला टी20 कोलकाता, 18 फरवरी शुक्रवार दूसरा टी20 कोलकाता, 20 फरवरी रविवार तीसरा टी20 कोलकाता।
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 सीजन का आयोजन भारत में ही किया जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के शीर्ष सूत्रों ने इसकी पुष्टि कर दी है। सूत्रों का कहना है कि अगर देश में कोविड-19 का प्रकोप कम हो जाता है तो निश्चित तौर पर बोर्ड भारत में ही आईपीएल 2022 की मेजबानी करेगा। हालांकि इस अच्छी खबर के साथ एक बुरी खबर भी आई है कि इस टूर्नामेंट में दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं मिलेगी। टूर्नामेंट के लिए वानखेड़े स्टेडियम, क्रिकेट क्लब आॅफ इंडिया (सीसीआई), मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम देखे गए हैं। यदि आवश्यक हुई तो पुणे स्टेडियम को भी इस्तेमाल किया जा सकता है। बता दें कि आईपीएल मैगा आॅक्शन के लिए कुल 1,214 खिलाडि?ों (896 भारतीय और 318 विदेशी) ने रजिस्ट्रेशन कराई है। दो दिवसीय मेगा नीलामी में 10 टीमें विश्व क्रिकेट की कुछ बेहतरीन प्रतिभाओं के लिए बोली लगाएंगी। खिलाडि?ों की सूची में 270 कैप्ड, 903 अनकैप्ड और 41 एसोसिएट खिलाड़ी शामिल हैं। विस्तृत सूची : कैप्ड इंडियन (61 खिलाड़ी), कैप्ड इंटरनेशनल (209 खिलाड़ी), एसोसिएट (41 खिलाड़ी), अनकैप्ड भारतीय जो पिछले आईपीएल सीज? (143 खिलाड़ी) का हिस्सा थे, अनकैप्ड इंटरनेशनल जो पिछले का हिस्सा थे आईपीएल सीजन (6 खिलाड़ी), अनकैप्ड भारतीय (692 खिलाड़ी), और अनकैप्ड इंटरनेशनल (62 खिलाड़ी)। बता दें कि आईपीएल की नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होनी है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। केएल राहुल की कप्तानी टीम इंडिया का रास नहीं आ रही है। पहले टेस्ट सीरीज में हार और अब भारत ने वनडे सीरीज भी गंवा दी है। पर्ल के मैदान पर खेला गया दूसरा वनडे मैच दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट से जीतकर वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। सीरीज गंवाने के बाद भारतीय कप्तान केएल राहुल निराश दिखे। उन्होंने मैच के बाद हार के कारणों पर चर्चा करते हुए साफ तौर पर कहा कि दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने बेहतर खेल दिखाया इसलिए जीत उनके पाले में जा गिरी। केएल राहुल ने कहा कि मुझे लगता है कि वे घर में कुछ बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। हम बीच में भी गलतियां कर रहे हैं। यह हमारे लिए अच्छी सीख है। हम एक ऐसी टीम हैं जो जीतने में बहुत गर्व महसूस करती है। उम्मीद है कि हम आगे बढ़ सकते हैं। हम उन चीजों को बेहतर करने की कोशिश कर रहे हैं जो हमने अतीत में अच्छा नहीं कीं। किसी भी टीम के लिए साझेदारी महत्वपूर्ण होती है खास तौर पर मध्य क्रम में। इसके अलावा बीच के ओवरों में गेंदबाजी भी महत्वपूर्ण हो जाती है। केएल राहुल ने विकेट पर बात करते हुए कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह ऐसी पिच थी जहां वे इतनी आसानी से 280 रनों का पीछा कर सकते थे। उन्हें श्रेय जाता है। उन्होंने हमें साझेदारी का महत्व दिखाया। जिससे हमारे गेंदबाज दबाव में आ गए। पहले गेम में शिखर और विराट ने जिस तरह से बल्लेबाजी की वह बहुत अच्छी थी और आज ऋषभ ने जिस तरह से बल्लेबाजी की वह अच्छा था। स्पिनर अच्छा कर रहे हैं साथ ही शार्दूल ठाकुर भी। जसप्रीत हमारे लिए स्टैंडआउट गेंदबाज रहे हैं और युजी आज अच्छे रहे हैं। वहीं, टीम में बदलाव पर केएल राहुल ने कहा कि हमारी ऊर्जा बहुत अच्छी रही है। खास तौर पर बायोबबल में रहना कठिन है। हम चुनौतियों का सामना करते हैं लेकिन पहले 2 गेम में हमारी कोशिश रंग नहीं लाई। अब हम आगे देंखेंगे और कोशिश करेंगे कि आखिरी वनडे जीतें। यह कहना जल्दबाजी होगी कि अगले वनडे में टीम में बदलाव होगा या नहीं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए शेड्यूल की घोषणा कर दी है। भारत को सुपर 12 में पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश के साथ रखा गया है। जबकि चार टीमें श्रीलंका, नामिबिया, वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड की टीमें 16 अक्तूबर से शुरू हो रहे पहले चरण में क्वालिफाई करने के लिए आपस में भिड़ेंगी। इनमें से चुनी जाने वाली दो टीमों को सुपर 12 में खेलने का अवसर मिलेगा। वहीं भारत का पहला मैच 23 अक्तूबर को एमसीजी में पाकिस्तान के खिलाफ होगा। टी20 वर्ल्ड कप के मैच 16 अक्तूबर से 13 नवंबर के बीच खेले जाएंगे। भारत पूरे टूर्नामेंट में कुल पांच मैच खेलेगा। पहला 23 अक्तूबर को पाकिस्तान के खिलाफ, दूसरा 27 अक्तूबर को ग्रुप ए की रनर अप के साथ, तीसरा 30 अक्तूबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ इसके बाद चौथा मैच 2 नवंबर बांग्लादेश के साथ और पांचवा 6 नवंबर ग्रुप बी की विनर के साथ। टी20 वर्ल्ड कप के मैचों का आयोजन सात स्थानों- एडिलेड, ब्रिस्बेन, जिलॉन्ग, होबार्ट, मेलबर्न, पर्थ और सिडनी में होगा। टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल 13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में होगा। वहीं सेमीफाइनल का आयोजन 9 और 10 नवंबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड और एडिलेड ओवल में होगा। वहीं, वर्ल्ड कप मैचों के लिए टिकटों की बिक्री सात फरवरी से शुरू होगी। हालांकि इस दौरान कोरोना की गाइडलाइन का पालन भी करना होगा। टी20 वर्ल्ड कप का यह आठवां संस्करण होगा। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 2007 में हुई थी। भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की अनुवाई में यह ट्राफी अपने नाम की थी। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 इस बार ऑस्ट्रेलिया में खेला जाएगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल ने पिछले साल (2021) की महिलाओं की सर्वश्रेष्ठ वनडे प्लेइंग-11 की घोषणा कर दी है। इस टीम में दो भारतीय खिलाड़ियों को जगह मिली है। भारतीय कप्तान मिताली राज और तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी इसमें जगह बनाने में कामयाब रही हैं। वहीं, पाकिस्तान की सिर्फ एक खिलाड़ी फातिमा सना को इसमें जगह मिली है। आईसीसी ने इस टीम में उन खिलाड़ियों को शामिल किया, जिन्होंने वनडे में अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। इंग्लैंड की हीथर नाइट को इस टीम का कप्तान बनाया गया है। 39 साल की मिताली राज ने पिछले साल उतने ही रन बनाए, जितने की इंग्लैंड की ओपनर टैमी ब्यूमोंट ने बनाये। हालांकि, मिताली के 503 रन उस समय में आए जब टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। पिछले साल उन्होंने वनडे में कोई सेंचुरी नहीं लगाई। हालांकि, 2021 में उनके नाम छह अर्धशतक जरूर हैं। वहीं, 39 साल की झूलन भी पिछले साल शानदार फॉर्म में थीं। उन्होंने तब वनडे में कुल 15 विकेट चटकाये और इकोनॉमी रेट 3.77 का रहा। झूलन के पास काफी अनुभव है और वह विकेट निकालने में माहिर हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने संन्यास की घोषणा कर दी है। ऑस्ट्रेलियन ओपन खेलने पहुंचीं सानिया ने कहा है कि 2022 उनका आखिरी सीजन होगा। यानी इस साल वह आखिरी बार कोर्ट पर दिखेंगी। बुधवार को उन्हें महिला डबल्स के पहले राउंड के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। उनकी और यूक्रेन की नादिया किचेनोक की जोड़ी को स्लोवेनिया की तमारा जिडानसेक और काजा जुवान की जोड़ी ने 4-6 6-7(5) से हरा दिया। इस तरह वो साल के पहले ग्रैंडस्लैम से पहले दौर में ही बाहर हो गईं।सानिया मिर्जा ने महिला डबल्स में 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2015 में विम्बलडन और यूएस ओपन का खिताब जीता था। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में वो 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2012 में फ्रेंच ओपन और 2014 में यूएस ओपन का खिताब जीत चुकी हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। बायर्न म्युनिख के फॉरवर्ड रॉबर्ट लेवांडोवस्की एक बार फिर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पुरूष फुटबॉलर चुने गए हैं जिन्होंने लियोनेल मेस्सी और मोहम्मद सालाह जैसे सितारों को पछाड़ा। पिछले महीने मेस्सी ने उन्हें पछाड़कर बलोन डी ओर पुरस्कार जीता था। अर्जेंटीना को 2021 कोपा अमेरिका खिताब दिलाने वाले मेस्सी फीफा के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर की दौड़ में दूसरे और लिवरपूल के सालाह तीसरे स्थान पर रहे। लेवांडोवस्की ने म्युनिख से वीडियो लिंक के जरिए कहा, यह पुरस्कार जीतकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। क्लब अधिकारियों ने उन्हें आनलाइन ट्रॉफी प्रदान की। लेवांडोवस्की 200 से अधिक देशों के राष्ट्रीय टीम कप्तानों और कोचों के साथ चुनिंदा मीडिया की पहली पसंद थे। मेस्सी को दुनिया भर के प्रशंसकों से पोलैंड के कप्तान से दुगुने से भी ज्यादा वोट मिले। तीनों उम्मीदवारों ने भी अपनी अपनी टीम के कप्तान के तौर पर वोट डाले। लेवांडोवस्की ने मेस्सी को दूसरे नंबर पर रखा जबकि सालाह ने अपने शीर्ष तीन में दोनों को रख। मेस्सी ने शीर्ष तीन में नेमार और काइलान एमबाप्पे को रखा जो अब पेरिस सेंट जर्मेन में उनके साथ खेलते हैं। लेवांडोवस्की ने 2020.21 सत्र में बायर्न को खिताब दिलाने के साथ बुंडेस्लिगा में रिकॉर्ड 41 गोल किए। उन्होंने 2021 में 43 गोल करके गर्ड म्यूलर के दोनों रिकॉर्ड तोड़े। उन्होंने कहा, अगर कुछ साल पहले आप मुझसे पूछते कि क्या यह संभव है तो मैं कहता कि नहीं। बुंडेस्लिगा में इतने गोल करना असंभव है। महिला वर्ग में बलोन डि ओर विजेता एलेक्सिया पुतालेस को ही इस पुरस्कार के लिए चुना गया। वह बासीर्लोना की कप्तान थी जिसने पहली महिला चैम्पियंस लीग जीती। चेलसी की सैम केर दूसरे स्थान पर रही जबकि बासीर्लोना की जेनिफर हरमोसो तीसरे स्थान पर रही। कोचिंग के दोनों पुरस्कार चेलसी के नाम रहे। थॉमस टचेल को सर्वश्रेष्ठ पुरूष कोच और एम्मा हायेस को सर्वश्रेष्ठ महिला कोच चुना गया। टचेल ने मैनचेस्टर सिटी के पेप गार्डियोला को पछाड़ा। फीफा विश्व एकादश में सालाह को जगह नहीं मिली चूंकि फॉरवर्ड पंक्ति में मेस्सी, लेवांडोवस्की, एर्लिंग हालैंड और क्रिस्टियानो रोनाल्डो को चुना गया। रोनाल्डो समारोह के मुख्य अतिथि भी थे जो खुद वहां मौजूद थे और पुरूष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए सर्वाधिक गोल करने का सर्वकालिक रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्होंने विशेष पुरस्कार लिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.