Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 36
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

खेल समाचार

View All
झारखंड विमेंस टी-20 प्रीमियर लीग में कोल्हान और पलामू विजयी
Published / 2026-06-04 20:44:46
झारखंड विमेंस टी-20 प्रीमियर लीग में कोल्हान और पलामू विजयी

झारखंड विमेंस टी-20 प्रीमियर लीग: कोल्हान डायनोमोज और पलामू वॉरियर्स ने दर्ज की जीत एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (रांची)। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) द्वारा आयोजित झारखंड विमेंस टी20 प्रीमियर लीग के दूसरे दिन गुरुवार को खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच और शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन से भरपूर रहे। दिन के पहले मैच में कोल्हान डायनोमोज ने संथाल चैलेंजर को 53 रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में पलामू वॉरियर्स ने छोटानागपुर ब्लास्टर को 3 विकेट से मात देकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में संथाल चैलेंजर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए उतरी कोल्हान डायनोमोज की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 159 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की बल्लेबाजों ने संयमित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संथाल चैलेंजर की शुरूआत उम्मीद के अनुरूप नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम कभी भी लक्ष्य के करीब पहुंचती नहीं दिखी। पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 106 रन ही बना सकी और उसे 53 रन से हार का सामना करना पड़ा। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए कोल्हान डायनोमोज की दूर्गा मुर्मू को मोमेंट्स प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार श्रीनिवास ने प्रदान किया। वहीं संथाल चैलेंजर की अंजलि हेम्ब्रम को मोमेंट्स बेस्ट इकॉनमी बॉलर का पुरस्कार विनय बिहारी कर्ण ने दिया। कोल्हान डायनोमोज की अनांदिता किशोर को सर्वाधिक छक्के लगाने के लिए मोमेंट्स मैक्सिमम सिक्सेस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जिसे शैलेन्द्र कुमार ने प्रदान किया। दिन के दूसरे मुकाबले में पलामू वॉरियर्स और छोटानागपुर ब्लास्टर आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पलामू वॉरियर्स ने पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए छोटानागपुर ब्लास्टर ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 145 रन बनाए। टीम की बल्लेबाजों ने उपयोगी पारियां खेलते हुए प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। 146 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलामू वॉरियर्स ने दबाव के बावजूद शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने 18.4 ओवर में 7 विकेट खोकर 147 रन बना लिए और मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पलामू की बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया।

जापान : अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत ने सिंगापुर को 25-0 से रौंदा
Published / 2026-06-03 18:29:59
जापान : अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत ने सिंगापुर को 25-0 से रौंदा

जापान में झारखंड की बेटियों का जलवा, भारत ने सिंगापुर को 25-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में बनायी जगह टीम एबीएन, रांची। जापान के काकामीगहारा में आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय टीम ने अपने अंतिम लीग मुकाबले में सिंगापुर को 25-0 के विशाल अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की बेटियों ने भी अहम भूमिका निभायी। राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ी संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी ने एक-एक गोल दागकर भारत की जीत में योगदान दिया। 29 मई से 6 जून तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने अब तक आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया है। टीम ने लगातार तीन मैच जीतकर पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया और अपराजित रहते हुए अंतिम चार में जगह बनायी। सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरू से ही दबदबा बनाये रखा और विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया। भारत की ओर से नाज नौशीन ने सबसे अधिक सात गोल किये, जबकि गीथाश्री नम्मी ने पांच और टीम की कप्तान स्वीटी कुजूर ने चार गोल दागे। इसके अलावा झारखंड की संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी ने भी एक-एक गोल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। भारतीय टीम की इस जीत को अंडर-18 स्तर पर सबसे बड़ी जीतों में से एक माना जा रहा है। इस प्रतियोगिता में झारखंड से कुल छह खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इनमें पुष्पा मांझी, संदीपा कुमारी, श्रुति कुमारी, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और सुगन सांगा शामिल हैं। राज्य की इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से झारखंड के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। मैच के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह भी स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जीत के बाद उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को इसी लय को बरकरार रखते हुए फाइनल तक पहुंचना चाहिए और जापान की धरती पर भारत का तिरंगा लहराना चाहिए। भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, झारखंड की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि राज्य प्रतिभा के मामले में किसी से कम नहीं है। संदीपा, पुष्पा और श्रुति द्वारा गोल करना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है।भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है और हमें पूरा विश्वास है कि टीम सेमीफाइनल में भी जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचेगी। सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं। हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अब देश की नजरें सेमीफाइनल पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम अपने विजयी अभियान को आगे बढ़ाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

फीफा : खिताबी जंग के लिए तैयार हैं 48 देशों के फुटबॉलर
Published / 2026-06-03 18:28:32
फीफा : खिताबी जंग के लिए तैयार हैं 48 देशों के फुटबॉलर

फीफा वर्ल्ड कप 2026: चोट से जूझ रहे ये आठ स्टार खिलाड़ी, लियोनेल मेसी और नेमार जैसे दिग्गजों के नाम शामिल एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 48 देशों की रिकॉर्ड भागीदारी वाले इस मेगा टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें अपनी अंतिम तैयारियों में जुटी हुई हैं। हालांकि, कई बड़े स्टार खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है, जो उनकी टीमों की विश्व कप योजनाओं को प्रभावित कर सकती है। लगातार व्यस्त फुटबॉल कैलेंडर और चोटों की समस्या के कारण कई दिग्गज खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं हैं। आइये जानते हैं उन 8 खिलाड़ियों के बारे में, जिनकी फिटनेस फीफा विश्व कप 2026 से पहले उनकी टीमों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। 1. लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) इस सूची में सबसे बड़ा नाम अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी का है। इंटर मियामी के लिए हालिया मैच में उन्हें एहतियातन मैदान से बाहर बुला लिया गया था, जिसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर चर्चाएं तेज हो गयीं। 2022 विश्व कप विजेता कप्तान मेसी शानदार फॉर्म में हैं और 16 मैचों में 20 गोल योगदान दे चुके हैं। हालांकि, अर्जेंटीना टीम प्रबंधन उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाये हुए है। यदि मेसी पूरी तरह फिट नहीं होते हैं, तो यह अर्जेंटीना के लगातार दूसरा विश्व कप जीतने के सपने को बड़ा झटका हो सकता है। 2. नेमार जूनियर (ब्राजील) ब्राजील के स्टार फॉरवर्ड नेमार जूनियर की विश्व कप टीम में वापसी ने प्रशंसकों को उत्साहित किया है। नेमार 2022 विश्व कप की निराशा को पीछे छोड़कर ब्राजील को छठा विश्व कप खिताब दिलाने का सपना देख रहे हैं। हालांकि, मई 2026 में उन्हें फिर से मामूली पिंडली (काफ) की चोट लगी थी। वह समय पर वापसी कर सकते हैं, लेकिन उनकी लगातार चोटें ब्राजील के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। 3. लामिन यामाल (स्पेन) स्पेन और बार्सिलोना के युवा स्टार लामिन यामाल विश्व फुटबॉल के सबसे चमकदार खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने यूईएफए यूरो 2024 में स्पेन को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभायी थी। हालांकि, बार्सिलोना के लिए खेलते हुए उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट लगी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह विश्व कप के शुरुआती दो ग्रुप मुकाबले मिस कर सकते हैं। उनकी अनुपस्थिति स्पेन की खिताबी उम्मीदों को प्रभावित कर सकती है। 4. अकरफ हकीमी (मोरक्को) पीएसजी के स्टार राइट-बैक अकरफ हकीमी हाल के वर्षों में क्लब और देश दोनों के लिए शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। लेकिन बायर्न म्यूनिख के खिलाफ चैंपियंस लीग मुकाबले में जांघ की मांसपेशियों में चोट लगने के बाद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मोरक्को की प्रारंभिक विश्व कप टीम में उनका नाम नहीं होने से अटकलों का बाजार भी गर्म है। 5. अल्फोंसो डेविस (कनाडा) विश्व कप के सह-मेजबान कनाडा के कप्तान अल्फोंसो डेविस भी चोटिल हैं। बायर्न म्यूनिख के इस स्टार विंग-बैक को पीएसजी के खिलाफ यूईएफए चैंपियंस लीग मुकाबले में हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, डेविस शुरूआती ग्रुप स्टेज मुकाबले मिस कर सकते हैं, जिससे कनाडा की संभावनाओं को झटका लग सकता है। 6. क्रिस्टियन रोमेरो (अर्जेंटीना) अर्जेंटीना के अनुभवी डिफेंडर क्रिस्टियन रोमेरो भी चोट से जूझ रहे हैं। उन्हें हाई-ग्रेड मेडियल कोलेटरल लिगामेंट (एमसीएल) टियर हुआ है, जिसके कारण वह लगभग आठ सप्ताह तक मैदान से दूर रह सकते हैं। हालांकि, मेडिकल टीम को उम्मीद है कि वह विश्व कप तक फिट हो जायेंगे, लेकिन तैयारी की कमी के कारण शुरूआती ग्रुप मैचों में उनकी अनुपस्थिति संभव है। 7. निको पाज (अर्जेंटीना) युवा मिडफील्डर निको पाज ने इस सीजन कोमो 1907 के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 मैचों में 20 गोल योगदान (गोल और असिस्ट) दिये हैं। 2024 में अर्जेंटीना के लिए पदार्पण करने वाले पाज अब कोच लियोनेल स्कालोनी की योजनाओं का अहम हिस्सा बन चुके हैं। हालांकि, घुटने में चोट लगने के कारण वह हाल ही में पार्मा के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहे। उनकी फिटनेस अर्जेंटीना के खिताब बचाने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। 8. मेम्फिस डेपे (नीदरलैंड्स) नीदरलैंड्स के स्टार स्ट्राइकर मेम्फिस डेपे चोटों से लगातार परेशान रहे हैं। 2025 में कोरिंथियंस से जुड़ने के बाद वह करीब 144 दिनों तक चोट के कारण मैदान से दूर रहे। हाल ही में प्रशिक्षण में वापसी के बावजूद उन्हें पेनारोल के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहना पड़ा। डच कोच रोनाल्ड कोएमैन डेपे को टीम का सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी मानते हैं। ऐसे में उनकी फिटनेस नीदरलैंड्स के अभियान के लिए बेहद अहम होगी।

रील्स पर रोक नहीं, लेकिन कंट्रोल में रहें : देवजीत सैकिया
Published / 2026-06-02 18:17:45
रील्स पर रोक नहीं, लेकिन कंट्रोल में रहें : देवजीत सैकिया

बीसीसीआई सचिव ने खिलाड़ियों को दी चेतावनी, बोले- रील्स पर रोक नहीं, लेकिन सीमा जरूरी एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने आईपीएल में बढ़ती रील कल्चर को लेकर अपना रूख स्पष्ट करते हुए कहा है कि बोर्ड सोशल मीडिया या रील्स के खिलाफ नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजियों को तय नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज के दौर का हिस्सा है, लेकिन इसकी आड़ में किसी को भी टीम की गोपनीय गतिविधियों तक पहुंच की अनुमति नहीं दी जा सकती। हाल ही में संपन्न आईपीएल 2026 के दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने फ्रेंचाइजियों को संभावित सुरक्षा जोखिमों और प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सैकिया ने कहा कि बदलते समय के साथ सोशल मीडिया का प्रभाव बढ़ा है और क्रिकेट को भी इसके साथ तालमेल बिठाना होगा। सैकिया ने कहा, व्यक्तिगत रूप से मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है, क्योंकि आपको तकनीक और समय के साथ लोकप्रिय हो रहे प्लेटफॉर्म्स के अनुसार खुद को ढालना पड़ता है। उन्होंने आगे कहा, जब 2008 में आईपीएल शुरू हुआ था, तब सोशल मीडिया और इस तरह की चीजों के बारे में कोई नहीं सोचता था। लेकिन अब यही ट्रेंड है और हमें इसके अनुसार खुद को ढालना होगा। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सचिव ने साफ किया कि सोशल मीडिया कंटेंट बनाने की छूट का मतलब यह नहीं है कि कोई भी व्यक्ति टीम मीटिंग, टीम बस, ड्रेसिंग रूम या अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश कर सके। उन्होंने कहा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि किसी को टीम मीटिंग, टीम की गतिविधियों, बस या उन जगहों पर प्रवेश की अनुमति मिल जाये जहां अनधिकृत लोगों का जाना प्रतिबंधित है। सैकिया ने जोर देकर कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड केवल यह सुनिश्चित करना चाहता है कि सोशल मीडिया गतिविधियां अपनी सीमाओं के भीतर रहें और आईपीएल के सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जाये। उन्होंने कहा, हम सिर्फ यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सोशल मीडिया अपनी सीमा पार न करे और उन क्षेत्रों तक न पहुंचे जहां उसकी अनुमति नहीं है। ये गतिविधियां आगे भी बढ़ेंगी, लेकिन उन्हें आईपीएल के नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सचिव ने यह भी खुलासा किया कि आईपीएल 2026 के दौरान एंटी करप्शन यूनिट ने कुछ छोटी घटनाओं की जानकारी दी थी, जो भविष्य में बड़े विवाद का रूप ले सकती थीं। इसी कारण बोर्ड ने समय रहते सख्त दिशा-निर्देश जारी किये। सैकिया ने कहा, जब हमारी एंटी करप्शन टीम ने कुछ ऐसी छोटी-छोटी बातों की ओर ध्यान दिलाया जो आगे चलकर बड़े विवाद का कारण बन सकती थीं, तब हमने शुरुआत में ही कार्रवाई करने का फैसला किया। इसलिए विभिन्न प्रोटोकॉल उल्लंघनों की रिपोर्ट मिलने के बाद एडवाइजरी जारी की गयी ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को पहले ही रोका जा सके। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का मानना है कि सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट क्रिकेट का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन खेल की गरिमा, खिलाड़ियों की सुरक्षा और टीम की गोपनीयता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। 

अब सिर्फ खिताब की बारी : हैरी केन
Published / 2026-06-02 18:16:16
अब सिर्फ खिताब की बारी : हैरी केन

फीफा विश्व कप: अब सिर्फ खिताब जीतना है, हैरी केन ने इंग्लैंड का लक्ष्य किया साफ एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (फ्लोरिडा)। फीफा विश्व कप 2026 से पहले इंग्लैंड की टीम ने अपने इरादे साफ कर दिये हैं। कप्तान हैरी केन और मुख्य कोच थॉमस टुचेल ने कहा है कि टीम का एकमात्र लक्ष्य विश्व चैंपियन बनना और जर्सी पर दूसरा सितारा जोड़ना है। थॉमस टुचेल की अगुआई वाली इंग्लैंड टीम विश्व कप की तैयारियों के लिए फ्लोरिडा पहुंच चुकी है। इंग्लैंड को ग्रुप एल में क्रोएशिया, घाना और पनामा के साथ रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 17 जून को आर्लिंगटन में क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले से करेगी। विश्व कप से पहले टीम फ्लोरिडा में मौसम और परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की तैयारी कर रही है। हालांकि, बुकायो साका, डेक्लान राइस, नोनी मडुके और एबेरेची एजे को यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल के बाद अतिरिक्त आराम दिया गया है। वहीं, मार्कस रैशफोर्ड पहले ही मियामी में टीम से जुड़ चुके हैं और गर्म मौसम में विशेष ट्रेनिंग कर रहे हैं। इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में टीम के भीतर एकता लगातार मजबूत हुई है, लेकिन अब समय खिताब जीतने का है। केन ने कहा, गैरेथ साउथगेट के शुरुआती दौर में हमने टीम को एकजुट बनाने और क्लब क्रिकेट को पीछे छोड़कर राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने पर काफी काम किया था। हर साल यह भावना और मजबूत होती गयी। लेकिन अब उम्मीद सिर्फ एक है- फिनिश लाइन पार करना और ट्रॉफी जीतना। इंग्लैंड टीम की आधिकारिक डॉक्यूमेंट्री बिल्डिंग द ड्रीम में भी दिखाया गया कि टुचेल ने खिलाड़ियों के साथ अपनी पहली बैठक में ही विश्व कप जीतने के लक्ष्य पर खुलकर चर्चा की थी। टुचेल ने खिलाड़ियों से कहा, हम यहां क्यों हैं, इसका जवाब बिल्कुल साफ है। हम विश्व चैंपियन बनना चाहते हैं। हम अपनी जर्सी पर दूसरा सितारा जोड़ना चाहते हैं। मेरे लिए यह जरूरी है कि हम इस लक्ष्य के बारे में खुलकर बात करें। हमारा मिशन और लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है। टुचेल का मानना है कि सिर्फ प्रतिभा के दम पर विश्व कप नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में टीम की एकजुटता और आपसी विश्वास सबसे बड़ा अंतर पैदा करता है। उन्होंने कहा, सिर्फ टैलेंट काफी नहीं है। यह केवल फुटबॉल, रणनीति या सेट-पीस की बात नहीं है। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में टीम का माहौल और खिलाड़ियों के बीच का रिश्ता बेहद महत्वपूर्ण होता है। टुचेल ने एक विश्व कप विजेता खिलाड़ी का उदाहरण देते हुए कहा कि क्वार्टर फाइनल और फाइनल के बीच फर्क सिर्फ खेल का नहीं, बल्कि टीम के भीतर बने भाईचारे का होता है। उन्होंने कहा, जब खिलाड़ी एक परिवार और भाईचारे की तरह जुड़ जाते हैं, तब वे एक-दूसरे के लिए सब कुछ देने को तैयार रहते हैं। यही भावना किसी टीम को चैंपियन बनाती है। इंग्लैंड ने अब तक सिर्फ एक बार विश्व कप का खिताब जीता है। ऐसे में टुचेल और केन की नजरें इतिहास रचते हुए देश को दूसरा विश्व कप दिलाने पर टिकी हैं।

15वीं झारखंड सीनियर स्विमिंग चैंपियनशिप में जेएसएसपीएस के तैराकों का जलवा
Published / 2026-06-02 11:18:24
15वीं झारखंड सीनियर स्विमिंग चैंपियनशिप में जेएसएसपीएस के तैराकों का जलवा

15वीं झारखंड सीनियर स्विमिंग चैंपियनशिप में जेएसएसपीएस के तैराकों का जलवाप्रथमी सिंह सरदार ने जीते पांच पदकएबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा/जमशेदपुर। टाटा के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 15वीं झारखंड राज्य सीनियर स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 में जेएसएसपीएस के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन कर रांची जिला और जेएसएसपीएस का नाम रोशन किया।प्रथमी सिंह सरदार ने दिखाया अपना प्रदर्शन का जलवा, झटके पांच पदकजेएसएसपीएस के स्टार तैराक प्रथमी सिंह सरदार ने अकेले 5 पदक जीतकर सबका ध्यान खींचा। प्रथमी ने अपनी रफ्तार और तकनीक से सभी को प्रभावित किया।प्रथमी सिंह सरदार के पदक50 मीटर बटरफ्लाई – स्वर्ण पदक50 मीटर बैकस्ट्रोक – रजत पदक 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक – रजत पदक50 मीटर फ्रीस्टाइल – रजत पदक100 मीटर फ्रीस्टाइल – रजत पदकलखिंदर सिंह मुंडा ने भी दिखाया दमजेएसएसपीएस के ही एक अन्य तैराक लखिंदर सिंह मुंडा ने 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले में कांस्य पदक हासिल कर राज्य को गौरवान्वित किया।जेएसएसपीएस-सीईओ और अधिकारियों ने जताई खुशीजेएसएसपीएस के सीईओ ने कहा, "प्रथमी और लखिंदर दोनों ने जेएसएसपीएस मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में कड़ी ट्रेनिंग की है। पृथ्वी का पांच पदक जीतना यह दिखाता है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से झारखंड के बच्चे नेशनल लेवल पर भी चमक सकते हैं। यह जेएसएसपीएस  और रांची जिले के लिए गर्व की बात है। जेएसएसपीएस अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों तथा कर्मचारियों ने बधाई और शुभकामनाएं स्विमिंग खिलाड़ियों को दी।झारखंड स्विमिंग में नई उम्मीदइस चैंपियनशिप में जेएसएसपीएस के खिलाड़ियों के प्रदर्शन से साफ है कि झारखंड में स्विमिंग का भविष्य उज्ज्वल है। पृथ्वी सिंह सरदार अब नेशनल चैंपियनशिप के लिए मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं।स्विमिंग प्रशिक्षकउमेश पासवान समेत जेएसएसपीएसपरिवार और खेल प्रेमियों ने दोनों तैराकों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

गुड न्यूज : जी पर दिखेगा फीफा वर्ल्ड कप
Published / 2026-06-01 19:00:51
गुड न्यूज : जी पर दिखेगा फीफा वर्ल्ड कप

भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी, 2034 तक जी पर पर दिखेगा फीफा वर्ल्ड कप एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ZEE Entertainment Enterprises) ने 2026 से 2034 तक आयोजित होने वाले FIFA के 39 प्रमुख टूर्नामेंटों के भारत में प्रसारण और स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं। इस समझौते में FIFA World Cup 2026, FIFA World Cup 2030 और FIFA Womens World Cup 2027 जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। यह FIFA और Zee के बीच पहली आधिकारिक साझेदारी है, जो भारतीय खेल प्रसारण बाजार में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।39 FIFA टूर्नामेंट होंगे Zee के प्लेटफॉर्म परइस समझौते के तहत पुरुष और महिला वर्ग के कई आयु-समूह टूर्नामेंट, फुटसल प्रतियोगिताएं और FIFA से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री सीरीज भी प्रसारित की जाएंगी।डील में शामिल प्रमुख टूर्नामेंटFIFA World Cup 2026FIFA World Cup 2030FIFA Womens World Cup 2027FIFA U-17 Mens World Cup (2026-2034)FIFA U-17 Womens World Cup (2026-2034)FIFA U-20 Mens World CupFIFA U-20 Womens World CupFIFA Futsal Mens World CupFIFA Futsal Womens World CupFIFA Intercontinental Cup (2030 तक)11 जून से शुरू होगा प्रसारणZee के अनुसार FIFA World Cup 2026 के उद्घाटन मुकाबले से प्रसारण की शुरुआत होगी। मैचों का प्रसारण कंपनी के नए स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा। इन चैनलों में शामिल हैं:Unite8 Sports 1 (हिंदी)Unite8 Sports 1 HD (हिंदी)Unite8 Sports 2 (अंग्रेजी)Unite8 Sports 2 HD (अंग्रेजी)इसके अलावा सभी टूर्नामेंट Zee के डिजिटल प्लेटफॉर्म ZEE5 पर भी लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे।फुटबॉल के भविष्य पर Zee का बड़ा दांवज़ी एंटरटेनमेंट के CEO पुनीत गोयनका ने कहा कि फुटबॉल दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है और भारत में इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा, हम भारतीय दर्शकों तक दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक को पहुंचाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। फुटबॉल क्षेत्र, भाषा और उम्र की सीमाओं से परे लोगों को जोड़ता है। मीडिया अधिकारों में निवेश और नए स्पोर्ट्स चैनलों की शुरुआत हमारे दीर्घकालिक विजन को दर्शाती है।भारत FIFA के लिए रणनीतिक बाजारFIFA के चीफ बिजनेस ऑफिसर रोमी गै ने भी भारत को फुटबॉल के लिए एक महत्वपूर्ण और संभावनाओं से भरा बाजार बताया। उन्होंने कहा, भारत हमारे लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बाजार है। यहां युवा और उत्साही दर्शकों की बड़ी संख्या फुटबॉल के विकास के लिए शानदार अवसर प्रदान करती है।लंबे समय तक चली अधिकारों की दौड़रिपोर्ट्स के मुताबिक FIFA ने शुरुआत में 2026 और 2030 विश्व कप के प्रसारण अधिकारों के लिए करीब 100 मिलियन डॉलर की मांग की थी, जिसे बाद में घटाकर लगभग 60 मिलियन डॉलर कर दिया गया। बताया जाता है कि JioStar ने करीब 20 मिलियन डॉलर की पेशकश की थी, जबकि Sony इस बोली प्रक्रिया से बाहर हो गया था। हालांकि Zee और FIFA के बीच हुए अंतिम समझौते की वित्तीय जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।क्रिकेट से आगे बढ़कर फुटबॉल पर फोकसZee का Unite8 Sports नेटवर्क पहले से क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन, कुश्ती और कॉम्बैट स्पोर्ट्स का प्रसारण करता है। FIFA के साथ यह नई साझेदारी कंपनी की खेल प्रसारण क्षेत्र में मौजूदगी को और मजबूत करेगी। अब 2026 FIFA World Cup इस साझेदारी की पहली बड़ी परीक्षा होगा, जिस पर भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें टिकी रहेंगी।

झारखंड टी-20 लीग : आक्शन में 275 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली
Published / 2026-05-30 21:59:05
झारखंड टी-20 लीग : आक्शन में 275 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली

झारखंड टी-20 लीग का आक्शन शुरू, 275 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (रांची)। झारखंड क्रिकेट के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया है। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित पहली झारखंड टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी (आॅक्शन) शुरू हो गयी है। इस आॅक्शन में राज्य के विभिन्न जिलों और क्रिकेट संरचनाओं से जुड़े 275 खिलाड़ियों पर छह फ्रेंचाइजी टीमें बोली लगा रही हैं। पहली बार झारखंड में फ्रेंचाइजी आधारित टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित की जा रही है, जिसे राज्य क्रिकेट के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस लीग में रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों की खरीदारी के लिए 50 लाख रुपये का पर्स उपलब्ध कराया गया है। सभी टीमें अपने-अपने रणनीतिक संयोजन के अनुसार खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए बोली लगा रही हैं। आॅक्शन में झारखंड क्रिकेट के कई चर्चित नाम शामिल हैं। इनमें भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन, रॉबिन मिंज, कुमार कुशाग्र, अनुकुल रॉय, सुषांत मिश्रा, उत्कर्ष सिंह और विराट सिंह जैसे खिलाड़ी प्रमुख आकर्षण का केंद्र हैं। इन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। नीलामी प्रक्रिया का संचालन प्रसिद्ध कमेंटेटर और पेशेवर आॅक्शनर चारू शर्मा कर रहे हैं। चारू शर्मा इससे पहले आईपीएल समेत कई बड़े क्रिकेट आयोजनों की नीलामी का संचालन कर चुके हैं। ऐसे में झारखंड टी20 लीग के पहले आॅक्शन को लेकर भी क्रिकेट प्रेमियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।नियमों के अनुसार प्रत्येक फ्रेंचाइजी को कम से कम 16 और अधिकतम 18 खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करना होगा। नीलामी पूल में शामिल खिलाड़ियों को विभिन्न श्रेणियों में रखा गया है। सात खिलाड़ियों को आइकॉन कैटेगरी में शामिल किया गया है, जिनका बेस प्राइस 4 लाख रुपये निर्धारित है। वहीं कैटेगरी-ए के सीनियर राज्य स्तरीय खिलाड़ियों का बेस प्राइस 75 हजार रुपये रखा गया है। अन्य खिलाड़ियों को भी अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है। JSCA के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि झारखंड टी20 लीग राज्य के क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस लीग के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने और पेशेवर क्रिकेट को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही यह प्रतियोगिता झारखंड क्रिकेट की नई प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। झारखंड क्रिकेट जगत की नजरें फिलहाल इस आॅक्शन पर टिकी हैं, जहां कई खिलाड़ियों के करियर को नई दिशा मिल सकती है और फ्रेंचाइजि अपनी मजबूत टीमों के गठन में जुटी हुई हैं।

एशियाई खेल : बीसीसीआई के 30 संभावितों में सूर्या और गिल नहीं
Published / 2026-05-30 21:47:43
एशियाई खेल : बीसीसीआई के 30 संभावितों में सूर्या और गिल नहीं

बीसीसीआई की 30 संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट से सूर्य-गिल बाहर, वैभव सूर्यवंशी स्क्वाड में शामिल एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने एशियाई खेलों के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को 30 पुरुष संभावित खिलाड़ियों की सूची सौंपी है। इस लिस्ट में 15 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम भी शामिल है। लेकिन हैरत की बात ये है कि लिस्ट में भारत के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और टेस्ट व वनडे कप्तान शुभमन गिल का नाम शामिल नहीं है। बता दें कि हर चार साल पर होने वाले एशियाई खेल इस साल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में खेला जायेगा। दो टी-20 टीम बनाने का प्लान भारतीय क्रिकेट बोर्ड पहले से ही दो अलग-अलग टी-20 टीम बनाने का प्लान कर रहा था, क्योंकि वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू सीरीज का कुछ हिस्सा एशियाई खेलों के कार्यक्रम के साथ टकरा रहा रहा है। एशियाई खेलों में पुरुषों की क्रिकेट स्पर्धा 24 सितंबर से तीन अक्टूबर के बीच। जबकि भारत और वेस्टइंडीज की सीरीज 27 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा। जिसमें तीन वनडे और पांच टी-20 मैच शामिल हैं। इस सीरीज में गिल वनडे में टीम की कप्तानी करेंगे इसलिए उन्हें एशियाई खेलों के लिए नहीं चुना गया है। पीटीआई की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2028 ओलंपिक खेलों और अगले टी20 विश्व कप को देखते हुए सूर्यकुमार अब बोर्ड की बड़ी योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। इसलिए एशियाई खेलों की संभावित सूची में उनका नाम नहीं होना कोई हैरानी की बात नहीं है। एशियाई खेलों में टीम इंडिया का कौन होगा कप्तान? सूर्य के संभावित 30 खिलाड़ियों के सूची में न होने से टीम इंडिया के नये टी-20 कप्तान पर चर्चा तेज हो गयी है। हालांकि एशियाई खेलों की इस सूची में कप्तानी के दावेदारों में श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा सबसे आगे हैं। बुमराह टीम में शामिल गेंदबाजों की सूची में जसप्रीत बुमराह का भी नाम सूची में शामिल है, हालांकि 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए इस समय बुमराह और बोर्ड की प्राथमिकता वनडे हो सकती है। स्पिनरों में मुख्य स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे इस सूची में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। लेकिन इन चारों में से केवल दो के ही चुने जाने की उम्मीद है। बाकी दो खिलाड़ी वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलेंगे। आईओए को मिली भारतीय टीम की सूची यशस्वी जयसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बडोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, रुतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, विपराज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding