एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा स्थित साहू भवन में प्रख्यात समाजसेवी एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहे राय साहब बलदेव साहू की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनायी गयी।
मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन में भाग लिया तथा राय साहब बलदेव साहू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुआ। उपस्थित लोगों ने राय साहब बलदेव साहू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि राय साहब बलदेव साहू ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, शिक्षा, जनकल्याण और सामाजिक समरसता को समर्पित किया। उनके द्वारा किये गये कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राय साहब बलदेव साहू के आदर्श, सेवा भाव और समाज के प्रति समर्पण की भावना सदैव लोगों का मार्गदर्शन करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि समाज को उनके बताए मार्ग पर चलकर आपसी भाईचारा, सहयोग और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों की पुण्यतिथि केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं होती, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेने का भी दिन होता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राय साहब बलदेव साहू के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को साझा किया और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने तथा समाज हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा का वातावरण पूरी तरह श्रद्धा, सम्मान और आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत रहा।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, आलोक राय, कैलाश केशरी, हिमांशु केशरी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राय साहब बलदेव साहू को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse