एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नगर क्षेत्र स्थित मिशन चौक में श्री राम दरबार न्यास के तत्वावधान में प्रस्तावित भव्य श्री राम दरबार मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोगों ने भूमि पूजन हेतु लाए गए शीला को लेकर नगर भ्रमण किया। कार्यक्रम में पूजनीय पुरोहित श्री रामसेवक पाठक, देवेंद्र पाठक एवं परमानंद मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड राज्य अतिरिक आयकर आयुक्त निशा उरांव एवं युवा नेता सह समाजसेवी रोहित उरांव शामिल हुए। दोनों अतिथियों का पारंपरिक वाद्य यंत्र से स्वागत किया गया जिसके पश्चात अतिथियों ने भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण के लिए शुभकामनाएं दीं और इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल बताया।
इस अवसर पर डॉ. रामेश्वर उरांव के प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का निर्माण समाज को जोड़ने का कार्य करता है तथा ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मिशन चौक में बनने वाला यह मंदिर आने वाले समय में श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मुख्य अतिथि निशा उरांव जी ने अपने संबोधन में कहा कि श्री राम दरबार मंदिर का निर्माण केवल एक धार्मिक परियोजना नहीं बल्कि समाज को सांस्कृतिक रूप से मजबूत करने का प्रयास है। भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, आदर्श जीवन, मर्यादा एवं समाज के प्रति समर्पण के प्रतीक हैं। ऐसे मंदिर नयी पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य में सभी लोगों से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही ऐसे कार्य सफल होते हैं।
वहीं युवा नेता एवं समाजसेवी रोहित उरांव जी ने कहा कि मिशन चौक में बनने वाला भव्य श्री राम दरबार मंदिर लोहरदगा की धार्मिक पहचान को और मजबूत करेगा। यह मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं होगा, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण समाज की एकता और सहभागिता का प्रतीक है तथा इसमें सभी लोगों का सहयोग आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान श्री राम दरबार न्यास के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने बताया कि मंदिर निर्माण का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जायेगा तथा इसके लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग लिया जायेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच भव्य भंडारे का प्रसाद वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और उपस्थित लोगों ने मंदिर निर्माण को सफल बनाने का संकल्प लिया। मिशन चौक में बनने वाला यह भव्य श्री राम दरबार मंदिर आने वाले समय में लोहरदगा नगर क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान के रूप में स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौके पर श्री राम दरबार न्यास के सचिव विनय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार, मनोज जायसवाल, दीपक जायसवाल, नवीन जायसवाल, पंकज महतो, रोहित साहू, राकेश सिन्हा, नीरज जायसवाल, उमेश जायसवाल, चंदन गोयल, सुनील जायसवाल, निश्चय वर्मा, सुनील अग्रवाल, प्रवीण जायसवाल, अरविंद जायसवाल, विशाल डुंगडुंग, पहलवान सिंह, दीपक साहू, संजय अग्रवाल, सचिन कुमार, राकेश सिंघल, विनय अग्रवाल, उज्ज्वल बंसल, आलोक मित्तल, ओम केसरी एवं भारी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse