एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। राम मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त चंदे में कथित गबन के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह केवल धन या आभूषण की चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा के साथ विश्वासघात का मामला है। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मुझे लगता है कि इस बार रावण दहन की भी आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
रावण भी इस घटना पर शर्म से मर जाता। उसने माता सीता का हरण किया था, लेकिन यहां तो रक्षक ही भक्षक बन गये हैं। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जा रहा है और उसके बाद प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जा रही है।
उन्होंने पूछा कि सरकार आखिर किसे बचाने की कोशिश कर रही है? देशवासियों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। यह गंभीर और दंडनीय अपराध है। सुखदेव भगत ने आगे कहा कि जिस प्रकार रावण का अंत उसके अहंकार के कारण हुआ था, उसी प्रकार जिन्होंने भगवान राम के नाम पर लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात किया है, उनके अहंकार का भी अंत निश्चित है।
उन्होंने कहा कि समय स्वयं उनका फैसला करेगा और न्याय अवश्य होगा। कांग्रेस सांसद के इस बयान के बाद कथित राम मंदिर चंदा गबन मामले को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। भाजपा और कांग्रेस के बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और बढ़ सकता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse