पलामू में अनाबद्ध निधि से खराब चापानल एवं जलमीनार होंगे दुरूस्त 15 दिनों में पेयजल की समस्याओं को कराएं दूर कार्यालय अवधि के द्वितीय पाली में क्षेत्र भ्रमण करें अधिकारी : उपायुक्त वित्त, योजना एवं विकास, वाणिज्यकर तथा संसदीय कार्य विभाग, झारखंड सरकार के माननीय मंत्री ने पेयजल समस्या एवं उसके निदान हेतु की बैठक एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। वित्त, योजना एवं विकास, वाणिज्यकर तथा संसदीय कार्य विभाग, झारखंड सरकार के माननीय मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि पेयजल संकट के निवारण हेतु विभागीय अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। औपचारिकता नहीं निभायें, बल्कि संबंधित गांव/ मुहल्लों में जाकर वास्तविकता को जाने और समस्या का निदान करना सुनिश्चत करें। जिले में जल संकट बढ़ रहा है। ऐसे में कई दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य चल रहा है, लेकिन वर्तमान समय में अल्पकालीन समस्याएं दूर करने से जल संकट की समस्याएं बहुत हद तक ठीक हो जायेगी। गर्मी के मद्देनजर पेयजल संकट पर तत्काल कार्य करने की आवश्यकता है। ऐसे में प्राथमिकता के आधार पर जिले के खराब पड़े चापाकलों एवं जलमीनारों को दुरूस्त कराना सुनिश्चित करें। मंत्री आज पलामू में पेयजल समस्या एवं उसके निदान हेतु समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने प्रखंडवार खराब चापाकल एवं जलमीनार की अद्यतन स्थित से अवगत हुए। उन्होंने कहा कि अनाबद्ध राशि से जिले के खराब चापाकलों एवं जलमीनारों को दुरूस्त किए जाएंगे। पलामू राज्य का पहला जिला होगा, जहां अनाबद्ध राशि से पेयजल समस्या का निदान किया जायेगा। उन्होंने आवश्यकता अनुसार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से भी पेयजलापूर्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में पेयजल की सुविधा मुहैया कराने में कोई कोताही नहीं बरती जाए। अगले 15 दिनों तक पेयजल को फोकस करें। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सभी अभियंता क्षेत्र भ्रमण कर वस्तुस्थिति से अवगत होते हुए खराब चापाकल एवं जलमीनार को दुरूस्त करायें, ताकि जिले के लोगों को पेयजल संकट से निजात मिल सके। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पेयजल संकट के निवारण के लिए खराब चापाकल एवं जलमीनार की सूचना उपलब्ध होने के लिए प्रखंड कार्यालय में शिकायत पेटी लगाने एवं प्राप्त शिकायतों को दूर करने का निदेश दिया। उन्होंने पेयजल समस्या के निदान के लिए नियंत्रण कक्ष अधिष्ठापित करने, चार्ट बनाकर प्रतिदिन खराब चापाकल एवं जलमीनार को ठीक किए जाने की अद्यतन जानकारी लेने, वाट्सेप नंबर पर प्राप्त शिकायतों का निवारण करने आदि का निर्देश दिया। मंत्री ने ग्रामीण एवं शहरी जलापूर्ति योजनाओं को लेकर चल रहे कार्यो की अद्यतन स्थिति को भी जाना। साथ ही स्थलीय निरीक्षण कर संवेदक के कार्यो की समीक्षा कर कार्य में गति लाने का निर्देश दिया, ताकि योजनाएं ससमय पूर्ण किया जा सके। मंत्री ने भविष्य में पानी की समस्या नहीं हो, इसके लिए समय रहते रेनवाटर हार्वेस्टिंग का निर्माण कराने, वर्षाजल संचयन की दिशा में सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य करने का निर्देश दिया। पलामू उपायुक्त शशि रंजन ने मंत्री का स्वागत किया। साथ ही विषय प्रवेश कराते हुए पलामू जिले में पंयजल संकट के निवारण हेतु अबतक किये गये कार्यों की अद्यतन जानकारी दी। उपायुक्त ने जिले के सभी पदाधिकारियों को अगले 15 दिनों तक कार्यालय अवधि के द्वितीय पाली में क्षेत्र भ्रमण कर पेयजल संकट निदान के लिए व्यक्तिगत रूचि लेकर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूचि व विभागीय समन्वय से बेहतर परिणाम सामने आयेंगे। उपायुक्त ने कहा कि खराब चापाकल एवं जलमीनार को ठीक करने में गैंगमैन लगे हैं। इसके बावजूद कार्य नहीं हो पाने की स्थिति में स्थानीय स्तर पर गैंगमैन से कार्य कराकर 15 दिनों में खराब चापाकल एवं जलमीनार को दुरूस्त करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने सहायक अभियंता एवं अन्य अभियंता को चेतावनी देते हुए सक्रियता पूर्वक कार्य करते हुए प्रगति लाने का सख्त निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, नगर आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधीक्षण अभियंता, जिला, अनुमंडल, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं सहायक कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
हजारीबाग में सड़क हादसा: कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटे की मौत एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले के गोरहर थाना के जीटी रोड पर सोमवार को सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जीटी रोड पर एक कंटेनर बाइक सवार दो लोगों को रौंदते हुए पलट गयी। जिसमें मां-बेटे की मौत घटनास्थल पर हो गयी है। मृतकों की पहचान बांदासिंघा निवासी मोनू कुमार साव और गणेशी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को निकाला है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जीटी रोड गोरहर के पास बगोदर की ओर से आ रही कंटेनर पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गयी और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद गोरहर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों शव क्षत-विक्षत हो गये हैं। पुलिस के अनुसार मां-बेटा गिरिडीह जिला के परसिया बगोडो से अपने घर बांदासिंघा गांव लौट रहे थे। इसी क्रम में गोरहर थाना के जीटी रोड पर कंटेनर की चपेट में आ गये। घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी लखन प्रसाद ने बताया कि आए दिन गोरहर में सड़क दुर्घटना हो रही है। एक दिन पूर्व भी गोरहर थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर हादसा हुआ था। जिसमें एक महिला की मौत हुई थी। सोमवार को पुन: गोरहर में सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गयी है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। जिले के आजाद रोड बस्ती में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां डोभानुमा गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की जान चली गयी। मृतकों की पहचान मोहम्मद सुहेब अंसारी के 10 वर्षीय बेटे हमजा अंसारी और मोहम्मद मुराद अंसारी के 11 वर्षीय बेटे शमद अंसारी के रूप में हुई है। शमद के पिता मुराद अंसारी फिलहाल कतर में काम करते हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गयी है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1 बजे चार बच्चे महादेव मंडा क्षेत्र के निचले हिस्से में घूमने गये थे। वहां खेत के पास बने डोभे में पानी देखकर हमजा और शमद नहाने के लिए उसमें उतर गये। नहाते वक्त दोनों बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। साथ मौजूद फैजान अंसारी और फैजल अंसारी ने घबराकर घर जाकर परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल ले गये, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह गड्ढा खेती के लिए खोदा गया था, लेकिन उसकी सुरक्षा के लिए कोई घेराव नहीं किया गया था, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया है। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली एक नौटंकी, बाबूलाल मरांडी ने कहा- चुनी हुई राज्य सरकारों को गिराना कांग्रेस की फितरत रही हैटीम एबीएन, रांची। झारखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित संविधान बचाओ रैली पर बड़ा निशाना साधा। मरांडी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस ने संविधान की मर्यादाओं को, लोकतंत्र को जितना प्रहार किये वो देश के इतिहास में काले पन्ने के रूप में दर्ज है। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता के लिए संविधान की मूल भावना को भी बदल दिया और लोकतंत्र को मार डालने की हर संभव कोशिश की। कांग्रेस का संविधान बचाओ रैली एक नौटंकी है। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 60 वर्षों के शासन में 79 बार संविधान में संशोधन किए जो केवल तुष्टीकरण और सत्ता के लिए हुआ। कांग्रेस ने संविधान को तुष्टीकरण का घोषणापत्र बना दिया। मरांडी ने कहा कि प्रथम संविधान संशोधन अभिव्यक्ति की आजादी पर पहला प्रहार पंडित नेहरू ने किया ताकि सरकार की आलोचना करने वाले पर कार्रवाई की जा सके। इसने अनुच्छेद 19 (1) में कटौती की और प्रेस की आजादी को सीमित किया।संविधान लागू करने के कुछ ही समय बाद नेहरू द्वारा इसमें संशोधन दिखता है कि नेहरू संविधान की कितनी इज्जत किया करते थे। मरांडी ने कहा कि चुनी हुई राज्य सरकारों को गिराना यह कांग्रेस की फितरत रही है। गैर-कांग्रेसी सरकार को बार-बार गिराने के लिए राष्ट्रपति शासन (आर्टिकल 356) का दुरुपयोग किया गया। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने का यह गंभीर उदाहरण था। कहा कि 1966-1977 के बीच संविधान में 25 बार संशोधन किया गया। उन्होंने कहा कि गोलकनाथ केस में सुप्रीम कोर्ट ने मूल अधिकारों को संशोधित न करने की बात की थी। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने दो-तिहाई बहुमत पाकर इस निर्णय को पलटते हुए 24वां संशोधन पारित कर दिया। मरांडी ने कहा कि न्यायपालिका में हस्तक्षेप करते हुए इंदिरा गांधी ने 25 अप्रैल 1973 को तीन वरिष्ठतम न्यायाधीशों को दरकिनार कर ए एन रे को सीजेआई नियुक्त किया।यह निर्णय केशवानंद भारती केस में बहुमत के विरुद्ध मत देने वाले जज को प्रमोट करके न्यायपालिका पर दबाव बनाने का प्रयास था। केशवानंद भारती केस और मूल ढांचे की रक्षा (1973) कांग्रेस द्वारा संविधान के मूल ढांचे को बदलने की कोशिशों को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने बेसिक स्ट्रक्चर डॉक्टरीन घोषित किया। यह संविधान की आत्मा की रक्षा के लिए ऐतिहासिक निर्णय था। सर्वोच्च न्यायालय ने कांग्रेस के आये दिन संविधान में कर रहे संशोधन से तंग आकर यह फैसला लिया था। मरांडी ने कहा कि 42वां संविधान संशोधन इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल के दौरान पारित यह संशोधन इतना व्यापक था कि इसे मिनी संविधान कहा गया। यह न्यायपालिका, संसद और मूल अधिकारों को कमजोर करने की साजिश थी। संविधान पर इस व्यापक प्रहार को जनता पार्टी ने आकर रोका।
वार्ड नंबर 5 के लोगों ने रांची सिटीजन फोरम की बैठक में उपस्थित होकर बताये अपने क्षेत्र की समस्याएं जल्द हो नगर निकाय चुनाव : दीपेश निराला पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा वार्ड नंबर 5 में वर्ष 2022 में ही पाइपलाइन बिछाने के बावजूद अब तक नहीं शुरू हुई है पेयजल आपूर्ति टीम एबीएन, रांची। रांची सिटीजन फोरम की एक महत्वपूर्ण बैठक वार्ड नंबर 5 स्थित बसंत विहार कॉलोनी, डूमरदगा में अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें उपस्थित स्थानीय निवासियों ने फोरम के पदाधिकारियों को बताया कि वार्ड नंबर 5 में सबसे अधिक समस्या परिसीमन की है। कई जगहों पर रांची नगर निगम काम नहीं कर रहा है और उसके जगह कांके ब्लॉक के द्वारा काम हो रहा है, जबकि इन जगहों पर रांची नगर निगम होल्डिंग टैक्स ले रहा है, लेकिन भवन का नक्शा कांके ब्लॉक से पास हो रहा है। कई लोग ऐसे भी हैं, जो रांची नगर निगम के चुनाव में भी वोट डालते हैं और मुखिया के चुनाव में भी। कुछ लोगों ने कई वर्षों से होल्डिंग टैक्स देना बंद कर रखा है और अपने खुद के आपसी कंट्रीब्यूशन से मोहल्ले में साफ-सफाई इत्यादि कार्य करवा रहे हैं, क्योंकि यहां नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं होती है और कूड़े का उठाव नियमित रूप से नहीं होता है। साथ ही बैठक में उपस्थित लोगों ने बताया कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के द्वारा यहां पर वर्ष 2022 में पाइपलाइन बिछाया गया था, लेकिन अभी तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गयी है, जिससे इस भीषण गर्मी में उनको काफी असुविधा हो रही है।साथ ही बच्चा जेल के पीछे स्थित सरकारी मैदान में 2 बोरिंग करवाया गया था, लेकिन उससे भी पेयजल आपूर्ति अभी तक शुरू नहीं हुई है, और यहां पर जो नाली निर्माण हुआ है उसका गंदा पानी अंतिम रूप से निजी लोगों के खेत में गिराया जा रहा है, और नाली के गंदे पानी के निकास के निष्पादन के लिए यहां पर कोई भी प्रदूषण नियंत्रण के उपाय नहीं किये गये हैं। इस प्रकार वार्ड नंबर 5 के लोग कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। बैठक में अध्यक्ष दीपेश निराला, उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, सचिव रेणुका तिवारी, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी, संयुक्त सचिव हरीश नागपाल, वार्ड नंबर 7 के संयोजक अमरनाथ चौबे, सहसंयोजक रंजय कुमार पाठक, वार्ड नंबर 8 के सहसंयोजक संतोष सोनी, वार्ड नंबर 6 के वार्ड समिति सदस्य मोहन प्रसाद वर्मा, वार्ड नंबर 3 के वार्ड समिति सदस्य प्रभु कुमार, शाहिद वार्ड नंबर 5 के संयोजक मनीष बक्शी और सत्येंद्र नाथ सिंह, बिरेंद्र नाथ सिंह, एस रावत, बिरेंद्र कुमार शर्मा, अनिल कुमार सिंह, नीलकंठ पाठक, शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, राजेंद्र मिश्रा, कुंदन सिंह, नीरज सिंह, प्रभाकर तिवारी, धन कुमार सिंह, इत्यादि उपस्थित हुए। धन्यवाद ज्ञापन सचिव रेणुका तिवारी ने किया।
आंदोलन के नेतृत्वकर्ता देवेंद्रनाथ महतो ने बताया आंदोलन की तैयारी संपन्न कल 06 मई सुबह 10 बजे से ट्विटर कैंपियन #bring_back_jharkhandi_workers टीम एबीएन, रांची। भारत से कोसों दूर अफ्रीकी देश नाइजर में झारखंड के पांच श्रमिक अपहृत है। यह सभी पांचों श्रमिक झारखंड के गिरिडीह जिले के रहने वाले हैं। अपहरण के 11 दिन बीत जाने के बाद भी केंद्र सरकार के द्वारा अब तक ठोस रूप से कोई जानकारी साझा नहीं की गयी है। पीड़ित परिवारों को एग्जैक्ट लोकेशन की कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। इसे लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने कल मंगलवार को डिजिटल ट्विटर कैंपियन का ऐलान किया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष व डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने अपने एक्स ट्विटर सोशल अकाउंट में पोस्ट करते हुए अधिकतम लोगों को ट्वीट री ट्वीट करने की अपील की है। वहीं आंदोलन का ऐलान करने वाले संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ नाथ महतो ने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य प्रवासी मजदूरों का सकुशल झारखंड वापसी एवं आतंकी गतिरोध से सुरक्षा की मांग को विश्व पटल पर मजबूती से रखने हेतु सभी 24 जिलों के सोशल मीडिया प्रभारी से बातचीत कर लिया गया है। कल के ट्विटर महा अभियान की संपूर्ण तैयारी संपन्न है। बताते चलें कि नाइजर देश में पांच झारखंडी श्रमिकों को केपीटिएल ट्रांसमिशन कंपनी कार्यस्थल से हथियारबंद आतंकी संगठन के द्वारा अपहरण करने की खबर है। इसे लेकर राज्य के प्रवासी मजदूर उत्तम महतो, चंद्रिका महतो, संजय महतो, फजीत महतो एवं राजू महतो के परिवारों में नाराजगी का स्थिति बना हुआ है। और सरकार से सुरक्षा की अपील की जा रही है।
एक्स एप्लिकेशन पर 6 मई 2025 दिन मंगलवार को सुबह 10 बजे से #bring_back_jharkhandi_workers चलाने का निर्णय झारखंडी मजदूरों को वापस लाने के लिए कल सभी अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपना आवाज बुलंद करेंगे : देवेंद्र नाथ महतो टीम एबीएन, रांची। गिरिडीह जिला बगोदर प्रखंड के मुंडरो गांव के उत्तम महतो और दोंदलो गांव के संजय महतो, फलजीत महतो, चंद्रिका महतो और राजू महतो का 25 अप्रैल 2025 को पश्चिम अफ्रीका के नाइजर की राजधानी नियामे से लगभग 115 किलोमीटर दूर सकोईरा में कल्पतरु प्रोजेक्ट्स लिमिटेड कंपनी के कार्यस्थल से अपहरण कर लिया गया है। 10 दिन बीत चुका लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चला है। यह घटना न केवल इन श्रमिकों का और उनके परिवार के लिए त्रासदी है बल्कि यह विदेशों में कार्यरत भारतीयों की सुरक्षा के प्रश्न को भी उजागर करती है। यह सिर्फ बगोदर गिरिडीह या झारखंड की बात नहीं है बल्कि यह विदेश में कार्यरत भारतीयों के सुरक्षा की बात है, यह बात कार्यस्थल से सक्रिय आतंकी संगठन द्वारा अपहरण करने की बात है। इसीलिए समस्त झारखंडवासियों के साथ साथ समस्त देशवासियों को भी एकजुट होकर चट्टानी एकता का परिचय देते हुए अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपना आवाज को बुलंद करने की आवश्यता है। 6 मई 2025 दिन मंगलवार सुबह 10 बजे बजे से एक्स एप्लिकेशन पर #bring_back_jharkhandi_workers #झारखंडी_ श्रमिकों_को_ वापस_लाओ अभियान चलाया जाएगा ज्यादा से ज्यादा ट्वीट री ट्वीट करें।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। झारखंड का सबसे लंबा और बेहद खूबसूरत पुल इन दिनों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। राज्य का सबसे लंबा पुल दुमका जिले के मयूराक्षी नदी पर बना है। इस पुल की लंबाई 2340 मीटर है। 198.11 करोड़ की लागत से यह पुल मार्च 2023 में बनकर तैयार हुआ था। इस पुल का निर्माण कार्य वर्ष 2018 में शुरू हुआ था। तकरीबन 5 सालों में राज्य का सबसे लंबा पुल बनकर तैयार हुआ। इसे कुमराबाड़ पुल के नाम से जाना जाता है।
2000 से भी अधिक श्रद्धालुओं ने किया महाप्रसाद ग्रहण टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग में श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में 205 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया। आज का श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा भंडारा महाप्रसाद वासुदेव मोदी एवं निर्मला मोदी अपने स्वर्गवासी पुत्र स्व दीपक मोदी की स्मृति में आयोजित किया गया। मोदी परिवार के सौजन्य से आयोजित अन्नपूर्णा महाप्रसाद का विधिवत भोग दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे ने लगायी। तत्पश्चात मंदिर परिसर में उपस्थित 2 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आज के महाप्रसाद में केसरिया खीर, पुड़ी, पलाव, दाल, सब्जी, आलू चिप्स आदि का वितरण किया गया। तत्पश्चात दोपहर 2 से 4 बजे तक भजन-कीर्तन के कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायकों ने मनमोहक सुमधुर भजनों की अमृत गंगा का रसपान कराते हुए श्रोताओं को खूब झुमाया। पूरा वातावरण को वृंदावन कृष्णमय बना दिया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गयी। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि संस्था द्वारा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर मे आज अन्नपूर्णा महाप्रसाद एवं भजन कीर्तन में आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। तथा भगवान श्री राधा कृष्ण मंदिर में तीन हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये।मौके पर ट्रस्ट के सह संरक्षक विजय अग्रवाल, अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सज्जन पाड़िया, मनोज चौधरी, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, संजय सर्राफ, मधु जाजोदिया, प्रेमचंद श्रीवास्तव, सुरेश अग्रवाल, विशाल जालान, सुरेश भगत, पवन पोद्दार, विधा देवी अग्रवाल, मंगला मोदी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.